पेंशनर्स के स्नेह सम्मेलन में दिखा वरिष्ठों का दिखा उत्साह और जोश
मुंबई।  बृहन्मुंबई महानगरपालिका पेंशनर्स एसोसिएशन की चेंबूर शाखा द्वारा सहकार नगर म्युनिसिपल स्कूल में स्नेह सम्मेलन एवं आनंद मेले का आयोजन बड़े उत्साह के साथ किया गया। इस कार्यक्रम में लगभग 135 वरिष्ठ नागरिकों की उपस्थिति रही, जहां उनका उत्साह और जोश युवा पीढ़ी को भी प्रेरित करने वाला था। पूरी शाम हंसी, उमंग और सांस्कृतिक रंगों से सराबोर नजर आई।रामनवमी के अवसर पर आशा साने द्वारा “कौसल्या का राम” गीत की प्रस्तुति दी गई, जिसने माहौल को भक्तिमय बना दिया। वहीं चैत्र मास की सुगंध लिए सोनचाफा और पारंपरिक पेय ‘आम पन्हा’ ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।
प्रवेश द्वार पर लगाए गए सेल्फी स्टैंड पर लिखा संदेश “We are retired, but not tired” और “Goodbye tension, hello pension” सभी को आकर्षित कर रहा था। उपस्थित लोगों ने उत्साहपूर्वक सेल्फी लेते हुए इस पल को यादगार बनाया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में हिंदू परंपराओं के पाडवा से लेकर होली तक के सभी त्योहारों की झलक नऊवारी वेशभूषा में प्रस्तुत की गई, जिसने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। “कानडा विठ्ठल” के जयघोष से वातावरण भक्ति रस में डूब गया। सुजाता जोशी के नृत्य ने यह साबित कर दिया कि उम्र केवल एक संख्या है। वहीं मंगला तिमाने द्वारा लिखित पत्र का वाचन भी विशेष आकर्षण रहा, जिसने महानगरपालिका के कार्यों की सराहना करते हुए सभी का ध्यान आकर्षित किया। यह पत्र महाराष्ट्र पत्र लेखन प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त कर चुका है। कार्यक्रम का एक प्रमुख आकर्षण इंटरनेट उपयोग में सावधानी को लेकर दिया गया मार्गदर्शन रहा। रोहित जगताप ने विभिन्न उदाहरणों के माध्यम से डिजिटल सुरक्षा पर महत्वपूर्ण जानकारी दी।
इसके अलावा डॉ. पूनम पाटिल ने वरिष्ठ नागरिकों को मांसपेशियों और जोड़ों की देखभाल के लिए उपयोगी उपाय बताए और कुछ प्रायोगिक अभ्यास भी करवाए। इस अवसर पर अनिता कचरे, मंगला तिमाने और सुझाता जोशी को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए डॉ. मारुति नलावड़े के हाथों सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मुंबई के विभिन्न क्षेत्रों से आए पदाधिकारियों का स्वागत किया गया। इस दौरान पेंशनर्स की समस्याओं, मेडिकल योजनाओं, आठवें वेतन आयोग और सदस्यों के कर्तव्यों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। महिला विभाग प्रमुख शिल्पा नाईक के नेतृत्व में चेंबूर शाखा के और अधिक प्रगति करने का विश्वास व्यक्त किया गया। अंत में संत ज्ञानेश्वर के “पसायदान” के साथ इस भव्य आयोजन का समापन हुआ।
ट्रस्ट के मुफ्त स्वस्थ्य शिविर में दिखा खाड़ी देशों के युद्ध का असर
श्री नारायणी सेवा संस्थान व श्री नारायणी नरी चेतना केंद्र द्वारा आयोजित

