एक बुजुर्ग महिला ने लगा ली फासी का फन्दा

विश्वनाथ प्रताप सिंह

 प्रयागराज ,मऊआइमा थाना क्षेत्र में एक 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना बोड़ीपुर धरौता गांव की है, जहां महिला का शव चार दिन बाद घर से दुर्गंध आने पर बरामद हुआ। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

मृतका की पहचान लल्ली देवी पाल (65 वर्ष) पत्नी नंद लाल पाल के रूप में हुई है। पड़ोसियों ने रविवार को उनके घर से तेज दुर्गंध आने पर अंदर झांका तो लल्ली देवी का शव छत में लगे बांस के सहारे फांसी पर लटका मिला। उनके शरीर में कीड़े पड़ चुके थे, जिससे पता चला कि मौत कुछ दिन पहले हुई थी।

मृतका की पहचान लल्ली देवी पाल (65 वर्ष) पत्नी नंद लाल पाल के रूप में हुई है। पड़ोसियों ने रविवार को उनके घर से तेज दुर्गंध आने पर अंदर झांका तो लल्ली देवी का शव छत में लगे बांस के सहारे फांसी पर लटका मिला। उनके शरीर में कीड़े पड़ चुके थे, जिससे पता चला कि मौत कुछ दिन पहले हुई थी।

ग्रामीणों और पूर्व प्रधान भगेलू पासी के अनुसार, लल्ली देवी बेहद गरीब थीं। उनके पति नंदलाल पाल 20 साल पहले मानसिक रूप से परेशान होकर लापता हो गए थे, जिनका आज तक कोई पता नहीं चला। उनके दो बेटे और दो बेटियां हैं।

लल्ली देवी का बड़ा बेटा समर बहादुर पाल (42 वर्ष) दिल्ली में एक निजी कंपनी में काम करता है, जबकि छोटा बेटा राज बहादुर पाल मानसिक रूप से बीमार है। परिवार ने स्वयं सहायता समूह से कर्ज लेकर मकान बनाना शुरू किया था, लेकिन पैसे खत्म होने के बाद मकान अधूरा रह गया।

पड़ोसी राम जी पाल ने बताया कि लल्ली देवी पांच दिन पहले अपने घर के बाहर देखी गई थीं। घटना की सूचना तत्काल मऊआइमा पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

भेलसी नहर पर छिनैती का आरोप, पुलिस ने बताया रंजिश का मामला

विश्वनाथ प्रताप सिंह

हंडिया प्रयागराज के हंडिया थाना क्षेत्र के भेलसी नहर के पास एक महिला द्वारा छिनैती और फायरिंग का आरोप लगाए जाने से इलाके में हड़कंप मच गया। हालांकि पुलिस जांच में मामला आपसी रंजिश और मारपीट का निकला।

पीड़िता सुनीता ने आरोप लगाया कि वह क्षेत्र से गुजर रही थी, तभी एक युवक ने उसे रोककर छिनैती की कोशिश की और विरोध करने पर धक्का-मुक्की की। महिला ने फायरिंग होने का भी दावा किया है, जिससे वह घायल हो गई।

स्थानीय लोगों के अनुसार, घटना के बाद आरोपी भागने लगा लेकिन कुछ दूरी पर गिर पड़ा, जिसके बाद ग्रामीणों ने उसे पकड़कर पिटाई कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को कब्जे में लेकर उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया।

वहीं पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला छिनैती या फायरिंग का नहीं है। एसीपी हंडिया शेषधर पांडे के मुताबिक, महिला के बेटे अनुराग और घायल युवक राज मिश्रा के बीच पुरानी रंजिश चल रही है, जिसके चलते दोनों पक्षों में विवाद और मारपीट हुई। मारपीट में राज मिश्रा गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और बाद में हालत नाजुक होने पर जिला अस्पताल रेफर किया गया।

