पैसे के लेनदेन को लेकर हुई मारपीट में गैंगस्टर भूमाफिया को नगर कोतवाली पुलिस ने कियकिया गिरफ्तार
*आए दिन पैसे को लेकर करते थे विवाद

गोंडा।जिले की नगर कोतवाली पुलिस ने गैंगस्टर अमित अग्रवाल और भूमाफिया अंकुर अग्रवाल को हिरासत में ले लिया है।दोनों के बीच पैसे के लेनदेन को लेकर गाली गलौज के बाद मारपीट हुई थी।पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दिया है।अमित अग्रवाल नगर कोतवाली का सूचीबद्ध गैंगस्टर है तो वहीं अंकुर अग्रवाल के खिलाफ नगर कोतवाली में मारपीट और हमले के कई मामले दर्ज हैं।अंकुर अग्रवाल हाल ही में मारपीट के एक मामले में जेल से छूटकर आया था।प्राप्त जानकारी के अनुसार,अमित अग्रवाल और अंकुर अग्रवाल के मध्य पुराने बकाया पैसों को लेकर विवाद चल रहा था।इसी लेनदेन को लेकर पहले भी कई बार गाली गलौज हो चुकी थी और एक बार फिर उसी पुराने पैसे के लेनदेन को लेकर दोनों के बीच गाली गलौज और मारपीट हुई।स्थानीय लोगों की सूचना पर नगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंचि और दोनों को गिरफ्तार कर थाने ले आई।गैंगस्टर अमित अग्रवाल नगर कोतवाली क्षेत्र के साहबगंज मुहल्ले का निवासी है तो भूमाफिया अंकुर अग्रवाल रानी बाजार का रहने वाला है।नगर कोतवाल बिंदेश्वरी मणि त्रिपाठी ने बताया कि दोनों के बीच अक्सर पैसे के लेनदेन को लेकर विवाद होता था और इस बार यह विवाद मारपीट में बदल गया।पुलिस आगे की विधिक कार्यवाही कर रही है।
दुकान के सामने से दिनदहाड़े बुलट मोटरसाइकिल चोरी
*युवक ने चाभी लगाई और स्टार्ट कर ले गया

गोंडा।जिले के वजीरगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत दिनदहाड़े एक बूलट मोटरसाइकिल चोरी हो गई।यह घटना गोंडा अयोध्या मार्ग पर स्थित वजीरगंज बाजार में स्थित शिवलाल सोनी की दुकान के सामने हुई।पीड़ित अजय यादव ने अज्ञात चोर के खिलाफ वजीरगंज थाने में मुकदमा दर्ज कराया है।चोरी की यह पूरी घटना शिवलाल सोनी की दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दिया है।सामने आए 38 सेकेंड के सीसीटीवी वीडियो में दिखाई दे रहा है कि एक युवक बुलट पर बैठता है।उसके बाद कुछ देर इंतजार करने और आसपास देखने के बाद वह अपनी चाभी लगाकर बुलट लेकर अयोध्या की दिशा में फरार हो जाता है।पीड़ित अजय कुमार चंदापुर ग्राम पंचायत के साखीपुर लक्ष्मणपुर गांव के निवासी हैं ने बताया कि वह घर का सामान खरीदने वजीरगंज बाजार आए थे।उन्होंने अपनी बुलट मोटरसाइकिल शिवलाल सोनी की दुकान के सामने खड़ी की और दूसरी दुकान पर सामान लेने चले गए।वापस आने पर उन्हें अपनी बुलट गायब मिली।मामले में वजीरगंज थानाध्यक्ष विपुल पांडेय ने बताया कि अजय यादव की तहरीर पर तत्काल मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।बुलट की बरामदगी और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई पुलिस टीमों को लगाया गया है।सीसीटीवी फुटेज में दिख रहे युवक की तलाश जारी है।
एलपीजी सिलेंडर लेने ट्राई साइकिल से पहुंचा विकलांग, एजेंसियों पर लगी कतारें

