परिवार परामर्श केन्द्र में 02 जोड़ा एक साथ रहने को हुए राजी
गोण्डा। रविवार जनपद गोण्डा के रिजर्व पुलिस लाइन में आयोजित परिवार परामर्श केन्द्र में पुलिस अधीक्षक गोण्डाविनीत जायसवाल के निर्देशन में परामर्शदाताओं द्वारा बिछडे जोड़ों की समस्याओं को सुनकर उनका निराकरण किया गया तथा 02 जोड़े को समझा बुझाकर सुखी जीवन जीने हेतु राजी कर लिया गया।

*परिवार परामर्श केन्द्र में उपस्थिति सदस्यगण-*
यशोदानंदन त्रिपाठी, शशि कुमार भारती, श्री गंगाधर शुक्ल, श्रीमती अनीता श्रीवास्तव, डा0 उमा सिंह, श्रीमती संतोष ओझा, म0मु0आ0 प्रियंका, म0अ0 शाहिना बानो, म0अ0 नेहा चौहान, म0अ0 रुचि आदि उपस्थित रहे।

ट्रेड यूनियनों और कर्मचारियों के संगठन लेबर कोड के खिलाफ 1 अप्रैल को मनाएंगे अखिल भारतीय काला दिवस
गोण्डा। केंद्रीय ट्रेड यूनियनों एवं कर्मचारियों स्वतन्त्र फेडरेशनों की आयोजन समिति देवीपाटन मंडल गोण्डा द्वारा केन्द्र की मोदी सरकार द्वारा लाये गये 4 लेबर कोड को आगामी 1 अप्रैल से लागू किये जाने के खिलाफ केंद्रीय श्रम संगठनों के आव्हान पर 1 अप्रैल को अखिल भारतीय काला दिवस मनाया जायेगा।  कॉमरेड कौशलेंद्र पांडेय प्रदेश उपाध्यक्ष सीआईटीयू ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि 12 फरवरी को पूरे देश में 30 करोड़ मजदूरों कर्मचारियों ने हड़ताल कर प्रधानमंत्री को ज्ञापन दिया था लेकिन सरकार द्वारा जनभावनाओं के खिलाफ पूंजीपतियों के समर्थन में यह 4 लेबर कोड पुराने 29 श्रम कानूनों को समाप्त करके लागू किया जा रहा है जो न केवल अमानवीय है बल्कि मौलिक अधिकारों के उल्लंघन के साथ साथ गैर संवैधानिक भी है। कॉमरेड कौशलेंद्र ने ये भी बताया कि सभी ट्रेड यूनियन संगठनों और कर्मचारियों स्वतन्त्र फेडरेशनों के लोग जिलाधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन कर प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपेंगे जिसके लिए कॉमरेड सत्य नारायण त्रिपाठी के नेतृत्व में रामकृपाल यादव, ईश्वर शरण शुक्ला, संतोष शुक्ला विनीत तिवारी, रविन्द्र सिंह, मीनाक्षी खरे , जमाल खान , रानीदेवी पाल, संतोषी देवी, इशरत जहां रामरंग चौबे, सत्यप्रकाश पांडेय सूर्यकिशोर शर्मा, रोबी गांगुली अमित शुक्ला, मोइन अहमद, सुरेश कन्नौजिया, नुरूद्दीन आदि पदाधिकारियों को कार्यक्रम सफल बनाने की जिम्मेदारी दी गई है।
मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर चल रही विकास कार्यों से संबंधित योजनाओं के रैंकिंग की जिलाधिकारी ने की समीक्षा
*ग्राम पंचायतों की जांच में जांच अधिकारी को अभिलेख उपलब्ध न कराने वाले ग्राम पंचायत सचिवों के खिलाफ होगी विभागीय कार्यवाही-जिलाधिकारी*


*जिन विभागों की रैंकिंग संतोषजनक नहीं है उन्हें अगले माह में सुधार लाने के निर्देश अन्यथा होगी कार्रवाई-जिलाधिकारी*


