परिषदीय विद्यालयों में नए सत्र की शुरुआत, नौनिहालों का हुआ स्वागत
गोण्डा। प्रदेश भर में बेसिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत संचालित परिषदीय विद्यालयों में नवीन सत्र 2026-27 की औपचारिक शुरुआत बुधवार 1 अप्रैल को हुई, इसी क्रम में गोंडा जिले के 2609 प्राथमिक विद्यालय एवं 512 माध्यमिक विद्यालय में नए सत्र की शुरुआत धूमधाम से हुई, प्रातः काल विद्यालयों के शिक्षक एवं बच्चों ने स्कूल चलो अभियान रैली निकाल कर हाथ में बैनर, तख्ती लेकर शिक्षा है अनमोल रतन, पढ़ने का सब करो जतन... शिक्षा ऐसी सीढ़ी है, जिससे चलती पीढ़ी है... घर-घर शिक्षा दीप जलाओ, लड़का लड़की सभी पढ़ाओ... आदि नारों के साथ लोगों को जागरूक किया, इसके बाद विद्यालय में पहले दिन आए हुए कक्षा 1 के बच्चों का फूलमाला और तिलक के साथ स्वागत किया गया और उपहार स्वरूप स्टेशनरी के समान दिए गए।

विकासखंड इटियाथोक के अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय बगुलही में नव प्रवेश उत्सव मनाया गया जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में धानेपुर नगर पंचायत के अध्यक्ष रक्षाराम वर्मा एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में ग्राम प्रधान प्रतिनिधि मनोज वर्मा, एआरपी राम सजीवन शुक्ला ने स्कूल चलो अभियान रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया इसके बाद विद्यालय में नन्हे मुन्ने बच्चों को माला पहनाकर एवं तिलक लगाकर स्वागत किया गया और सभी बच्चों को कॉपी पेंसिल रबर कटर इत्यादि दिए वहीं विकासखंड झंझरी के प्राथमिक विद्यालय पूरे शिवाबख्तावर में अध्यापिकाओं द्वारा बच्चों को रोली चंदन लगाकर एवं माला पहनकर स्वागत किया गया तत्पश्चात उन्हें उपहार स्वरूप पढ़ने लिखने की सामग्री उपलब्ध कराई गई ।

आपको बता दे परिषदीय विद्यालयों में कक्षा 1 से 8 तक के बच्चों के प्रवेश लेने पर गुणवत्तापरक शिक्षा के साथ-साथ विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ मिलता है निःशुल्क पाठ्यपुस्तक, ड्रेस बैग जूता मोजा एवं स्वेटर के लिए डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर डीबीटी के द्वारा निर्धारित राशि बच्चों के अभिभावकों के खाते में भेजी जाती है ।
रोडवेज पुलिस चौकी के पास मारपीट,लात घूसों और बेल्ट से किया हमला
*पुलिस पहुंचते ही भागे आरोपी

गोंडा।जिले के नगर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत रोडवेज पुलिस चौकी के पास देर रात दो गुटों के युवकों के बीच जमकर मारपीट हुई।यह घटना भैया राघव राम मार्केट में आपसी कहासुनी को लेकर हुई,जिसमें लात घूसों और बेल्ट का इस्तेमाल किया गया।यह मारपीट रोडवेज पुलिस चौकी से महज चंद कदमों की दूरी पर हुई।मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने झगड़ा शांत कराने के बजाय वीडियो बनाना मुनासिब समझा।मारपीट की सूचना पर कुछ देर बाद स्थानीय चौकी के पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे।पुलिस को देखते ही कई युवक फरार हो गये,हालांकि रोडवेज चौकी पुलिस ने कुछ युवकों को दौड़ा कर हिरासत में लिया और नगर कोतवाली ले गई तथा आरोपियों से पूछताछ जारी है।बताया जा रहा है कि यह मारपीट आपसी वर्चस्व को लेकर हुई थी।घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद नगर कोतवाली और रोडवेज पुलिस चौकी ने इसका संज्ञान लिया है।नगर कोतवाल बिंदेश्वरी मणि त्रिपाठी ने बताया कि मारपीट की घटना पर देर रात पुलिसकर्मियों को भेजा गया था।उन्होंने पुष्टि किया कि युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और इस मामले में कड़ी कार्यवाही की जाएगी।रोडवेज चौकी प्रभारी को भी सख्त निर्देश दिया गया है कि ऐसे मामलों में तत्काल प्रभाव से कठोर कार्रवाई किया जाए उसके बाद भी पुनः निर्देश दिया गया है।
अपराधी का पीछा कर रहे जीआरपी सिपाही का पैर कटा,हिरासत से भाग रहा था अपराधी
*पकड़ने के प्रयास में ट्रेन की चपेट में आया

