हनुमान जी महराज के जन्मोत्सव पर विशाल हनुमान चालीसा पाठ का आयोजन संपन्न हुआ

विश्वनाथ प्रताप सिंह

प्रयागराज। मानिकपुर कल्याण केंद्र चौराहा हनुमान जी महराज के परिसर में चैत्र पूर्णिमा के पावन अवसर पर बालाजी जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में हनुमान चालीसा का पाठ एवं प्रसाद वितरण बड़े श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया।

इस अवसर पर सुबह से ही मंदिर में पूजन-अर्चन, हवन और विशेष धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन हुआ, जिसमें क्षेत्र के बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। मंदिर परिसर में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी और पूरा वातावरण भक्ति रस में सराबोर रहा।

हनुमान चालीसा पाठ में दूर-दूर से आए श्रद्धालुओं के पूजन पाठ कराया गया श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध होकर प्रसाद ग्रहण किया और बालाजी के जयकारों से पूरा परिसर गूंज उठा। आयोजन में स्थानीय समिति एवं ग्रामवासियों का विशेष सहयोग रहा।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में वैदिक पंडित राहुल पाण्डेय जी (डेटा एक्सपर्ट), ऋषि द्विवेदी (गौ रक्षक),अवशेष द्विवेदी, पुष्पराज मिश्रा , राज मिश्रा ,रवि भाई , सतेंद्र भाई , बृजेश पांडेय, अभय, अभय केशरवानी , विकाश कंचनी , अतुल गौतम ,राज मिश्रा, हिमांशु, समर द्विवेदी. अभय केसरवानी, अभिषेक द्विवेदी, मोहित मिश्रा, शिवा द्विवेदी, अभिषेक तिवारी,एवं समस्त लोग उपस्थित रहे आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त करते हुए ऐसे धार्मिक आयोजनों को समाज में एकता और श्रद्धा का प्रतीक बताया।

प्रयागराज जंक्शन के सिटी साइड पर पुनर्विकास कार्य प्रारंभ, पार्किंग व्यवस्था अस्थायी रूप से प्रतिबंधित

विश्वनाथ प्रताप सिंह

प्रयागराज, प्रयागराज जंक्शन स्टेशन पर चल रहे व्यापक पुनर्विकास कार्यों के क्रम में सिटी साइड पर भी निर्माण कार्य दिनांक 15 अप्रैल 2026 से प्रारंभ किया जाना प्रस्तावित है।

निर्माण कार्य प्रारंभ होने के साथ ही दिनांक 15 अप्रैल 2026 से अग्रिम आदेश तक सिटी साइड पर स्टेशन परिसर में वाहनों की पार्किंग सुविधा पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगी।

यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेल प्रशासन द्वारा सिविल लाइंस साइड पर समुचित एवं सुव्यवस्थित वैकल्पिक पार्किंग व्यवस्था विकसित की गई है। जिन यात्रियों को अपने वाहन पार्क करने की आवश्यकता है, वे उक्त वैकल्पिक व्यवस्था का उपयोग कर सकते हैं।

रेल प्रशासन समस्त यात्रियों एवं आमजन से अनुरोध करता है कि वे इस अवधि के दौरान सहयोग प्रदान करें तथा सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने हेतु वैकल्पिक मार्ग एवं पार्किंग सुविधा का उपयोग करें।

इसके अतिरिक्त, सिटी साइड पर भी वैकल्पिक व्यवस्थाएं विकसित किए जाने के प्रयास निरंतर जारी हैं। उपयुक्त व्यवस्था सुनिश्चित होते ही सिटी साइड पर यातायात एवं पार्किंग सुविधा पुनः प्रारंभ कर दी जाएगी।

श्री गुरु तेग बहादुर महाराज जी का 405 साला प्रकाश उत्सव बड़ी आस्था श्रद्धा के साथ मनाया गया।

तपस्थान श्री गुरु तेग बहादुर साहिब गुरुद्वारा पक्की संगत प्रयागराज में भोर बेला से शबद- कीर्तन का दीवान सजा।