मुंबई l श्री मधुसूदन झुनझुनवाला हेल्थ केअर सेंटर (उपक्रम श्री नारायणी सेवा संस्थान) द्वारा लोनावाला में मुफ्त स्वस्थ्य शिविर का भव्य आयोजन किया गया l इस शिविर में लगभग 350 नागरिकों की स्वस्थ्य जांच की गई l ट्रस्ट द्वारा मुफ्त में दवाइयां भी दी गई l इस मौके पर श्री नारायणी संस्थान के ट्रस्टी शामिल थे l इस शिविर का मार्गदर्शन प्रख्यात समाजसेवी काशीप्रसाद मुरारका द्वारा किया गया l इस कड़ी में दिलचस्प बात यह है कि लोनावाला की खुबसूरत और हसीन वादियों में मुफ्त स्वस्थ्य शिविर में मौजूद सभी नागरिकों को शुद्ध शाकाहारी भोजन भी कराया गया l गौरतलब है कि ट्रस्ट द्वारा आयोजित लोनावाला के मुफ्त स्वस्थ्य शिविर में एलपीजी रसोई गैस की भारी किल्लतों के कारण जांच करने आए नागरिकों के लिए कोयला और लकड़ी के चूल्हे पर खाना पकाया गया l पश्चिम एशिया के खाड़ी देशों में चल रहे युद्ध के करण गैस सिलेंडर उपलब्ध नहीं होने के कारण डॉ.अनील काशी मुरारका ने स्वयं रोटी और सब्जी बनाई ! बताया जाता है कि रविवार सुबह करीब 9 बजे से अनुभवी चिकत्सकों की टीम ने जांच शुरू की और साथ में दवाइयां भी दी l मौजूद सभी ने वनभोज का आनंद भी लिया l
भगवान महावीर के जन्म कल्याणक के अवसर पर भक्ति संगीत संध्या का आयोजन
मुंबई। भगवान महावीर के जन्मकल्याणक के पावन अवसर पर लोढ़ा फाउंडेशन द्वारा शारदा मंदिर हाई स्कूल, गामदेवी, मुंबई में भक्ति संगीत संध्या एवं स्वस्तिक प्रतियोगिता का भव्य एवं गरिमामय आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम श्रद्धा, संस्कृति और सामूहिक सहभागिता का अद्भुत संगम बना।
इस आयोजन का नेतृत्व डॉ. मंजू मंगलप्रभात लोढ़ा (अध्यक्ष – लोढ़ा फाउंडेशन, अंतर्राष्ट्रीय हिंदी जैन साहित्य संगम, जीवो दक्षिण मुंबई, महावीर स्वामी जैन देरासर मंडल; उपाध्यक्ष – महाराष्ट्र राज्य हिंदी साहित्य अकादमी; ‘परमवीर चक्र अवार्ड डायरी’ की लेखिका एवं प्रख्यात समाजसेविका) एवं हुलाशीबेन राजुजी वाणीगोता द्वारा किया गया। उनके मार्गदर्शन में भक्ति गीत, नृत्य एवं विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ स्वस्तिक प्रतियोगिता का सफल आयोजन हुआ।
इस पावन अवसर पर मुख्य अतिथि पद्मश्री सोमा घोष ने अपनी मधुर स्वर लहरियों में नवकार मंत्र का गायन कर समस्त उपस्थित जनों को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनके भावपूर्ण प्रस्तुतीकरण ने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा और भक्ति रस से सराबोर कर दिया। भक्ति संगीत संध्या की शुरुआत “वीर झूले त्रिशला झुलावे… धीरे-धीरे मीठा-मीठा गीत सुनावे…” जैसे मधुर भजनों से हुई, जिसने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर कर दिया। प्रसिद्ध संगीतकार आशीष जैन ने अपने सुरों से भक्ति रस की अविरल धारा प्रवाहित की। स्वस्तिक प्रतियोगिता में विभिन्न महिला मंडलों ने अत्यंत उत्साह और समर्पण के साथ भाग लिया। प्रतिभागियों ने 2 फीट आकार के स्वस्तिक का सुंदर एवं सृजनात्मक निर्माण कर अपनी कला और श्रद्धा का परिचय दिया। इस अवसर पर गणीवय श्री जिन रत्न विजय जी महाराज साहब के शिष्य गुरुदेव ने भगवान महावीर के जन्मकल्याणक के आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए सभी को उनके सिद्धांतों पर चलने का संदेश दिया।
उल्लेखनीय है कि डॉ. मंजू मंगलप्रभात लोढ़ा एवं हुलाशीबेन वाणीगोता द्वारा पिछले 17 वर्षों से निरंतर इस भक्ति संध्या का आयोजन किया जा रहा है, जो समाज में संस्कृति, एकता और आध्यात्मिकता को सशक्त बनाने का कार्य कर रहा है। कार्यक्रम में लगभग 28 महिला मंडलों की सहभागिता रही तथा 300 से अधिक महिलाओं की गरिमामय उपस्थिति ने आयोजन को विशेष रूप से सफल और प्रेरणादायक बना दिया।
National Hackathon में जय अरविंद शुक्ला ने जीता विजेता का खिताब