*गोण्डा 29 मार्च, 2026* ।
जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन  ने सीएम डैशबोर्ड से संबंधित जिले में चल रही विकास कार्यक्रमों के योजनाओं के रैंकिंग की कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा की।
उन्होंने प्रोजेक्टर के माध्यम से विभागवार योजनाओं की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने एनआरएलएम विभाग, जल निगम विभाग, फैमिली आईडी, पंचायत विभाग, विद्युत विभाग, पर्यटन विभाग, बेसिक शिक्षा विभाग, माध्यमिक शिक्षा विभाग, पशुपालन विभाग, समाज कल्याण विभाग, प्रोवेशन विभाग, पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग, सिंचाई विभाग आदि विभागों की समीक्षा बैठक की।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने विभागीय अधिकारियों से सीएम डैशबोर्ड पर प्रदर्शित हो रहे विभिन्न विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिये हैं कि शतप्रतिशत कार्य करते हुए फीडिंग कराकर रैंकिंग में सुधार लायें।

समीक्षा बैठक के दौरान सभी संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सभी लोग अपने-अपने विभागों की सीएम डैशबोर्ड से संबंधित कार्यों/ योजनाओं की बराबर समीक्षा करते रहें, ताकि सीएम डैशबोर्ड पर विभाग की रैंकिंग खराब न होने पाए, इस पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है।
उन्होंने सभी संबंधित विभाग के अधिकारियों से कहा है कि निरंतर सीएम डैशबोर्ड की निगरानी करते रहें और अपने विभागों के योजनाओं के क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान दें, निर्धारित समय अवधि में निस्तारण करें। कहा कि संबंधित विभाग सीएम डैशबोर्ड को गंभीरता से लें।

मुख्यमंत्री सीएम डैशबोर्ड की समीक्षा के दौरान फैमिली आईडी की प्रगति खराब होने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारी को विशेष ध्यान देकर रैंक में सुधार लाने के निर्देश दिए हैं।

समीक्षा की बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने जिला पंचायत राज अधिकारी लालजी दुबे को निर्देश दिए हैं कि आपके कार्यालय द्वारा ग्राम पंचायतों की जांच के लिए जनपद स्तरीय जांच अधिकारी नामित करते हुए आदेश जारी किया गया है इसमें जिन ग्राम पंचायत सचिवों के द्वारा जांच अधिकारी को समय से अभिलेख उपलब्ध नहीं कराये जा रहे हैं उन सभी ग्राम पंचायत सचिवों की डिटेल तैयार करके उनके खिलाफ नियमानुसार विभागीय कार्यवाही के लिए पत्राचार करना सुनिश्चित करें। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में जिलाधिकारी ने बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, कन्या सुमंगला, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, बाल संरक्षण गृह, निराश्रित महिला पेंशन आदि योजनाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जिन अधिकारियों के यहां आवेदन पत्र सत्यापन के लिए लंबित हैं उनकी जांच करके तत्काल आवेदन पत्र को संबंधित विभाग को समय से उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही कदापि न की जाए, ताकि शासन द्वारा चलाई जा रही लाभार्थीपरक योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक समय से पहुंचाया जा सके।

इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर संतलाल पटेल, जिला विकास अधिकारी सुशील कुमार श्रीवास्तव, उपनिदेशक कृषि, डीपीआरओ, जिला प्रोवेशन अधिकारी, समाज कल्याण अधिकारी, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी, डीसी उद्योग बाबूराम, सहायक पर्यटन सूचना अधिकारी सभी संबंधित विभाग के जिला स्तरीय अधिकारीगण, समस्त बीडीओ, समस्त एडीओ पंचायतगण, नेडा विभाग उपस्थित रहे।
राष्ट्रीय सेवा योजना का शिविर सम्पन्न
गोंडा। श्री लाल बहादुर शास्त्री महाविद्यालय गोण्डा की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के सप्त दिवसीय विशेष शिविर के समापन अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में अशोक कुमार गुप्ता,उप जिलाधिकारी,सदर गोण्डा एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में  उमेश शाह , सचिव प्रबंधतंत्र,व वर्षा सिंह उपाध्यक्ष,प्रबंध समिति ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

वरिष्ठ कार्यक्रमाधिकारी पवन कुमार सिंह,डा चमन कौर,डा परवेज आलम,डा दिलीप शुक्ल ने अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह भेंट कर आये हुए मुख्य अतिथियों का स्वागत किया। मुख्य अतिथि ने स्वयं सेवकों को संबोधित करते हुए कहाकि सामुदायिक सेवा भावना व्यक्ति के व्यक्तित्व की आधारशिला है। स्वयं सेवकों को सनातन धर्म संस्कृति के संस्कार सीखना चाहिए जिससे वे महान बन सकें  और समाज का कल्याण कर सकें।

