अपर आयुक्त ने 11 महिलाओं की सुनी समस्याएं, समाधान के निर्देश
*अपर आयुक्त मीनू राणा ने महिला जनसुनवाई में 11 मामलों की सुनी समस्याएं*

*वरासत, भूमि विवाद और उत्पीड़न के मामलों पर सख्त निर्देश, त्वरित कार्रवाई के आदेश*

*जनसुनवाई में महिलाओं ने उठाई शिकायतें*



*गोण्डा, 6 अप्रैल 2026* -  देवीपाटन मंडल मुख्यालय पर आयोजित ‘माँ पाटेश्वरी शक्ति संवाद’ महिला जनसुनवाई में अपर आयुक्त मीनू राणा ने 11 महिलाओं की समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई के दौरान महिलाओं ने भूमि विवाद, पारिवारिक उत्पीड़न, वरासत, पुलिस कार्रवाई में लापरवाही समेत विभिन्न समस्याएं रखीं। अपर आयुक्त ने प्रत्येक प्रकरण को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि महिलाओं से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। कुछ मामलों में तत्काल निस्तारण के निर्देश दिए गए, जबकि शेष प्रकरणों में संबंधित विभागों को जांच कर शीघ्र कार्रवाई करने को कहा गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि महिलाओं की समस्याओं के समाधान में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


*वरासत दर्ज न होने पर महिला ने लगाई गुहार*

तहसील क्षेत्र के ग्राम परेड सरकार की एक महिला ने अपने पति की मृत्यु के बाद भी भूमि की वरासत दर्ज न होने पर प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है। वन्दना देवी ने प्रार्थना पत्र में बताया कि उनके पति की मृत्यु 17 अप्रैल 2025 को हो चुकी है, जिसके बाद उनके पुत्र द्वारा ऑनलाइन वरासत के लिए आवेदन किया गया था, लेकिन हल्का लेखपाल ने उसे त्रुटिपूर्ण बताते हुए निरस्त कर दिया। पीड़िता का कहना है कि राजस्व अभिलेखों में नाम ‘श्रीचन्द्र पाठक’ जबकि अन्य दस्तावेजों में ‘श्रीकान्त पाठक’ दर्ज है, जो एक ही व्यक्ति हैं। ग्राम प्रधान द्वारा भी इसकी पुष्टि की गई है, इसके बावजूद कार्रवाई नहीं हुई। वृद्ध और आर्थिक रूप से कमजोर महिला ने बताया कि उक्त भूमि ही उनके परिवार की आजीविका का एकमात्र साधन है। उन्होंने प्रशासन से वरासत दर्ज कराने की मांग की है।

