रजिस्टर में सुरक्षा,टोटी गायब, शौचालय से 100 मीटर दूर से ही आती है दुर्गंध
*रेलवे प्रशासन एयरपोर्ट की तर्ज पर यात्रियों को सुविधाएं देने का करता है दावा*

नितेश श्रीवास्तव


भदोही। कालीन नगरी के तीनों प्रमुख रेलवे स्टेशन भदोही, ज्ञानपुर रोड और सुरियावां में रेल प्रशासन की ओर से यात्रियों की मूलभूत सुविधाओं का ध्यान नहीं रखा जा रहा है। तीनों स्टेशनों से हर दिन लगभग 50 हजार यात्रियों का आवागमन होता है। किसी भी रेलवे स्टेशन पर न बैठने की, न पेयजल की, न शौचालय की व्यवस्था है। पेयजल के लिए लगाई गई टोटियां चोरी हो गई हैं। जबकि आरपीएफ और जीआरपी हमेशा पेट्रोलिंग करने का दावा करती है। शौचालय में सफाई की दशा यह है कि 100 मीटर दूर से ही दुर्गंध आ रही है। जबकि सफाई के लिए हर स्टेशन पर रेलवे बोर्ड ने कार्यदायी संस्था कोे जिम्मेदारी सौंपी है। इसके लिए हर स्टेशन पर कार्यदायी संस्था के एक-एक सुपरवाइजर तैनात हैं। जो तीन शिफ्ट में सफाई कर्मियों से सफाई कराते हैं।


सीन एक : ज्ञानपुर रोड स्टेशन पर वेटिंग रूम में ताला बंद
जनपद का सबसे प्रमुख रेलवे स्टेशन ज्ञानपुर रोड है। यहां से नईदिल्ली और गुजरात रूट की ट्रेने जाती हैं। हर दिन लगभग 12 से 15 हजार लोग यात्रा करते हैं। पेयजल के लिए लगाई गई टोटियां गायब हो गई हैं। वेटिंग रूम में ताला लटका रहता है। अवैध वेंडर सक्रिय हैं। कई बार सामान बेचने के चक्कर में अवैध वेंडरों का आमना-सामना हो चुका है। इसमें कई यात्री चोटिल भी हुए थे।



सीन दो : भदोही रेलवे स्टेशन पर कोच इंडिकेटर नहीं, छूट जाती है ट्रेन
जनपद का दूसरा प्रमुख रेलवे स्टेशन भदोही है। यहां से मुंबई रूट की ट्रेने जाती हैं। हर दिन 20 से 25 हजार यात्रियों का आवागमन होता है। बीते दो सालों से स्टेशन पर अमृत भारत योजना के तहत यात्री सुविधाओं का विकास किया जा रहा है। किसी भी प्लेटफॉर्म पर कोच इंडिकेटर नहीं है। इस कारण कई बार यात्रियों की ट्रेन छूट जाती है। सिर्फ एक आरक्षण काउंटर होने से यात्रियों को भीड़ का सामना करना पड़ता है।


सीन तीन : सुरियावां स्टेशन पर शेड नहीं होने से धूप में खड़े रहते हैं यात्री
जंघई-वाराणसी रेलखंड का सबसे महत्वपूर्ण स्टेशन है। यहां से हर दिन लगभग 8 से 10 हजार यात्रियों का आवागमन होता है। किसी भी प्लेटफॉर्म पर यात्रियों के बैठने की व्यवस्था नहीं है। तेज धूप में खड़े होकर यात्री ट्रेनों के आने का इंतजार करते हैं। इस स्टेशन पर आरक्षण केंद्र की भी सुविधा नहीं है। दोनों प्लेटफार्मों पर लगे हैंडपंप सूख गए हैं। दो हैंडपंपों से बालू वाला पानी आ रहा है।

सुने यात्रियों की समस्या भी
ज्ञानपुर रोड रेलवे स्टेशन पर वेटिंग हॉल और शौचालय प्रमुख समस्या है। आने वाले दिनों में गर्मी और बढ़ेगी। ऐसे में यात्रियों के लिए वेटिंग रूम खोलना जरूरी है।
- सुनील कुमार, खमरिया।

ज्ञानपुर रोड रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या एक से दो तक जाने के लिए अंडरपास बनाया जाना चाहिए। इससे वृद्धजनों और महिलाओं को सुविधा होगी।
- संजय यादव, कसिदहा

