एक साल से परेशान बुजुर्ग महिला को मिली राहत,SRN में दूरबीन से हुआ सफल ऑपरेशन।
संजय द्विवेदी प्रयागराज।झूंसी क्षेत्र की 67 वर्षीय महिला पिछले लगभग एक वर्ष से भोजन के बाद भारीपन बार-बार कच्ची डकार उल्टी गले में जलन और भोजन के मुंह में वापस आने जैसी गंभीर समस्याओं से जूझ रही थी।इन लक्षणों के कारण उनका दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा था और दवाइयों से केवल अस्थायी राहत मिल पा रही थी।लगातार परेशानी के बाद मरीज ने स्वरूप रानी नेहरू चिकित्सालय (SRN) में परामर्श लिया।यहां एंडोस्कोपी सहित विस्तृत जांच में उन्हें हायटल हर्निया नामक बीमारी का पता चला।इस स्थिति में पेट का ऊपरी हिस्सा अपनी जगह से खिसककर छाती में चला जाता है,जिससे एसिड रिफ्लक्स और अन्य समस्याएं उत्पन्न होती हैं।हायटल हर्निया का प्रारंभिक उपचार दवाइयो और जीवनशैली में बदलाव से किया जाता है, लेकिन जब इनसे आराम नहीं मिलता और मरीज की दिनचर्या प्रभावित होने लगती है, तब सर्जरी आवश्यक हो जाती है।इस केस को और जटिल बनाता था मरीज का पूर्व चिकित्सा इतिहास।उन्हें पहले थायरॉयडेक्टॉमी हिस्टेरेक्टॉमी और रेक्टल प्रोलैप्स की सर्जरी हो चुकी थी जिससे पेट के अंदर चिपकाव(एड्हीजन) होने की संभावना अधिक थी। ऐसे में ऑपरेशन तकनीकी रूप से चुनौतीपूर्ण हो जाता है।इन सभी परिस्थितियो को ध्यान में रखते हुए सर्जरी विभागाध्यक्ष डॉ.वैभव श्रीवास्तव के नेतृत्व में टीम ने सावधानीपूर्वक योजना बनाकर मरीज का सफलतापूर्वक लैप्रोस्कोपिक फंडोप्लिकेशन ऑपरेशन किया।टीम में डॉ.तरुण कालरा डॉ.निशांत शुक्ला डॉ.हर्षित शर्मा डॉ. सृष्टि सिकदर और डॉ.सौरभ मिश्रा शामिल रहे।निश्चेतना विभाग से डॉ.शिवेन्दु ओझा और डॉ. साक्षी सिंह के मार्गदर्शन में डॉ. पल्लवी सूद एवं डॉ.उत्कर्ष मजूमदार ने सहयोग किया। ऑपरेशन थिएटर में प्रमिला राय दिनेश फ़ैयाज़ एवं अन्य कर्मचारियो की महत्वपूर्ण भूमिका रही।यह एक आधुनिक मिनिमली इनवेसिव सर्जरी है जिसमें छोटे चीरे के माध्यम से पेट के ऊपरी हिस्से को इस प्रकार व्यवस्थित किया जाता है कि एसिड रिफ्लक्स रुक जाए।ऑपरेशन के बाद मरीज की स्थिति संतोषजनक रही और उल्टी रिगर्जिटेशन व गले की जलन जैसी समस्याओ में स्पष्ट सुधार के बाद उन्हे छुट्टी दे दी गई।पहले इस प्रकार की सर्जरी के लिए मरीजों को लखनऊ वाराणसी या दिल्ली जाना पड़ता था लेकिन अब यह सुविधा प्रयागराज में ही उपलब्ध हो गई है।डॉ.वैभव श्रीवास्तव ने आम जनता से अपील की है कि लंबे समय तक सीने या गले में जलन खट्टी डकार या भोजन का बार-बार ऊपर आना जैसी समस्याओं को नजरअंदाज न करें। समय पर जांच और उचित उपचार से हायटल हर्निया जैसी बीमारी का सफल इलाज संभव है।डॉ.वैभव श्रीवास्तव ने आगे बताया कि हायटल हर्निया के जटिल मामलों में भी यदि सही समय पर पहचान और उचित योजना के साथ उपचार किया जाए, तो लैप्रोस्कोपिक सर्जरी द्वारा सुरक्षित और स्थायी समाधान संभव है।आधुनिक तकनीकों के उपयोग से मरीज को कम दर्द शीघ्र रिकवरी और बेहतर जीवन गुणवत्ता मिलती है।
मां भगवती की आस्था में डूबी संगम नगरी, नवरात्र में व्रती साधकों को क्रोध व लोभ से बचना चाहिए

