टिकोला शुगर मिल ने 12.65 करोड़ रुपये का गन्ना भुगतान जारी किया


मेरठ। बहसूमा। टिकोला शुगर मिल ने पेराई सत्र 2025-26 के अंतर्गत किसानों के गन्ना मूल्य का बड़ा भुगतान जारी कर दिया है। मिल के अधिशासी अध्यक्ष हिमांशु कुमार मंगलम ने जानकारी देते हुए बताया कि 17 मार्च 2026 से 20 मार्च 2026 तक खरीदे गए गन्ने का कुल ₹12.65 करोड़ (बारह करोड़ पैंसठ लाख रुपये) का भुगतान सीधे किसानों के बैंक खातों में भेज दिया गया है।

मिल प्रशासन ने सभी किसान भाइयों से अपील की है कि वे अपने-अपने संबंधित बैंकों के माध्यम से भुगतान की पुष्टि कर लें। साथ ही यह भी बताया गया कि आगे से किसानों को सुविधा देने के लिए चीनी मिल द्वारा सप्ताह में दो बार गन्ना मूल्य का भुगतान किया जाएगा, जिससे किसानों को समय पर धनराशि मिल सके।

किसानों से यह भी आग्रह किया गया है कि वे साफ-सुथरा, ताजा, जड़-पत्ती, मिट्टी एवं हरे अगोला रहित गन्ना ही मिल को आपूर्ति करें, ताकि गुणवत्ता बेहतर बनी रहे। यदि किसी किसान के पास अतिरिक्त गन्ना उपलब्ध हो, तो वह चीनी मिल अथवा गन्ना विकास परिषद से संपर्क कर आवश्यकतानुसार सट्टा प्राप्त कर सकता है।

इसके अलावा किसानों से अपने बेसिक कोटा को पूर्ण करने और टिकोला शुगर मिल में गन्ना आपूर्ति बढ़ाने की अपील की गई है, ताकि वे मिल द्वारा चलाई जा रही इनामी व उपहार योजनाओं का अधिकतम लाभ उठा सकें।
ड्रोन उड़ाकर बच्चों ने दिखाया हुनर, डी मोनफोर अकादमी में पैरेंट-टीचर मीटिंग संपन्न
मेरठ। डी मोनफोर अकादमी में वार्षिक परीक्षा परिणाम घोषित होने के साथ ही पैरेंट-टीचर मीटिंग का सफल आयोजन किया गया। इस अवसर पर शिक्षकों और अभिभावकों ने बच्चों के वार्षिक प्रदर्शन, प्रगति रिपोर्ट और उनके तकनीकी कौशलों पर विस्तार से चर्चा की।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण ड्रोन प्रदर्शन रहा, जिसमें बच्चों ने स्वयं ड्रोन उड़ाकर अपनी तकनीकी दक्षता का शानदार परिचय दिया। विद्यालय में पूर्व में आयोजित रोबोटिक्स सत्र के अंतर्गत बच्चों को रोबोट बनाना और उसे संचालित करना सिखाया गया था, जिसका प्रत्यक्ष परिणाम इस कार्यक्रम में देखने को मिला।

इसके साथ ही विद्यालय परिसर में बच्चों द्वारा तैयार की गई विभिन्न वस्तुओं और मॉडलों की भव्य प्रदर्शनी भी लगाई गई। अभिभावकों ने बच्चों की रचनात्मकता और नवाचार की जमकर सराहना की।

कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों ने अभिभावकों को बच्चों की शैक्षणिक प्रगति के साथ-साथ उनके व्यवहारिक और तकनीकी विकास की जानकारी दी। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सर्टिफिकेट और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया, जिससे उनका आत्मविश्वास और उत्साह बढ़ा।

विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. समीर वर्मा ने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य बच्चों को केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित रखना नहीं है, बल्कि उन्हें आधुनिक तकनीकों जैसे रोबोटिक्स और ड्रोन में भी दक्ष बनाना है। उप-प्रधानाचार्या ने बच्चों की रचनात्मकता की सराहना करते हुए शिक्षकों के प्रयासों को सराहा।