*महिला ने लगाया जमीन पर अवैध कब्जा व मारपीट का आरोप*


  देवीपाटन मंडल मुख्यालय में आयोजित ‘माँ पाटेश्वरी शक्ति संवाद’ महिला जनसुनवाई में कटरा बाजार निवासिनी नेहा तिवारी ने अपनी खरीदी गई जमीन पर अवैध कब्जा और मारपीट का आरोप लगाया है। पीड़िता ने बताया कि उसने वर्ष 2023 में भूमि क्रय की थी, जिस पर वह कब्जे में है और उसका नाम राजस्व अभिलेखों में दर्ज है। आरोप है कि 27 नवंबर 2025 को गांव के कुछ लोगों ने लाठी-डंडा व धारदार हथियार लेकर उसकी जमीन पर जबरन कब्जा करने का प्रयास किया और विरोध करने पर गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। पीड़िता के अनुसार आरोपियों ने घर में घुसकर उसे जमीन पर पटक दिया और अश्लील हरकत की। महिला का कहना है कि पुलिस को सूचना देने और कई बार शिकायत करने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। उसने मंडलायुक्त से आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर अवैध कब्जा हटवाने की मांग की है।
थाना एएचटी द्वारा भिक्षावृत्ति उन्मूलन/बाल संरक्षण अभियान के अंतर्गत चलाया गया सघन चेकिंग व जागरूकता अभियान
गोण्डा। उत्तर प्रदेश शासन द्वारा निर्गत निर्देशों के क्रम में महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलम्बन हेतु एवं भिक्षावृत्ति उन्मूलन/बाल संरक्षण अभियान के अंतर्गत जनपद गोण्डा में लगातार अभियान चलाकर कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में आज दिनांक 06.04.2026 को पुलिस अधीक्षक गोण्डा  विनीत जायसवाल के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी)  के निकट पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी सदर  के नेतृत्व में थाना ए0एच0टी0 गोण्डा के प्रभारी निरीक्षक लाल बिहारी मय टीम, अपराजिता सामाजिक समिति, चाइल्ड हेल्पलाइन एवं श्रम विभाग की संयुक्त टीम द्वारा थाना कोतवाली नगर क्षेत्रांतर्गत रोडवेज गोण्डा परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में सघन चेकिंग एवं जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान भिक्षावृत्ति उन्मूलन, बाल श्रम मुक्त भारत एवं बाल विवाह मुक्त भारत के संबंध में आमजन को जागरूक किया गया। साथ ही शहर में संचालित होटलों, ब्यूटी पार्लरों, मसाज सेंटरों एवं स्पा सेंटरों की गहन चेकिंग की गई। चेकिंग के दौरान कोई भी आपत्तिजनक/अवैध गतिविधि प्रकाश में नहीं आई। संबंधित संचालकों को नियमों का पालन करने एवं किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि पाए जाने पर तत्काल सूचना देने हेतु निर्देशित किया गया।
पुलिस अधीक्षक गोण्डा द्वारा चलाये गए विशेष अभियान के तहत 36 नफर गैर जमानतीय वारण्टी अभियुक्त गिरफ्तार
   गोण्डा। पुलिस अधीक्षक गोण्डा  विनीत जायसवाल के निर्देशन में जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के क्रम में वांछित व गैर-जमानती वारंटी अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु दो दिवसीय विशेष अभियान चलाया गया।

इस अभियान को सफल बनाने हेतु पुलिस अधीक्षक  द्वारा जनपद के समस्त राजपत्रित पुलिस अधिकारी व प्रभारी निरीक्षक/थानाध्यक्षों को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने थाना क्षेत्रों में लंबित गैर-जमानती वारंटियों एवं वांछित अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करें।
उक्त अभियान के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी श्री मनोज कुमार रावत व अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) श्री राधेश्याम राय के पर्यवेक्षण में तथा क्षेत्राधिकारियों के नेतृत्व में थाना स्तर पर टीमों का गठन कर कार्यवाही की गई। इस विशेष अभियान के अंतर्गत जनपद के विभिन्न थानों की पुलिस टीमों द्वारा कुल *36 गैर-जमानती वारंटी* अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। थाना-वार गिरफ्तारी का विवरण निम्नानुसार है- थाना को0 नगर पुलिस ने 04, थाना को0 देहात पुलिस ने 07, थाना को0 कर्नलगंज पुलिस ने 10, थाना इटियाथोक पुलिस ने 05, थाना खरगूपुर पुलिस ने 03, थाना मोतीगंज पुलिस ने 01, थाना नवाबगंज पुलिस ने 02, थाना परसपुर पुलिस ने 01, थाना उमरी बेगमगंज पुलिस ने 01, थाना कौड़िया पुलिस ने 01 एवं थाना छपिया पुलिस ने 01 वारण्टी अभियुक्त को गिरफ्तार किया ।
जमीन पैमाइश के दौरान छप्पर में लगाई आग,पांच के विरुद्ध मुकदमा दर्ज
*राजस्व टीम से मारपीट व सरकारी अभिलेख फाड़ने का आरोप

