फलावदा नगर पंचायत में वर्ष 2026–27 के ठेकों की सार्वजनिक नीलामी संपन्न, 8.12 लाख में पैंठ ठेका छोड़ा गया
मोनू भाटी। मेरठ,फलावदा। नगर पंचायत फलावदा में सोमवार को वार्षिक ठेके वर्ष 2026–27 की सार्वजनिक नीलामी का आयोजन किया गया। यह नीलामी नगर पंचायत अध्यक्ष श्री अशोक कुमार सैनी एवं अधिशासी अधिकारी श्री सचिन पंवार की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। नीलामी प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से नगर पंचायत परिसर में कराई गई, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों व जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति रही।
सबसे पहले बुधवार व शनिवार पैंठ (भूमि किराया) के ठेके की नकद नीलामी कराई गई। इस नीलामी में कुल 8 बोलीदाताओं ने भाग लिया। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच श्री अनिल पुत्र श्री मदन, निवासी वार्ड नं. 2, मोहल्ला अम्बेडकर, कस्बा फलावदा ने सर्वाधिक 8,12,000 रुपये की बोली लगाकर प्रथम स्थान प्राप्त किया।
द्वितीय उच्चतम बोली श्री अकरम पुत्र श्री अखलाक, निवासी वार्ड नं. 9, मोहल्ला शहीद मेजर अब्दुल हमीद ने 8,11,000 रुपये की लगाई, जबकि तृतीय उच्चतम बोली श्री परविन्दर पुत्र श्री कालू, निवासी वार्ड नं. 8, मोहल्ला जूडवाला द्वारा 7,70,000 रुपये की रही।
नीलामी के दौरान बोली को और बढ़ाने के लिए कई प्रयास किए गए, लेकिन बोली आगे नहीं बढ़ सकी। अंततः सर्वाधिक बोलीदाता श्री अनिल को 8,12,000 रुपये में वर्ष 2026–27 के लिए बुधवार व शनिवार पैंठ (भूमि किराया) का ठेका प्रदान किया गया।
उल्लेखनीय है कि गत वर्ष यही ठेका 6,46,000 रुपये में छोड़ा गया था, जबकि इस वर्ष 1,66,000 रुपये अधिक बोली प्राप्त हुई है। इससे नगर पंचायत की आय में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है, जिसे निकाय के लिए सकारात्मक उपलब्धि माना जा रहा है।
यह ठेका 08 अप्रैल 2026 से 31 मार्च 2027 तक के लिए प्रभावी रहेगा। ठेकेदार द्वारा नियमानुसार वसूली की प्रक्रिया 08 अप्रैल 2026 से प्रारंभ की जाएगी।
हालांकि, अन्य शेष ठेकों के लिए किसी भी बोलीदाता द्वारा बोली प्रस्तुत नहीं की गई, जिसके चलते वे ठेके आज की नीलामी में आवंटित नहीं किए जा सके।
इस अवसर पर सभासद अनुराधा, नईम अनवर, सोहनवीर सैनी,वकार आलम, नामित सभासद विवेक कुमार सैनी, अश्वनी विश्नोई, नरेन्द्र खटीक सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त रविन्द्र कुमार सैनी, मोहित तोमर, तनवीर, शहजाद, शानू, सतबीर, शुभम अग्रवाल, अनिरुद्ध कुमार, रिंकू रस्तौगी, विपिन कुमार, मनोज कुमार, मेघराज, नय्यूम अनवर, आरव प्रजापति, मोहम्मद कसीम सहित अन्य गणमान्य नागरिक एवं नगर पंचायत कर्मचारीगण भी मौजूद रहे।नगर पंचायत प्रशासन ने इस सफल नीलामी के लिए सभी प्रतिभागियों और उपस्थित जनों का आभार व्यक्त किया तथा भविष्य में भी इसी प्रकार पारदर्शी प्रक्रिया अपनाने का आश्वासन दिया।
2 hours and 44 min ago
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0.9k