विद्यालय के निदेशक एवं निर्देशिका ने भी इस प्रकार के आयोजनों को बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक बताया और अभिभावकों से बच्चों को निरंतर प्रोत्साहित करने की अपील की।
मिशन शक्ति के तहत सदरपुर में जागरूकता अभियान, महिलाओं को सुरक्षा का दिया भरोसा
मेरठ/बहसूमा।महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत बहसूमा क्षेत्र के सदरपुर सचिवालय में एक प्रभावी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पुलिस टीम ने महिलाओं और युवतियों को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों तथा सरकारी हेल्पलाइन सेवाओं की विस्तृत जानकारी देकर जागरूक किया।
इस अवसर पर उप निरीक्षक राखी, उप निरीक्षक कुसुमपाल और हेड कांस्टेबल मोहित पंवार मुख्य रूप से मौजूद रहे। पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत पुलिस की सहायता लें और बिना झिझक अपनी समस्या साझा करें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि महिलाओं की सुरक्षा के लिए पुलिस हर समय तत्पर है और हर संभव मदद प्रदान की जाएगी।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को साइबर अपराधों के प्रति भी सचेत किया गया। पुलिस टीम ने बताया कि ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, संदिग्ध लिंक और ओटीपी शेयर करने जैसी घटनाओं से सावधान रहना बेहद जरूरी है। किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ बैंकिंग या व्यक्तिगत जानकारी साझा न करने की सलाह दी गई।
उप निरीक्षक कुसुमपाल ने महिलाओं को आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि डरने की बजाय अपनी आवाज उठाना जरूरी है। वहीं, उप निरीक्षक राखी ने आत्मरक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जागरूकता और सतर्कता ही सुरक्षा की पहली सीढ़ी है।
पुलिस अधिकारियों ने सरकारी हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी, जिनमें महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, महिला हेल्पलाइन 181 और साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 प्रमुख हैं।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित महिलाओं ने इस पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाने की मांग की।
मवाना में शहीद भगत सिंह, सुखदेव व राजगुरु का बलिदान दिवस श्रद्धापूर्वक मनाया
मेरठ। बहसुमा। मवाना। सोमवार को मवाना नगर के प्रीतनगर कॉलोनी में शहीद-ए-आज़म भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु के बलिदान दिवस के अवसर पर युवाओं द्वारा एक श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लेकर देश के महान क्रांतिकारियों को नमन किया।

इस दौरान रामराज में भी उपस्थित सभी लोगों ने शहीदों के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु ने देश की आज़ादी के लिए अपने प्राणों की आहुति दी, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता। युवाओं को उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर देशहित में कार्य करना चाहिए।