गोंडा।जिले के कौड़िया थाना क्षेत्र अंतर्गत स्थित कौड़िया शुक्ल गांव में जमीन पैमाइश के दौरान राजस्व टीम के साथ मारपीट व छप्पर में आग लगाने का मामला सामने आया है।यह घटना रविवार 5 अप्रैल की है जिसका वीडियो सामने आया है।मामले में राजस्व निरीक्षक देवी प्रसाद की तहरीर पर पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।राजस्व निरीक्षक देवी प्रसाद ने बताया कि यह विवाद बच्चा लाल और दयावती के बीच जमीन बटवारे से संबंधित था,जिस पर कोर्ट में मुकदमा चल रहा था।कोर्ट के निर्णय के बाद उपजिलाधिकारी सदर ने मौके पर जाकर जमीन के हिस्से का चिन्हांकन और निशानदेही करने का आदेश दिया था,उसके अनुपालन में जब राजस्व टीम मौके पर पहुंची तो मुकदमे के एक पक्षकार बच्चा लाल ने न्यायालय के आदेश को मानने से इंकार कर दिया और राजस्व टीम के साथ गाली गलौज शुरू कर दिया तथा मारपीट पर आमादा हो गए।राजस्व निरीक्षक के अनुसार बच्चा लाल,शांति देवी, शुभी,नीलू और कृष्ण दयाल ने परिवार सहित एकजुट होकर फावड़ा व कुदाल लेकर हमला कर दिया।हमलावरों ने कुछ सरकारी कागजात छीनकर फाड़ दिए और राजस्व कर्मियों को मुक्कों,थप्पड़ों और लाठी डंडों से पीटा।उन्होंने राजस्व टीम व पुलिस को फंसाने तथा सरकारी काम में बाधा डालने के उद्देश्य से अपने ही छप्पर में आग लगा दिया हालांकि मौके पर मौजूद लोगों ने आग पर काबू पा लिया।मामले में कौड़िया थाने के प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र सिंह ने पुष्टि करते हुए बताया कि राजस्व निरीक्षक देवी प्रसाद की शिकायत के आधार पर पांच नामजद लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्यवाही शुरू कर दी गई है।
29 लाख की सड़क तीन दिन में उखड़ी,ग्रामीणों ने हाथ से तोड़कर दिखाया
*वीडियो सामने आने के बाद लोक निर्माण विभाग ने बैठाई जांच

गोंडा।उत्तर प्रदेश में सड़क की गुणवत्ता के नाम पर सख्ती के दावों के बीच जिले में लोक निर्माण विभाग की एक नई सड़क के निर्माण के तीन दिन बाद ही सवालों के घेरे में आ गई है।जिले के सदर तहसील के चकसड़ गांव से छाछपारा मुतवल्ली होते हुए बरईपारा तक बनी लगभग दो किलोमीटर लंबी सड़क को ग्रामीण हाथों से उखाड़ते नजर आ रहे हैं।बताया जा रहा है कि यह सड़क 29 लाख रूपए की लागत से तैयार की गई थी।अब इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है,जिसमें सड़क की परतें आसानी से टूटती और उखड़ती नजर आ रही हैं।ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण में तय मानकों का पालन नहीं किया गया।आमतौर पर सड़क निर्माण में पहले मिट्टी की प्रेशर रोलर से कुटाई की जाती है।उसके बाद उसपर पत्थर और गिट्टी की लेयर डालकर मजबूती दी जाती है।इसके बाद अंतिम सतह तैयार होती है।परन्तु ग्रामीणों का कहना है कि इस सड़क में नीचे मिट्टी पर गिट्टी डालकर काम पूरा कर दिया गया।वायरल वीडियो में यह भी दिख रहा है कि सड़क की परत के नीचे से घास तक उग आई है।जिससे निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए हैं।सड़क की खराब हालत से नाराज ग्रामीण अब सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल कर रहे हैं और दोबारा मानक के अनुरूप सड़क बनाने की मांग कर रहे हैं।ग्रामीणों का कहना है कि इतनी बड़ी ललागत से बनी सड़क यदि तीन दिन में ही उखड़ने लगे तो यह सिर्फ लापरवाही नहीं भ्रष्टाचार मामला भी हो सकता है।स्थानीय ग्राम प्रधान प्रतिनिधि शिवम तिवारी ने आरोप लगाया कि सड़क निर्माण में गुणवत्ता का बिल्कुल ध्यान नहीं रखा गया।उन्होंने कहा कि कई बार ग्रामीणों ने ठेकेदार और संबंधित अवर अभियंता से शिकायत किया लेकिन उनकी बात न तो सुनी गई और न ही फोन उठाया गया।उनके मुताबिक सड़क की हालत शुरू से ही खराब दिख रही थी,परन्तु जिम्मेदार अधिकारियों ने मौके पर ध्यान नहीं दिया।वायरल वीडियो सामने आने के बाद गोंडा लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता योगेंद्र सिंह ने पूरे मामले के जांच के आदेश दिए हैं।
महिला अस्पताल में एच.पी.वी. टीकाकरण का जिलाधिकारी ने किया शुभारंभ
*गोण्डा 06  अप्रैल,2026*।
जनपद में जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन के करकमलों द्वारा जिला महिला चिकित्सालय में सरवाइकल कैंसर से बचाव हेतु HPV टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया गया। अभियान अगले तीन माह तक आयोजित किया जाएगा। इस अभियान में वो किशोरी जिन्होंने 14 वा जन्मदिन मना लिया हो और 15वां अभी नहीं आया हो, वही टीकाकरण के लिए पात्र होंगे। टीकाकरण के दौरान केवल एक डोज ही लगाई जाएगी जो कि जीवन भर पर्याप्त सुरक्षा प्रदान करेगी। जनपद में सभी 16 ब्लॉक मुख्यालय (CHC) और मुख्यालय पर जिला महिला चिकित्सालय में एक टीकाकरण सत्र सहित कुल 17 टीकाकरण सत्र का संचालन किया जाएगा।