विश्वनाथ प्रताप सिंह

प्रयागराज । मां भगवती की आराधना, साधना और उपासना का महापर्व वासंतिक नवरात्र का शुभारंभ गुरुवार से हो गया है। मठ-मंदिरों व घराें में कलश स्थापना करके सनातन धर्मावलंबियों नौ दिवसीय व्रत, अनुष्ठान आरंभ किया। देवी मंदिर मां ललिता देवी, मां कल्याणी देवी व मां आलोपशंकरी में दर्शन-पूजन को भीड़ जुटी। नवरात्र का पर्व नौ दिवसीय होगा।

श्रीराम जन्मोत्सव रामनवमी 27 मार्च को

प्रभु श्रीराम का जन्मोत्सव रामनवमी पर 27 मार्च को मनाया जाएगा। इसी दिन व्रत की पूर्णाहुति होगी। नवरात्र के प्रथम दिन मां भगवती का आगमन पालकी पर हुआ। प्रस्थान भी मइया पालकी पर करेंगी, जिसे अत्यंत शुभ माना जा रहा है। इसके साथ रौद्र नामक नवसंवत्सर भी शुरू हुआ।

हवन के साथ पूर्णांहुति 27 को

Chaitra Navratri 2026 ज्योतिर्विद आचार्य देवेंद्र प्रसाद त्रिपाठी के अनुसार 19 मार्च को प्रतिपदा का मान दिनभर रहेगा। मां भगवती का आगमन व प्रस्थान पालकी पर होना अत्यंत शुभ है। हवन पूजन के साथ पूर्णाहुति 27 मार्च को दोपहर 12.27 तक होगी।

नवरात्र व्रत का पारण 28 को : ज्योतिषाचार्य अमित बहोरे

ज्योतिषाचार्य अमित बहोरे के अनुसार प्रथम और अंतिम व्रत करने वाले साधक अंतिम नवरात्र का व्रत महाअष्टमी तिथि में 26 मार्च को करेंगे और 27 मार्च को पारण करेंगे। महानवमी का व्रत 27 मार्च को रखा जाएगा। पाठ तथा हवन की पूर्णांहुति उसी दिन दोपहर में 12.30 बजे तक कर लेनी होगी। व्रत का पारण अगले दिन 28 की सुबह 10.30 बजे तक किया जा सकेगा।

दीन-दुखियों की करें सेवा : आचार्य विद्याकांत

पाराशर ज्योतिष संस्थान के निदेशक आचार्य विद्याकांत पांडेय के अनुसार नवरात्र का व्रत रखकर साधना करने वालों के अंदर व्याप्त काम, क्रोध, मोह, लोभ, अहंकार जैसे शत्रुओं का शमन करके मां भगवती उन्हें वैभव, यश-कीर्त प्रदान करती हैं। घट (कलश) की स्थापना करके मां के शैलपुत्री स्वरूप का पूजन किया जाएगा। मनोवांछित फल की प्राप्ति के लिए नौ दिन तक दुर्गा सप्तशती का पाठ करके मइया की स्तुति की जाएगी। मां भगवती निष्काम भाव, पवित्र तन व मन से करनी चाहिए। व्रती साधक को क्रोध व लोभ नहीं करना चाहिए। उन्हें कन्या, माता, पिता और ब्राह्मणों का सम्मान करते हुए दीन-दुखियों की सेवा करनी चाहिए।

पुलिस चौकी के पास गांजे का खुला खेल, वीडियो वायरल के बाद भी कार्रवाई नहीं — आखिर किसके संरक्षण में चल रहा नशे का नेटवर्क?

नैनी में बेखौफ नशा कारोबार! चौकी से चंद कदम दूर बिक्री, सवालों के घेरे में पुलिस- प्रशासन, मास्टरमाइंड कौन?