मुंबई। देशभर के प्रतिष्ठित तकनीकी संस्थानों के बीच आयोजित IIT Hyderabad के National Hackathon में हमारे बेटे जय अरविंद शुक्ला ने शानदार सफलता हासिल करते हुए विजेता का स्थान प्राप्त किया है। IIIT में Computer Science द्वितीय वर्ष के छात्र जय अरविंद शुक्ला ने अपनी प्रतिभा, तकनीकी दक्षता और नवाचारपूर्ण सोच के बल पर यह उपलब्धि अपने नाम की। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में देशभर के 52 IIT, NIT और IIITs से आए प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया था, जिनके बीच उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जय ने सफलतम स्थान हासिल कर परिवार, संस्थान और क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया है।जय अरविंद शुक्ला की इस उपलब्धि से मलाड में रहने वाले उनके परिवार में हर्ष का माहौल है। उनकी इस सफलता को युवा प्रतिभा, परिश्रम और समर्पण का प्रेरणादायक उदाहरण माना जा रहा है। National Hackathon जैसे बड़े मंच पर जीत दर्ज करना न केवल व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि यह आने वाली पीढ़ी के विद्यार्थियों के लिए भी एक प्रेरणा है। जय की इस सफलता पर परिजनों, मित्रों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
पति और बच्चों की लंबी उम्र का वरदान मांगने का पर्व गणगौर
– डॉ मंजू लोढ़ा, वरिष्ठ साहित्यकार

पति प्रेम का प्रतीक है गणगौर, चिर पुरातन और चिर नूतन है गणगौर, फागुन कृष्ण की एकम से क्षेत्र शुक्ला की तृतीय तक होती है गणगौर पूजा,  माता जानकी ने भी मनचाहा वर पाने किया था गौरी पूजन, मां पार्वती ने की घोर तपस्या शिवजी  को वर रूप पाने  की खातिर, शिवजी ने प्रसन्न होकर मां पार्वती से ब्याह रचाया, पत्नी को इतना स्नेह और सम्मान दिया उसे अपना आधा अंग ही बना लिया, राजस्थान की सूखी माटी में वसंत के आते ही उत्साह और उल्लास की धूम मच जाती हैं, कुंवारी कन्याएं 16 दिन तक बड़े मनोयोग से शिवजी को अपना जीजा मानते हुए सुंदर रंग बिरंगे वस्त्र पहनकर होली के दूसरे दिन से ही करने लगती है ईसर और गोरा की पूजा, शीतला सप्तमी या अष्टमी को बड़ी गणगौर बिठाई जाती हैं, चिकनी मिट्टी से शिव (ईसरजी) पार्वती (गणगौर) कानीराम (कृष्णा) रोआं (सुभद्रा) और मालिन की मूर्तियां बनाई जाती हैं उनका श्रृंगार  किया जाता हैं। सुबह दोपहर रात को गीत गाए जाते हैं। वंश के फैलाव के प्रतीक दूब और फूल लाये जाते हैं, पूजा  की जाती हैं, पूजा के गीत गाए जाते हैं, (गोर  ये गणगौर माता, खोल किंवाड़ी, बायर उभी  बायां पूजण वाली), इसी तरह गणगौर के हर विधा के अनेकों गीत गाए जाते हैं जो हमारी समृद्ध लोक भाषा के प्रतीक हैं, बीकानेर और जयपुर में बड़ी धूमधाम से गणगौर का बिंदोरा निकाला जाता हैं, गणगौर तथा ईसर जी की मूर्तियां की पूजा कुंकू और काजल की 9- 9 टीकी द्वारा किया जाता हैं, दूब से पानी का छींटा दिया जाता हैं, प्रसाद चढ़ाया जाता हैं, अंत में बधावा गाया जाता हैं। महिलाएं सोलह सिंगार करती हैं, बहुत धूमधाम गणगौर पर्व मनाया जाता हैं, पति और बच्चों के लंबी उम्र का वरदान मांगा जाता हैं।
निष्पक्ष और निडर पत्रकारिता के लिए राजकुमार सिंह को तरुण कला संगम पत्रकारिता पुरस्कार