इस अभियान के दौरान कुल लगभग 40000, चालिस हजार बच्चियों के टीकाकरण अपेक्षित है। अभियान के उपरांत इस HPV वैक्सीन को नियमित टीकाकरण कार्यक्रम में शामिल कर ली जाएगी और अपेक्षित आयु की बच्चियों के लिए टीकाकरण जारी रहेगा। इस अभियान में सभी ऐसे विद्यालय जहां पर इस आयु वर्ग की बच्चियां शिक्षण हेतु अध्ययनरत है की अहम भूमिका है। सभी ऐसे विद्यालय से अपेक्षा है कि अपने यहां पात्र लाभार्थी की सूची ( सहमति प्राप्त करने के उपरांत) तैयार कर ब्लॉक स्वास्थ्य इकाई को उपलब्ध कराते हुए टीकाकरण हेतु दिवस का आवंटन करा लें।
अभियान के शुभारंभ अवसर पर अपर निदेशक, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, देवीपाटन मंडल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी, समस्त उप/ अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, एम ओ आई सी, UPHC, जिला स्वास्थ्य शिक्षा सूचना अधिकारी, डी.पी.एम, डी.सी.पी.एम, एन.एच.एम, समस्त डी.ए.आई.ओ, सी.एम.एस, महिला चिकित्सालय सहित समस्त जनपद स्तरीय प्रतिनिधि WHO, UNDP, PHFI, JSI etc समस्त अन्य उपस्थित रहे।
390 कीटनाशक दवाओं के लाइसेंस निलंबित,14 दिन का अल्टीमेटम
*आईपीएमएस पोर्टल पर पंजीकरण न कराने पर कार्रवाई

