संकल्प साहित्य कला मंच द्वारा आयोजित संगीतमय संगोष्ठी में शामिल हुई विदुषी महिलाएं


मुंबई। महाराष्ट्र राज्य हिंदी साहित्य अकादमी के सौजन्य से 15 मार्च 2026 को संकल्प साहित्य कला मंच द्वारा अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में “लोकगीतों में महिला जीवन और उत्सवधर्मिता” विषय पर एक संगीतमय संगोष्ठी का आयोजन मुद्रा बैंक्विट, अंधेरी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में किया गया।कार्यक्रम का प्रारंभ संकल्प साहित्य कला मंच की संयोजिकाऍं  डॉ  ममता झा,प्रा. विनीता राजापुर,प्रा. मनिषा सिंह तथा प्रा.सुनीता चौहान के द्वारा सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं उपस्थित साहित्य प्रेमियों का स्वागत तथा दीप प्रज्जवलन   के साथ हुआ।

इस अवसर पर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाने हेतु अध्यक्ष के रूप में डॉ. रीता कुमार , मुख्य अतिथि के रूप में डॉ.  शैलेश श्रीवास्तव , विशिष्ट अतिथि के रूप में  ममता सिंह , सम्माननीय अतिथि के रूप में डॉ. मंजुला देसाई, डॉ. दयानन्द तिवारी तथा सुप्रसिद्ध लोकगीत गायिका  संध्या मिश्रा उपस्थित रहीं।कार्यक्रम के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले कनिष्ठ महाविद्यालयों से जुड़े साहित्यप्रेमी शिक्षकों को,शिक्षण के अलावा भिन्न क्षेत्र में विशेष योगदान देने के लिए , समाज सेवा के क्षेत्र में   सुनीता अम्बोरे (एस.आई.ई.एस. कॉलेज, नेरुल) ,संगीत कला के क्षेत्र में   मंजू सिंह (तोलानी कॉलेज) एवं  ममता राजपूत (बी.के. बिरला पब्लिक स्कूल, कल्याण) , खेल के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए  बबीता बलवंत सिंह (साईं नाथ जूनियर कॉलेज, वाशी) ,
लेखन के क्षेत्र में डॉ. दिनेश कुमार (सिद्धार्थ कॉलेज, फोर्ट), तथा पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में विशेष योगदान के लिए  नामदार राही को शाल, श्रीफल एवं ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में लोकगीतों की मधुर श्रृंखला को सुव्यवस्थित रूप से आगे बढ़ाने का संचालन सुप्रसिद्ध लोकगीत गायिका  संध्या मिश्रा ने किया। कनिष्ठ महाविद्यालय के शिक्षकों ने विभिन्न लोकगीतों को स्वरबद्ध कर प्रस्तुत किया और अपने गायन से कार्यक्रम को अत्यंत भावपूर्ण और उत्सवमय बना दिया। कार्यक्रम के अंत में संकल्प साहित्य कला मंच की चारों संयोजिकाओं के द्वारा सभी अतिथियों, प्रतिभागियों , सम्मानमूर्ति एवं उपस्थित साहित्यप्रेमियों के प्रति हार्दिक धन्यवाद ज्ञापित किया गया।
अभ्युदय नगर हिंदी शाला के 8 विद्यार्थियों को मिला राज्य स्काउट पुरस्कार
मुंबई। महाराष्ट्र राज्य भारत स्काऊटस और गाईड्स की तरफ से 24 फरवरी से 27 फरवरी की अवधि में जिला प्रशिक्षण केंद्र फिल्टरपाडा पवई, मुंबई में राज्य पुरस्कार चाचणी शिबिर का आयोजन किया गया था | इस शिबिर में एमपीएस अभ्युदय नगर हिंदी शाला के स्काऊट मास्टर नितीन जाधव के मार्गदर्शन में कुल 8 विद्यार्थी सहभागी हुए थे | शिबिर में सहभागी सभी विद्यार्थियों का राज्य स्काऊट पुरस्कार के लिये चयन हुआ है | हिमांशू गुप्ता, शिवमकुमार कापर, राज गुप्ता, शिवा कोरी, करनराज जैसवार, सुजीत गुप्ता, कृष्णकुमार राव, वासुदेव कुमार को महाराष्ट्र राज्य स्काऊट पुरस्कार 2025 –26 मिलने के उपलक्ष पर उन विद्यार्थियों को और उनके स्काऊट मास्टर नितीन जाधव का शाला की मुख्याध्यापिका ज्योती तासगांवकर के हाथों से सत्कार किया गया | खास बात यह है कि विगत तीन सालों से लगातार अभ्युदय नगर शाला के विद्यार्थी राज्य स्काऊट पुरस्कार के लिये चयनित हो रहें है| इस विशेष उपलब्धि के वजह से शाला के सभी विद्यार्थी, शिक्षक और पालकों में खुशी का संचार हुआ है|
संयोग प्रकाशन द्वारा आयोजित अनूठी काव्य गोष्ठी एवं सम्मान समारोह संपन्न
भाईंदर। भाईंदर ( पूर्व ) आर.एन. पी.पार्क ' सांस्कृतिक क्षेत्र ' में व्याप्त चिंतामणि अपार्टमेंट के प्रांगण में  काव्य, कला, संगीत एवं  संयोग प्रकाशन द्वारा अनूठी काव्य गोष्ठी  एवं  सम्मान-समारोह का कार्यक्रम किया गया था। कार्यक्रम का आयोजन देश के हिंदी के 77 वर्षीय मूर्धन्य साहित्यकार, ' संयोग साहित्य  पत्रिका के संपादक कवि, लेखक, गीतकार पं. मुरलीधर पांडेय ने किया था।  गौरतलब है कि, उक्त कार्यक्रम के प्रथम सत्र में मराठी एवं हिंदी के लोकप्रिय कवि वरिष्ठ साहित्यकार  डॉ. लक्ष्मण शिवणेकर, दादासाहेब फाल्के सम्मान 'से सम्मानित गौरी त्रिपाठी, सुप्रसिध्द गायिका बासबी सामंत को शॉल, पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया गया। दूसरे सत्र में काव्य-गोष्ठी में मार्कण्डेय त्रिपाठी, अनिल गौड़, रामकुमार वर्मा, डॉ. ओमप्रकाश तिवारी, पं. मुरलीधर पांडेय , गिरिजाशंकर त्रिपाठी, डॉ. लक्ष्मण शिवणेकर एवं सतीश शुक्ला ' रक़ीब ' ने कविताओं, गीतों, ग़ज़लों से शमां बांध दिया। ' झील के उस पार कोई, गीत गाता जा रहा है। प्यार को दर्पण में देखो, दिल समाता जा रहा है। ' पं. मुरलीधर पांडेय ने तरन्नुम में गीत पढ़कर मेहफ़िल में चार चांद लगा दिए। सभी अतिथियों का स्वागत पत्रकार सुभाष पांडेय ने किया। कार्यक्रम के ' मुख्य अतिथि ' के रूप में गिरिजाशंकर त्रिपाठी उपस्थित थे तथा कार्यक्रम की ' अध्यक्षता ' सतीश शुक्ला ' रक़ीब ' ने किया। कार्यक्रम का ' संचालन एवं आभार ' कार्यक्रम के आयोजन पं. मुरलीधर पांडेय ने किया।
केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी के खिलाफ उत्तर मध्य मुंबई यूथ कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन

