जौनपुर इलेक्ट्रिक मीडिया संघ के अध्यक्ष बने हसनैन कमर दीपू , महामंत्री बने देवेंद्र खरे

जौनपुर। जौनपुर इलेक्ट्रिक मीडिया संघ का चुनाव कैंप कार्यालय शारदा टावर पर संरक्षक आईबी सिंह की अध्यक्षता में शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुआ। चुनाव प्रक्रिया में सभी पदों पर सर्वसम्मति से पदाधिकारियों का चयन किया गया।संघ के अध्यक्ष पद पर सैयद हसनैन कमर ‘दीपू’, महामंत्री पद पर देवेंद्र खरे, उपाध्यक्ष पद पर विश्व प्रकाश श्रीवास्तव और राज सैनी, तथा कोषाध्यक्ष पद पर राजन मिश्रा को चुना गया। पूरी चुनाव प्रक्रिया वरिष्ठ पत्रकार राजेश श्रीवास्तव और जावेद अहमद की देखरेख में संपन्न कराई गई।

इस अवसर पर संगठन का विस्तार करते हुए पांच नए सदस्यों ने भी सदस्यता ग्रहण की।कार्यक्रम में पत्रकारों की बड़ी संख्या मौजूद रही, जिनमें मोहम्मद अब्बास, नितेश सिंह, विद्याधर राय विद्यार्थी, कुंवर नीतीश, इमरान अब्बास, उस्मान, अबुल खैर, आमिर अब्बास, रोहित चौबे, अंकित मिश्रा, असलम, पंकज कुमार, मेवालाल यादव और अंकित श्रीवास्तव विशाल सोनकर प्रमुख रूप से शामिल रहे।