सेविश्वनाथ प्रताप सिंह

प्रयागराज नैनी थाना क्षेत्र के अंतर्गत मामा-भांजा पुलिस चौकी के समीप खुलेआम गांजा बिक्री का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि चौकी से कुछ ही दूरी पर बेखौफ तरीके से गांजे की खरीद-फरोख्त की जा रही है, लेकिन हैरानी की बात यह है कि अभी तक इस मामले में कोई ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई है। वायरल वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश बढ़ गया है। लोगों का कहना है कि जब चौकी के पास ही इस तरह नशे का कारोबार चल रहा है, तो इससे साफ जाहिर होता है कि या तो जिम्मेदार अधिकारियों को इसकी जानकारी नहीं है, या फिर जानकारी होने के बावजूद अनदेखी की जा रही है। दोनों ही स्थिति कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है। सूत्रों की मानें तो यह कोई एक-दो दिन का मामला नहीं, बल्कि लंबे समय से चल रहा नेटवर्क बताया जा रहा है। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि आखिर इतना बड़ा नशे का कारोबार किसके संरक्षण में चल रहा है और इसका मास्टरमाइंड कौन है। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि पूरे मामले की जांच केवल चौकी स्तर पर नहीं, बल्कि उच्च अधिकारियों की निगरानी में कराई जाए। क्षेत्रीय नागरिकों का कहना है कि इस मामले में चौकी प्रभारी, थाना स्तर के अधिकारी और संबंधित विभाग के जिम्मेदार अफसरों की भूमिका की भी जांच होनी चाहिए। यदि चौकी से चंद कदम दूर खुलेआम गांजा बिक रहा था, तो क्या चौकी प्रभारी को इसकी जानकारी नहीं थी? अगर जानकारी थी, तो अब तक कार्रवाई क्यों नहीं की गई? लोगों ने यह भी सवाल उठाया है कि वायरल वीडियो में साफ दिखाई दे रही गतिविधियों के बाद भी प्रशासन की चुप्पी कई संदेह पैदा कर रही है। क्या अधिकारियों को यह सब दिखाई नहीं दिया, या फिर किसी दबाव के कारण कार्रवाई नहीं हो रही है? स्थानीय लोगों ने मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराते हुए थाना नैनी पुलिस, चौकी स्टाफ, संबंधित बीट सिपाहियों और नशा कारोबार से जुड़े संभावित गिरोह की भूमिका की हर एंगल से जांच की जाए। साथ ही यह भी पता लगाया जाए कि आखिर इस पूरे नेटवर्क का मास्टरमाइंड कौन है, जो इतने दिनों से पुलिस चौकी के पास ही नशे का कारोबार चलवा रहा था। जनता ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो मामले को उच्च अधिकारियों तक पहुंचाया जाएगा और बड़े स्तर पर शिकायत की जाएगी।

घूरपुर प्रकरण: झूठी खबर, प्रमाण की मांग और सूत्र के नाम पर खेल ? तथाकथित पत्रकारों की भूमिका पर उठे सवाल

विश्वनाथ प्रताप सिंह

प्रयागराज,घूरपुर थाना क्षेत्र से संबंधित एक समाचार सोशल मीडिया पर प्रसारित किया गया, जिसमें पुलिस पर रुपए की मांग करने का गंभीर आरोप लगाया गया। मामले की पड़ताल करने पर यह खबर बिना प्रमाण, बिना साक्ष्य और केवल “सूत्र” के हवाले से चलाई गई प्रतीत हो रही है, जिससे पूरे प्रकरण पर सवाल खड़े हो गए हैं। जानकारी के अनुसार युवक-युवती के घर से जाने के मामले में पुलिस द्वारा सामान्य पूछताछ की गई थी, लेकिन इसे तोड़-मरोड़ कर रिश्वत मांगने जैसी बात लिख दी गई। थाना स्तर से मिली जानकारी में एक लाख रुपये मांगने जैसी बात पूरी तरह गलत और मनगढ़ंत बताई गई है। सबसे हैरानी की बात यह सामने आई कि खबर चलने के बाद ही तथाकथित से पत्रकार पूछा जाने लगा कि कोई प्रमाण है क्या? अब सवाल उठता है कि जब प्रमाण ही नहीं था तो खबर किस आधार पर चलाई गई? स्थानीय लोगों में चर्चा है कि एक तथाकथित पत्रकार खबर चलाता है और दूसरा पत्रकार प्रमाण मांगता है, यह स्थिति अपने आप में बड़ी विसंगति पैदा करती है। लोगों का कहना है कि कहीं ऐसा तो नहीं कि यह सब आपसी मिलीभगत का हिस्सा हो, पहले पुलिस प्रशासन को टारगेट करो, फिर प्रमाण के नाम पर दबाव बनाओ और बाद में समझौते या वसूली की जमीन तैयार करो। इस पूरे मामले में सबसे बड़ा प्रश्न यह भी उठ रहा है कि हर बार खबर के अंत में “सूत्र” लिख दिया जाता है, लेकिन आखिर यह सूत्र है कौन? यदि कोई गंभीर आरोप लगाया जा रहा है तो उसका स्पष्ट आधार भी होना चाहिए। बिना नाम, बिना साक्ष्य और बिना जिम्मेदारी के खबर चलाना पत्रकारिता की विश्वसनीयता पर भी प्रश्नचिन्ह खड़ा करता है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि किसी के पास वास्तविक प्रमाण है तो उसे सीधे उच्च अधिकारियों के समक्ष ग्रूपो मे प्रस्तुत करना चाहिए, न कि सोशल मीडिया पर अपुष्ट खबर चलाकर पुलिस प्रशासन की छवि खराब करने का प्रयास करना चाहिए। पुलिस प्रशासन का कहना है कि झूठी, भ्रामक और बिना साक्ष्य के खबरें फैलाने वालों की भी जांच कराई जा सकती है, और यदि कोई व्यक्ति पत्रकारिता की आड़ में दबाव बनाने या लाभ लेने का प्रयास करता पाया गया तो उसके खिलाफ भी विधिक कार्रवाई संभव है।