पुलिस ने स्पष्ट किया कि फायरिंग और लूट की बात पूरी तरह निराधार है। दोनों पक्षों के बीच पहले से भी मुकदमे दर्ज हैं। खबर लिखे जाने तक किसी भी पक्ष द्वारा थाने में तहरीर नहीं दी गई थी।

किस्त वसूली के नाम पर दिव्यांग से स्कूटी छीनी, पीड़ित ने पुलिस से लगाई गुहार

विश्वनाथ प्रताप सिंह

प्रयागराज, झूंसी थाना क्षेत्र स्थित न्याय नगर गेट के पास किस्त वसूली के नाम पर दबंगई का मामला प्रकाश में आया है। जानकारी के अनुसार, आधा दर्जन से अधिक लोगों ने एक दिव्यांग व्यक्ति को घेर लिया और जबरन उसकी स्कूटी छीनकर फरार हो गए। घटना के दौरान पीड़ित के साथ कथित तौर पर अभद्रता भी की गई, जिससे वह दहशत में आ गया।

पीड़ित कौशलेंद्र पाण्डेय, निवासी कोटवा, ने बताया कि वह अपनी स्कूटी से कहीं जा रहे थे, तभी कुछ लोग खुद को फाइनेंस कंपनी से जुड़ा बताकर पहुंचे और बकाया किस्त का हवाला देने लगे। इसके बाद उन्होंने जबरन स्कूटी अपने कब्जे में ले ली और मौके से चले गए।

घटना के बाद पीड़ित ने झूंसी थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दी है और न्याय की गुहार लगाई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही, आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की बात कही जा रही है। स्थानीय लोगों में घटना को लेकर आक्रोश व्याप्त है और उन्होंने ऐसे मामलों पर रोक लगाने की मांग की है।

एसबीआई बैंक में शॉर्ट सर्किट से भीषण आग, लाखों का नुकसान

विश्वनाथ प्रताप सिंह

हंडिया। प्रयागराज,जनपद के सराय ममरेज थाना क्षेत्र अंतर्गत जंघई कस्बे में शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) की शाखा में अचानक भीषण आग लग गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बैंक परिसर से अचानक धुआं और आग की लपटें उठने लगीं, जिससे आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और बैंक के अंदर रखे लैपटॉप, कंप्यूटर सिस्टम, महत्वपूर्ण दस्तावेज, टेबलेट्स, कुर्सियां, सोफा सहित अन्य फर्नीचर पूरी तरह जलकर खाक हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी। मौके पर पहुंची दमकल की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। समय रहते आग बुझा लेने से आसपास के अन्य प्रतिष्ठानों को सुरक्षित बचा लिया गया, जिससे एक बड़ी घटना टल गई।

बताया जा रहा है कि बैंक में रखे महत्वपूर्ण कागजात जलने से प्रशासनिक और ग्राहकों से जुड़े कार्यों पर भी असर पड़ सकता है। हालांकि, अभी तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, जो राहत की बात है।

फिलहाल संबंधित विभाग द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है और घटना की जांच शुरू कर दी गई है। बैंक प्रबंधन और प्रशासन मिलकर यह पता लगाने में जुटे हैं कि आग लगने के वास्तविक कारण क्या थे और भविष्य में इस तरह की घटनाओं से कैसे बचा जा सके।

मेजा के नवोदय जंगल में लगी आग, मचा हड़कंप

आग बुझाने में जुटी मेजा फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां

विश्वनाथ प्रताप सिंह

मेजा, प्रयागराज, मेजा सर्किल अंतर्गत नवोदय बीट के जंगल में भीषण आग की घटना सामने आई है। आग लगने की वजह से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। आग इतनी भयावह है कि देखते ही देखते जंगल का एक बड़ा हिस्सा उसकी चपेट में आ गया। दर्जनों पेड़ जलकर खाक हो गए। आग की वजह से वन संपदा को काफी नुकसान हुआ है। स्थानीय लोगों ने बताया कि आग काफी दूर से दिखाई पड़ रहा है। धुएं के गुबार की वजह से आसमान भी काला नजर आ रहा है। आग कैसे लगी अभी इसका पता नहीं चल पाया है। मेजा फायर सर्विस स्टेशन के कर्मचारी आग बुझाने में जुटे हुए हैं।