गोंडा।रेलवे स्टेशन पर देर रात एक अपराधी को पकड़ने के दौरान जीआरपी सिपाही आकाश सिंह (29) ट्रेन की चपेट में आ गया और इस हादसे में उसका दाहिना पैर कट गया।उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उनको जिला मुख्यालय स्थित मेडिकल कालेज से ट्रामा सेन्टर लखनऊ रिफर किया गया है,जहां घायल सिपाही का इलाज चल रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, जीआरपी पुलिस ने शांति भंग के आरोप में एक व्यक्ति को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया था और देर रात पूछताछ के दौरान आरोपी भागने लगा।सिपाही आकाश सिंह उसे पकड़ने के लिए दौड़े तभी यह हादसा हुआ और वह ट्रेन की चपेट में आ गए।हादसे के तत्काल बाद अन्य जीआरपी पुलिसकर्मियों ने घायल सिपाही आकाश सिंह को गोंडा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया,वहाँ से उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें लखनऊ स्थित ट्रामा सेन्टर रिफर कर दिया गया।घायल सिपाही आकाश सिंह मऊ जनपद का निवासी है और कई वर्षो से गोंडा जीआरपी में तैनात है।

गोंडा जीआरपी के प्रभारी निरीक्षक दिनेश कुमार पाण्डेय ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि आकाश सिंह एक भाग रहे मुलजिम को पकड़ने का प्रयास कर रहे थे कि तभी यह हादसा हुआ।उन्होंने बताया कि आरोपी को पकड़ लिया गया है और लखनऊ में सिपाही का इलाज चल रहा है।चिकित्सकों की टीम देर रात से ही आकाश सिंह के पैर को जोड़ने का प्रयास कर रही है,जिसमें सफलता मिलने की उम्मीद है।
सड़क हादसे में बाइक सवार तीन युवकों की मौत,बाजार से घर जा रहे थे तीनों
तेज रफ्तार गाड़ी ने बाइक सवारों को रौंदा

गोंडा।जिले में एक भीषण सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई।यह घटना रविवार को देर रात लगभग 9.30 बजे खोंड़ारे थाना क्षेत्र के बभनान गौरा चौकी मार्ग पर बुकनापुर गांव के पास हुई।तीनों युवक पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार थे और एक अज्ञात वाहन की चपेट में आ गए।मृतकों की पहचान श्री श्याम (19),अमनदीप सक्सेना (23) और रितिक (20) के रूप में हुई है।हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल एंबुलेंस की मदद से घायलों को स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बस्ती जनपद के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गौर रिफर किया गया,जहाँ डाक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।बताते चलें कि तीनों युवक खोंड़ारे बाजार से अपने घर खुटिहन गांव लौट रहे थे।घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची खोंड़ारे थाने की पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।मृतकों के परिजनों को घटना की सूचना दे दिया गया है।मामले में खोंड़ारे थानाध्यक्ष यशवंत कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी हुई है।घटनास्थल के आसपास लगे सीसी टीवी कैमरों की फुटेज खंगाला जा रहा है जिससे दुर्घटना के लिए जिम्मेदार वाहन की पहचान की जा सके।वहीं घटना की सूचना मिलने के बाद परिजनों में हड़कंप मचा हुआ है और तीनों मृतकों के परिजनों का बुरा हाल है।अज्ञात वाहन के खिलाफ परिजनों द्वारा खोंड़ारे थाने में तहरीर दिया गया है।
परिवार परामर्श केन्द्र में 02 जोड़ा एक साथ रहने को हुए राजी
गोण्डा। रविवार जनपद गोण्डा के रिजर्व पुलिस लाइन में आयोजित परिवार परामर्श केन्द्र में पुलिस अधीक्षक गोण्डाविनीत जायसवाल के निर्देशन में परामर्शदाताओं द्वारा बिछडे जोड़ों की समस्याओं को सुनकर उनका निराकरण किया गया तथा 02 जोड़े को समझा बुझाकर सुखी जीवन जीने हेतु राजी कर लिया गया।