मुंबई। महानगर की प्रतिष्ठित सामाजिक और सांस्कृतिक संस्था तरुण कला संगम द्वारा नवभारत टाइम्स के सहायक संपादक राजकुमार सिंह को वर्ष 2025 का तरुण कला संगम पत्रकारिता पुरस्कार देने की घोषणा की गई है। वरिष्ठ पत्रकार विश्वनाथ सचदेव की अध्यक्षता में हुई एक बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि निष्पक्ष और निर्भीक पत्रकारिता के माध्यम से राजकुमार सिंह ने आम जनमानस को जगाने तथा राजनीति से जुड़े लोगों को सही दिशा दिखाने का काम किया है । इस बैठक में वरिष्ठ पत्रकार राघवेंद्र द्विवेदी तथा वरिष्ठ पत्रकार ब्रजमोहन पांडे  शामिल रहे। उत्कृष्ट पत्रकारिता के चलते गणेश शंकर विद्यार्थी पुरस्कार समेत दर्जनों पुरस्कार से अलंकृत राजकुमार सिंह पहले ऐसे पत्रकार रहे, जिन्होंने महाराष्ट्र सरकार द्वारा 2017 में,बाबूराव विष्णू पराडकर उत्कृष्ट पत्रकारिता पुरस्कार में मिले 51,000 रुपए को तत्काल मुख्यमंत्री सहायता निधि में  जमा कर दिया था ताकि गरीब मरीजों का उपचार हो सके। तरुण कला संगम के संस्थापक अध्यक्ष वरिष्ठ समाजसेवी चित्रसेन सिंह ने बताया कि आगामी दिनों में आयोजित एक भव्य समारोह में राजकुमार सिंह को ₹100000 (एक लाख रुपए) नगद तथा स्मृति चिन्ह के साथ पुरस्कृत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि चयन समिति द्वारा राजकुमार सिंह के नाम का सर्वसम्मति से निर्णय किया गया है। संस्था के महासचिव दीपक सिंह ने कहा कि राजकुमार सिंह पिछले 30 वर्षों से पत्रकारिता जगत में सक्रिय हैं। कलम के सिपाही के रूप में उन्होंने हमेशा  जनता की आवाज को ताकत दी और समाज को मजबूत करने का काम किया है। ऐसे व्यक्ति को पुरस्कृत किए जाने से पत्रकारिता जगत से जुड़े  लोगों को प्रेरणा मिलेगी।
जानिए सपनों की हकीकत
–क्षमा सिंह, योग प्रशिक्षक

सपने हर कोइ देखता है कुछ सपने असली जैसे लगते हैं और कुछ भावुक होते हैं ज्यादातर सपने जागते ही गायब हो जाते हैं सबसे बड़ा सवाल यह है कि दिमाग आखिर सपने बनाता ही क्यों है, और उनमें से ज्यादातर हमारी यादाश्त क्यों मिट जाते हैं । वैज्ञानिको का कहना है कि सपने देखना इस बात से गहराई से जुड़े होते हैं कि सोते समय हमारा दिमाग यादों,इमोशंस और जानकारियों को कैसे प्रोसेस करता है
सपने कब आते हैं?
सपने ज्यादातर नींद के उस फेज में आते हैं जिसे रैपिड आई मूवमेंट स्लीप कहते हैं। इस दौरान दिमाग लगभग उतना ही एक्टिव होता है जितना जागते समय होता है। ब्रेन स्कैन से पता चलता है कि यादाश्त,इमोशन और कल्पना से जुड़े दिमाग के कई हिस्से बहुत ज्यादा एक्टिव हो जाते हैं।

दिमाग में सपने कैसे बनते हैं?
दिमाग के अन्दर कई हिस्से मिलकर सपने बनाते हैं। हिप्पोकैम्पस दिन भर की यादों को प्रोसेस करने में मदद करता है। उसी समय एमिग्डाला बहुत ज्यादा एक्टिव हो जाता है,एमिग्डाला डर और यादों को प्रोसेस करने का भावनात्मक केन्द्र है । यही वजह है कि सपनों में अक्सर डर,उत्साह या घबराहट जैसी भावनाएं होती हैं।
सपने को सेव नहीं कर पाता दिमाग
'आरइएम' स्लीप के दौरान नारएपिनेफ्रीन का स्तर कम होता है। इसलिए दिमाग सपनों के अनुभवों को लम्बी अवधि की यादाश्त में भेजने में मुश्किल महसूस करता है। आसान शब्दों में कहें तो दिमाग सपने का अनुभव तो करता है, लेकिन उसे ठीक से सेव नहीं कर पाता,एक और कारण यह है कि यादें बनाने वाले हिप्पोकैम्पस, सपने देखते समय अपनी पूरी क्षमता से काम नहीं कर रहा होता है, अगर यादों को ठीक से एनकोड नहीं किया जाए, जो जागने के बाद सपनों की डिटेल्स जल्द ही धुंधली हो जाती है और हमारा दिमाग वापस अपनी सामान्य जागने वाली गतिविधियों में लग जाता है।
सपनों को लेकर क्या कहते हैं वैज्ञानिक?