फायरबिग्रेड द्वारा जंगल में लगी आग को बुझाने की कोशिशें जारी हैं। फायर ब्रिगेड की टीम लगातार आग को फैलने से रोकने के लिए पर्याप्त इतंजाम कर रही है। गर्मी और कड़ी धूम की वजह से आग पर काबू पाने में दिक्कत हो रही है। हवाओं की वजह से भी आग तेजी से फैल रही है। आग पर काबू पाने के बाद ये साफ हो पाएगा कि आग से कितना नुकसान वन विभाग को हुआ।

मेजा फायर सर्विस स्टेशन प्रभारी सियाशरण सिंह ने बताया कि मेजा रेंज के मेजाखास स्थित नवोदय विद्यालय के पास वाले जंगल में अज्ञात कारण से आगजनी हुई है, घटना कि सूचना मिलते हैं फायरकर्मियों की टीम मौके पर पहुंच कर आग को काबू करने का प्रयास किया जा रहा है।

दरवाजे पर खड़ी पिकअप गाड़ी पार, चोरों का दुस्साहस

विश्वनाथ प्रताप सिंह

मेजा, प्रयागराज,मेजा थाना क्षेत्र के मेजारोड पुलिस चौकी अंतर्गत डेलौहा गांव में बेखौफ चोरों ने घर के दरवाजे पर खड़ी पिकअप गाड़ी पार कर दी। घटना से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया और इलाके में दहशत का माहौल है।

मिली जानकारी के अनुसार डेलौहा गांव निवासी ननकू राम पटेल रोज की तरह अपनी पिकअप गाड़ी घर के बाहर खड़ी कर सो गए थे। शनिवार तड़के करीब 4 बजे अज्ञात चोर गाड़ी संख्या UP 70 ET 7369 लेकर फरार हो गए। सुबह लगभग 5 बजे जब उनकी नींद खुली तो दरवाजे पर खड़ी गाड़ी गायब देख उनके होश उड़ गए।

शोर-शराबा होने पर मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। पीड़ित ने बताया कि जल्दबाजी में भागते समय चोर अपना एक जोड़ी जूता मौके पर ही छोड़ गए। ग्रामीणों ने आसपास के क्षेत्रों में खोजबीन की, लेकिन गाड़ी का कोई सुराग नहीं लग सका। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और लोग रात में सुरक्षा को लेकर चिंतित नजर आ रहे हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं, जिससे पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग उठने लगी है। ग्रामीणों ने प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की अपील की है।

खबर लिखे जाने तक पीड़ित द्वारा पुलिस को सूचना नहीं दी गई थी।

गैस सिलेंडर से भरे ट्रक में कंटेनर की जोरदार टक्कर, ड्राइवर घंटों स्टेरिंग में फंसा रहा

विश्वनाथ प्रताप सिंह

प्रयागराज (हंडिया), जनपद के हंडिया थाना क्षेत्र अंतर्गत बगहा चौराहे के पास शुक्रवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जहां गैस सिलेंडर से लदे ट्रक में तेज रफ्तार कंटेनर ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक स्टेरिंग में बुरी तरह फंस गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के तुरंत बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही हंडिया पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।

करीब एक से डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद रेस्क्यू टीम ने ट्रक चालक को स्टेरिंग से बाहर निकाला। चालक गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद तत्काल जिला अस्पताल भेजा गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

हादसे के बाद कंटेनर में आग लग गई, जिससे मौके पर हड़कंप मच गया। फायर ब्रिगेड की टीम ने तत्परता दिखाते हुए आग पर काबू पाया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया, क्योंकि ट्रक में गैस सिलेंडर लदे होने के कारण विस्फोट का खतरा बना हुआ था।

पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और लापरवाही बताया जा रहा है। वहीं, इस दुर्घटना के चलते कुछ समय के लिए मार्ग पर यातायात भी बाधित रहा, जिसे बाद में सुचारू कर दिया गया।

राष्ट्र और समाज कल्याण का संकल्प लेकर जन प्रकृति सेवा ट्रस्ट में शामिल हुए संत
प्रयागराज। धर्म, समाज सेवा एवं राष्ट्रहित के कार्यों को गति प्रदान करने के उद्देश्य से जन प्रकृति सेवा ट्रस्ट द्वारा आयोजित विशेष सम्मान समारोह में संत समाज के प्रतिष्ठित महात्माओं का सम्मान कर उन्हें संगठन की सदस्यता प्रदान की गई।इस अवसर पर पंकज गिरी जी महाराज (निरंजनी अखाड़ा), कुलदीप गिरी जी महाराज (निरंजनी अखाड़ा) तथा आचार्य कमलाशंकर तिवारी जी महाराज (ज्योतिषपीठ शंकराचार्य आश्रम, महंत प्रयागराज) ने औपचारिक रूप से जन प्रकृति सेवा ट्रस्ट की सदस्यता ग्रहण की।
सदस्यता ग्रहण करते हुए संतों ने जन जागरण, गौ संरक्षण, प्रकृति संरक्षण एवं नारी सशक्तिकरण जैसे राष्ट्रहित एवं समाजहित के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर संस्थापक रघुवंश उपाध्याय ने कहा कि जन प्रकृति सेवा ट्रस्ट का उद्देश्य केवल संगठन निर्माण नहीं, बल्कि समाज में सेवा, संस्कार और जागरूकता की एक नई चेतना स्थापित करना है। संत समाज का मार्गदर्शन हमारे लिए प्रेरणा एवं शक्ति का स्रोत है। कार्यक्रम के दौरान संतों ने संगठन द्वारा चलाए जा रहे सामाजिक, धार्मिक एवं जनकल्याणकारी अभियानों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे संगठन वर्तमान समय में समाज को नई दिशा देने का कार्य कर रहे हैं। समारोह में उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने संतों का पुष्पमाला, अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर भव्य स्वागत किया।जन प्रकृति सेवा ट्रस्ट परिवार ने संकल्प लिया कि संगठन आगामी समय में गौसेवा, पर्यावरण संरक्षण, महिला सशक्तिकरण एवं जनहित के कार्यों को और व्यापक स्तर पर संचालित करेगा।
फार्मर रजिस्ट्री को लेकर जखनिया तहसील में बैठक, 6-7 अप्रैल को ग्राम पंचायतों में विशेष अभियान  2026


विश्वनाथ प्रताप सिंह

प्रयागराज, तहसील कोरांव सभागार में गुरुवार को उप जिलाधिकारी अतुल कुमार की अध्यक्षता में फार्मर रजिस्ट्री को लेकर एक अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रधान, सचिव, लेखपाल, कोटेदार,राधा सिंह पंचायत सहायक, नोडल अधिकारी एवं सेक्टर अधिकारियों को फार्मर रजिस्ट्री के संबंध में प्रशिक्षण दिया गया।उप जिलाधिकारी ने प्रधानों एवं सचिवों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने ग्राम पंचायतों में मुनादी के माध्यम से किसानों को जागरूक करें तथा 6 व 7 अप्रैल को ग्राम पंचायत भवनों पर कैंप लगाकर फार्मर रजिस्ट्री का कार्य पूर्ण रूप से सुनिश्चित कराएं।उन्होंने लेखपालों को निर्देश दिया कि 3, 4 एवं 5 अप्रैल तक जिन किसानों की फार्मर रजिस्ट्री लंबित है, उनके अभिलेखों का सत्यापन एवं आवश्यक संशोधन कर कार्य को पूर्ण करें, ताकि निर्धारित तिथियों में किसी प्रकार की बाधा न हो।बैठक में फार्मर रजिस्ट्री से संबंधित अन्य बिंदुओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई तथा उप जिलाधिकारी द्वारा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इस अवसर पर तहसील सभागार में समस्त संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
जनगणना 2027 : प्रयागराज के सैन्य व प्रतिबंधित क्षेत्रों में दूसरे चरण में होगी जनगणना, केंद्रीय व जिला जेलों में भी बाद में