*परिवार परामर्श केन्द्र में उपस्थिति सदस्यगण-*
यशोदानंदन त्रिपाठी, शशि कुमार भारती, श्री गंगाधर शुक्ल, श्रीमती अनीता श्रीवास्तव, डा0 उमा सिंह, श्रीमती संतोष ओझा, म0मु0आ0 प्रियंका, म0अ0 शाहिना बानो, म0अ0 नेहा चौहान, म0अ0 रुचि आदि उपस्थित रहे।

ट्रेड यूनियनों और कर्मचारियों के संगठन लेबर कोड के खिलाफ 1 अप्रैल को मनाएंगे अखिल भारतीय काला दिवस
गोण्डा। केंद्रीय ट्रेड यूनियनों एवं कर्मचारियों स्वतन्त्र फेडरेशनों की आयोजन समिति देवीपाटन मंडल गोण्डा द्वारा केन्द्र की मोदी सरकार द्वारा लाये गये 4 लेबर कोड को आगामी 1 अप्रैल से लागू किये जाने के खिलाफ केंद्रीय श्रम संगठनों के आव्हान पर 1 अप्रैल को अखिल भारतीय काला दिवस मनाया जायेगा।  कॉमरेड कौशलेंद्र पांडेय प्रदेश उपाध्यक्ष सीआईटीयू ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि 12 फरवरी को पूरे देश में 30 करोड़ मजदूरों कर्मचारियों ने हड़ताल कर प्रधानमंत्री को ज्ञापन दिया था लेकिन सरकार द्वारा जनभावनाओं के खिलाफ पूंजीपतियों के समर्थन में यह 4 लेबर कोड पुराने 29 श्रम कानूनों को समाप्त करके लागू किया जा रहा है जो न केवल अमानवीय है बल्कि मौलिक अधिकारों के उल्लंघन के साथ साथ गैर संवैधानिक भी है। कॉमरेड कौशलेंद्र ने ये भी बताया कि सभी ट्रेड यूनियन संगठनों और कर्मचारियों स्वतन्त्र फेडरेशनों के लोग जिलाधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन कर प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपेंगे जिसके लिए कॉमरेड सत्य नारायण त्रिपाठी के नेतृत्व में रामकृपाल यादव, ईश्वर शरण शुक्ला, संतोष शुक्ला विनीत तिवारी, रविन्द्र सिंह, मीनाक्षी खरे , जमाल खान , रानीदेवी पाल, संतोषी देवी, इशरत जहां रामरंग चौबे, सत्यप्रकाश पांडेय सूर्यकिशोर शर्मा, रोबी गांगुली अमित शुक्ला, मोइन अहमद, सुरेश कन्नौजिया, नुरूद्दीन आदि पदाधिकारियों को कार्यक्रम सफल बनाने की जिम्मेदारी दी गई है।
मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर चल रही विकास कार्यों से संबंधित योजनाओं के रैंकिंग की जिलाधिकारी ने की समीक्षा
*ग्राम पंचायतों की जांच में जांच अधिकारी को अभिलेख उपलब्ध न कराने वाले ग्राम पंचायत सचिवों के खिलाफ होगी विभागीय कार्यवाही-जिलाधिकारी*


*जिन विभागों की रैंकिंग संतोषजनक नहीं है उन्हें अगले माह में सुधार लाने के निर्देश अन्यथा होगी कार्रवाई-जिलाधिकारी*


*गोण्डा 29 मार्च, 2026* ।
जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन  ने सीएम डैशबोर्ड से संबंधित जिले में चल रही विकास कार्यक्रमों के योजनाओं के रैंकिंग की कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा की।
उन्होंने प्रोजेक्टर के माध्यम से विभागवार योजनाओं की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने एनआरएलएम विभाग, जल निगम विभाग, फैमिली आईडी, पंचायत विभाग, विद्युत विभाग, पर्यटन विभाग, बेसिक शिक्षा विभाग, माध्यमिक शिक्षा विभाग, पशुपालन विभाग, समाज कल्याण विभाग, प्रोवेशन विभाग, पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग, सिंचाई विभाग आदि विभागों की समीक्षा बैठक की।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने विभागीय अधिकारियों से सीएम डैशबोर्ड पर प्रदर्शित हो रहे विभिन्न विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिये हैं कि शतप्रतिशत कार्य करते हुए फीडिंग कराकर रैंकिंग में सुधार लायें।

समीक्षा बैठक के दौरान सभी संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सभी लोग अपने-अपने विभागों की सीएम डैशबोर्ड से संबंधित कार्यों/ योजनाओं की बराबर समीक्षा करते रहें, ताकि सीएम डैशबोर्ड पर विभाग की रैंकिंग खराब न होने पाए, इस पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है।
उन्होंने सभी संबंधित विभाग के अधिकारियों से कहा है कि निरंतर सीएम डैशबोर्ड की निगरानी करते रहें और अपने विभागों के योजनाओं के क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान दें, निर्धारित समय अवधि में निस्तारण करें। कहा कि संबंधित विभाग सीएम डैशबोर्ड को गंभीरता से लें।

