ज्ञानपुर में 4.92 करोड़ का इनडोर मिनी स्टेडियम, युवाओं को मिलेगा आधुनिक खेल मंच
विभूति नारायण इंटर कॉलेज मैदान में विधायक विपुल दुबे ने किया भूमि पूजन, हाईमास्ट व शहीद स्मारक सौंदर्यीकरण की भी उठी मांग
रिपोर्ट - नितेश श्रीवास्तव
भदोही। जनपद भदोही के ज्ञानपुर में खेल सुविधाओं को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए विभूति नारायण इंटर कॉलेज के मैदान में प्रस्तावित 4 करोड़ 92 लाख रुपये की लागत से बनने वाले इनडोर मिनी स्टेडियम का भूमि पूजन क्षेत्रीय विधायक विपुल दुबे द्वारा विधिवत रूप से किया गया।
भूमि पूजन कार्यक्रम वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सम्पन्न हुआ, जिसमें विद्वान आचार्य ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कराई। कार्यक्रम स्थल पर धार्मिक एवं उत्साहपूर्ण वातावरण देखने को मिला। इस दौरान उपस्थित लोगों ने विधायक का माल्यार्पण कर, अंगवस्त्र पहनाकर तथा स्मृति चिन्ह भेंट कर भव्य स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन विनय पांडे ‘गोरे लाल’ ने किया।
कार्यक्रम में जीआईसी के प्रधानाचार्य आलोक तिवारी, चेयरमैन घनश्याम दास गुप्ता, नगर पालिका अध्यक्ष जितेंद्र गुप्ता, भाजपा महामंत्री रमेश पांडे, कुंवर प्रमोद चंद मौर्य, मनोज श्रीवास्तव, श्रीमंत मौर्य, विभूति तिवारी, रामविलास मिश्र, विजय बिंद, रमेश पासी, विजय प्रताप सिंह, राकेश यादव सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर विजय बिंद ने जीआईसी मैदान में हाईमास्ट लाइट लगवाने तथा शहीद स्मारक को सुसज्जित करने की मांग उठाई। वहीं चेयरमैन घनश्याम दास गुप्ता ने कहा कि विधायक के प्रयासों से क्षेत्र में चहुंमुखी विकास हो रहा है। रमेश चंद्र पांडे ने दावा किया कि ज्ञानपुर विधानसभा में करीब दो हजार करोड़ रुपये के विकास कार्य कराए जा रहे हैं।
विधायक विपुल दुबे ने अपने संबोधन में बताया कि वर्ष 1889 में स्थापित इस विद्यालय की गरिमा को और बढ़ाने के लिए यह मिनी स्टेडियम बनाया जा रहा है, जो कॉलेज के स्वाभिमान का प्रतीक बनेगा। उन्होंने कहा कि लगभग 5 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा यह स्टेडियम क्षेत्र के युवाओं को आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध कराएगा।
उन्होंने यह भी कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, सड़क और पुल निर्माण के क्षेत्र में लगातार कार्य हो रहे हैं और आने वाले पांच वर्षों में ज्ञानपुर विधानसभा में व्यापक बदलाव देखने को मिलेगा।
स्थानीय लोगों ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि इनडोर मिनी स्टेडियम बनने से क्षेत्र के खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और मंच मिलेगा, जिससे उनकी प्रतिभा को नई दिशा मिलेगी।
1 hour and 27 min ago
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1