विशिष्ट अतिथि वर्षा सिंह ने स्वयं सेवकों को संबोधित करते हुए कहा स्वयं सेवकों देश के भविष्य हैं। विकसित भारत के सपने को साकार करने के लिए स्वयं सेवकों को अथक परिश्रम करना होगा।कार्यक्रम का डा परवेज आलम ने किया।पवन कुमार सिंह ने आये हुए अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापित किया।
साक्षी सोनी आत्महत्या मामले में आया नया मोड़, आरोपी पर आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज
गोंडा।जिले के छपिया थाना क्षेत्र अंतर्गत साक्षी सोनी (22) द्वारा 26 मार्च को की गई आत्महत्या के मामले में नया मोड़ आया है।छपिया थाने की पुलिस ने आरोपी शिवम सोनी के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया है।परिजनों ने शिवम सोनी शारीरिक संबंध बनाने और दहेज मांगने का भी गंभीर आरोप लगाया था।जांच में सामने आया है कि प्रेम में धोखा मिलने के कारण ही साक्षी ने फांसी लगाकर अपनी जान दिया था।पुलिस के अनुसार, आरोपी शिवम सोनी और साक्षी सोनी पिछले दो वर्षो से प्रेम संबंध में थे।आठ महीने पहले साक्षी के पिता भगवान दीन सोनी को इसकी जानकारी हुई,जिसके बाद उन्होंने साक्षी की शादी शिवम सोनी से तय कर दिया था।हालांकि शादी तय होने के छ: महीने बाद ही शिवम सोनी व उसके परिजनों ने साक्षी से शादी करने से इंकार कर दिया।इसके बाद दोनों के परिजनों के मध्य कई बार पंचायत भी हुई,परन्तु शिवम शादी के लिए तैयार नहीं हुआ।शिवम के इंकार के बाद साक्षी की शादी छपिया थाना क्षेत्र के एक अन्य गांव में तय कर दिया गया था परन्तु साक्षी इस शादी से खुश नहीं थी और लगातार परेशान चल रही थी।दूसरी जगह अपनी शादी तय करने और दूसरी जगह साक्षी की शादी तय होने के बावजूद शिवम सोनी लगातार इंस्टाग्राम पर मैसेज भेजकर साक्षी को परेशान कर रहा था।साक्षी बार बार शिवम से मैसेज व काल न करने के लिए कह रही थी,परन्तु वह नहीं माना।मरने से पहले साक्षी ने शिवम सोनी से इंस्टाग्राम पर बातचीत कर उसे फोन व मैसेज न करने के लिए सख्त लहजे में मना किया था।इन दो सालों‌ के प्रेम संबंध के दौरान आरोपी शिवम ने साक्षी के साथ कई बार शारीरिक संबंध भी बनाया था।26 मार्च को आत्महत्या करने से पहले भी शिवम सोनी ने साक्षी सोनी के पास कई बार मैसेज किया था।और पूछा क्या हुआ तो साक्षी सोनी ने कहा कि आज के बाद मैसेज न करना।फिर शिवम सोनी ने पूछा बाबू क्या हुआ तो साक्षी सोनी ने कहा कि मैसेज न करना,मर गई हूँ।इसके बाद साक्षी सोनी ने आत्महत्या कर ली थी।
पेट्रोल न देने पर मारपीट मामले में तीन नामजद सहित 7 के विरुद्ध मुकदमा दर्ज
*बोतल व बाइक में 100 रुपए का तेल मांगने पर हुआ विवाद

