प्रयागराज जंक्शन पर फर्जी आरपीएफ दरोगा गिरफ्तार, तीन महीने से वर्दी पहनकर कर रहा था मुफ्त यात्रा
प्रयागराज। Prayagraj Junction railway station पर रविवार को आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त कार्रवाई में एक युवक को फर्जी आरपीएफ उप निरीक्षक बनकर घूमते हुए गिरफ्तार किया गया। आरोपी पिछले कई महीनों से वर्दी पहनकर ट्रेनों में बिना टिकट यात्रा कर रहा था और लोगों को खुद को आरपीएफ दरोगा बताता था।
जानकारी के अनुसार आरपीएफ पोस्ट प्रयागराज के निरीक्षक Amit Kumar Meena अपने स्टाफ के साथ स्टेशन के प्लेटफार्म पर गश्त कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें एक युवक आरपीएफ उप निरीक्षक की वर्दी में संदिग्ध अवस्था में घूमता हुआ दिखाई दिया। शक होने पर उसे रोककर पूछताछ की गई और जीआरपी टीम को मौके पर बुलाकर संयुक्त जांच की गई।
जांच में युवक की पहचान दिव्यांशु कुमार (22) पुत्र दीना नाथ निवासी ग्राम रेंगा थाना बरेसर जनपद गाजीपुर के रूप में हुई। पूछताछ में पता चला कि वह असली पुलिसकर्मी नहीं है और फर्जी तरीके से आरपीएफ की वर्दी पहनकर लोगों को गुमराह कर रहा था।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से आरपीएफ की वर्दी, स्टार, बैज, मोनोग्राम, बेल्ट, नीली डोरी और लाल रंग के जूते बरामद किए गए। इसके अलावा उसकी जेब से 650 रुपये नकद, आधार कार्ड और एटीएम कार्ड भी मिले, जिन्हें नियमानुसार सील कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि घरवालों के नौकरी के दबाव के कारण उसने आरपीएफ की वर्दी बनवा ली थी। वह पिछले करीब तीन महीनों से वर्दी पहनकर ट्रेनों में बिना टिकट यात्रा कर रहा था और लोगों के सामने खुद को आरपीएफ दरोगा बताता था।
इस मामले में आरोपी के खिलाफ थाना जीआरपी प्रयागराज में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।







3 hours ago
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0.3k