विश्वनाथ प्रताप सिंह

प्रयागराज, श्री गुरु तेग बहादुर महाराज जी का 405 साला प्रकाश उत्सव मंगलवार को तपस्थान श्री गुरु तेग बहादुर साहिब गुरुद्वारा पक्की संगत प्रयागराज में बड़ी आस्था श्रद्धा के साथ मनाया गया।संगत ने भोर बेला मे तपस्थान से प्रभात फेरी निकली जो क्षेत्र के विभिन्न स्थानों से होते हुए गुरु द्वारा प्रांगण में संपन्न हुई। तत्पश्चात रविवार से आरंभ श्री अखंड पाठ साहिब की पाठ की संपूर्णता के उपरांत शब्द कीर्तन,गुरु इतिहास,आरती,हुकमनामा उपरांत गुरु का लंगर संगतो ने छका।

संध्याकाल मे खुले दीवान हॉल में संत विंरेद्र सिंह,परमजीत सिंह,ज्ञानी निशांत सिंह,महंत देवेंद्र सिंह शास्त्री,जसविंदर सिंह शास्त्री पंथ के प्रसिद्ध रागी जत्थो, कथावाचक,इतिहासकार द्वारा गुरवाणी विचार देर रात तक चलता रहा साथ ही गुरु का लंगर भी चलता रहा। संचालन मुख्य सेवादार महंत ज्ञान सिंह ने किया।

वहीं दूसरी और जगह-जगह चौपाल लगाकर सिख पंथ के नौवे गुरु श्री गुरु तेग बहादुर महाराज जी के प्रकाश पर्व पर कोटि-कोटि नमन करते हुए सुविख्यात समाजसेवी व भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा काशी क्षेत्र,क्षेत्रीय उपाध्याय सरदार पतविन्दर सिंह ने कहा कि नवम गुरु श्री गुरु तेग बहादुर जी ने वैश्विक चिंतन में त्याग,सेवा और समरसता के सनातन मूल्यो के प्रति अडिंग इच्छा की अभिव्यक्ति की और भारतीय दार्शनिक चिंतन में योगदान किया गुरु जी का बलिदान यात्रा का मानवीय पक्ष भी संवेदन शील है गुरु जी की जिन कस्बो,नगरों और गांव से गुजरे,लोगों ने उन स्थानों पर तंबाकू की खेती बंद कर दी सैकड़ो गांव नशा मुक्त हो गए और नवम गुरु की वाणी का आंचल पकडकर मुक्ति के पथ पर चल पड़े आज विश्व को नशा मुक्त करने के लिए नवम गुरु के व्यक्तित्व से सबक लेना चाहिए।

सरदार पतविन्दर सिंह ने कहा कि श्री गुरु तेग बहादुर जी का जीवन, मानवता की रक्षा और धार्मिक स्वतंत्रता की सर्वोच्च मिसाल है उनका जीवन हमें अन्याय के विरुद्ध निर्भीक खड़े रहने और सत्य के मार्ग पर अडिग रहने की प्रेरणा देता है हम गुरु साहिब के दिखाएं मार्ग पर चलते हुए आपसी भाईचारे और मानवता के नैतिक मूल्यों को अपने जीवन में उतारें। चौपाल में दलजीत कौर,हरमनजी सिंह ने विचार रखें।

जनता की आवाज को मिला मंच: एसीपी यशपाल सिंह ने थाना शंकरगढ़ में की जनसुनवाई, समस्याओं के त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश

विश्वनाथ प्रताप सिंह

प्रयागराज ,क्षेत्र की जनता की समस्याओं को सीधे सुनकर उनका समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से एसीपी यशपाल सिंह ने थाना शंकरगढ़ परिसर में मंगलवार को सुबह 10:00 बजे से 2:00 बजे तक जनसुनवाई किया। इस दौरान बड़ी संख्या में फरियादी अपनी शिकायतें लेकर अफसर के सामने पहुंचे, जिनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उन्होंने संबंधित को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।जनसुनवाई के दौरान भूमि विवाद, मारपीट, पारिवारिक कलह, राजस्व से जुड़े मामले और अन्य स्थानीय समस्याएं प्रमुख रूप से सामने आईं। एसीपी यशपाल सिंह ने स्पष्ट कहा कि किसी भी फरियादी के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा और हर शिकायत का निष्पक्ष एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा।उन्होंने संबंधित पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया कि शिकायतों में लापरवाही या देरी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही जनता से अपील की कि वे अपनी समस्याएं निडर होकर पुलिस के सामने रखें, ताकि समय रहते समाधान हो सके।इस मौके पर थाना शंकरगढ़ की पुलिस टीम भी मौजूद रही और जनसुनवाई को सुव्यवस्थित ढंग से संचालित किया गया। कार्यक्रम के अंत में कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जिससे फरियादियों के चेहरे पर संतोष दिखाई दिया।जनसुनवाई के दौरान यशपाल सिंह ने लोगों की समस्याएं सुनी और उनका समाधान करने का आश्वासन दिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा, उन्होंने लोगों से अपील की है कि वह अपराध के खिलाफ लड़ने में पुलिस का सहयोग करें।आगे उन्होंने कहा कि कानून से खिलवाड़ करने वालों की खैर नहीं और सभी को न्याय मिलेगा। यशपाल सिंह की इस पहल से लोगों में उम्मीद जगी है कि उन्हें न्याय मिलेगा।जनसुनवाई से यह संदेश स्पष्ट गया कि शंकरगढ़ पुलिस प्रशासन जनता के साथ खड़ी है और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। बता दें कि हाल ही में शंकरगढ़ के प्रभारी निरीक्षक यशपाल सिंह को एसीपी के पद पर पदोन्नति प्राप्त होने पर पुलिस आयुक्त प्रयागराज जोगेंद्र कुमार, अपर पुलिस आयुक्त प्रयागराज कानून व्यवस्था डॉक्टर अजय पाल शर्मा एवं पुलिस उपायुक्त नगर मनीष कुमार शांडिल्य द्वारा स्टार लगाकर सम्मानित किया गया है। उनकी कार्यशैली से शंकरगढ़ थाने में कानून व्यवस्था मजबूत हुई है जिससे क्षेत्र में अपराध पर नियंत्रण हुआ। इनकी उपलब्धियों पर बात की जाए तो शंकरगढ़ थाने में दलालों की सक्रियता को कम किया, शासन के मंशानुरूप कानून व्यवस्था को मजबूत बनाया अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई, महिलाओं और बेटियों को उनके अधिकारों और सुरक्षा के बारे में जागरूक किया,अपराध पर नियंत्रण और जनता के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने की भूमिका अहम रही है। उनके कार्यकाल में कई महत्वपूर्ण मामलों का सफल निस्तारण भी हुआ है जिससे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत हुई और कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखा। विभागीय पदोन्नति समिति (डीपीसी) की प्रक्रिया पूरी हुई पदोन्नति आदेश जारी होने के बाद नई जिम्मेदारियां सौंपी जाएगी। बहरहाल यशपाल सिंह की पदोन्नति से शंकरगढ़ क्षेत्र में कानून व्यवस्था और मजबूत हुई है और अपराधियों के खिलाफ कार्यवाही में तेजी आई है।

जी एस टी आर्थिक दक्षता प्राप्त करने का महत्वपूर्ण साधन- प्रोफेसर सत्यकाम

मुक्त विश्वविद्यालय में जीएसटी सुधारों पर राष्ट्रीय संगोष्ठी के लिए शोध पत्र आमंत्रित