व्यापारिक दृष्टिकोण से यह स्टेशन महत्वपूर्ण है। यहां पेयजल की व्यवस्था नहीं है। दूर से आने वाले यात्री कहां बैठकर ट्रेन का इंतजार करेंगे। यह तो रेलवे को भी पता नहीं है।
- जतन गुप्ता, सुरियावां

हमें मुंबई जाना है। यहीं से ट्रेन पकड़ूंगा। ट्रेन आने में अभी एक घंटे का समय है। जब से स्टेशन पर आया हूं। खड़ा ही हूं। हाथ धूलने के लिए बोतल बंद पानी खरीदना पड़ा है।
- चंद्रदीप शुक्ला, निदिउरा, अभिया


स्टेशन अधीक्षकों ने कहा

स्टेशन पर कुछ विकास कार्य कराए गए हैं। अभी बहुत काम बचा है। इसकी रिपोर्ट रेलवे प्रशासन को भेज दी गई है। - अमित कुमार, सुरियावां स्टेशन अधीक्षक
नियमित सफाई करने के निर्देश दिए गए हैं। जो भी कमियां हैं दूर कराने के लिए उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट भेजी गई है। - अरविंद श्रीवास्तव, ज्ञानपुर स्टेशन अधीक्षक
अमृत भारत योजना के तहत स्टेशन पर विकास कार्य चल रहा है। यात्री सुविधाओं को बढ़ाने का प्रयास जारी हैं। जो भी कमी है जल्द उसमें सुधार किया जाएगा। - कोमल सिंह, भदोही स्टेशन अधीक्षक

ज्ञानपुर रोड रेलवे स्टेशन की प्रमुख ट्रेनें
- शिवगंगा एक्सप्रेस

- विभूति एक्सप्रेस

- पटना सिकंराबाद एक्सप्रेस
- नई-दिल्ली मंडुआडीह एक्सप्रेस

- उधना-दानापुर एक्सप्रेस
- कामाख्या स्पेशल ट्रेन


भदोही रेलवे स्टेशन की प्रमुख ट्रेनें
- पंजाब मेल
- बुदेंलखंड एक्सप्रेस
- रत्नागिरी एक्सप्रेस

- दादर एक्सप्रेस
- जनता एक्सप्रेस

- काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस
- अर्चना एक्सप्रेस
मरीजों को निजी अस्पताल में पहुंचाने वाले बिचाैलियों पर नजर रखेगी टीम
नितेश श्रीवास्तव

भदोही। जिले के सरकारी अस्पतालों से मरीजों को निजी अस्पतालों में डायवर्ट करने वाले बिचौलियों पर अब दो सदस्यीय टीम नजर रखेगी। सीएमओ डॉ.एसके चक ने कुल छह टीमों का गठन किया है। यह टीमें अलग-अलग अस्पतालों का दौरा करेंगी और बिचौलियों पर नजर रखेगी। एक टीम में डिप्टी सीएमओ, सीएचसी से एक स्वास्थ्यकर्मी होंगे। ये टीमें गोपनीय तरीके से जांच करेंगी। हर महीने सीएमओ स्तर से इसकी समीक्षा होगी।
महाराजा चेतसिंह जिला चिकित्सालय ज्ञानपुर, महाराजा बलवंत सिंह राजकीय चिकित्सालय भदोही, सरपतहां स्थित सौ शय्या अस्पताल, छह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सुरियावां, गोपीगंज, भदोही, भानीपुर, डीघ औराई सहित 20 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, 206 उप स्वास्थ्य केंद्रों पर रोजाना 6000 से 6500 लोगों की ओपीडी होती है।
मरीज पहली बार दिखाने आते हैं, लेकिन दोबारा वह निजी अस्पताल में चलते जाते हैं। जिले के बड़े अस्पतालों में बिचौलिए सक्रिय हैं, जो मरीजों को निजी अस्पताल, लैैब का रूख कराते हैं। स्वास्थ्य केंद्रों पर ज्यादातर मरीज मौसमी बीमारी के आते हैं।
सीएमओ डॉ. एसके चक ने बताया कि अस्पताल में बिचौलिए किसी मरीज को गुमराह करते हैं। तो मरीज, तीमारदार सीधी शिकायत अस्पताल प्रशासन से कर सकता है। इनकी निगरानी के लिए दो सदस्यीय टीम बनाई गई है।
भदोही को मिलीं 4 नई पीआरवी गाड़ियां:यूपी-112 सेवा मजबूत करने के लिए थानों को रवाना