गोंडा।जिले में पेट्रोल पंप कर्मचारियों से मारपीट के मामले में तीन नामजद सहित चार अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान व गिरफ्तारी की कार्रवाई तेज कर दिया है।मामला नगर कोतवाली क्षेत्र के गल्ला मंडी स्थित महादेव फिलिंग स्टेशन का है।घटना के संबंध में पेट्रोल पंप मालिक आशीष मिश्रा ने बताया कि 27 मार्च की रात लगभग 10.15 बजे कुछ युवक पंप पर तेल लेने पहुंचे थे और वे 30 रुपए का पेट्रोल बोतल में और 70 रुपए का पेट्रोल बाइक में भरवाना चाहते थे।उस समय पंप पर तेल खत्म होने के कारण सेल्समैन मुकेश कुमार और मुकेश तिवारी ने तेल देने से मना कर दिया।आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर युवकों ने कर्मचारियों को सबक सिखाने की योजना बनाई,और मध्य रात्रि लगभग 12 बजे जब दोनों सेल्समैन डीजल डिपो के पास एक ढाबे पर खाना खाने गए तभी आरोपियों ने उन पर हमला कर दिया।बताया गया कि ढाबे के अंदर खाना बनाने के सामान से भी मारपीट किया गया जिससे दोनों कर्मचारियों को चोटें आई हैं।मामले में पेट्रोल पंप मालिक की तहरीर पर राज सोनी, हर्षित गुप्ता,राहुल नाग और चार अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मारपीट, गाली गलौज समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।पुलिस ने मामले की जांच मिश्रौलिया चौकी प्रभारी अंकित सिंह को सौंपा है।पुलिस ने वायरल सीसीटीवी फुटेज और दर्ज मुकदमे के आधार पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी शुरु कर दिया है।प्रकरण में नगर कोतवाल बिंदेश्वरी मणि त्रिपाठी ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें लगाई गई हैं।उन्होंने बताया कि अज्ञात आरोपियों की पहचान भी सीसीटीवी फुटेज के आधार पर की जा रही है और सभी के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की जाएगी।
चलती मोटरसाइकिल में लगी आग,चालक ने कूदकर बचाई जान
*पेट्रोल ओवरफ्लो होने से हुआ हादसा

गोंडा।जिले के धानेपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत धानेपुर बाजार में देर रात उस समय हड़कंप मच गया जब एक चलती हुई मोटरसाइकिल में आग लग गई।इस घटना में मोटरसाइकिल चालक घनश्याम शुक्ला ने कूदकर अपनी जान बचाई।आशंका व्यक्त की जा रही है कि टंकी में पेट्रोल ओवरफ्लो होने के कारण यह हादसा हुआ।

बताते चलें कि धानेपुर नगर पंचायत क्षेत्र के सरजू पुरवा निवासी घनश्याम शुक्ला बाजार से लौट रहे थे कि तभी बाजार में ही अचानक उनकी मोटरसाइकिल में आग लग गई।आग इतनी भीषण थी कि देखते ही देखते पूरी मोटरसाइकिल धू धू कर जलकर राख हो गई और मौके पर मौजूद लोग मोटरसाइकिल जलने का वीडियो बनाते रहे परन्तु किसी ने भी फायर ब्रिगेड को सूचना देना मुनासिब नहीं समझा।

धानेपुर थाने की पुलिस भी घटना स्थल पर लगभग घंटों बाद पहुंची,तब तक मोटरसाइकिल पूरी तरह से जलकर राख हो चुकी थी।बताया जा रहा है कि घनश्याम शुक्ला ने अफवाहों के मद्देनजर अपनी मोटरसाइकिल की पेट्रोल टंकी फुल करवा लिया था,जिसके कारण ओवरफ्लो होकर मोटरसाइकिल  में आग लग गई।

इस घटना में घनश्याम शुक्ला का लाखों रुपए का नुकसान हुआ है,क्योंकि उन्होंने कुछ ही दिन पहले यह मोटरसाइकिल खरीदा था।पीड़ित घनश्याम शुक्ला ने बताया कि मैं देर रात बाजार में सामान खरीदने गया था।अचानक मेरी मोटरसाइकिल में आग लग गई और मैंने तत्काल मोटरसाइकिल छोड़कर कूदकर अपनी जान बचाई।