प्रोफेसर देवेश रंजन त्रिपाठी बने संयोजक, वेबसाइट पर पंजीकरण प्रारम्भ

प्रयागराज । उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय प्रयागराज एवं भारतीय सामाजिक विज्ञान अनुसंधान परिषद, नई दिल्ली के संयुक्त तत्वावधान में भारत सरकार द्वारा जीएसटी 2.0 सुधारों को जन जन तक पहुंचाने के लिए आगामी 8 मई 2026 को एक दिवसीय राष्ट्रीय सेमिनार आयोजित किया जा रहा है। जिसका उद्देश्य जीएसटी सुधारों के सामाजिक आर्थिक प्रभावों, नीति निर्माण और शैक्षणिक विमर्श को बढ़ावा देना है। यह पहल देश के जीएसटी सुधारों को समझने, क्रियान्वित करने और उनके प्रभावों का विश्लेषण कर आवश्यक सुझावों को एकत्रित कर नीति निर्माताओं के समक्ष प्रस्तुत करने के लिए है।

दूरस्थ शिक्षा क्षेत्र में महत्वपूर्ण स्थान रखने वाले विश्वविद्यालय के विद्वान कुलपति प्रोफेसर सत्यकाम ने बताया कि भारत का एकीकृत कर प्रणाली की ओर बढ़ना स्वतंत्रता के बाद से हुए सबसे महत्वपूर्ण वित्तीय परिवर्तनों में से एक है। भारत "विकसित की आकांक्षा रखता है, ऐसे में जीएसटी समावेशी विकास, राजकोषीय सुदृढ़ीकरण और आर्थिक दक्षता प्राप्त करने का एक महत्वपूर्ण साधन है।इस सुधार ने औपचारिक अर्थव्यवस्था के विस्तार, डिजिटलीकरण के माध्यम से कर अनुपालन में सुधार और अंतर-राज्यीय व्यापार को बढ़ावा देने में योगदान दिया है। हालांकि, कुछ चुनौतियां अभी भी बनी हुई हैं जैसे कि कर दर युक्तिकरण, लघु एवं मध्यम उद्यमों के लिए अनुपालन की जटिलता और राज्य राजस्व प्रदर्शन में असमानताएं, जिनका समाधान भारत के विकास के दृष्टिकोण को साकार करने के लिए आवश्यक है।

प्रोफेसर सत्यकाम ने बताया कि यह संगोष्ठी चार्टर्ड लेखाकारों, शिक्षाविदों, नीति निर्माताओं, निवेशकों और उद्योग विशेषज्ञों को भारत के दीर्घकालिक विकासात्मक रोडमैप के संदर्भ में जीएसटी सुधारों के बहुआयामी प्रभाव पर चर्चा करने के लिए एक मंच प्रदान करेगी।

प्रोफेसर सत्यकाम ने बताया कि संगोष्ठी में डिजिटल परिवर्तन, राजकोषीय संघवाद और पारदर्शिता को बढ़ावा देने में कर पेशेवरों की भूमिका पर गहन चर्चा की जाएगी। उभरते मुद्दों को संबोधित करके और व्यावहारिक नीतिगत सिफारिशें प्रस्तावित करके, यह आयोजन ज्ञान के निर्माण, हितधारकों के बीच संवाद को बढ़ावा देने और भारत के भविष्य को एक समावेशी, वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी और आत्मनिर्भर राष्ट्र के रूप में आकार देने में प्रमुख योगदान देगा।

विश्वविद्यालय के जनसंपर्क अधिकारी डॉ प्रभात चन्द्र मिश्र ने बताया कि विकसित भारत 2047 के राष्ट्रीय दृष्टिकोण का समर्थन करने वाली व्यावहारिक नीतिगत सिफारिशें विकसित करना इस राष्ट्रीय संगोष्ठी का महत्वपूर्ण उद्देश्य है।