कार्यक्रम के अंत में संरक्षक आईबी सिंह ने सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को माला पहनाकर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने उम्मीद जताई कि नई टीम संगठन की मजबूती के साथ-साथ पत्रकारिता की गरिमा को बनाए रखते हुए निष्पक्ष और प्रभावी कार्य करेगी।
सुदृढ़ लोकतंत्र के निर्माण में पत्रकारों की महत्वपूर्ण भूमिका : बाबा दुबे
जौनपुर। पत्रकार लोकतंत्र का चौथा स्तंभ हैं, जो समाज में निष्पक्ष जानकारी पहुँचाकर, भ्रष्टाचार को उजागर करके और सरकार को जवाबदेह बनाकर आम जनता की आवाज बनते हैं। वे प्रहरी की भूमिका निभाते हुए जागरूक समाज और सुदृढ़ लोकतंत्र के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं, जिससे सही निर्णय लेने और सकारात्मक बदलाव लाने में मदद मिलती है। बदलापुर स्थित अपने आवास बाबा कुंज में सदिच्छा भेंट करने आए देश के वरिष्ठ पत्रकारों से बातचीत करते हुए पूर्व विधायक ओमप्रकाश दुबे (बाबा दुबे) ने उपरोक्त बातें कही। उन्होंने कहा कि पत्रकारों की कलम ही देश को सही दिशा दे सकती है। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश मान्यता पत्रकार संघ के पूर्व अध्यक्ष सुरेश बहादुर सिंह , मुंबई हिंदी पत्रकार संघ के अध्यक्ष आदित्य दुबे, देश के प्रख्यात लोकगायक सुरेश शुक्ला, वरिष्ठ पत्रकार शिवपूजन पांडे तथा पत्रकार विवेक सिंह उपस्थित रहे।
बयालसी पीजी कॉलेज, में राष्ट्रीय सेवा योजना विशेष शिविर का उद्घाटन
जौनपुर । बयालसी पीजी कॉलेज, जलालपुर, जौनपुर में आज प्राचार्य प्रो. अलकेश्वरी सिंह के संरक्षण में राष्ट्रीय सेवा योजना के द्विवर्षीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत विशेष शिविर का उद्घाटन किया गया। उद्घाटन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला युवा अधिकारी (मेरा युवा भारत), जौनपुर, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के श्री राम गोपाल सिंह चौहान उपस्थित रहे। इसके साथ ही ग्राम पंचायत बीबनमऊ के प्रधान ज्ञान दास मौर्य, ग्राम प्रधान महिमापुर श्रवण कुमार गुप्ता, महाविद्यालय के प्राध्यापक डॉ. राकेश कुमार गुप्ता, डॉ. अनिल कुमार, डॉ. मिथिलेश कुमार, कार्यक्रम अधिकारी डॉ. आशुतोष पाण्डेय तथा सोमारू राम सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि द्वारा संस्थापक की प्रतिमा पर माल्यार्पण तथा माँ सरस्वती, स्वामी विवेकानंद एवं महात्मा गांधी के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर एवं दीप प्रज्वलित करके किया गया। मुख्य अतिथि राम गोपाल सिंह चौहान ने अपने संबोधन में कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना और “मेरा युवा भारत” दोनों ही कार्यक्रम युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा संचालित हैं। इनका उद्देश्य देश के युवाओं को सशक्त बनाना, उनके कौशल का विकास करना तथा उनके व्यक्तित्व को निखारना है, ताकि वे समाज और राष्ट्र के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभा सकें। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से युवाओं में सामुदायिक सेवा की भावना जागृत होती है तथा अनुशासन, सहयोग और एकता का विकास होता है। इस अवसर पर मुख्य अतिथि द्वारा महाविद्यालय परिसर में वृक्षारोपण भी किया गया तथा पर्यावरण एवं जल संरक्षण के महत्व पर भी अपने विचार व्यक्त किए गए। कार्यक्रम में डॉ. अनिल कुमार एवं डॉ. राकेश कुमार गुप्ता ने भी अपने विचार प्रस्तुत किए। डॉ. राकेश कुमार गुप्ता की मांग पर ग्राम पंचायत बीबनमऊ के प्रधान ज्ञान दास मौर्य तथा ग्राम प्रधान महिमापुर श्रवण कुमार गुप्ता ने महाविद्यालय को छात्र-छात्राओं के बैठने हेतु चार-चार सीमेंट कुर्सियाँ देने का वादा किया।कार्यक्रम अधिकारी डॉ. आशुतोष पाण्डेय ने सभी अतिथियों का हार्दिक आभार व्यक्त करते हुए राष्ट्रीय सेवा योजना के महत्व एवं उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम का संचालन कार्यक्रम अधिकारी सोमारू राम द्वारा किया गया। इस अवसर पर सभी स्वयंसेवक एवं स्वयंसेविकाएँ, साथ ही अजय कुमार सिंह, प्रमय कुमार सिंह, रामजीत कश्यप, बफाती अली सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
बदलापुर में कांग्रेसियों ने किया केंद्र सरकार के खिलाफ धरना प्रदर्शन
जौनपुर। ब्लाक कांग्रेस कमेटी बदलापुर के अध्यक्ष महात्मा प्रसाद शुक्ला के नेतृत्व में आज घरेलू रसोई गैस सिलिंडर के बढ़े हुए दाम वापस लैने के सम्बन्ध में ब्लॉक मुख्यालय पर धरना प्रदर्शन कर भारत सरकार के खिलाफ जबरदस्त नारेबाजी की गई तथा महामहिम राष्ट्रपति महोदया को सम्बोधित एक ज्ञापन खंड विकास अधिकारी को दिया गया। धरने को सम्बोधित करते हुए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता विनोद त्रिपाठी ने कहा कि मोदी के नेतृत्व में भारत सरकार की विदेशी नीति एवं कूटनीति पूरी तरह से धवस्त हो गई है। परिणामस्वरूप गृहिणियों को रसोई गैस की भारी किल्लत का सामना करना पड़ रहा है। लोगों को गैस एजेन्सियों पर लम्बी लाइनों में खड़ा होना पड़ रहा है। धरने को ब्लॉक अध्यक्ष महात्मा प्रसाद शुक्ला, वरिष्ठ नेता कमला प्रसाद तिवारी ने भी सम्बोधित किया । इस अवसर पर मुन्सी रजा, गामा निषाद, मंगल खरवार समेत अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बदलापुर में KDR फाउंडेशन द्वारा निशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर का आयोजन
जौनपुर। सेवा सबसे बड़ा धर्म है।  निस्वार्थ भाव से दूसरों की मदद करना, मानवता की सेवा करना ही ईश्वर की सच्ची पूजा है। जरूरतमंदों, माता-पिता और बुजुर्गों की सेवा से न केवल आत्मा को संतोष मिलता है, बल्कि समाज में प्रेम और सद्भाव भी बढ़ता है। केवला देवी रामबहाल फाउंडेशन एक ऐसी सामाजिक संस्था है जो पिछले कई वर्षों से ग्रामीण भागों में लगातार जन सेवा का पुनीत काम कर रही है। विशेषकर जरूरतमंद एवं गरीब लोगों के निशुल्क नेत्र परीक्षण, मोतियाबिंद जांच तथा चयनित मरीजों के लिए निशुल्क लेंस प्रत्यारोपण सुविधा की दिशा में यह संस्था अब तक हजारों मरीजों के अंधेरे जीवन को उजालों में बदल चुकी है। आगामी 9 अप्रैल को संस्था द्वारा जनपद के बदलापुर तहसील अंतर्गत स्थित  गांव के केडीआर हाउस में निशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर का भव्य आयोजन किया गया है। संस्था के अध्यक्ष विनोद रामबहाल सिंह ने बताया कि चयनित मरीजों को वाराणसी स्थित आरजे शंकरा आंख अस्पताल ले जाने और ले आने के लिए बस सेवा भी पूरी तरह से निशुल्क होगी। मरीजों के उपचार एवं भोजन की व्यवस्था अस्पताल द्वारा निशुल्क होगी। मरीजों को इसके लिए विनय सिंह (मो. 8691 042 664 ), अशोक सिंह(मो. 9559 0 86636) , ठाकुर अमरधारी सिंह(मो 86910 42 665), सौरभ सिंह (मो. 9838 396010) विकास सिंह (मो. 91371 54254) से संपर्क करने की अपील की गई है।
रसोई गैस सिलेंडर के मुद्दे पर खुटहन में कांग्रेसियों ने किया प्रदर्शन