हिंदू नववर्ष पर मेजा में ऐतिहासिक शोभायात्रा, जयकारों से गूंजा क्षेत्र, हजारों श्रद्धालु हुए शामिल

पटपरिया महादेव मंदिर से निकली भव्य यात्रा, सुजनी चौराहा तक उमड़ा जनसैलाब, युवाओं ने संभाली कमान

विश्वनाथ प्रताप सिंह

प्रयागराज। हिंदू नववर्ष के पावन अवसर पर गुरुवार को ग्राम पंचायत सुजनी क्षेत्र में भव्य और ऐतिहासिक शोभायात्रा का आयोजन किया गया। पटपरिया महादेव मंदिर से प्रारंभ हुई यह विशाल शोभायात्रा पालपट्टी होते हुए सुजनी चौराहा तक पहुंची, जहां पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। यात्रा के दौरान जय श्रीराम, हर हर महादेव और भारत माता के गगनभेदी नारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा। शोभायात्रा की शुरुआत महादेव मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुई। इसके बाद ढोल-नगाड़ों, भगवा ध्वजों और भक्ति गीतों के साथ यात्रा आगे बढ़ी। रास्ते भर जगह-जगह लोगों ने पुष्प वर्षा कर स्वागत किया और श्रद्धालुओं के लिए जलपान की व्यवस्था भी की गई। महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों की बड़ी संख्या में सहभागिता ने कार्यक्रम को और भव्य बना दिया। इस आयोजन को सफल बनाने में क्षेत्र के युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही। प्रतीक सिंह, अमित तिवारी, राज पाण्डेय, संजय पाण्डेय, संजीव पाण्डेय, रोहन सोनी, अरविंद सोनी, श्लोक चौहान, अभी सिंह, सुन्दरम पाण्डेय, वीरू सिंह सहित कई युवाओं ने पूरे कार्यक्रम की व्यवस्था संभाली और यात्रा को सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराया। पूरे मार्ग में सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थानीय लोगों का सहयोग सराहनीय रहा। शोभायात्रा के समापन पर सभी ने हिंदू नववर्ष को हर्षोल्लास के साथ मनाते हुए समाज में एकता, संस्कृति और धर्म की रक्षा का संकल्प लिया। इस भव्य आयोजन को लेकर क्षेत्र में दिनभर उत्सव जैसा माहौल बना रहा और लोगों ने इसे वर्षों में हुई सबसे बड़ी शोभायात्राओं में से एक बताया।
जिला अपराध निरोधक समिति की यमुनानगर यूथ टीम ने पुलिस अधिकारियों व लोक गायकों को किया सम्मानित

विश्वनाथ प्रताप सिंह, प्रयागराज। नवरात्रि पर्व व हिंदू नव वर्ष के पावन अवसर पर जिला अपराध निरोधक समिति की जमुना पार इकाई यूथ टीम ने सम्मान समारोह आयोजित किया।पुलिस अधिकारियों व सांस्कृतिक हस्तियों को अंगवस्त्र व स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।

नवरात्रि की धूम और हिंदू नव वर्ष के उपलक्ष्य में जिला अपराध निरोधक समिति के सचिव संतोष कुमार श्रीवास्तव के निर्देश पर जमुना पार यूथ टीम ने विशेष पहल की। टीम प्रभारी मनीष विश्वकर्मा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस प्रशासनिक अधिकारियों व लोक गायकों से मुलाकात कर बधाई दी तथा उनके योगदान की सराहना की।पुलिस-जनता समन्वय को मजबूत करने की पहल