बुकिंग करवाने पहुंच रहे लोग

गोंडा।जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित गैस एजेंसियों पर एलपीजी सिलेंडर लेने और बुकिंग कराने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ रही है।हालांकि पिछले दिनों की तुलना में आज भीड़ कुछ कम दिखी, कई एजेंसियों पर अभी भी लंबी कतारें लगी हुई हैं।लोग घंटों इंतजार करने के लिए मजबूर हैं लेकिन फिर भी लोगों को समय से गैस नहीं मिल पा रहा है।जिले के करनैलगंज तहसील मुख्यालय स्थित मनोकामना गैस एजेंसी से सामने आई तस्वीरों में लोग अपने एलपीजी सिलेंडरों को कतार में लगाकर उन पर बैठे हुए नजर आए।मेराज अहमद नामक एक व्यक्ति अपनी ट्राईसाईकिल पर गैस लेने पहुंचा और सुबह से ही गैस सिलेंडर का इंतजार कर रहा है,परन्तु उन्हें अभी तक सिलेंडर नहीं मिला है और यही स्थिति कमोबेश जिले के सभी हिस्सों की है।नवाबगंज की भार्गव गैस एजेंसी, मनकापुर की मनकापुर गैस एजेंसी,इटियाथोक की शिवम गैस एजेंसी और शहर की सांई सिद्धि गैस एजेंसी पर भी लोगों की भीड़ सुबह से ही देखि जा रही है।इन एजेंसियों पर पहले से ही बुकिंग करा चुके ग्राहकों को आज सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है।

वहीं नए ग्राहकों के सिलेंडर और गैस बुक जमा करके बुकिंग की जा रही है और उन्हें आगामी दिनों में सिलेंडर देने का आश्वासन दिया जा रहा है।केवाईसी अपडेट कराने वाले लोगों की भी भीड़ लगी हुई।जिले में तैनात जिला पूर्ति अधिकारी ने लोगों से भीड़ न लगाने की अपील किया है इसके बावजूद गैस एजेंसियों पर लोगों का जमावड़ा लगा हुआ है।बताते चलें कि अफवाहों के चलते लोगों की लाइन पहले खूब लगी परन्तु अब लोगों की संख्या धीरे धीरे कम हो रही है।जिले में पर्याप्त मात्रा में गैस सिलेंडर उपलब्ध है और होम डिलीवरी गैस एजेंसी के माध्यम से बुकिंग करने वाले ग्राहकों के घरों तक कराई जा रही है।लोग आनलाईन अपने मोबाइल फोन से बुकिंग करें और उनके घरों तक एजेंसी द्वारा गैस पहुंचाया जाएगा,लोगों को लाइन लगाने की कोई आवश्यकता नहीं है।
इंजीनियर सुसाइड मामले में प्रेमिका की जमानत याचिका सत्र न्यायालय से खारिज,तीन महीने से जेल में बंद
*आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप

गोंडा।जिले में इंजीनियर अभिषेक श्रीवास्तव आत्महत्या मामले में उनकी प्रेमिका सोनल सिंह की जमानत याचिका जनपद न्यायाधीश दृग नारायन सिंह द्वारा खारिज कर दी गई है।सोनल सिंह पर अभिषेक को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप है।घटना नगर कोतवाली क्षेत्र के गायत्री पुरम् में 17 दिसंबर 2025 को हुई थी और उसी मामले में सोनल सिंह फिलहाल जेल में बंद हैं।सोनल सिंह ने जनपद न्यायाधीश की अदालत में जमानत के लिए प्रार्थना पत्र दिया था,इस पर 27 फरवरी से सुनवाई चल रही थी,जहाँ बुधवार को जनपद न्यायाधीश दृग नारायन सिंह ने सोनल सिंह के जमानत याचिका को निरस्त कर दिया है।आज आए न्यायालय के आदेश से यह स्पष्ट हो गया है कि सोनल सिंह को फिलहाल जमानत नहीं मिली है और वह जेल में ही रहेंगी।न्यायालय में सोनल सिंह ने तर्क दिया था कि उन्हें गलत तरीके से फंसाया गया है और उनके द्वारा कोई घटना न तो की गई है और न ही देखा गया है।उन्होंने यह भी कहा था कि पैसे मांगने के आरोप का कोई डिजिटल साक्ष्य मौजूद नहीं हैऔर न ही मृतक की बहन ने ऐसा कोई बयान दिया है।इसके साथ ही सोनल ने अपनी स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि वह एक महिला है और उसके छ: व दो वर्ष के दो छोटे बच्चे हैं।जिला शासकीय अधिवक्ता फौजदारी बसंत शुक्ला ने जमानत प्रार्थना पत्र का विरोध करते हुए कहा कि सोनल ने अपने पति के साथ मिलकर मृतक के खिलाफ एक फर्जी मुकदमा दर्ज कराया था और दोनों मृतक से पैसे की मांग कर उसे प्रताड़ित कर रहे थे,जिसके कारण मृतक अभिषेक ने आत्महत्या किया।पुलिस द्वारा दाखिल की गई चार्जशीट में भी सोनल सिंह और उनके पति अजीत सिंह द्वारा प्रताड़ना से परेशान होकर आत्महत्या किए जाने की बात कही गई थी।पुलिस ने न्यायालय को दिए आरोप पत्र में कई डिजिटल साक्ष्य और चार पेज का सुसाइड नोट भी प्रस्तुत किया था।इस सुसाइड नोट में मृतक अभिषेक ने सोनल और अभिषेक को ही अपनी मौत का जिम्मेदार ठहराया था।मृतक इंजीनियर अभिषेक श्रीवास्तव के भाई उद्धव श्रीवास्तव ने न्यायालय से न्याय मिलने की उम्मीद जताई है।
जिलाधिकारी ने की किसान दिवस के अवसर पर किसानों एवं संबंधित विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक दिए आवश्यक निर्देश

किसान दिवस की बैठक में अब विद्युत विभाग एवं वन विभाग के लगेंगे कैम्प-जिलाधिकारी


गोण्डा। 18 मार्च,2026 ।
माह के तीसरे बुधवार के उपलक्ष्य में जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार गोण्डा में किसान दिवस की बैठक का आयोजन किया गया।
बैठक के दौरान उपकृषि निदेशक ने प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए जिलाधिकारी की अनुमति से बैठक की कार्यवाही प्रारंभ की।

जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी ने गेहूँ खरीद के विषय में विभाग द्वारा की गई व्यवस्था के संबंध में कृषकों को जानकारी दी। अधिशासी अभियंता लघु सिंचाई ने विभाग द्वारा किसानों के लिए संचालित कार्यक्रमों के विषय में जानकारी उपलब्ध कराई। गत माह आयोजित हुई बैठक में कृषकों के द्वारा उपलब्ध कराई गई 15 समस्याओं के निराकरण के प्रगति के विषय में चर्चा की गई तथा वर्तमान बैठक में कुल 09 कृषकों के द्वारा अपनी समस्याएं बैठक में प्रस्तुत की गईं, जिनमें से अधिकतर समस्याएं छुट्टा पशुओं एवं चकबंदी विभाग से संबंधित थीं।

बैठक में जिलाधिकारी ने बिजली विभाग तथा वन विभाग के अधिकारियों को निर्देश है कि वे अगले माह से आयोजित होने वाली किसान दिवस की बैठकों में प्रातः 10:00 बजे से ही आयोजन स्थल पर अपना एक समाधान शिविर लगाकर विद्युत विभाग तथा वन विभाग से संबंधित समस्याओं का निराकरण त्वरित आधार पर निस्तारण करें। उन्होंने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसानों से संबंधित समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में उपकृषि निदेशक श्री प्रेम कुमार ठाकुर, जिला कृषि अधिकारी श्री चंद्र प्रकाश सिंह, बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी, जिला गन्ना अधिकारी, जिला उद्यान अधिकारी, अग्रणी जिला प्रबंधक सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं  शुक्ला प्रसाद शुक्ला,  ओमप्रकाश पांडे,  अनिल चंद्र पांडे,  नंदकुमार आनंद,  सत्येंद्र दुबे,  शिवकुमार दुबे,  शिवराम उपाध्याय आदि कृषक प्रतिनिधियों के द्वारा प्रतिभाग किया गया।
जनपद न्यायालय गोण्डा में दुकानों की नीलामी 24 मार्च को
जनपद न्यायालय गोण्डा में दुकानों की नीलामी 24 मार्च को