जौनपुर। देश में रसोई गैस की किल्लत और मूल्य वृद्धि के खिलाफ ब्लाक कांग्रेस कमेटी, खुटहन के अध्यक्ष विपिन शर्मा के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बुधवार को ब्लाक मुख्यालय पर धरना प्रदर्शन कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए महामहिम राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन खंड विकास अधिकारी को सौंपा। धरना प्रदर्शन को संबोधित करते हुए कांग्रेस ब्लाक अध्यक्ष विपिन शर्मा ने कहा भाजपा सरकार के कारण देश में अफरातफरी का माहौल खड़ा हो गया है, सरकार की विफल नीतियो के कारण उपभोक्ताओं को रसोई गैस सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है।

जिला सचिव विनोद त्रिपाठी ने कहा कि आपदा के समय एलपीजी घरेलू और कामर्शियल सिलेंडरों के कीमतों में वृद्धि कर भाजपा सरकार ने जनता के पाकेट पर खुले आम डाका डालने का काम किया है। विनोद त्रिपाठी ने आगे कहा कि इस समय सभी गैस एजेंसियों पर उपभोक्ताओं की लम्बी कतारें लगी हुई है किंतु सरकार जनता को रसोई गैस सिलेंडर उपलब्ध नहीं करा पा रही है। कांग्रेस पार्टी के जिला उपाध्यक्ष एवं संगठन प्रभारी राकेश मिश्रा ने कहा कि मोदी सरकार की नाकामियों की सजा जनता को भुगतना पड़ रहा है, हर तरफ अविश्वास का माहौल बना हुआ है, देश में फैले अफरातफरी के माहौल को शांत करने के बजाय सरकार और सत्ताधारी दल चुनाव में व्यस्त हैं।

कांग्रेस नेता राकेश मिश्रा ने सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि मंहगाई चरम पर पहुंच गयी है, खाद्य पदार्थों की बढ़ती कीमतों से गरीब, मजदूर और मध्यम वर्ग की कमर टूट चुकी है।इस मौके पर यूथ कांग्रेस शाहगंज के विधानसभा रत्नेश यादव, सोशल मीडिया के प्रभारी शैलेन्द्र यादव, परवेज अहमद,बाढूराम बिंद, शेषनाथ यादव, लल्ला तिवारी, महेन्द्र गौतम, प्रमोद यादव, अवधेश शर्मा, भारत लाल, रामधारी पाल, सैयद रुमान सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
पंडित राजकृष्ण शर्मा के आवास पर सुंदरकांड पाठ और होली मिलन समारोह संपन्न

जौनपुर। होली का पर्व सामाजिक समरसता, सौहार्द ,समानता और एकता का संदेश देता हैं और सुन्दर काण्ड पाठ समाज के संस्कार संकृति और मर्यादा को बताते हैं।जब सुन्दर काण्ड पाठ और होली मिलन कार्यक्रम एक साथ हो तो वह एक अलौकिक और अनोखा कार्यक्रम होता है, उक्त बातें भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष सुशील कुमार उपाध्याय ने ग्राम सभा गौरा बेलवा में भाजपा नेता पं राजकृष्ण शर्मा के आवास पर सुन्दर काण्ड पाठ और होली मिलन समारोह के आयोजन के दौरान मुख्य अतिथि के रुप में कहीं। इसके पूर्व सुन्दर काण्ड गायन टोली ने सुन्दर काण्ड पाठ और भव्य होली मिलन के गीतों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।समारोह में लोगों ने एक दूसरे को गुलाल लगाकर और फूलों की होली खेलकर एक दूसरे को शुभकामनाएं प्रदान की।