इसी के दृष्टिगत शिक्षा मंत्रालय भारत सरकार के अंतर्गत कार्यरत स्वायत्त संस्था भारतीय सामाजिक विज्ञान अनुसंधान परिषद, नई दिल्ली के सहयोग से इस सेमिनार के सुव्यवस्थित आयोजन के लिए विश्वविद्यालय के प्रबंधन विद्या शाखा के आचार्य, प्रोफेसर देवेश रंजन त्रिपाठी को संयोजक नामित किया गया है। प्रोफेसर त्रिपाठी ने उच्च शिक्षा से जुड़े सभी प्राध्यापकों, शोधार्थियों तथा छात्रों को आईसीएसएसआर के सहयोग से हो रहे इस राष्ट्रीय सेमिनार में प्रतिभाग करने हेतु आमंत्रित किया है। सेमिनार का संपूर्ण विवरण एवं पंजीकरण प्रारूप मुक्त विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर उपलब्ध कराया जा चुका है। विभिन्न विश्वविद्यालयों तथा महा विद्यालयों को आयोजन संबंधी आवश्यक सूचनाएं प्रेषित की जा रही हैं। उक्त जानकारी डॉ प्रभात चन्द्र मिश्र जनसंपर्क अधिकारी ने दी।

प्रयागराज में घर के अन्दर फंदे से लटका मिला बीएससी के छात्र का शव

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के अतरसुइया थाना क्षेत्र अंतर्गत बलुआघाट मोहल्ले में मंगलवार को एक 22 वर्षीय छात्र का शव घर के अन्दर फंदे से लटका पाया गया है। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने शव कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई की। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। फिर भी मृत्यु का स्पष्ट कारण जानने के लिए पोस्टमार्टम कराया जाएगा।

पुलिस उपायुक्त नगर मनीष कुमार शांडिल्य ने बताया कि प्रयागराज के अतरसुइया थाना क्षेत्र में स्थित बलुआघाट निवासी आशुतोष सोनी(22) पुत्र राजकुमार सोनी का शव उसके घर के कमरे में फंदे से लटका हुआ पाया गया। घटना की जानकारी होते ही मंगलवार को परिवार के लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने शव कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई की। घटना के संबंध में पूछताछ करने के दौरान परिवार के लोगों ने बताया कि आशुतोष सोनी बीएससी पांचवें सेमेस्टर का छात्र था और रज्जू भैया यूनिवर्सिटी से पढ़ाई कर रहा था। दो दिन पहले ही उसका परीक्षा परिणाम आया था, जिसमें वह फेल हो गया था। परीक्षा परिणाम आने के बाद से ही वह काफी गुमसुम और तनाव में रहने लगा था।

परिजनों के अनुसार सोमवार देर रात उसने अपने कमरे में जाकर फांसी लगा ली। काफी देर तक कमरे से बाहर न आने पर जब परिजनों को शक हुआ तो उन्होंने दरवाजा खोला, जहां उसका शव फंदे से लटकता मिला। सूचना मिलने पर अतरसुइया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

पुलिस उपायुक्त नगर मनीष कुमार शांडिल्य ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। छात्र के परीक्षा में असफल होने के कारण तनाव में होने की बात सामने आई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और अन्य आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

आईआईएचएमएफ एवं मंगल भूमि फाउंडेशन के मध्य समझौता ज्ञापन

जल संरक्षण एवं ग्रामीण नवाचार को मिलेगा नया आयाम

प्रयागराज। सतत विकास एवं पारिस्थितिक संतुलन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए इनोवेशन एंड इन्क्यूबेशन हब, एमएनएनआईटी फाउंडेशन (IIHMF) ने मंगल भूमि फाउंडेशन के साथ एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए। मंगल भूमि फाउंडेशन ग्रामीण क्षेत्रों में तालाब पुनर्जीवन, जल साक्षरता, लघु नदी पुनर्स्थापन एवं सतत आजीविका विकास के क्षेत्र में सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है।

यह MoU हस्ताक्षर समारोह एमएनएनआईटी परिसर स्थित IIHMF कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित किया गया, जिसमें गणमान्य अतिथियों, संकाय सदस्यों, स्टार्टअप प्रतिनिधियों एवं विभिन्न हितधारकों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

इस अवसर पर MoU पर हस्ताक्षर प्रो. रवि प्रकाश तिवारी, निदेशक, IIHMF एवं डॉ. राम कुमार मिश्रा, मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO), IIHMF द्वारा IIHMF की ओर से तथा श्री रामबाबू तिवारी, अध्यक्ष, मंगल भूमि फाउंडेशन द्वारा किए गए।