पीड़ित ने बताया कि आग किस कारण लगी मुझे नहीं मालूम,परन्तु मेरी टंकी फुल थी इसलिए हो सकता है इसी वजह से आग लगी हो।पीड़ित ने यह भी कहा कि यदि लोग सहयोग करते तो मेरी मोटरसाइकिल बच जाती।मामले में थानाध्यक्ष धानेपुर ने बताया कि मोटरसाइकिल में लगी आग पर मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों काबू पा लिया गया था साथ ही उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि आग लगने की सूचना विलंब से मिली थी।
महिला सशक्तिकरण व बालिका शिक्षा पर स्वयं सेवकों ने निकाली जागरूकता रैली
गोंडा। श्री लाल बहादुर शास्त्री महाविद्यालय गोण्डा की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के सप्त दिवसीय विशेष शिविर के छठवें दिन स्वयंसेवकों ने शिविर स्थल से चयनित गांव बंगरहवा,परेड सरकार, नेवलगंज,बनकटाचार्यगंज तक महिला सशक्तिकरण एवं बालिका शिक्षा के प्रति जागरूक हेतु जन जागरूकता रैली निकाली। स्वयं सेवकों ने डोर टू डोर जाकर लैंगिक विभेद न करने एवं बालिकाओं को शिक्षा देने के लिए ग्राम वासियों को प्रेरित किया। स्वयं सेवकों ने ग्राम वासियों से बालिकाओं का विद्यालय में अधिकाधिक नामांकन कराने, बालिकाओं को सुविधा उपलब्ध कराने एवं महिला सशक्तिकरण हेतु अपील की।सर्वे के उपरांत स्वयं सेवकों ने बनकटाचार्यगंज स्थित राजकीय बाल संरक्षण गृह का भ्रमण किया। स्वयं सेवकों ने राजकीय बाल संरक्षण गृह में निवास कर रहे बालकों से मिलकर उनकी शैक्षणिक पृष्ठभूमि को समझा और उन्हें अच्छा मनुष्य बनकर समाज सेवा करने के लिए प्रेरित किया। स्वयंसेवकों ने बालकों को  विस्कुट वितरित किए।भोजन के उपरांत आयोजित बौद्धिक सत्र में  मुख्य अतिथि के रूप में प्रोफेसर राज बहादुर सिंह बघेल जी, पूर्व विभागाध्यक्ष सैन्य विज्ञान विभाग,ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। वरिष्ठ कार्यक्रमाधिकारी पवन कुमार सिंह,डा चमन कौर,डा परवेज आलम,डा दिलीप शुक्ल ने अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह भेंट कर आये हुए मुख्य अतिथि का स्वागत किया। मुख्य अतिथि प्रोफेसर बघेल जी ने स्वयं सेवकों को संबोधित करते हुए कहा स्वयंसेवकों को समाजिक सद्भाव बनाने के लिए धार्मिक सहिष्णुता आवश्यक है। धार्मिक सद्भाव विकसित भारत के निर्माण का आधार है। धार्मिक सद्भाव से राष्ट्रीय सुरक्षा कायम रह सकती है।कार्यक्रम का संचालन पवन कुमार सिंह ने किया।डा दिलीप शुक्ल  नेआये हुए मुख्य अतिथि का धन्यवाद ज्ञापन किया।
“मिशन शक्ति” विशेष अभियान फेज-05 के द्वितीय चरण के अंतर्गत महिलाओं/बालिकाओं को किया गया जागरूक


गोण्डा। उत्तर प्रदेश शासन द्वारा संचालित “मिशन शक्ति” विशेष अभियान फेज-05 के द्वितीय चरण के अंतर्गत चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर महिला एवं बालिका सुरक्षा, सम्मान एवं आत्मनिर्भरता को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक गोण्डा  विनीत जायसवाल के निर्देशन में जनपद के समस्त थाना क्षेत्रों में व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम संचालित किए गए। इस अवसर पर एण्टी रोमियो स्क्वायड टीमों एवं महिला पुलिसकर्मियों द्वारा मंदिरों, भीड़-भाड़ वाले स्थलों, बाजारों एवं सार्वजनिक स्थानों पर विशेष अभियान चलाकर महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। श्रद्धालुओं से संवाद स्थापित कर उन्हें उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों एवं पुलिस सहायता सेवाओं के बारे में जानकारी दी गई।

*कार्यक्रम के दौरान महिलाओं/बालिकाओं को निम्न विषयों पर विशेष रूप से जागरूक किया गया—*

महिला सशक्तिकरण एवं आत्मनिर्भरता
साइबर अपराध से बचाव के उपाय
आत्मरक्षा के तरीके
कानून द्वारा प्रदत्त अधिकार
भीड़-भाड़ वाले स्थलों पर सतर्कता बरतने के उपाय