एपस्टीन से संबंधों और एलपीजी गैस की किल्लत को लेकर मांगा इस्तीफा

मुंबई। मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष सांसद वर्षा गायकवाड़ तथा मुंबई यूथ कांग्रेस अध्यक्ष जीनत सबरीन के मार्गदर्शन तथा उत्तर मध्य मुंबई यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष निखिल रूपारेल के नेतृत्व में हजारों कार्यकर्ताओं ने पाठक कॉलेज, वाकोला, सांताक्रूज़ पूर्व में केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप पुरी के बाल यौन शोषण के शैतान एप्सटीन से करीबी संबंधों और एलपीजी गैस सिलेंडर की भारी किल्लत के विरोध में मोर्चा निकाला। इस विरोध मोर्चा में उत्तर मध्य मुंबई जिला अध्यक्ष अरशद आजमी तथा मुंबई महिला कांग्रेस की महासचिव प्रीति बी चोकसी विशेष रूप से शामिल रहे। यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और सरकार पर एप्सटीन फाइल जैसे गंभीर मामले को दबाने का आरोप लगाया। यूथ कांग्रेस ने इस मामले की पारदर्शी जांच कराने के साथ-साथ सरकार को इसकी जवाबदेही तय करने की मांग की। निखिल रूपारेल ने कहा कि केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी ने सार्वजनिक रूप से कबूल किया है कि वह एप्सटीन से कई बार मिल चुके हैं। ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर उनके और एप्सटीन के बीच किस बात की डील हुई और वह किसके प्रतिनिधि के रूप में उससे मिल रहे थे? उन्होंने कहा कि एलपीजी गैस की किल्लत के चलते लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, जिसके लिए केंद्र सरकार पूरी तरह से जिम्मेदार है। श्री रूपारेल ने कहा कि हरदीप पुरी को नैतिक आधार पर तत्काल अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए।
उत्तर भारतीय संघ की फूलों की होली में दिखा सामाजिक एकता का संगम


मुंबई। बांद्रा पूर्व स्थित उत्तर भारतीय संघ भवन में शनिवार को उत्तर भारतीय संघ की ओर से भव्य होली स्नेह सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में समाज के लोग एकत्रित हुए और फूलों की होली खेलते हुए एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। गीत-संगीत और पारंपरिक मिलन के माहौल से पूरा परिसर रंग और उत्साह से सराबोर हो गया। इस अवसर पर अध्यक्ष संतोष आरएन सिंह ने सभी को होली की शुभकामनांए दी और आम उत्तरभारतीय के प्रति संघ की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए कहा कि समाज के आखिरी पायदान पर खड़े व्यक्ति के साथ संघ हमेशा डटा रहेगा।