गोंडा।जिले में 390 कीटनाशक दवाओं की दुकानों के लाइसेंस निलंबित कर दिए गए हैं।जिला कृषि अधिकारी ने यह कार्यवाही भारत सरकार के इंटीग्रेटेड पेस्टीसाइड मैनेजमेंट सिस्टम पोर्टल पर पंजीकरण न कराने के कारण किया है।इन दुकानदारों को अब कीटनाशक दवाओं की बिक्री करने की अनुमति नहीं होगी।विभाग ने इन सभी दुकानदारों को 14 दिनों के भीतर आईपीएमएस पोर्टल पर पंजीकरण कराने का निर्देश दिया है।यदि वे ऐसा करने में विसल रहते हैं तो उनके लाइसेंस स्थाई रूप से निरस्त कर दिए जाएंगे।यह कार्रवाई नियमों के लगातार अवहेलना के बाद की गई है,क्योंकि इन दुकानदारों को पहले भी कई बार पंजीकरण के लिए सूचित किया गया था।आईपीएमएस पोर्टल का उद्देश्य किसानों को मानक के अनुसार कृषि रक्षा रसायन उपलब्ध कराना है।इस पोर्टल पर पंजीकरण से यह सुनिश्चित होता है कि दुकानदार केवल प्रमाणित कीटनाशक दवाएं बेंचैं और विभाग को उनके पास उपलब्ध स्टॉक की जानकारी भी रहे।जिला कृषि अधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने बताया कि कीटनाशी विक्रेताओं के लिए आईपीएमएस पोर्टल पर पंजीकरण अनिवार्य है।उन्होंने पुष्टि किया कि 390 विक्रेताओं ने बार बार निर्देशों के बावजूद पंजीकरण नहीं कराया था,जिसके बाद उनके लाइसेंस निलंबित किए गए हैं।उन्होंने दोहराया कि 14 दिन के भीतर पंजीकरण न कराने पर लाइसेंस निरस्त कर दिए जाएंगे।बार बार समीक्षा होने के चलते जिले की स्थिति खराब आ रही थी जिसके चलते इन सभी दुकानदारों के खिलाफ पहले अस्थाई कार्रवाई की गई है।
जमीनी विवाद में युवक पर चढ़ाया ट्रैक्टर, हुई मौत,मेडिकल कालेज में परिजनों का हंगामा
*पुलिस कार्यवाही के बाद आरोपियों ने किया हमला

गोंडा।जिले में जमीनी विवाद में युवक की हत्या का मामला सामने आया है।यह मामला जिले के नवाबगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत स्थित तुलसीपुर माझा ग्राम पंचायत के पूरे अर्जुन गांव में राम रंग उर्फ रिंकू (28) की ट्रैक्टर से कुचलकर मौत हो गई।यह घटना राम रंग और गांव के ही भारतलाल यादव व राहुल यादव के बीच लंबे समय से चल रहे जमीनी विवाद का परिणाम है।रविवार दोपहर मे़ंं ट्रैक्टर चालक राहुल यादव राम रंग के खेत से अपना ट्रैक्टर निकाल रहे थे,इसका विरोध जब राम रंग ने किया तो राहुल यादव ने गाली गलौज करते हुए मारपीट किया।इस प्रारंभिक विवाद के बाद नवाबगंज थाने की पुलिस ने आरोपियों का शांति भंग में चालान किया था।हालांकि, बाद में सभी आरोपियों को छोड़ दिया गया।जमानत मिलने के बाद आरोपी दोबारा घर पहुंचे और एक बार फिर ट्रैक्टर लेकर खेत में गये और इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया जिसके बाद राहुल यादव ने राम रंग के ऊपर ट्रैक्टर चढ़ा दिया।इस घटना में घायल राम रंग को जिला मुख्यालय स्थित मेडिकल कालेज ले जाया गया,जहाँ इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।राम रंग की मौत के बाद परिजनों ने मेडिकल कालेज में जमकर हंगामा किया।मेडिकल कालेज में हंगामे की सूचना पाकर अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी मनोज कुमार रावत तत्काल मेडिकल कालेज पहुंचे।वहीं अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी राधेश्याम राय ने नवाबगंज थाना क्षेत्र स्थित घटनास्थल पहुंचकर पूरे मामले की जांच शुरू कर दिया।पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने बताया कि नवाबगंज थाने की पुलिस  आरोपियों को पकड़ने का प्रयास कर रही है।उन्होंने इस घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि यह घटना जमीनी विवाद के कारण हुई है।पुलिस अधीक्षक ने यह भी बताया कि मारपीट की सूचना पर पुलिस ने पहले कार्रवाई किया था,परन्तु आरोपी घर पहुंचने के बाद दोबारा मारपीट करने लगे।जिसके बाद यह दुखद घटना हुई।पुलिस सभी बिंदुओं पर गहनता से जांच कर रही है।
परिवार परामर्श केन्द्र में 01 जोड़ा एक साथ रहने को हुआ राजी
गोण्डा। रविवार जनपद गोण्डा के रिजर्व पुलिस लाइन में आयोजित परिवार परामर्श केन्द्र में पुलिस अधीक्षक गोण्डा  विनीत जायसवाल के निर्देशन में परामर्शदाताओं द्वारा बिछडे जोड़ों की समस्याओं को सुनकर उनका निराकरण किया गया तथा 01 जोड़े को समझा बुझाकर सुखी जीवन जीने हेतु राजी कर लिया गया।