मुख्यमंत्री सीएम डैशबोर्ड की समीक्षा के दौरान फैमिली आईडी की प्रगति खराब होने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारी को विशेष ध्यान देकर रैंक में सुधार लाने के निर्देश दिए हैं।

समीक्षा की बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने जिला पंचायत राज अधिकारी लालजी दुबे को निर्देश दिए हैं कि आपके कार्यालय द्वारा ग्राम पंचायतों की जांच के लिए जनपद स्तरीय जांच अधिकारी नामित करते हुए आदेश जारी किया गया है इसमें जिन ग्राम पंचायत सचिवों के द्वारा जांच अधिकारी को समय से अभिलेख उपलब्ध नहीं कराये जा रहे हैं उन सभी ग्राम पंचायत सचिवों की डिटेल तैयार करके उनके खिलाफ नियमानुसार विभागीय कार्यवाही के लिए पत्राचार करना सुनिश्चित करें। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में जिलाधिकारी ने बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, कन्या सुमंगला, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, बाल संरक्षण गृह, निराश्रित महिला पेंशन आदि योजनाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जिन अधिकारियों के यहां आवेदन पत्र सत्यापन के लिए लंबित हैं उनकी जांच करके तत्काल आवेदन पत्र को संबंधित विभाग को समय से उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही कदापि न की जाए, ताकि शासन द्वारा चलाई जा रही लाभार्थीपरक योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक समय से पहुंचाया जा सके।

इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर संतलाल पटेल, जिला विकास अधिकारी सुशील कुमार श्रीवास्तव, उपनिदेशक कृषि, डीपीआरओ, जिला प्रोवेशन अधिकारी, समाज कल्याण अधिकारी, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी, डीसी उद्योग बाबूराम, सहायक पर्यटन सूचना अधिकारी सभी संबंधित विभाग के जिला स्तरीय अधिकारीगण, समस्त बीडीओ, समस्त एडीओ पंचायतगण, नेडा विभाग उपस्थित रहे।
राष्ट्रीय सेवा योजना का शिविर सम्पन्न
गोंडा। श्री लाल बहादुर शास्त्री महाविद्यालय गोण्डा की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के सप्त दिवसीय विशेष शिविर के समापन अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में अशोक कुमार गुप्ता,उप जिलाधिकारी,सदर गोण्डा एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में  उमेश शाह , सचिव प्रबंधतंत्र,व वर्षा सिंह उपाध्यक्ष,प्रबंध समिति ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

वरिष्ठ कार्यक्रमाधिकारी पवन कुमार सिंह,डा चमन कौर,डा परवेज आलम,डा दिलीप शुक्ल ने अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह भेंट कर आये हुए मुख्य अतिथियों का स्वागत किया। मुख्य अतिथि ने स्वयं सेवकों को संबोधित करते हुए कहाकि सामुदायिक सेवा भावना व्यक्ति के व्यक्तित्व की आधारशिला है। स्वयं सेवकों को सनातन धर्म संस्कृति के संस्कार सीखना चाहिए जिससे वे महान बन सकें  और समाज का कल्याण कर सकें।