टीम सदस्य शिव प्रताप सिंह, अश्वनी कुशवाहा, अजीत प्रताप सिंह व नीरज मिश्रा के साथ आधुनिक समाचार के पत्रकार श्रीकांत के साथ विभिन्न थानों का भ्रमण कर निम्नलिखित अधिकारियों को अंगवस्त्र, हनुमान चालीसा चिन्ह व पुष्प भेंट किए गए:एसीपी करछना सुनील कुमार सिंह नैनी थाना प्रभारी बृजेश कुमार गौतम औद्योगिक थाना प्रभारी कमलेश पटेल करछना थाना प्रभारी प्रवीण कुमार गौतम एडीए चौकी प्रभारी अमित कुमार काशीराम प्रभारी रामानंद विश्वकर्मा छिवकी चौकी प्रभारी मनोज सिंह रामपुर चौकी प्रभारी सचिन वर्मा इन अधिकारियों के शांति-व्यवस्था बनाए रखने के प्रयासों की भूरि-भूरि प्रशंसा की गई।

लोक कलाकारों का भी सम्मान

समिति ने प्रयागराज की सांस्कृतिक धरोहर को समृद्ध करने वाले मशहूर लोक गायक 'मिश्रा बंधु' को भी सम्मानित किया। टीम प्रभारी मनीष विश्वकर्मा ने कहा, "पुलिस प्रशासन के साथ कलाकारों का सम्मान समाज की नैतिकता व संस्कृति को मजबूत करता है। हमारा उद्देश्य पुलिस-जनता के बीच विश्वास की कड़ी मजबूत कर अपराध मुक्त समाज बनाना है। साथ ही कौसर समन्वयक नैनी औद्योगिक प्रशिक्षण केन्द्र ,श्रीकान्त शाह ब्यूरो प्रभारी नैनी आधुनिक समाचार से भी भेंट हुई।

"यह आयोजन नवरात्रि व नव वर्ष की सकारात्मक ऊर्जा को अपराध निरोधक अभियान से जोड़ने की प्रेरणादायी मिसाल है।

हनुमंत निकेतन में गूंजा सामवेद शंखना भव्य नव वर्ष उद्घोष के साथ हुआ विक्रम संवत 2083 का स्वागत।

संजय द्विवेदी प्रयागराज।हनुमन्त निकेतन सिविल लाइंस प्रयागराज में आज हिंदू नव वर्ष विक्रम संवत 2083 के उपलक्ष्य में सामवेद शंखनाद एवं नव वर्ष उद्घोष का भव्य एवं आध्यात्मिक आयोजन सम्पन्न हुआ।प्रातः 5 बजे से प्रारम्भ हुए इस आयोजन में श्रद्धा भक्ति एवं सनातन संस्कृति का अद्भुत संगम देखने को मिला और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित होकर नव वर्ष के प्रथम सूर्योदय के साक्षी बने।कार्यक्रम का शुभारम्भ ईश वंदन से हुआ जिसके पश्चात वेद विद्यालय के बटुकों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ स्वस्ति वाचन किया गया। सामवेद की मधुर स्वर लहरियो एवं शंखनाद से पूरा वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से ओत- प्रोत हो उठा।इस दौरान श्रद्धालुओं ने सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित कर नव वर्ष का स्वागत किया जिससे पूरे परिसर में भक्ति और उत्साह का वातावरण व्याप्त रहा।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अनंत विभूषित महंत यमुना पुरी जी महाराज (सचिव पंचायती अखाड़ा महानिर्वाणी एवं प्रबंधक माँ अलोपी देवी मंदिर)की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन को विशेष आध्यात्मिक ऊंचाई प्रदान की।उन्होंने अपने आशीर्वचन में कहा कि नव संवत्सर हमें धर्म सेवा और राष्ट्र के प्रति समर्पण की प्रेरणा देता है तथा सनातन मूल्यो को जीवन में अपनाने का संदेश देता है।

आयोजक सृजन हॉस्पिटल के निदेशक डॉ. बी.बी.अग्रवाल ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि नव वर्ष केवल तिथि परिवर्तन नही बल्कि हमारी सनातन परम्परा की नई चेतना और सांस्कृतिक जागरण का पर्व है।इस आयोजन में सह-आयोजक के रूप में अग्रसेन अग्रवाल समाज प्रयागराज की महत्वपूर्ण भूमिका रही।कार्यक्रम में अग्रसेन अग्रवाल समाज के अध्यक्ष पियूष रंजन अग्रवाल ने अपने संबोधन में समाज की एकता एवं संस्कृति के संरक्षण पर बल दिया।