वैज्ञानिकों का मानना है कि सपने दिमाग की यादों को व्यवस्थित करने और भावनाओं को प्रोसेस करने में मदद कर सकते हैं। जब हम सो रहे होते हैं तो दिमाग दिन भर के अनुभवों के टुकड़ों को फिर से चलाता है और उन्हें पुरानी यादों और कल्पना के साथ मिला देता है। ये टुकड़े मिलकर उन कहानियों का रूप ले लेते हैं, जिन्हें हम सपनों के तौर पर अनुभव करते हैं।
महाराष्ट्र के नए राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा से कृपाशंकर सिंह ने की शिष्टाचार भेंट
मुंबई। महाराष्ट्र के पूर्व गृह राज्यमंत्री कृपाशंकर सिंह ने आज राज भवन में राज्य के नए राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा से शिष्टाचार भेंट की तथा उनका अभिनंदन किया। त्रिपुरा के पूर्व उपमुख्यमंत्री रह चुके श्री वर्मा ने सीपी राधाकृष्णन और आचार्य देवव्रत के बाद यह पद संभाला है। राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा और कृपाशंकर सिंह ने काफी देर तक एक दूसरे  से बातचीत की तथा सकारात्मक विचारों का आदान-प्रदान किया। कृपाशंकर सिंह ने कहा कि श्री वर्मा अनुभवी एवं विद्वान व्यक्ति हैं, जिसके चलते महाराष्ट्र के विकास की दिशा में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की कुशल नीतियों और दूरदर्शिता पूर्ण योजनाओं को ताकत मिलेगी।
डॉ इन्दिरा गुप्ता यथार्थ राजस्थान इकाई की प्रभारी नियुक्त
मुंबई । राष्ट्रीय लाल साहित्य साधना मंच ग्वालियर मध्य प्रदेश के संस्थापक अध्यक्ष डॉ प्रमोद पल्लवित ने विगत दिनों मुंबई से आनलाइन मिटिंग करके राष्ट्रीय पदाधिकारियों से विमर्श पश्चात अलवर राजस्थान की लोकप्रिय स्त्री रोग विशेषज्ञ कवयित्री लेखिका मोटिवेशनल स्पीकर डॉ इन्दिरा गुप्ता यथार्थ को मार्च 2026 से फरवरी 2027 हेतु संस्था की राजस्थान इकाई का प्रभारी अध्यक्ष मनोनीत किया।उनका कार्य सराहनीय रहा तो पदभार का समय बढ़ाया जाएगा।डॉ यथार्थ एक संवेदनशील,अनुभवी,मानव वेदना के प्रति अपनी संवेदना और अपनी बुद्धि विवेक समर्थ लेखन के माध्यम से समर्पित भाव से लंबे समय से सेवाएं दे रहीं हैं।जयपुर में जन्मी डॉ इन्दिरा एक कुशल चिकित्सक, लेखक, कहानीकार , कवयित्री के रूप में ख्याति प्राप्त हैं। संस्था के राष्ट्रीय मिडिया सचिव विनय शर्मा दीप ने बताया कि डॉ इन्दिरा गुप्ता यथार्थ के मनोनयन से राजस्थान साहित्य जगत प्रफुल्लित ही नहीं  अपितु संस्था का भी विस्तार होगा। उक्त मनोनयन से राजस्थान का युवा साहित्यकार एवं मंच से जुड़े सभी विद्वान काव्य मनीषी, साहित्य अनुरागी एवं पदाधिकारी ने डॉ यथार्थ को हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई दी।
मुंबई की यात्रा पर आए गोरखपुर के प्रधान अरविंद शाही का समरस ने किया सम्मान

मुंबई। मुंबई की यात्रा पर आए उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जनपद स्थित नेवादा के ग्राम प्रधान अरविंद शाही (मंहत शाही) का आज महानगर की प्रतिष्ठित सामाजिक संस्था समरस फाउंडेशन द्वारा बोरीवली पूर्व स्थित कार्यालय में सम्मान किया गया। संस्था की तरफ से शॉल स्मृति चिन्ह और पुष्पगुच्छ द्वारा उनका सम्मान किया गया।

इस अवसर पर उनके साथ मुंबई की यात्रा पर आए अजय प्रताप शाही, संस्था के ट्रस्टी अरुण सिंह, उपाध्यक्ष मुकुंद शर्मा, उपाध्यक्ष मानिकचंद यादव, उपाध्यक्ष राजेंद्र विश्वकर्मा,पूरव गांधी भोला वर्मा, रामलिंगम, मुकेश साहनी समेत अनेक लोग उपस्थित रहे। अरविंद शाही जनपद के उन टॉप प्रधानों में शामिल हैं, जिन्होंने अपने गांव के विकास के लिए अनेक महत्वपूर्ण काम किया है। उन्होंने दिए गए सम्मान के लिए समरस फाउंडेशन के चेयरमैन डॉ किशोर सिंह तथा उनकी पूरी टीम के प्रति आभार व्यक्त किया।