अपने उद्बोधन में प्रो. रवि प्रकाश तिवारी ने कहा कि शैक्षणिक संस्थानों एवं जमीनी स्तर पर कार्यरत संगठनों के बीच इस प्रकार के सहयोग से पर्यावरणीय चुनौतियों का स्थायी एवं प्रभावी समाधान संभव है। उन्होंने जल संरक्षण एवं ग्रामीण विकास के क्षेत्र में इस साझेदारी को अत्यंत महत्वपूर्ण बताया।

डॉ. राम कुमार मिश्रा, CEO, IIHMF ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सहयोग टियर-2 एवं टियर-3 शहरों में नवाचार एवं उद्यमिता को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बताया कि IIHMF इस पहल के अंतर्गत तकनीकी विशेषज्ञता, अनुसंधान सहयोग एवं इन्क्यूबेशन समर्थन प्रदान करेगा, जिससे जल प्रबंधन एवं पारिस्थितिक संरक्षण से जुड़े स्टार्टअप्स को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने आत्मनिर्भर भारत एवं विकसित भारत 2047 के लक्ष्यों की प्राप्ति में इस प्रकार की साझेदारी की महत्वपूर्ण भूमिका को भी रेखांकित किया।

इस अवसर पर श्री रामबाबू तिवारी, अध्यक्ष, मंगल भूमि फाउंडेशन ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका संगठन लंबे समय से जल संरक्षण एवं ग्रामीण विकास के लिए कार्यरत है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि IIHMF के साथ यह सहयोग जमीनी स्तर पर चल रही पहलों को वैज्ञानिक दृष्टिकोण एवं नवाचार से और अधिक प्रभावी बनाएगा।

इस MoU के अंतर्गत दोनों संस्थाएं जल संरक्षण से जुड़े स्टार्टअप्स के इन्क्यूबेशन, पारंपरिक जल स्रोतों पर संयुक्त अनुसंधान एवं दस्तावेजीकरण, प्रशिक्षण एवं क्षमता निर्माण कार्यक्रमों का आयोजन, पायलट परियोजनाओं का क्रियान्वयन, ग्रामीण आजीविका संवर्धन तथा जल साक्षरता एवं जलवायु जागरूकता से संबंधित अभियानों पर संयुक्त रूप से कार्य करेंगी।

कार्यक्रम में IIHMF परिवार एवं अन्य सहयोगी सदस्यों की उत्साहपूर्ण भागीदारी रही। इस अवसर पर श्री प्रदीप सिंह, श्री सूरज तिवारी, सुश्री अनीता सिंह एवं सुश्री मोनियो जायसवाल सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे, जिनकी उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा को और बढ़ाया।

यह सहयोग जल संरक्षण, ग्रामीण विकास एवं नवाचार आधारित समाधान को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर सिद्ध होगा।

नगर निगम नैनी जोन 5 कार्यालय में धरना प्रदर्शन किया जायेगा

विश्वनाथ प्रताप सिंह

प्रयागराज,भारतीय किसान यूनियन भानू संगठन के जिला अध्यक्ष पंकज प्रताप सिंह कीओर से 8.4.2026 बुधवार को समय 11 बजे दिन में नगर निगम नैनी जोन 5 कार्यालय में धरना प्रदर्शन किया जायेगा।

जिसमें मुख्य रूप से नगर निगम के भ्रष्टाचार अवैध गृह कर वसूली के विरोध, विस्तारित क्षेत्र में मिलने वाली मूलभूत सुविधाएं न मिलना। गृह कर पर तत्काल रोक लगाय जाने की मांग, सहकारी समित वार्ड 4 मे रोड के निर्माण की मांग, भ्रष्टाचार में लिप्त कर्मचारियों पर जांच कराकर कार्यवाही की मांग की जाएगी। इन मांगो के पूरे न होने पर धरना अनिश्चित कालीन के लिए किया जाएगा। सभी पदाधिकारी सभी किसान भाइयों से अनुरोध है कि इस धरना प्रदर्शन में ज्यादा से ज्यादा संख्या में पहुंचने का कष्ट करें जिससे समस्याओं का निराकरण हो सके।

