भदोही में नई मतदाता सूची जारी, 1.27 लाख नाम घटे
नितेश श्रीवास्तव
भदोही। भदोही जिले में मतदाता विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्य पूरा होने के बाद शुक्रवार को नई मतदाता सूची जारी कर दी गई। नई सूची के प्रकाशन के बाद जिले में कुल 1,27,000 मतदाता कम हो गए हैं। निर्वाचन विभाग के अनुसार हटाए गए नामों में मृत, स्थानांतरित (शिफ्टेड) और अन्य श्रेणी के मतदाता शामिल हैं।
नई सूची के अनुसार अब जिले में कुल 11,06,189 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। साथ ही, नए मतदाताओं को जोड़ने की प्रक्रिया जारी है, जिससे यह संख्या आगे बढ़ सकती है।
मतदाता सूची के प्रकाशन को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी शैलेश कुमार ने मीडिया को बताया कि पुरानी सूची में कुल 12,33,324 मतदाता थे। विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत गणना प्रपत्र वितरित किए गए थे, जिनमें से लगभग 85 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने प्रपत्र जमा किए। शेष प्रपत्र वापस नहीं आए, जिनमें अनुपस्थित, मृत और स्थानांतरित मतदाताओं के नाम शामिल थे।
इसके बाद अभियान चलाकर मतदाता पुनरीक्षण का कार्य पूरा किया गया। नई सूची में 83,000 से अधिक नए मतदाता भी जोड़े गए हैं।
नई सूची के अनुसार 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के 15,140 युवा मतदाता शामिल हैं, जबकि 80 वर्ष से अधिक आयु के 15,043 बुजुर्ग मतदाता भी सूची में दर्ज हैं।
जारी की गई मतदाता सूची जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को भी सौंप दी गई है।
1 hour and 36 min ago
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1