इस अवसर पर वरिष्ठ उपाध्यक्ष मनोज अग्रवाल महामंत्री अभिषेक मित्तल हरीश चंद अग्रवाल (बिल्लू भैया)आशीष अग्रवाल विनीता अग्रवाल अजीत बंसल मुरारी लाल अग्रवाल एवं राकेश अग्रवाल सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।वही अग्रवाल युवा मंडल के अध्यक्ष अभिनव अग्रवाल के नेतृत्व में सौरभ अग्रवाल सीए सचिन अग्रवाल अंकित अग्रवाल (सह मंत्री) एवं अंकित अग्रवाल (कार्यालय प्रभारी)सहित अन्य सदस्यों ने आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय योगदान दिया।कार्यक्रम के मुख्य वक्ता सुबधु (विभाग प्रचारक राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ)ने अपने ओजस्वी उद्बोधन में विक्रम संवत की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक महत्ता पर प्रकाश डालते हुए भारतीय परंपराओं को अपनाने का सन्देश दिया। पूरे कार्यक्रम का प्रभावी एवं गरिमामयी संचालन अग्रवाल युवा महिला मंडल की महामंत्री डॉ.कीर्ति अग्रवाल द्वारा किया गया।इस अवसर पर पर्वपत्रिका (संवत 2083) के 14वें संस्करण का विमोचन महंत यमुना पुरी महाराज के करकमलों द्वारा किया गया जिसमें पत्रिका के संपादक आचार्य अमित बहोरे जी के योगदान की सराहना की गई।कार्यक्रम के अंत में डॉ.सविता अग्रवाल ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए सभी अतिथियो आयोजको एवं श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त किया।मीडिया प्रभारी मनीष गर्ग ने बताया कि ऐसे आयोजन समाज को अपनी जड़ों से जोड़ने और सनातन संस्कृति के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।प्रातः 5 बजे से प्रारम्भ होकर लगभग 7 बजे तक चले इस कार्यक्रम के उपरांत श्रद्धालुओ के लिए चाय-पानी की व्यवस्था भी की गई।कार्यक्रम का समापन जय श्री राम जय हनुमान के उद्घोष एवं नव वर्ष की मंगलकामनाओ के साथ हुआ।

अग्रवाल युवा महिला मंडल का भव्य होली मिलन समारोह “रंगोत्सव”उल्लास और उमंग के साथ सम्पन्न।

संजय द्विवेदी प्रयागराज।अग्रवाल युवा महिला मंडल द्वारा होली के पावन पर्व के उपलक्ष्य में होली मिलन समारोह“रंगोत्सव” का भव्य आयोजन आज रविवार 15 मार्च 2026 को होटल नवीन कॉन्टिनेंटल जीरो रोड प्रयागराज में अत्यंत हर्षोल्लास रंगो और उत्साह के साथ सम्पन्न हुआ।कार्यक्रम में समाज के गणमान्य अतिथियों एवं सदस्यो ने बड़ी संख्या में सहभागिता कर इस आयोजन को यादगार बना दिया।कार्यक्रम में आए सभी अतिथियों का स्वागत गुलाल चंदन और इत्र लगाकर किया गया, जिससे पूरे वातावरण में होली के रंग प्रेम और उत्सव की सुगंध फैल गई।कार्यक्रम की शुरुआत अग्रवाल युवा महिला मंडल की अध्यक्ष सारिका अग्रवाल द्वारा सभी अतिथियों एवं सदस्यों के स्वागत के साथ हुई।उन्होंने अपने संबोधन में सभी को होली की हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि ऐसे सांस्कृतिक और सामाजिक आयोजन समाज के लोगो को एक सूत्र में बांधने का कार्य करते हैं तथा आपसी प्रेम सौहार्द और एकता को और मजबूत बनाते है।मंडल की संरक्षक रीनू मित्तल ने कार्यक्रम के दौरान कई रोचक खेलों का आयोजन कर उपस्थित महिलाओ और अतिथियों में उत्साह और आनंद का वातावरण बना दिया।वही संरक्षक पारुल अग्रवाल जो इस कार्यक्रम की संयोजक भी रही ने अपनी सुंदर कविता प्रस्तुति से सभी का मन मोह लिया और कार्यक्रम में सांस्कृतिक रंग भर दिए।कार्यक्रम के दौरान प्रस्तुत राधा-कृष्ण का मनमोहक नृत्य सभी के आकर्षण का केन्द्र रहा जिसे देखकर उपस्थित जनसमूह मंत्रमुग्ध हो गया। इसके साथ ही फूलों की होली खेली गई जिसने पूरे वातावरण को और अधिक आनंदमय और रंगीन बना दिया।इस अवसर पर अग्रसेन अग्रवाल समाज प्रयागराज के अध्यक्ष पियूष रंजन अग्रवाल ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे पारिवारिक एवं सांस्कृतिक आयोजन समाज में भाईचारे सहयोग और पारस्परिक प्रेम की भावना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने अग्रवाल युवा महिला मंडल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज को एकजुट रखने का सशक्त माध्यम है।कार्यक्रम के अंत में मंडल की महामंत्री डॉ. कीर्ति अग्रवाल ने सभी अतिथियो सदस्यो एवं सहयोगियो का प्रभावशाली शब्दों में आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी के सहयोग और सहभागिता से यह रंगोत्सव सफल और स्मरणीय बन पाया है।इस अवसर पर संरक्षक डॉ. सविता अग्रवाल वरिष्ठ उपाध्यक्ष विनीता अग्रवाल कोषाध्यक्ष दीप्ति गुप्ता उपाध्यक्ष अर्चना अग्रवाल एवं प्रियंका अग्रवाल मंत्री येशा गोयल सह मंत्री श्रुति अग्रवाल सह कोषाध्यक्ष नूपुर अग्रवाल सहित अग्रवाल युवा महिला मंडल की अन्य सदस्याएँ भी उपस्थित रही और कार्यक्रम के सफल आयोजन में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया।कार्यक्रम में समाज की ओर से मनोज अग्रवाल अभिषेक मित्तल मनीष गोयल अंकुर अग्रवाल आशीष अग्रवाल आदेश गोयल राहुल अग्रवाल अंकित अग्रवाल तथा अग्रवाल युवा मंडल से अभिनव अग्रवाल आशुतोष गोयल अंशु अग्रवाल तुषार गुप्ता अंकित अग्रवाल अजय अग्रवाल प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।समाज के मीडिया प्रभारी मनीष गर्ग ने जानकारी देते हुए बताया कि अग्रवाल युवा महिला मंडल द्वारा आयोजित यह रंगोत्सव”कार्यक्रम समाज के लोगो को एक साथ जोड़ने का एक सुंदर प्रयास रहा जिसमें सभी ने मिलकर प्रेम सौहार्द और रंगों के इस पर्व को अत्यंत उल्लास के साथ मनाया।कार्यक्रम के अंत में सभी ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर और शुभकामनाएँ देकर होली पर्व की बधाई दी और इस रंगोत्सव को अत्यंत आनंदमय और यादगार बनाया।