विशिष्ट अतिथि वर्षा सिंह ने स्वयं सेवकों को संबोधित करते हुए कहा स्वयं सेवकों देश के भविष्य हैं। विकसित भारत के सपने को साकार करने के लिए स्वयं सेवकों को अथक परिश्रम करना होगा।कार्यक्रम का डा परवेज आलम ने किया।पवन कुमार सिंह ने आये हुए अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापित किया।
साक्षी सोनी आत्महत्या मामले में आया नया मोड़, आरोपी पर आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज
गोंडा।जिले के छपिया थाना क्षेत्र अंतर्गत साक्षी सोनी (22) द्वारा 26 मार्च को की गई आत्महत्या के मामले में नया मोड़ आया है।छपिया थाने की पुलिस ने आरोपी शिवम सोनी के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया है।परिजनों ने शिवम सोनी शारीरिक संबंध बनाने और दहेज मांगने का भी गंभीर आरोप लगाया था।जांच में सामने आया है कि प्रेम में धोखा मिलने के कारण ही साक्षी ने फांसी लगाकर अपनी जान दिया था।पुलिस के अनुसार, आरोपी शिवम सोनी और साक्षी सोनी पिछले दो वर्षो से प्रेम संबंध में थे।आठ महीने पहले साक्षी के पिता भगवान दीन सोनी को इसकी जानकारी हुई,जिसके बाद उन्होंने साक्षी की शादी शिवम सोनी से तय कर दिया था।हालांकि शादी तय होने के छ: महीने बाद ही शिवम सोनी व उसके परिजनों ने साक्षी से शादी करने से इंकार कर दिया।इसके बाद दोनों के परिजनों के मध्य कई बार पंचायत भी हुई,परन्तु शिवम शादी के लिए तैयार नहीं हुआ।शिवम के इंकार के बाद साक्षी की शादी छपिया थाना क्षेत्र के एक अन्य गांव में तय कर दिया गया था परन्तु साक्षी इस शादी से खुश नहीं थी और लगातार परेशान चल रही थी।दूसरी जगह अपनी शादी तय करने और दूसरी जगह साक्षी की शादी तय होने के बावजूद शिवम सोनी लगातार इंस्टाग्राम पर मैसेज भेजकर साक्षी को परेशान कर रहा था।साक्षी बार बार शिवम से मैसेज व काल न करने के लिए कह रही थी,परन्तु वह नहीं माना।मरने से पहले साक्षी ने शिवम सोनी से इंस्टाग्राम पर बातचीत कर उसे फोन व मैसेज न करने के लिए सख्त लहजे में मना किया था।इन दो सालों‌ के प्रेम संबंध के दौरान आरोपी शिवम ने साक्षी के साथ कई बार शारीरिक संबंध भी बनाया था।26 मार्च को आत्महत्या करने से पहले भी शिवम सोनी ने साक्षी सोनी के पास कई बार मैसेज किया था।और पूछा क्या हुआ तो साक्षी सोनी ने कहा कि आज के बाद मैसेज न करना।फिर शिवम सोनी ने पूछा बाबू क्या हुआ तो साक्षी सोनी ने कहा कि मैसेज न करना,मर गई हूँ।इसके बाद साक्षी सोनी ने आत्महत्या कर ली थी।
पेट्रोल न देने पर मारपीट मामले में तीन नामजद सहित 7 के विरुद्ध मुकदमा दर्ज
*बोतल व बाइक में 100 रुपए का तेल मांगने पर हुआ विवाद

गोंडा।जिले में पेट्रोल पंप कर्मचारियों से मारपीट के मामले में तीन नामजद सहित चार अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान व गिरफ्तारी की कार्रवाई तेज कर दिया है।मामला नगर कोतवाली क्षेत्र के गल्ला मंडी स्थित महादेव फिलिंग स्टेशन का है।घटना के संबंध में पेट्रोल पंप मालिक आशीष मिश्रा ने बताया कि 27 मार्च की रात लगभग 10.15 बजे कुछ युवक पंप पर तेल लेने पहुंचे थे और वे 30 रुपए का पेट्रोल बोतल में और 70 रुपए का पेट्रोल बाइक में भरवाना चाहते थे।उस समय पंप पर तेल खत्म होने के कारण सेल्समैन मुकेश कुमार और मुकेश तिवारी ने तेल देने से मना कर दिया।आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर युवकों ने कर्मचारियों को सबक सिखाने की योजना बनाई,और मध्य रात्रि लगभग 12 बजे जब दोनों सेल्समैन डीजल डिपो के पास एक ढाबे पर खाना खाने गए तभी आरोपियों ने उन पर हमला कर दिया।बताया गया कि ढाबे के अंदर खाना बनाने के सामान से भी मारपीट किया गया जिससे दोनों कर्मचारियों को चोटें आई हैं।मामले में पेट्रोल पंप मालिक की तहरीर पर राज सोनी, हर्षित गुप्ता,राहुल नाग और चार अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मारपीट, गाली गलौज समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।पुलिस ने मामले की जांच मिश्रौलिया चौकी प्रभारी अंकित सिंह को सौंपा है।पुलिस ने वायरल सीसीटीवी फुटेज और दर्ज मुकदमे के आधार पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी शुरु कर दिया है।प्रकरण में नगर कोतवाल बिंदेश्वरी मणि त्रिपाठी ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें लगाई गई हैं।उन्होंने बताया कि अज्ञात आरोपियों की पहचान भी सीसीटीवी फुटेज के आधार पर की जा रही है और सभी के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की जाएगी।