आइआइआइटी इलाहाबाद में बीटेक आइटी के साथ ही मिलेगी एमबीए की भी डिग्री, पांच वर्षीय होगा कोर्स

विश्वनाथ प्रताप सिंह

प्रयागराज ,भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान आइआइआइटी में शैक्षणिक सत्र 2026-27 से तीन नए ड्यूल डिग्री कार्यक्रमों को शुरू करने के प्रस्ताव को मंजूरी मिल गई है। इससे छात्रों को एक ही प्रवेश प्रक्रिया के माध्यम से बीटेक के साथ एमटेक और एमबीए जैसी उच्च डिग्रियां हासिल करने का अवसर मिलेगा।

नए पाठ्यक्रम इसी सत्र से होंगे शुरू

नए पाठ्यक्रमों में तीन प्रमुख पांच वर्षीय ड्यूल डिग्री कोर्स शामिल हैं। इसमें बीटेक-एमटेक (ईसीई), बीटेक-एमटेक (आइटी) और बीटेक (आइटी-बिजनेस इनफार्मेटिक्स)-एमबीए पाठ्यक्रम शामिल हैं। यह तीनों पाठ्यक्रम इसी शैक्षणिक सत्र से शुरू होंगे।

3 पाठ्यक्रमों सहित 58 सीटें होंगी

तीन पाठ्यक्रमों को मिलाकर कुल 58 सीटें होंगी। बीटेक-एमटेक (ईसीई) में 11, बीटेक-एमटेक (आइटी) में 25 और बीटेक (आइटी-बिजनेस इनफार्मेटिक्स)-एमबीए में 22 सीटों पर सीनेट की मंजूरी मिल चुकी है। अप्रैल के मध्य में प्रस्तावित सीनेट की 37वीं मीटिंग में पाठ्यक्रमों को औपचारिकता मंजूरी मिल जाएगी। इन नए कोर्सों के शुरू होने से संस्थान की कुल प्रवेश क्षमता में कोई बदलाव नहीं किया जाएगा।

ऐसे छात्रों के लिए विशेष लाभकारी

सीटों का पुनर्वितरण इस तरह किया गया है कि कुल इंटेक पूर्ववत बना रहे। आइआइआइटी प्रशासन के अनुसार यह उन छात्रों के लिए विशेष रूप से लाभकारी हाेगा, जो तकनीकी शिक्षा के साथ उच्च विशेषज्ञता या प्रबंधन शिक्षा को एकीकृत रूप में प्राप्त करना चाहते हैं।

नई शिक्षा नीति के अनुरूप तैयार हुआ पाठ्यक्रम

इन कार्यक्रमों को राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) के अनुरूप डिजाइन किया गया है। सीनेट की आगामी बैठक में इन नए कोर्सों के लिए नया पाठ्यक्रम अनुमोदन के लिए प्रस्तुत किया जाएगा। बैठक में प्रस्ताव को अनुमति मिलने के साथ ही इन पाठ्यक्रमों में प्रवेश की घोषणा कर दी जाएगी। आइआइआइटी प्रशासन के अनुसार यह पहल छात्रों को उद्योग और शोध दोनों क्षेत्रों में बेहतर अवसर उपलब्ध कराएगी। विशेष रूप से बीटेक-एमबीए कार्यक्रम तकनीकी और प्रबंधकीय कौशल का अनूठा संयोजन प्रदान करेगा, जिससे कारपोरेट और स्टार्टअप सेक्टर में रोजगार की संभावनाएं बढ़ेंगी।

थाना नवाबगंज की पुलिस टीम द्वारा कोडीन युक्त कफ सिरप बेचने वाला 01 वांछित अभियुक्त गिरफ्तार