नितेश श्रीवास्तव

भदोही। भदोही पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय सरपतहां से चार नई चार पहिया पुलिस रिस्पॉन्स व्हीकल (पीआरवी) वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये वाहन संबंधित थाना क्षेत्रों में आपातकालीन सेवाओं को तेज और प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। ये नई पीआरवी गाड़ियां जनपद भदोही के विभिन्न थाना क्षेत्रों में तैनात की गई हैं। इनका मुख्य उद्देश्य अपराध नियंत्रण, त्वरित प्रतिक्रिया और जन सुरक्षा को बढ़ावा देना है। इनकी तैनाती से क्षेत्र में पुलिस की पहुंच और प्रतिक्रिया समय में उल्लेखनीय सुधार होगा।

इन वाहनों का विवरण और गश्त क्षेत्र इस प्रकार है:
1. थाना ज्ञानपुर क्षेत्र: पीआरवी नंबर-UP32DG 8993, पीआरवी सीयूजी नंबर-9044354049
2. थाना औराई क्षेत्र: पीआरवी नंबर-UP32DG 8994, पीआरवी सीयूजी नंबर-9044154328
3. थाना भदोही क्षेत्र: पीआरवी नंबर-UP32DG 8995, पीआरवी सीयूजी नंबर-9044254764
4. थाना सुरियावां क्षेत्र: पीआरवी नंबर-UP32DG 8996, पीआरवी सीयूजी नंबर-9044555655

पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने इस अवसर पर कहा कि ये वाहन यूपी-112 की सेवाओं को और अधिक कुशल बनाएंगे, जिससे आम नागरिकों को त्वरित सहायता मिल सकेगी। उन्होंने अधिकारियों को इन वाहनों का प्रभावी ढंग से उपयोग करने और जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस मौके पर प्रतिसार निरीक्षक, परिवहन शाखा प्रभारी, डायल-112 प्रभारी सहित पुलिस अधीक्षक कार्यालय के अन्य पुलिस कर्मचारीगण उपस्थित रहे। जनपद भदोही पुलिस जन सुरक्षा के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है और ऐसे सकारात्मक कदम अपराध दर को कम करने में सहायक होंगे।
सुरियावां ने अंतरराज्यीय चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया:पुलिस ने चोरी की 7 घटनाओं में शामिल 4 को किया गिरफ्तार, 3 क्विंटल तार बरामद

नितेश श्रीवास्तव


भदोही। पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी के निर्देश पर अपराध नियंत्रण अभियान के तहत सुरियावां पुलिस टीम ने अन्तर्जनपदीय चोरों के एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है। मुखबिर की सूचना पर प्रयागराज और भदोही जिलों में एलटी तार, एबी कंडक्टर और केबल चोरी के मामलों से संबंधित चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। यह गिरफ्तारी जंगीगंज से कोईरौना जाने वाले तिराहे से करीब 300 मीटर पहले गोपीगंज की तरफ सड़क की दाहिनी पटरी से हुई। गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से 9 बोरों में लगभग 3 क्विंटल एलटी तार, एबी कंडक्टर और केबल बरामद किए गए हैं।

इसके अतिरिक्त, पुलिस ने दो पिकअप वाहन, एक पल्सर मोटरसाइकिल, चार मोबाइल फोन और 2500 रुपये नकद भी जब्त किए हैं। पूछताछ में गिरफ्तार व्यक्तियों ने बताया कि उनका एक संगठित गिरोह है, जिसका मुखिया पवन कुमार बिंद पुत्र गुलाबधर बिंद है। वे पवन कुमार बिंद के साथ मिलकर प्रयागराज और भदोही जिलों में विभिन्न स्थानों से बिजली के तार काटकर चोरी करते थे। अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि उन्होंने 24/25 की रात को भदोही जिले के प्रयागराज बॉर्डर के पास ग्राम नेवादा रोही और आसपास के इलाकों से बिजली के तार चोरी किए थे।