कार्यक्रम में अतुल खटीक (पूर्व विधायक), अमल खटीक (भाजपा युवा मोर्चा प्रदेश मंत्री), सुरेन्द्र सिंह, रजनीश रोहल, मयंक प्रताप, मयुर रस्तोगी, राहुल जाटव, भरत अरोरा, ठाकुर शनि प्रताप, अक्षत शर्मा, आदित्य ठाकुर, अभिषेक धनकस, मुकुल चौहान सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का समापन देशभक्ति के नारों के साथ हुआ, जिसमें युवाओं ने राष्ट्र सेवा के लिए सदैव तत्पर रहने का संकल्प दोहराया।
राजनीतिक पिछडे़पन के मुद्दों पर सुधार के लिए बहुत ही स्पष्ट और प्रखर और तरीके से अपने विचार रखें
मोनू भाटी मेरठ । अंतरराष्ट्रीय गुर्जर दिवस के अवसर पर मेरठ बायपास घाट रोड पर स्थित पंचवटी इंस्टिट्यूट में संयुक्त गुर्जर परिसंघ द्वारा सम्राट कनिष्क और महापुरुषों तथा क्रांतिकारियों की याद में एक सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन मे संयुक्त गुर्जर परिसंघ के मुख्य संयोजक भोपाल सिंह गुर्जर और इंजी.जगदीश पुठठा ने गुर्जर समाज के सामाजिक कुरीतियो और राजनीतिक पिछडेपन के मुद्दों पर सुधार के लिए बहुत ही स्पष्ट और प्रखर और तरीके से अपने विचार रखें।
कार्यक्रम में मौजूद संगठन के सभी संरक्षकों और जिम्मेदार सहयोगी सदस्यों द्वारा आगामी 10 मई को सामाजिक और राजनीतिक हित के मुद्दों के उचित समाधान के लिए लिए गुर्जर समाज में सामाजिक और राजनीतिक चेतना और जनजागृति लाने के लिए बड़ा कार्यक्रम करने के लिए अपनी ओर से कई महत्वपूर्ण सुझाव भी संगठन की आयोजन कमेटी को दिए गये,
कार्यक्रम के संयोजक ओर आयोजन कमेटी ने समाज हित में समर्पित भाव से निष्पक्षता से अमल करने की बात कही।
कार्यक्रम की अध्यक्षता गुर्जरसभा के अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह गुर्जर ने की,कार्यक्रम का संचालन संजीव प्रधान ने किया,
इस अवसर पर,नवाब सिंह चपराना,बलराज डूंगर,डॉ आदित्य गुर्जर,जितेंद्र प्रधान,सुमित प्रधान,प्रवीण प्रधान,पद्मेंद्र प्रधान,कुलदीप सिंह,सचिन चपराना,अश्वनी गुर्जर,कमरपाल फौजी,ललित गुर्जर,लवकुश शास्त्री,सुनील भड़ाना सहित संगठन सदस्यों के अलावा गुर्जर समाज के सैकड़ो जिम्मेदार व्यक्ति शामिल हुए।
प्रदेश में बहसूमा का नाम रोशन, मनोज शर्मा बने प्रदेश उपाध्यक्ष
मेरठ/बहसूमा। कस्बा बहसूमा निवासी मनोज शर्मा पुत्र बाबू राम शर्मा को एक बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। उन्हें अखिल भारतीय ब्राह्मण समाज द्वारा प्रदेश उपाध्यक्ष पद पर मनोनीत किया गया है। इस नियुक्ति से न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है। ब्राह्मण समाज के लोगों ने इसे गौरव का क्षण बताते हुए हर्ष व्यक्त किया है।

मनोज शर्मा के इस महत्वपूर्ण पद पर चयन की सूचना मिलते ही उन्हें बधाई देने वालों का तांता लग गया। उनके समर्थक और शुभचिंतक लगातार फोन के माध्यम से तथा उनके आवास पर पहुंचकर उन्हें शुभकामनाएं दे रहे हैं। लोगों ने मिठाई खिलाकर अपनी खुशी जाहिर की और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस अवसर पर क्षेत्र के कई गणमान्य लोग भी मौजूद रहे। विधायक सुशील शर्मा, जितेंद्र शर्मा, कमरपाल शर्मा, नीतू शर्मा सहित अन्य लोगों ने मनोज शर्मा को फूल-मालाएं पहनाकर सम्मानित किया। सभी ने कहा कि मनोज शर्मा के इस पद पर पहुंचने से समाज को नई दिशा मिलेगी और वे समाज के उत्थान के लिए प्रभावी कार्य करेंगे।