*परिवार परामर्श केन्द्र में उपस्थिति सदस्यगण-*
यशोदानंदन त्रिपाठी,  शशि कुमार भारती, श्री गंगाधर शुक्ल, श्री राम मंगल कन्नौजिया, श्रीमती अनीता यादव प्रभारी निरीक्षक महिला थाना, उ0नि0 बृजेश कुमार चौबे, मु0आ0 सुभाष सिंह चौहान, म0आ0 शाहिना बानो, म0आ0 नितांशी शुक्ला आदि उपस्थित रहै।

सूदखोरों की दबंगई, 20 गुना बढ़ा कर्ज,जमीन बेचने का दबाव
*मूलधन चुकाने के बाद भी युवक से लाखों की वसूली

गोंडा।जिले में सूदखोरों के आतंक का एक मामला सामने आया है,जहाँ एक युवक को अगवा कर लाखों रुपए की रंगदारी वसूली गई है।आरोप है कि जालसाजी कर उसके बैंक खाते से बड़ी रकम भी निकाल ली गई।पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है।यह मामला नगर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत बूढ़ादेवर गांव का है।पीड़ित संजय यादव पुत्र गोली ने पुलिस को बताया कि उसने अपनी पारिवारिक जरूरतों के लिए दिनेश कुमार मिश्रा उर्फ बब्लू से 50000 रुपए उधार लिया था।संजय का दावा है कि उसने जुलाई 2025 में अपनी जमीन बेंचकर दिनेश कुमार को ब्याज समेत कुल 70000 रुपए नगद वापस कर अपना हिसाब बराबर कर लिया था।घटना में मोड़ तब आया जब संजय के खाते में जमीन बिक्री के 4,90000 रुपए आए।इसकी भनक लगते ही विपक्षी बब्लू मिश्रा अपने दो अज्ञात साथियों के साथ 2 अप्रैल 2026 को नानपारा रेलवे ऑफिस पहुंचा।यहां से संजय को जबरन एक फ्राक्स कार में बैठा लिया और दबंगो ने पुराने कर्ज पर चक्रवृद्धि ब्याज का दबाव बनाते हुए दस लाख रुपये की मांग शुरू कर दिया।यहाँ यह भी आरोप है कि दबंगों ने संजय की जेब से 20000 रुपए का एक हस्ताक्षरित चेक और मोबाइल छीन लिया और चेक में हेराफेरी कर उसे चार लाख का बनाने की कोशिश की गई,परन्तु बैंक कर्मियों द्वारा कटिंग पकडे जाने पर भुगतान नहीं हो सका।इसके बाद आरोपियों ने संजय को असलहे की नोक पर डराकर नई चेकबुक जारी करवाया और सादे कागजों व स्टांप पर जबरन हस्ताक्षर करवा लिया।4 अप्रैल 2026 को आरोपियों ने संजय के खाते से 4,20000 रुपए नगद निकाल लिया।पीड़ित का आरोप है कि अब आरोपी उसकी 11 बिस्वा बेशकीमती जमीन भी अपने नाम लिखवाने की धमकी दे रहे हैं और जान से मारने की सुपारी देने की बात कह रहे हैं।पीड़ित संजय यादव ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र सौंपकर अपने जानमाल के सुरक्षा की गुहार लगाई है।उसने दोषियों के विरुद्ध प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज करने और लूटी गई रकम वापस दिलाने की अपील किया है।फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।नगर कोतवाली पुलिस संजय यादव द्वारा दिए गए प्रार्थना पत्र पर संज्ञान लेते हुए  पूरे मामले की जांच शुरू कर दिया है।मामले में नगर कोतवाल बिंदेश्वरी मणि त्रिपाठी ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है।जांच में जो भी निकल कर आएगा उसके आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।