उन्होंने बताया कि पवन कुमार बिंद, संजय बिंद और पवन कुमार बिंद उर्फ ओझा सहित कुल छह लोगों ने मिलकर पोल से तार काटे थे। चोरी किए गए तारों को पिकअप में लादकर पवन कुमार बिंद के घर पर छिपाया गया था। अभियुक्तों ने बताया कि उन्होंने तारों से प्लास्टिक हटाकर एल्युमिनियम को प्लास्टिक के बोरों में भर दिया था। उन्हें जानकारी मिली थी कि पुलिस ने उनकी टाटा मैजिक पिकअप को पहचान लिया है और उनकी तलाश में गांव आई है, जिसके बाद वे चोरी के तार बेचने की फिराक में थे, तभी उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
पैनिक पर ब्रेक, सप्लाई फुल: पेट्रोल-डीजल और गैस को लेकर जिला प्रशासन का बड़ा दावा
नितेश श्रीवास्तव

भदोही।जनपद में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की किल्लत को लेकर फैल रही अफवाहों पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए स्थिति साफ कर दी है। अधिकारियों ने कहा है कि जिले में कहीं भी ईंधन की कोई कमी नहीं है और सप्लाई पूरी तरह सामान्य है। कुछ लोगों द्वारा जानबूझकर अफवाह फैलाकर पैनिक का माहौल बनाया गया, जिससे पेट्रोल पंपों और गैस एजेंसियों पर अनावश्यक भीड़ देखी गई। प्रशासन के अनुसार सभी पेट्रोल पंप संचालकों और गैस एजेंसियों से लगातार संपर्क बनाए रखा गया है। रोजाना स्टॉक की निगरानी हो रही है और सप्लाई चेन मजबूत बनी हुई है। कैंट क्षेत्र के एक पेट्रोल पंप पर आई दिक्कत समय पर इंडेंट न देने के कारण हुई थी, जिसे अब ठीक कर लिया गया है और सप्लाई जल्द सामान्य हो जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि उपभोक्ताओं को उनकी जरूरत के अनुसार ही ईंधन दिया जाए। कालाबाजारी की आशंका को देखते हुए संदिग्ध लोगों पर नजर रखी जा रही है। भीड़ नियंत्रण के लिए पुलिस बल तैनात है और सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों पर भी निगरानी रखी जा रही है। एलपीजी को लेकर होम डिलीवरी पर जोर दिया गया है। प्रशासन ने जनता से अपील की है कि अफवाहों से बचें और जरूरत के अनुसार ही पेट्रोल, डीजल व गैस लें। वहीं शुक्ला फिलिंग स्टेशन के प्रबंधक विशाल शुक्ला ने बताया कि आज जिलाधिकारी भदोही ने सभी पेट्रोल पंप के मालिकों के साथ एक अहम बैठक की बैठक में उन्होंने बताया की जो भी चार पहिया दो पहिया वाहन पंप पर पहुंच रहे हैं उनके आवश्यकता अनुसार डीजल व पेट्रोल दिया जाए जिसको लेकर शुक्ला फिलिंग स्टेशन के प्रबंधक ने बताया कि पेट्रोल पंप पर अभी जिलाधिकारी शैलेश कुमार आए थे और हमारे पेट्रोल पंप पर आज से नहीं कभी से पेट्रोल या डीजल को लेकर कोई दिक्कत नहीं हुआ जिसको जितना चाहिए उतना पेट्रोल और डीजल मिल रहा है अफवाहों पर आप लोग ध्यान ना दें पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा जो गैलन और ड्रम लेकर पंप पर पहुंच रहे हैं ऐसे लोगों को ड्रम या केन में पेट्रोल डीजल ना दिया जाए
हवन-कन्या पूजन के साथ नवरात्र संपन्न, अंतिम दिन सिद्धिदात्री की हुई उपासना
नितेश श्रीवास्तव

भदोही। माह के शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि को नवरात्रि का समापन होता है। यह दिन मां भगवती के नौवें स्वरूप, मां सिद्धिदात्री की उपासना के लिए समर्पित होता है। पूरे नवरात्रि में मां दुर्गा के विभिन्न रूपों की पूजा की जाती है, लेकिन यदि किसी कारणवश कोई साधक पूरे नौ दिनों तक व्रत या पूजा नहीं कर पाता, तो वह नवमी के दिन श्रद्धा और भक्ति से मां सिद्धिदात्री की आराधना करके भी विशेष कृपा प्राप्त कर सकता है। धार्मिक मान्यता है कि मां सिद्धिदात्री भक्तों के जीवन से कष्टों और बाधाओं को दूर करती हैं और उनके सभी कार्यों को सफल बनाती हैं।

वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन और कन्या पूजन के साथ शुक्रवार को चैत्र नवरात्र संपन्न हो गया। अंतिम दिन जगत-जननी के सिद्धिदात्री स्वरूप की उपासना की गई। श्रद्धालुओं ने घरों में हवन किया और कुंवारी कन्याओं को भोजन कराकर लोक कल्याण की कामना की। इस दौरान घरों में रघुकुलतिलक श्रीरामचंद्र का जन्मोत्सव भी मनाया गया।माह के शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि को नवरात्रि का समापन होता है। यह दिन मां भगवती के नौवें स्वरूप, मां सिद्धिदात्री की उपासना के लिए समर्पित होता है। पूरे नवरात्रि में मां दुर्गा के विभिन्न रूपों की पूजा की जाती है, लेकिन यदि किसी कारणवश कोई साधक पूरे नौ दिनों तक व्रत या पूजा नहीं कर पाता, तो वह नवमी के दिन श्रद्धा और भक्ति से मां सिद्धिदात्री की आराधना करके भी विशेष कृपा प्राप्त कर सकता है।

धार्मिक मान्यता है कि मां सिद्धिदात्री भक्तों के जीवन से कष्टों और बाधाओं को दूर करती हैं और उनके सभी कार्यों को सफल बनाती हैं।पौराणिक कथा
पौराणिक कथाओं के अनुसार, जब महिषासुर के अत्याचारों से देवता अत्यंत परेशान हो गए थे, तब वे भगवान विष्णु और भगवान शिव के पास सहायता के लिए पहुंचे। इसके बाद सभी देवताओं के तेज से मां सिद्धिदात्री का प्राकट्य हुआ। यह भी मान्यता है कि भगवान शिव ने मां सिद्धिदात्री की कठोर तपस्या कर आठ सिद्धियां प्राप्त की थीं। इसी कारण उनका आधा शरीर देवी के स्वरूप में परिवर्तित हो गया और वे अर्धनारीश्वर के रूप में पूजित हुए।
यूपी महिलाओं के खिलाफ अपराध में देश में नंबर वन:सपा विधायक जाहिद बेग बोले- योगी सरकार का पूरा मंत्रालय भ्रष्टाचार में डूबा
नितेश श्रीवास्तव

भदोही। भदोही के समाजवादी पार्टी के विधायक जाहिद बेग ने बृहस्पतिवार को योगी आदित्यनाथ सरकार के नौ साल पूरे होने पर आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार ने इन वर्षों में केवल सांप्रदायिक और नफरत को बढ़ावा दिया है , जबकि विकास के दावे जमीनी हकीकत से दूर है। जाहिद बेग ने एनसीआरबी की रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में कुल अपराधों का हिस्सा देश में सबसे अधिक है।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ अपराध योजना 9-10 बलात्कार की घटनाओं के साथ लगातार बढ़ रहे हैं। जौनपुर, प्रयागराज और बीएचयू वाराणसी में छात्र साथ हुई बर्बर घटनाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने योगी सरकार की महिला सुरक्षा में विफलता को उजागर। जाहिद बेग ने आरोप लगाया कि योगी सरकार का पूरा मंत्रालय भ्रष्टाचार में डूबा हुआ है। उन्होंने कहा कि पिछले नौ सालों में क‌ई पुल, इमारतें और एयरपोर्ट निर्माण काम ध्वस्त हो गए, जिससे जनता का पैसा बर्बाद हुआ।

विधायक ने कहा कि यूपी की शिक्षा व्यवस्था पूरी तरह चौपट हो गई है। पिछले नौ सालों में 31,012 प्राथमिक स्कूल बंद या विलय किए गए, जिससे 15 लाख बच्चों का भविष्य अंधकार में डूब गया, उन्होंने युवाओं के रोजगार, उद्योग, किसानों के वादे, और बिजली - पेट्रोल संकट पर भी सरकार को घेरा। इस मौके पर सपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य शोभनाथ यादव, जिला प्रवक्ता अलीशेर खां,जिला सचिव राजकुमार यादव, वरिष्ठ नेता जावेद अंसारी, मनोज यादव,अयूब अंसारी और ज‌ईम बेग सैफी सहित कई नेता मौजूद रहे।
दुर्गा अष्टमी पर मंदिरों में भक्तों की भारी भीड़:भदोही में श्रद्धालुओं ने घरों में विशेष पूजन कर मां दुर्गा को टेका मत्था
नितेश श्रीवास्तव