विश्वनाथ प्रताप सिंह

प्रयागराज। सैन्य क्षेत्र समेत केंद्रीय व जिला कारागारों समेत अन्य प्रतिबंधित इलाकों में दूसरे चरण के दौरान जनगणना होगी। वहीं शैक्षिक संस्थानों स्कूल-काॅलेज, विश्वविद्यालय, अस्पताल समेत अन्य सरकारी कालोनियों में रहने वाले लोगों की जनगणना के लिए उनके कर्मचारियों को ही लगाया जाएगा। इसकी तैयारी शुरू हो गई है। इसके लिए ब्लाकों का गठन होगा। वहीं, पहले चरण की गणना में दूसरे चरण की जनगणना का फ्रेेम भी तैयार किया जाएगा।

पहली बार डिजिटल रूप में होगी जनगणना
पहली बार डिजिटल रूप में होने जा रही जनगणना के दौरान आबादी, घरों की गणना, वाहन, भोजन, रसोंई, शौचालय आदि का ब्यौरा तो लिया ही जाएगा, साथ ही तालाब-पोखरे, बाग-बगीचे, मुख्य सड़क, चकमार्ग, जल निगम की टंकी, हैंडपंप, नाली व सीवर का ब्यौरा दर्ज किया जाएगा। घर में कौन सी गाड़ियां हैं, कौन सा अनाज खाते हैं और इंटरनेट का इस्तेमाल करते हैं या नहीं, यह भी पूछा जाएगा।

जीवनशैली और सुविधाओं का भी पूरा ब्योरा दर्ज होगा 
सरकार न केवल परिवार के सदस्यों की संख्या और मुखिया की जानकारी ले रही है, बल्कि लोगों की जीवनशैली और सुविधाओं का भी पूरा ब्योरा दर्ज किया जाएगा। इसमें घर की छत और दीवार किस सामग्री से बनी है, पीने के पानी और शौचालय की क्या व्यवस्था है, से लेकर मौजूद गैजेट्स (लैपटाप, स्मार्टफोन) की भी जानकारी ली जाएगी।

घर-घर जाकर प्रगणक पूछेंगे 33 सवाल
केंद्र सरकार ने 33 सवालों की पूरी सूची जारी कर दी है, जो प्रगणकों द्वारा घर-घर जाकर पूछे जाएंगे। जेलों में बंद कैदियों की गणना वहां के कर्मचारी ही करेंगे, जो प्रशासन को रिपोर्ट देंगे। इसी तरह रेलवे, आयकर, दूरसंचार, एयरपोर्ट, जीएसटी, पीडब्ल्यूडी, जल निगम, स्वास्थ्य विभाग की कालोनियों में वहां के कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जा रही है।

शीघ्र ही उपलब्ध कराएं कर्मचारियों की सूची
जनगणना की तैयारियों की बुधवार को मुख्य सचिव ने बुधवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों के प्रशिक्षण से लेकर गणना ब्लाकों के गठन के निर्देश दिए। डीआइओएस व बीएसए को निर्देशित किया कि वे जनगणना कार्यक्रम में ड्यूटी करने वाले कर्मचारियों की शीघ्र ही सूची उपलब्ध करा दें। डीएम मनीष कुमार वर्मा व एडीएम वित्त एवं राजस्व विनीता सिंह भी जुड़ी रहीं।