विश्वनाथ प्रताप सिंह

 प्रयागराज, पुलिस आयुक्त महोदय व अपर पुलिस आयुक्त के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाये जा रहे अभियान के क्रम में श्रीमान् पुलिस उपायुक्त गंगानगर व अपर पुलिस उपायुक्त गंगानगर के कुशल पर्यवेक्षण में व सहायक पुलिस आयुक्त सोरांव के कुशल नेतृत्व में गंगानगर-जोन के थाना नवाबगंज पर पंजीकृत मु0अ0सं0-570/2025 धारा-318(4)/338/336(3)/340(2)/208 भा0न्या0सं0 व 26(डी)/8/18/21 NDPS Act तथा मु0अ0सं0-571/2025 धारा-318(4)/338/336(3)/340(2)/208 भा0न्या0सं0 व 26(डी)/8/18/21 NDPS Act से सम्बन्धित वांछित अभियुक्त आजाद सिंह उर्फ गोलू पुत्र शम्भूनाथ सिंह निवासी जगदीशपुर चांधन थाना नवाबगंज कमिश्नरेट प्रयागराज को थाना नवाबगंज पुलिस टीम द्वारा आज दिनांक-06.04.2026 को थाना नवाबगंज क्षेत्रान्तर्गत कौड़िहार पावर हाऊस के पास से गिरफ्तार कर नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्यवाही की गयी ।

              उल्लेखनीय है कि गिरफ्तार उपरोक्त अभियुक्त द्वारा थाना नवाबगंज क्षेत्रान्तर्गत आजाद मेडिकल एजेन्सी व अनिका मेडिकल एजेन्सी का लाइसेन्स अपने अन्य साथियों के नाम पर बनवाकर मेडिकल स्टोर के नाम पर अवैध कौडीनयुक्त सीरप आदि का क्रय-विक्रय किया जाता था, जिसके सम्बन्ध में थाना नवाबगंज पर मु0अ0सं0-570/2025 व मु0अ0सं0-571/2025 उपरोक्त पंजीकृत किया गया था ।

गिरफ्तार अभियुक्त का विवरण

आजाद सिंह उर्फ गोलू पुत्र शम्भूनाथ सिंह निवासी जगदीशपुर चांधन थाना नवाबगंज कमिश्नरेट प्रयागराज, उम्र करीब 23 वर्ष ।

सम्बन्धित अभियोग का विवरण

1. मु0अ0सं0-570/2025 धारा-318(4)/338/336(3)/340(2)/208 भा0न्या0सं0 व 26(डी)/8/18/21 NDPS Act थाना नवाबगंज कमिश्नरेट प्रयागराज ।

2. मु0अ0सं0-571/2025 धारा-318(4)/338/336(3)/340(2)/208 भा0न्या0सं0 व 26(डी)/8/18/21 NDPS Act थाना नवाबगंज कमिश्नरेट प्रयागराज ।

अभियुक्त आजाद सिंह उर्फ गोलू उपरोक्त का आपराधिक इतिहास-

1. मु0अ0सं0-66/19 धारा-323/504/506 भा0द0सं0 थाना नवाबगंज कमिश्नरेट प्रयागराज ।

2. मु0अ0सं0-570/2025 धारा-318(4)/338/336(3)/340(2)/208 भा0न्या0सं0 व 26(डी)/8/18/21 NDPS Act थाना नवाबगंज कमिश्नरेट प्रयागराज ।

3. मु0अ0सं0-571/2025 धारा-318(4)/338/336(3)/340(2)/208 भा0न्या0सं0 व 26(डी)/8/18/21 NDPS Act थाना नवाबगंज कमिश्नरेट प्रयागराज ।

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम-

1. व0उ0नि0 उमाकान्त, थाना नवाबगंज कमिश्नरेट प्रयागराज ।  

2. उ0नि0 विनोद सिंह, थाना नवाबगंज कमिश्नरेट प्रयागराज ।

3. का0 शीलेश कुमार, थाना नवाबगंज कमिश्नरेट प्रयागराज ।