भदोही। नवरात्रि की दुर्गा अष्टमी पर देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी ‌। सुबह से ही महिला - पुरुषों ने मां दुर्गा के आठवें रुप की पूजा - अर्चना की। नौ दिनों से घरों में कलश स्थापना कर पूजा कर रहे भक्तों ने अष्टमी पर विशेष पूजन किया। जिले के गोपीगंज स्थित दुर्गा मंदिर में सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। उन्होंने मां दुर्गा की पूरा कर परिवार और देश की सलामती की मन्नतें मांगी। इसके साथ ही ज्ञानपुर घोप‌ईला मंदिर में भी भक्तों ने मां दुर्गा के दर्शन और पूजन किया मान्यता है कि नवरात्रि की अष्टमी पर विशेष पूजन करने से सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती है और परिवार में शांति व समृद्धि बनी रहती है। बताया गया कि जिले में लगभग 80 प्रतिशत लोग अष्टमी का व्रत रखकर मां दुर्गा की अराधना करते हैं। नवरात्रि के इन नौ दिनों में घरों से मंदिरों तक देवी की आराधना का माहौल रहता है, और अष्टमी पर विशेष पूजन कर भक्त देवी को प्रसन्न करते हैं, जिससे परिवार और देश का कल्याण होता है।
सीतामढ़ी के मां जानकी मंदिर में उमड़ी भीड़:दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालुओं ने किए दर्शन
रिपोर्टर - नितेश श्रीवास्तव

भदोही। सीतामढ़ी में मां जानकी मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी पड़ी। ब्रह्म मुहूर्त से ही भक्तों का आना शुरू हो गया था,जो दिन चढ़ने के साथ बढ़ता चला गया। मंदिर परिसर और मुख्य द्वार पर श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखी गई। दूर - दराज के गांवों और अन्य जिलों से पहुंचे भक्तों ने मां जानकी के दरबार में माथा टेककर पूजा - अर्चना की। उन्होंने अपने परिवार की सुख - शांति और समृद्धि की कामनी की। क‌ई श्रद्धालु अपने साथ नारियल,चुनरी, फूल - माला और प्रसाद लेकर पहुंचे और विधि विधान से पूजा संपन्न की।

मंदिर में महिलाओं, बुजुर्गों और युवाओं की बड़ी संख्या मौजूद थी। सामान्य दिनों की तुलना में अधिक भीड़ दर्ज की गई। मंदिर के बाहर दुकानों पर भी काफी चहल-पहल रही, जहां प्रसाद, पूजन सामग्री और धार्मिक वस्तुओं की खरीदारी के लिए श्रद्धालु जुटे रहे। स्थानीय दुकानदारों ने ऐसे अवसरों पर व्यापार में बढ़ोतरी की बात कही। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए मंदिर प्रशासन और स्थानीय पुलिस पूरी तरह मुस्तैद रही। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बैरिकेडिंग की व्यवस्था की गई थी और कतारबद्ध तरीके से दर्शन कराए जा रहे थे। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस बल तैनात किया गया था।
आसमान में मिसाइल जैसी चीज उड़ती देख कौतूहल में पड़े लोग
रिपोर्टर - नितेश श्रीवास्तव

भदोही।‌भदोही नगर के लोगों ने देर शाम आसमान में राकेट जैसी चीज देखकर कौतूहल में पड़ गए। आसमान में मिसाइल जैसी चीज काफी देर तक उड़ती रही। लोगों ने इसका वीडियो भी बनाया। इसको लेकर नगर में तरह-तरह की चर्चाएं होती रही। ज्ञानपुर नगर में की रात एक मिसाइल जैसी चीज आसमान में उड़ती दिखी। जिसके पीछे आग का गोला निकल रहा था, जो आसमान में काफी दूर तक फैला हुआ था।

रात के समय इस तरह की चीज देखकर लोगों में कौतूहल मच गया। लोग उसका वीडियो बनाने लगे। किसी ने उसे राकेट बताया, तो कोई तारा टूटने बाद आसमान में होने वाली सामान्य खगोलीय घटना बताई। वह काफी देर तक आसमान में उड़ती रही। जिसको लेकर लोगों में कौतूहल बना रहा। इसको लेकर लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं भी होती रही। हालांकि कुछ देर बाद वह अचानक आंख से ओझल हो गया।