मनोज शर्मा ने इस अवसर पर सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे समाज के हितों की रक्षा और विकास के लिए पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि यह जिम्मेदारी उनके लिए सम्मान के साथ-साथ एक बड़ी चुनौती भी है, जिसे वे पूरी लगन से निभाएंगे।
मनोनीत पार्षद अक्षत शर्मा का भव्य स्वागत, विकास कार्यों का लिया संकल्प
मेरठ/बहसूमा, 21 मार्च। नगर पालिका मवाना के लिए उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा मनोनीत पार्षद बनाए जाने पर युवा अधिवक्ता अक्षत शर्मा का कॉलोनी ढिकौली में भव्य स्वागत समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए उन्हें फूल-मालाओं से सम्मानित किया और शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम की अध्यक्षता ठाकुर शनी प्रताप ने की, जबकि संचालन सभासद अवजीत चौहान द्वारा किया गया। इस अवसर पर उपस्थित सभी सम्मानित सदस्यों ने अक्षत शर्मा को माला पहनाकर उनका अभिनंदन किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

अपने संबोधन में अक्षत शर्मा ने क्षेत्र के विकास के लिए प्रतिबद्धता जताते हुए संकल्प लिया कि कॉलोनी ढिकौली में सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाया जाएगा। साथ ही उन्होंने पीने के पानी की समुचित व्यवस्था और सुरक्षा के दृष्टिकोण से सीसीटीवी कैमरे लगवाने के लिए भी प्रयास करने की बात कही।

कार्यक्रम में रिंकू चौहान, मनोज चौहान, अमित चौहान, अर्जुन चौहान, यशवंत, राज सिंह, राहुल चौहान, अभिषेक कश्यप, राजा चौहान, सुमित चौहान, शुभम चौहान, प्रिंस चौहान, गौरव चौहान, पप्पी चौहान, योगेंद्र चौहान, विजय चौहान, स्नेह चौहान, ओजस्वी चौहान, रोनित ठाकुर, सुभाष चौहान, मुकुल चौहान, अमर सिंह, संजय चौहान, कृष्ण चौहान, दीपक चौहान सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
बहसूमा में गैस सिलेंडर की होम डिलीवरी सेवा फिर शुरू, भीड़ से बचने की अपील
मेरठ/बहसूमा। खराब मौसम और लगातार हो रही बूंदाबांदी के बीच आमजन को राहत देने के लिए बहसूमा व्यापार मंडल ने अहम कदम उठाया है। व्यापार मंडल के विशेष आग्रह पर नगर स्थित स्वरूप इंडियन गैस एजेंसी ने शुक्रवार (20 मार्च 2026) से गैस सिलेंडर की होम डिलीवरी सेवा पुनः शुरू कर दी है।

व्यापार मंडल के पदाधिकारी आशीष सिंगल ने जानकारी देते हुए बताया कि बदलते मौसम और आगामी त्योहारों को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है, ताकि क्षेत्रवासियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। अब उपभोक्ताओं को गैस एजेंसी या गोदाम पर लंबी कतारों में खड़े होने की आवश्यकता नहीं होगी और वे घर बैठे ही सिलेंडर प्राप्त कर सकेंगे।

व्यापार मंडल की ओर से जारी अपील में नगर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों से अनुरोध किया गया है कि वे गैस एजेंसी पर अनावश्यक भीड़ न लगाएं और होम डिलीवरी सेवा का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। साथ ही एजेंसी के कर्मचारियों और डिलीवरी कर्मियों का सहयोग करने की भी अपील की गई है, जिससे सेवा सुचारू रूप से संचालित हो सके।

इस संबंध में एजेंसी संचालक अनिल सागर ने बताया कि फिलहाल बहसूमा कस्बे में पहले की तरह होम डिलीवरी व्यवस्था शुरू कर दी गई है। उन्होंने आश्वस्त किया कि अगले एक-दो दिनों में आसपास के क्षेत्रों में भी यह सुविधा बहाल कर दी जाएगी।

व्यापार मंडल का मानना है कि जनता के सहयोग से यह व्यवस्था सफल होगी और आने वाले समय में और बेहतर तरीके से संचालित की जा सकेगी।
हर्षोल्लास के साथ मनाया हिंदू नववर्ष 2083, हवन का हुआ आयोजन