अब नहीं कराना होगा फूड लाइसेंस का नवीनीकरण

संजय द्विवेदी, प्रयागराज।सरकार के इस निर्णय का सिविल लाइंस उद्योग व्यापार मंडल की ओर से स्वागत करते हुए सिविल लाइंस उद्योग महिला व्यापार मंडल की अध्यक्ष एवं खाद्य कारोबारी स्वाती निरखी ने बताया कि फूड कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग से फूड रजिस्ट्रेशन लाइसेंस लेना अनिवार्य होता है ।जिसका प्रतिवर्ष नवीनीकरण कराए जाने का प्रावधान है जो एक वर्ष से वर्ष के लिए कराया जा सकता है। किंतु, बहुत बार व्यापारी के ध्यान से उतर जाने पर एक निश्चित अवधि के बाद लाइसेंस रद्द हो जाता था और उसे नया लाइसेंस लेना पड़ता था जिसके लिए पुनः एक जटिल प्रक्रिया से गुजरना होता था। 10 मार्च को एक गजट के माध्यम से सरकार ने अब नवीनीकरण को समाप्त कर दिया है अर्थात अब लाइसेंस अथवा रजिस्ट्रेशन लेने के बाद उसका नवीनीकरण नहीं कराना होगा।

व्यापारी नेत्री स्वाती निरखी ने आगे बताया कि सरकार ने राहत देते हुए रजिस्ट्रेशन जो कि पूर्व में सालाना 12 लाख टर्न ओवर तक के कारोबारी पर लागू होता था,उसे बढ़ाकर 1.5 करोड़ कर दिया गया है। तथा 5 करोड़ सालाना टर्नओवर के व्यापारी को राज्य से और 5 करोड़ से अधिक टर्नओवर के व्यापारी को केंद्र से लाइसेंस लेना होता था। इस सीमा को बढ़ाकर अब 50 करोड़ सालाना टर्नओवर तक के व्यापारी राज्य से एवं उससे अधिक टर्नओवर के व्यापारी को केंद्र से लाइसेंस प्राप्त करना होगा।