चाय, पान व फोटोस्टेट दुकानों के ठेकों के लिए न्यूनतम बोली तय

नीलामी में भाग लेने हेतु जमानत राशि व हैसियत प्रमाण पत्र अनिवार्य

अंतिम निर्णय का अधिकार जनपद न्यायाधीश के पास सुरक्षित


गोण्डा। 18 मार्च 2026 - जनपद न्यायालय गोण्डा के नजारत अनुभाग द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए न्यायालय परिसर में स्थित चाय-नमकीन, पान एवं फोटो/फोटोस्टेट दुकानों के ठेकों की सार्वजनिक नीलामी की घोषणा की गई है। यह नीलामी 24 मार्च 2026 को अपराह्न 4:00 बजे न्यायालय के मीटिंग हाल में नीलामी समिति की उपस्थिति में सम्पन्न होगी।

सूचना के अनुसार, विभिन्न दुकानों के लिए न्यूनतम बोली राशि निर्धारित की गई है। चाय-नमकीन दुकानों के लिए 3.90 लाख रुपये से 5.33 लाख रुपये तक, पान दुकानों के लिए 77 हजार रुपये से 1.65 लाख रुपये तक तथा फोटो/फोटोस्टेट दुकान के लिए 3.75 लाख रुपये न्यूनतम बोली तय की गई है।

नीलामी में भाग लेने वाले इच्छुक व्यक्तियों को पूर्व में निर्धारित जमानत राशि जमा करना अनिवार्य होगा। चाय-नमकीन एवं फोटोस्टेट दुकानों के लिए 30 हजार रुपये तथा पान दुकानों के लिए 15 हजार रुपये अग्रिम जमा करने होंगे। साथ ही, बोलीदाता को अपनी हैसियत प्रमाण पत्र संबंधित तहसीलदार से प्रमाणित कराकर प्रस्तुत करना होगा।

अंतिम रूप से चयनित बोलीदाता को कुल धनराशि का 25 प्रतिशत तत्काल एवं शेष 75 प्रतिशत तीन सप्ताह के भीतर जमा करना होगा। नीलामी की स्वीकृति अथवा अस्वीकृति का अंतिम अधिकार जनपद न्यायाधीश गोण्डा के पास सुरक्षित रहेगा।
गोण्डा में “नव निर्माण के 9 वर्ष” पर भव्य कार्यक्रम, विकास मेले का शुभारंभ

प्रदेश सरकार की उपलब्धियों का हुआ प्रदर्शन,  मुख्यमंत्री का लाइव प्रसारण देखा गया

नौ वर्षों में कानून व्यवस्था व विकास को मिली नई दिशा: जिला पंचायत अध्यक्ष

महिला सशक्तिकरण व जनकल्याण योजनाओं पर जोर, लाभार्थियों से किया संवाद

गोण्डा।18 मार्च 2026-  उत्तर प्रदेश सरकार के “नव निर्माण के नौ वर्ष” पूर्ण होने के उपलक्ष्य में बुधवार को वेंकटाचार्य क्लब, गोण्डा में जिला प्रशासन के तत्वावधान में भव्य एवं सुव्यवस्थित कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष घनश्याम मिश्रा ने की। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व आमजन उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान लोक भवन सभागार, लखनऊ से आयोजित वार्षिक पुस्तक “नवनिर्माण के 9 वर्ष” के विमोचन का सजीव प्रसारण एनआईसी सभागार में देखा गया। कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने प्रदेश सरकार की नौ वर्षों की उपलब्धियों को ध्यानपूर्वक सुना एवं देखा।

कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। इसके उपरांत ग्राम्य विकास की थीम पर आयोजित विकास मेले का उद्घाटन किया गया।  इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष ने अपने संबोधन में कहा कि पिछले नौ वर्षों में प्रदेश में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाया गया है। साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, सड़कों एवं एक्सप्रेसवे के निर्माण, विद्युत आपूर्ति में सुधार तथा विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से प्रदेश के सर्वांगीण विकास को गति मिली है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ ग्रामीण एवं शहरी दोनों क्षेत्रों में व्यापक रूप से पहुंच रहा है।

उन्होंने महिला सशक्तिकरण को सरकार की प्राथमिकता बताते हुए कहा कि विभिन्न योजनाओं—स्वयं सहायता समूह, महिला सुरक्षा एवं रोजगारपरक कार्यक्रमों—के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है। इसके साथ ही युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ने के लिए भी निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने प्रदेश की जनता के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश में सुशासन, पारदर्शिता एवं जनकल्याणकारी नीतियों के माध्यम से विकास का एक नया दौर स्थापित हुआ है। “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मूल मंत्र को धरातल पर उतारते हुए प्रदेश निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है।

कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों द्वारा विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं एवं सुझावों को भी सुना गया। इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
जमीनी विवाद में आरोपी 19 दिन से फरार,पीड़ित परिवार ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंच गिरफ्तारी की की मांग

गोंडा।जिले के परसपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत एक जमीनी विवाद को लेकर हुए हमले के 19 दिन बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है।पीड़िता श्रीमती देवी और उनके पुत्र जितेंद्र सिंह ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है।यह घटना 26 फरवरी को पूरे बैसन मोहना में हुई थी।जितेंद्र सिंह ने बताया कि गांव के जसवंत सिंह, अकबाल बहादुर सिंह,योगेश सिंह और दीपक सिंह ने जमीनी विवाद के कारण उन पर और उनके परिवार पर लोहे की राड,कुदाल और फावड़े से हमला किया था और इस हमले में परिवार के लोग गंभीर रूप से घायल हो गये थे।जितेंद्र सिंह के अनुसार,उन्होंने 26 फरवरी को ही परसपुर थाने में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज करवाया था।

हालांकि 19 दिन बीत जाने के बाद भी आरोपी फरार चल रहे हैं।पीड़ित परिवार लगातार दबंगों की धमकियों से डरा हुआ है और न्याय के लिए दर ब दर भटकने को मजबूर है।पीड़ित जितेंद्र सिंह ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र सौंपते हुए बताया कि आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज है,फिर भी वे खुलेआम घूम रहे हैं और लगातार सुलह करने के लिए जान से मारने की धमकी दे रहे हैं।उन्होंने आरोपियों के खिलाफ तत्काल कठोर कार्यवाही की मांग की है।मामले में परसपुर थानाध्यक्ष कमल शंकर चतुर्वेदी ने जानकारी देते हुए बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किये जा रहे हैं।उन्होंने बताया कि आरोपी अपने मोबाइल बंद कर घरों से फरार हैं,जिसके कारण उनकी गिरफ्तारी में दिक्कतें आ रही हैं।

थानाध्यक्ष ने पीड़ित परिवार को आश्वासन दिया कि  उन्हें किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी और पुलिस प्रशासन उनके साथ है।
जेल भेजे गये डीसी निर्माण,भ्रष्टाचार के मामले में पुलिस ने किया गिरफ्तार
निविदा में कमीशन लेने का आरोप