बहसूमा। कस्बा रामराज में हिंदू सनातन धर्म के नववर्ष 2083 का शुभारंभ चैत्र मास की प्रतिपदा तिथि पर श्रद्धा, उत्साह और धार्मिक गरिमा के साथ धूमधाम से मनाया गया। इस पावन अवसर पर मंगल आरती परिवार आध्यात्मिक सेवा ट्रस्ट के तत्वावधान में क्षेत्र के श्रद्धालुओं एवं हिंदू समाज के लोगों ने विभिन्न धार्मिक आयोजनों के माध्यम से नववर्ष का स्वागत किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ शिव चौक स्थित श्री शिव मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हवन-यज्ञ द्वारा किया गया। हवन में उपस्थित श्रद्धालुओं ने देश, समाज और विश्व कल्याण की कामना करते हुए आहुतियां अर्पित कीं। हर-हर महादेव और जय श्रीराम के जयघोष से मंदिर परिसर गूंज उठा, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। यज्ञ का संचालन पंडित गौरव भारद्वाज ने विधिवत वैदिक रीति-रिवाजों के अनुसार संपन्न कराया।

हवन के पश्चात सेवा ट्रस्ट के सदस्यों ने बारी-बारी से यज्ञ में आहुति देकर अपनी आस्था व्यक्त की और सनातन परंपराओं के संरक्षण का संदेश दिया। इसके उपरांत भगवान की भव्य आरती का आयोजन किया गया, जिसमें सभी श्रद्धालुओं ने भाग लिया। कार्यक्रम के अंत में प्रसाद वितरण किया गया और लोगों ने एक-दूसरे को तिलक लगाकर हिंदू नववर्ष की शुभकामनाएं दीं।

इस दौरान समाज में सनातन संस्कृति के प्रति जागरूकता और आस्था बढ़ाने पर जोर दिया गया। कार्यक्रम में विधि चंद शर्मा हरेंद्र सिंह भारद्वाज, सुदर्शन गोयल, लक्ष्मीकांत रस्तोगी, नितिन गर्ग, विश्व प्रजापति, राजा बालेंद्र प्रजापति, गौरव चौहान, श्री जैन, अजय तोमर, विजय तोमर, विशाल राठी, राजू वर्मा, राजकुमार चौहान सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

इसके अतिरिक्त गौ सेवा टीम रामराज, शक्ति सेवा टीम, श्री राम मंडली तथा क्षेत्र की मातृशक्ति का भी विशेष सहयोग रहा।
किंडर गार्डन समारोह का आयोजन, नन्हे-मुन्ने छात्रों ने लिया भाग
बहसूमा, संवाददाता।दशमेश पब्लिक स्कूल रामराज में किंडर गार्डन के बच्चों के लिए भव्य ग्रेजुएशन सेरेमनी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नन्हे-मुन्ने बच्चों को ग्रेजुएशन कैप, गाउन और सर्टिफिकेट देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रबंधक जसवंत सिंह सहोता, डायरेक्टर डॉ. सिम्मी सहोता एवं प्रधानाचार्य आमिर खान द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। समारोह में बच्चों को ग्रेजुएशन ड्रेस में देखकर पूरा हाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

इस दौरान बच्चों ने कविता पाठ, नृत्य और अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम में मौजूद अभिभावकों ने बच्चों के प्रदर्शन की सराहना की और उत्साहवर्धन किया।

विद्यालय की डायरेक्टर डॉ. सिम्मी सहोता ने कहा कि यह दिन बच्चों के लिए बेहद खास होता है। यह उनके जीवन में औपचारिक शिक्षा की दिशा में पहला महत्वपूर्ण कदम है, जो उनके उज्ज्वल भविष्य की नींव रखता है।

समारोह का समापन राष्ट्रगान के साथ किया गया। इस अवसर पर विद्यालय की कोऑर्डिनेटर स्वाति अरोड़ा, मनजीत कौर, हरप्रीत कौर, प्रभजोत कौर, अमृतपाल कौर, रीटा छाबड़ा, शालू राठी, प्रिया चौहान सहित अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।