महिला पुलिसकर्मियों द्वारा उपस्थित महिलाओं से उनकी समस्याओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई तथा त्योहार के दौरान सुरक्षित आवागमन एवं संभावित जोखिमों के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया गया। इसके साथ ही, सार्वजनिक स्थलों पर संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त पाए गए व्यक्तियों को चेतावनी देते हुए सख्त कार्रवाई की हिदायत दी गई, जिससे महिलाओं के प्रति होने वाले अपराधों की रोकथाम सुनिश्चित की जा सके। टीमों द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं को भरोसा दिलाया गया कि गोण्डा पुलिस उनकी सुरक्षा एवं सम्मान के लिए सदैव तत्पर है।

महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबर:
112 – पुलिस आपातकालीन सेवा
1090 – वूमेन पावर हेल्पलाइन
1076 – मुख्यमंत्री हेल्पलाइन
108 – एम्बुलेंस सेवा
1930 – साइबर अपराध हेल्पलाइन
1098 – चाइल्ड हेल्पलाइन
102 – स्वास्थ्य सेवा

अतिरिक्त रूप से महिलाओं/बालिकाओं को यह भी बताया गया कि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल हेल्पलाइन नंबरों का उपयोग करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।पुलिस अधिकारियों द्वारा बताया गया कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य केवल सुरक्षा सुनिश्चित करना ही नहीं, बल्कि महिलाओं को जागरूक एवं आत्मनिर्भर बनाना भी है, ताकि वे हर परिस्थिति में स्वयं की सुरक्षा कर सकें।
पुलिस द्वारा रन फार एंपावरमेंट का किया गया आयोजन
*महिला थानाध्यक्ष के साथ अधिकारियों पुलिसकर्मियों ने लगाई दौड़

गोंडा।जिले में मिशन शक्ति अभियान 5 के दूसरे चरण के तहत शनिवार को रन फार एंपावरमेंट का आयोजन किया गया।जहाँ इस दौड़ में गोंडा पुलिस की महिला अधिकारियों और पुलिसकर्मियों ने भाग लिया। पुलिस अधीक्षक ने रिजर्व पुलिस लाइन में हरी झंडी दिखाकर दौड़ का शुभारंभ किया।यह दौड़ पुलिस लाइन से शुरु होकर कचहरी, अंबेडकर चौराहा और एनसीसी कार्यालय होते हुए यातायात कार्यालय पर समाप्त हुई।इसका मुख्य उद्देश्य समाज में महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के प्रति जागरूकता फैलाना तथा आमजन को मिशन शक्ति से जोड़ना था।दौड़ प्रतियोगिता का नेतृत्व महिला थानाध्यक्ष अनीता यादव ने किया।जिले की पुलिस महिलाओं को जागरूक करने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर रही है।इसी अभियान के तहत सभी थानों पर मिशन शक्ति केंद्र स्थापित किए गए हैं,जहाँ महिलाओं की सुरक्षा,सहायता और परामर्श की सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं।एंटी रोमियो टीमों को सक्रिय कर सार्वजनिक स्थलों, विद्यालयों,कोचिंग संस्थानों और बाजारों में लगातार निगरानी रखी जा रही है।चिन्हित असामाजिक तत्वों के विरुद्ध कानूनी कार्यवाही की जा रही है।इसके अतिरिक्त महिला पुलिसकर्मी स्कूलों, कालेजों,बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर पंपलेट वितरित कर महिलाओं और बालिकाओं को विभिन्न हेल्पलाइन सेवाओं के बारे में जानकारी दे रही हैं।पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने बताया कि रन फार एंपावरमेंट कार्यक्रम मिशन शक्ति 5 के दूसरे चरण का था।उन्होंने जोर दिया कि महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन समाज की प्राथमिक जिम्मेदारी है और गोंडा पुलिस इस दिशा में सदैव प्रयासरत है।पुलिस अधीक्षक ने जन भागीदारी पर बल देते हुए कहा कि समाज के सभी वर्गों को महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण में सहयोग देना चाहिए।इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी मनोज कुमार रावत,सहायक पुलिस अधीक्षक अभिषेक दवाच्या और प्रतिसार निरीक्षक अजय प्रताप सिंह भी उपस्थित रहे।