गोंडा।नगर कोतवाली पुलिस ने जिला समन्वयक निर्माण बेसिक शिक्षा विद्या भूषण मिश्रा को भ्रष्टाचार के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।पूछताछ के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजा गया।बताते चलें कि विद्या भूषण मिश्रा सहित तीन लोगों पर जिले के 564 परिषदीय स्कूलों में डेस्क के नाम पर चयनित फर्म से कमीशन मांगने का आरोप है,जिसका मुकदमा नगर कोतवाली में दर्ज है।पुलिस ने विद्या भूषण मिश्रा को कल देर शाम जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय से हिरासत में लिया था।गिरफ्तारी के बाद उनका मेडिकल परीक्षण जिला मुख्यालय स्थित मेडिकल कालेज में कराया गया,जिसके बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया गया।

यह मामला नीमन सिटिंग सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के मालिक मनोज कुमार पाण्डेय की शिकायत पर दर्ज हुआ था।एंटी करप्शन कोर्ट गोरखपुर के आदेश पर 4 नवंबर को नगर कोतवाली में पूर्व बीएसए अतुल कुमार तिवारी,जिला समन्वयक जैम पोर्टल प्रेम शंकर मिश्रा व विद्या भूषण मिश्रा के खिलाफ दर्ज किया गया था।मनोज कुमार पाण्डेय ने आरोप लगाया था कि 15 करोड़ रूपए के काम के 15 प्रतिशत कमीशन की मांग की जा रही है।
437 परिषदीय विद्यालय निपुण विद्यालय घोषित,छात्रों व शिक्षकों में उत्साह

*प्रशिक्षुओं ने शासन को भेजी थी रिपोर्ट

गोंडा।शिक्षा के क्षेत्र में जिले के परिषदीय विद्यालयों ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल किया है जहाँ पर जिले के 437 परिषदीय विद्यालयों को निपुण भारत मिशन के अंतर्गत निपुण विद्यालय घोषित किया गया है।यह घोषणा डीएलएड प्रशिक्षुओं द्वारा तैयार की गई विस्तृत आंकलन रिपोर्ट के आधार पर किया गया है,जिसमें इन स्कूलों के छात्रों ने शैक्षिक मानकों को पूरा किया है।बताते चलें कि फरवरी महीने में डीएलएड प्रशिक्षुओं को जिले के विभिन्न स्कूलों में भेजा गया था।इन प्रशिक्षुओं ने सीधे बच्चों के साथ संवाद कर उनके पठन पाठन,गणितीय कौशल और बुनियादी साक्षरता का आंकलन किया।प्रशिक्षुओं द्वारा शासन को सौंपी गई रिपोर्ट के आधार पर इन विद्यालयों का चयन किया गया है।बेसिक शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव ने चयनित स्कूलों की सूची जारी करते हुए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को विशेष निर्देश दिए हैं,जिसके क्रम में सभी 437 परिषदीय विद्यालयों की दीवारों पर अब निपुण विद्यालय का लोगो पेंट कराया जाएगा।बेहतर प्रदर्शन करने वाले इन स्कूलों को विभाग की तरफ से प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया जाएगा।इस संबंध में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित सिंह ने बताया कि जिले में यह योजना वर्ष 2023 से संचालित की जा रही है।उन्होंने कहा कि 437 विद्यालयों का निपुण घोषित होना विभाग और शिक्षकों के परिश्रम का परिणाम है।आगामी समय में प्रयास किया जाएगा कि इससे दोगुना विद्यालय निपुण विद्यालय घोषित हों।अमित सिंह ने यह भी बताया कि विभाग का लक्ष्य यहीं समाप्त नहीं होता बल्कि आने वाले समय में जिले के अन्य स्कूलों को भी इस श्रेणी में लाने के लिए प्रयास तेज किए जाएंगे।इस घोषणा से परिषदीय स्कूलों के शिक्षकों और छात्रों में उत्साह देखा जा रहा है,और विभाग का मानना है कि इससे शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार होगा।उन्होंने कहा कि सभी को इसी तरीके से काम करना चाहिए ताकि उनके विद्यालय भी निपुण विद्यालय बन सकें और उनका भी नाम जिले में हो  सके।