कार्यक्रम के संयोजक वरिष्ठ अधिवक्ता पं राधा कृष्ण शर्मा ने कहा कि इस तरह के आयोजन से समाज को मजबूती मिलती है। इस दौरान कार्यक्रम में कमला हास्पिटल मछलीशहर के डायरेक्टर डा आर बी चौहान, संतोष कुमार दूबे, आशीष शुक्ला, बिनोद सेठ सुरेन्द्र पाठक, अशोक सिंह ,बाल कृष्ण शर्मा,जगदीश चौहान, सुधीर पटेल, राजेन्द्र पटेल, नामवर सरोज, रविन्द्र पाठक, अभय यादव कन्हैया लाल पांडेय, कमलेश सिंह,अनीस सरोज, संजीव गुप्ता, प्रवीण पाण्डेय, अभिषेक रावत,घनश्याम मिश्रा अध्यक्ष अधिवक्ता संघ मड़ियाहूं, कमलेश सिंह,साहब दूबे,पिंटू गुप्ता,अभय यादव, सूर्यबली गौतम,महाबली पांडेय,राज बहादुर यादव, सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रिय और सम्मानित लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम देर रात तक चलता रहा।
जौनपुर के ग्रामीण अंचल में किरण तिवारी की दो पुस्तकों का लोकार्पण
जौनपुर। पुस्तकें ज्ञान का अक्षय भंडार और मनुष्य की सबसे अच्छी मित्र होती हैं, जो हमें जीवन भर मार्गदर्शन, शिक्षा और मानसिक सुकून प्रदान करती हैं। ये हमारे व्यक्तित्व को निखारती हैं, रचनात्मकता बढ़ाती हैं, तनाव कम करती हैं और इतिहास व संस्कृतियों से परिचित कराती हैं। पुस्तकें सही-गलत का अंतर सिखाकर हमें बेहतर इंसान और जिम्मेदार नागरिक बनने में मदद करती हैं। जनपद के सिकरारा थाना अंतर्गत स्थित सतलपुर गांव में शैल साहित्यिक सांस्कृतिक संस्था द्वारा आयोजित पुस्तक लोकार्पण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में बोलते हुए उत्तर प्रदेश विधान परिषद सदस्य बृजेश सिंह प्रिंसू ने उपरोक्त बातें कही। कार्यक्रम में देश की प्रख्यात साहित्यकार और लेखिका किरण तिवारी की दो पुस्तकों अंतर्द्वंद्व एवं काव्यकिरण का लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधानाचार्य सुधाकर उपाध्याय ने किया। ब्लॉक प्रमुख सिकरारा संजय सिंह, प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष अमित सिंह तथा डॉ संतोष सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। सम्मानित अतिथि के रूप में राष्ट्रपति द्वारा पुरस्कृत लल्लन उपाध्याय भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सुंदर संचालन पूर्व माध्यमिक शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष सुशील उपाध्याय ने किया। कार्यक्रम के आयोजक रवि प्रकाश मिश्र ने सभी अतिथियों का शॉल और स्मृति चिन्ह से सम्मान किया। किरण तिवारी ने कहा कि आमतौर पर पुस्तक लोकार्पण का कार्यक्रम बड़े शहरों में किया जाता है, परंतु ग्रामीण अंचल में जिस तरह से इस कार्यक्रम को लोगों का अच्छा प्रतिसाद मिला, उसे देखकर मैं गौरव की अनुभूति कर रही हूं।
शैल साहित्यिक एवं सांस्कृतिक संस्था शैल साहित्यिक एवं सांस्कृतिक संस्था की संस्थापक अध्यक्ष किरण तिवारी ने बताया कि विगत दिनों इस संस्था की स्थापना की गई है। संस्था का उद्देश्य साहित्य, संस्कृति, कला एवं भाषा के संरक्षण, संवर्धन और प्रचार-प्रसार हेतु कार्य करने के साथ-साथ हिंदी एवं अन्य भारतीय भाषाओं के साहित्य—कविता, कहानी, निबंध, नाटक आदि को प्रोत्साहित करना तथा नवोदित रचनाकारों को मंच प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि यह संस्था साहित्यिक गोष्ठियों, कवि सम्मेलनों, सेमिनारों, कार्यशालाओं एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन करने के साथ-साथ लोक-संस्कृति, लोक-कला, लोक-साहित्य एवं पारंपरिक सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण हेतु कार्यक्रम संचालित करेगी और युवा पीढ़ी में साहित्यिक चेतना, रचनात्मक सोच और सांस्कृतिक समझ विकसित करने के साथ-साथ यह संस्था महिला रचनाकारों, ग्रामीण प्रतिभाओं एवं वंचित वर्गों की साहित्यिक व सांस्कृतिक अभिव्यक्ति को प्रोत्साहन देने का काम करेगी।
सामूहिक विवाह कार्यक्रम में पहुंचा पूर्व मंत्री जगदीश सोनकर का परिवार, वर वधू को दिया आशीर्वाद
जौनपुर। पूर्वांचल का प्रसिद्ध शक्तिपीठ मां शीतला चौकियां धाम के पास स्थित मैदान में रविवार को माँ चौकियां सेवा जनकल्याण ट्रस्ट के बैनर तले भव्य सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन किया गया। रविवार की सुबह साढ़े 11 बजे से शुरू हुए इस समारोह में कुल 18 नवदंपति जोड़ों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच एक-दूसरे के साथ वरमाला डालकर सात फेरे लिए और दाम्पत्य जीवन की शुरुआत की। इस अवसर पर माँ चौकियां जनकल्याण सेवा ट्रस्ट की ओर से नवविवाहित जोड़ों को गृहस्थी के उपयोग में आने वाले तमाम उपहार भेंट किए गए।
उक्त कार्यक्रम में पहुंचे पूर्व मंत्री जगदीश सोनकर के बेटे मयंक सोनकर और बहू पारिजात सोनकर ने वर वधू को आशीर्वाद दिया। मयंक सोनकर ने कहाकी सामूहिक विवाह केवल एक आयोजन नहीं है, बल्कि यह हमारे समाज की बदलती सोच और प्रगतिशीलता का प्रतीक है। आज का दिन आप सभी के लिए एक नई शुरुआत का प्रतीक है। विवाह केवल दो व्यक्तियों का मिलन नहीं है, बल्कि दो परिवारों, दो संस्कृतियों और दो आत्माओं का संगम है। प्यार के साथ-साथ एक-दूसरे के प्रति सम्मान और अटूट विश्वास ही एक मजबूत रिश्ते की नींव है। एक-दूसरे की छोटी-छोटी खुशियों का ख्याल रखें। शादी के बाद अब आप दो अलग परिवार नहीं, बल्कि एक बड़ा परिवार हैं। जैसे आप अपने माता-पिता का सम्मान करते हैं, वैसे ही अपने जीवनसाथी के माता-पिता को भी वही स्थान और आदर दें। याद रखें, जिन घरों में बुजुर्गों का सम्मान होता है, वहाँ बरकत और शांति हमेशा बनी रहती है। अंत में, बस इतना ही कहूंगा कि एक-दूसरे का हाथ थामकर और परिवारों का आशीर्वाद लेकर आगे बढ़ें। आपका जीवन खुशियों और आपसी विश्वास से महकता रहे।
विधायक रमेश चंद्र मिश्र के प्रयासों से गजेन्द्रपुर में गोमती नदी पर बनेगा पीपा पुल


जौनपुर। बदलापुर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत क्षेत्रवासियों की बहुप्रतीक्षित माँग को पूर्ण करते हुए विधायक रमेश चंद्र मिश्र ने ग्राम गजेंद्रपुर में जनपद जौनपुर और जनपद सुल्तानपुर के मध्य गोमती नदी पर पीपा पुल के निर्माण कार्य हेतु भूमिपूजन करके कार्य का शुभारंभ कराया।59 लाख रुपए की लागत से उक्त पीपा पुल का निर्माण किया जा रहा।


पीपा पुल के बनने से क्षेत्रीय जनों को 10-15 किमी की दूरी कम होगी।
पुल बनने से दर्जनों गांवों के हजारों लोगों को लाभ मिलेगा। यहां पुल के न होने से जनपद जौनपुर और जनपद सुल्तानपुर के ग्राम गजेंद्रपुर सहित क्षेत्र के लगभग एक दर्जन से ज्यादा गांव के ग्रामीणों को नाव के सहारे नदी को पार करना पड़ता था।
अब पीपा पुल के निर्माण से क्षेत्रीय जनों का सुगम आवागमन सुनिश्चित होगा।