स्ट्रीट फूड वेंडर्स को राहत देते हुए नए प्रावधान में नगर निगम अथवा स्ट्रीट फूड बैंडर्स एक्ट 2014 के तहत रजिस्टर्ड स्ट्रीट फूड बेडर्स को को एफएसएसए के अंतर्गत डीम्ड रजिस्टर्ड माना जाएगा। इसका वेंडर्स को दो अलग जगह अपने को रजिस्टर्ड करते और उत्पीड़न से मुक्ति मिलेगी। व्यापारी नेता नीरज जायसवाल ने कहा कि यह सभी प्रावधान अप्रैल 2026 से लागू होंगे अतः ऐसे सभी रजिस्ट्रेशन और लाइसेंस जिनकी वैधता 31 मार्च 2026 तक है फिलहाल उन्हें नवीनीकरण करना होगा। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के इस निर्णय का स्वागत करते हुए केंद्र सरकार को आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा इससे इससे व्यापारियों को बार-बार फूड रजिस्ट्रेशन का नवीनीकरण करने की झंझट से राहत मिलेगी।

डॉ.दीपक त्रिपाठी बने इंडियन डिसएबिलिटी डार्ट्स एसोसिएशन के श्रवण बाधित अनुभाग के राष्ट्रीय समन्वयक

भारतीय पैरा डार्ट्स टीम के चयन एवं प्रशिक्षण शिविर में विशिष्ट अतिथि के रूप में आमंत्रित

संजय द्विवेदी, प्रयागराज।खेल एवं सामाजिक समावेशन के क्षेत्र में प्रयागराज के लिए यह अत्यंत गौरवपूर्ण उपलब्धि है कि शहर के प्रतिष्ठित शिक्षाविद् एवं सामाजिक कार्यकर्ता डॉ.दीपक त्रिपाठी को इंडियन डिसएबिलिटी डार्ट्स एसोसिएशन (IDDA) के श्रवण बाधित (Deaf) अनुभाग का राष्ट्रीय समन्वयक नियुक्त किया गया है।यह दायित्व न केवल उनकी सक्रिय सामाजिक प्रतिबद्धता का सम्मान है बल्कि दिव्यांग खिलाड़ियों के सशक्तिकरण की दिशा में उनके निरन्तर प्रयासों की भी सराहना है।इसी क्रम में इंडियन डिसएबिलिटी डार्ट्स एसोसिएशन जो वर्ल्ड डिसएबिलिटी डार्ट्स एसोसिएशन से संबद्ध है द्वारा आयोजित भारतीय पैरा डार्ट्स टीम के चयन एवं प्रशिक्षण शिविर में भी डॉ.दीपक त्रिपाठी को विशिष्ट अतिथि एवं पदाधिकारी के रूप में सादर आमंत्रित किया गया है।

यह चयन एवं प्रशिक्षण शिविर 22–23 मार्च 2026 को ट्विन टावर्स इन (Twin Towers Inn)ग्रेटर नोएडा उत्तर प्रदेश में आयोजित किया जाएगा।इस शिविर का मुख्य उद्देश्य उन प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का चयन करना है,जो 23 से 27 अप्रैल 2026 तक सेलांगोर (मलेशिया) में आयोजित होने वाली सेलांगोर ओपन डार्ट्स चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।इस अन्तरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए देशभर से पैरा डार्ट्स खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।डॉ.त्रिपाठी वर्तमान में नेहरू ग्राम भारती(मानित विश्वविद्यालय) जमुनीपुर प्रयागराज में विशेष शिक्षा विभाग में सहायक आचार्य के पद पर कार्यरत है और लम्बे समय से दिव्यांगजनो के अधिकार शिक्षा तथा खेलों के माध्यम से उनके सशक्तिकरण के लिए सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।डॉ. दीपक त्रिपाठी की इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी से न केवल प्रयागराज बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश को गौरव प्राप्त हुआ है। खेलों के माध्यम से दिव्यांगजनों को मुख्यधारा से जोड़ने, उनके आत्मविश्वास को सुदृढ़ करने तथा उनके भीतर निहित प्रतिभा को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच प्रदान करने की दिशा में यह नियुक्ति एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।समाज के विभिन्न वर्गो खेल प्रेमियों एवं शिक्षाविदों ने डॉ. दीपक त्रिपाठी को इस महत्वपूर्ण दायित्व के लिए हार्दिक बधाई देते हुए विश्वास व्यक्त किया है कि उनके नेतृत्व में श्रवण बाधित खिलाड़ियों को नई दिशा, अवसर और प्रोत्साहन प्राप्त होगा तथा भारत अंतरराष्ट्रीय मंचों पर और अधिक गौरव अर्जित करेगा।

उक्त जानकारी इंडियन डिसएबिलिटी डार्ट्स एसोसिएशन के महासचिव महेंद्र सिंह द्वारा दी गई।