कार्यक्रम के दौरान उत्तर भारतीय संघ के अध्यक्ष संतोष आरएन सिंह ने भाजपा विधायक राजहंस सिंह का विशेष रूप से सम्मान किया गया ।  इस मौके पर राजहंस सिंह ने कहा कि वे उत्तर भारतीय समाज का प्रतिनिधित्व करते हैं, इसलिए समाज के प्रति उनकी जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि समाज के विकास और उसकी समस्याओं के समाधान के लिए वे हर संभव प्रयास करेंगे।

कार्यक्रम के दौरान समाजसेवा के कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए कई लोगों ने सहयोग भी दिया। विशाल सिंह ने पांच लाख रुपए का चेक देकर संघ के विशेष ट्रस्टी बनने की घोषणा की। विशाल सिंह के पिता अशोक सिंह ने कहा कि उत्तर भारतीय संघ को मजबूत बनाने में बाबू आरएन सिंह का महत्वपूर्ण योगदान रहा है और उनके प्रयासों से ही संस्था लगातार आगे बढ़ी। समारोह में सांस्कृतिक रंग भी खूब देखने को मिला। गायक राकेश तिवारी और उनकी टीम ने पारंपरिक और लोकप्रिय होली गीतों की शानदार प्रस्तुति देकर माहौल को और अधिक रंगीन बना दिया।

कार्यक्रम के समापन पर प्रीति भोज (बाटी-चोखा) का आयोजन किया गया, जिसमें उपस्थित लोगों ने बड़े उत्साह से भाग लिया। इस अवसर पर आरटीआई एक्टिविस्ट अनिल गलगली, रामबक्श सिंह, कृष्णामणि शुक्ला, विजय सिंह (मालाड), शिवनारायण सिंह, जसवंत यादव, सुरेश दुबे, रमेश बहादुर सिंह, संजय सिंह, डॉ. किशोर सिंह, देवेंद्र तिवारी, अशोक दुबे, अवनीश सिंह, बीड़ी सिंह, ओमप्रकाश सिंह, श्रीनिवास तिवारी, अजय कुमार सिंह, अंतेश सिंह, नंदलाल उपाध्याय, राजेश सिंह, संजू सिंह, सीताराम यादव, प्रह्लाद पांडेय, रामनयन शर्मा, रेणू मल्लाह, विजय सिंह, अनुराग त्रिपाठी, आदित्य दुबे, विशाल सिंह, आदित्य सिंह सहित समाज के अनेक गणमान्य लोग, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में उत्तर भारतीय समाज के सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन संघ के महामंत्री देवेंद्र तिवारी ने किया।
संगीत साहित्य मंच की काव्यगोष्ठी में निडर जौनपुरी का किया गया सम्मान


ठाणे। साहित्यिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक संस्था संगीत साहित्य मंच द्वारा निरंतर की जाने वाली मासिक काव्यगोष्ठी शनिवार 14 मार्च 2026 को किया गया।उक्त आयोजन संस्था संयोजक रामजीत गुप्ता के आवास पर विजयपार्क कासार वडवली ठाणे पश्चिम में किया गया।मुख्य अतिथि के रूप में गजलकार एन बी सिंह "नादान" त्रिलोचन सिंह अरोरा की उपस्थिति तथा सुप्रसिद्ध गीत गजलकार निडर जौनपुरी की अध्यक्षता और उमेश मिश्र प्रभाकर के संचालन मे सम्पन्न हुई।कार्यक्रम का शुभारम्भ सदाशिव चतुर्वेदी "मधुर" द्वारा माँ सरस्वती की वंदना से हुई। उपस्थित साहित्यकारों में  रामप्यारे रघुवंशी,अजय सिंह, शारदा प्रसाद दुबे,अरुण मिश्र अनुरागी,रामजीत गुप्त,सदाशिव चतुर्वेदी मधुर,उमेश मिश्र प्रभाकर एवं नीरज शर्मा रहे।सभी ने अपनी-अपनी श्रृंगार रस,वियोग भाव,भक्ति रस, राष्ट्रभक्ति, हिफ़न्दी,अवधी,भोजपुरी आदि विधाओं और भाषाओं में प्रमुख रचनाएं प्रस्तुत की।

कार्यक्रम में अध्यक्षता कर रहे  निडर जौनपुरी ने अपने बेहतरीन अंदाज़ में कई मुक्तक,अवधी भोजपुरी और पारंपरिक रचनाएं पढ़कर कवियों को आनन्द विभोर कर दिया और अपने उद्बोधन में गोष्ठी की निरन्तरता के लिए शुभकामनायें प्रदान किया।जौनपुर से पधारे निडर जी का सम्मान संयोजक, सहसंयोजक,मंच संचालक तथा अतिथियों ने शाल,संस्था का स्कार्फ,पुष्पगुच्छ और विशेष सम्मानपत्र देकर सम्मानित किया।कार्यक्रम के अंत मे  सहसंयोजक मधुर ने सभी का धन्यवाद एवं आभार व्यक्त करके कार्यक्रम का समापन किया।
उत्कृष्ट सामाजिक कार्यों के लिए डॉ. मंजू लोढ़ा दो प्रतिष्ठित पुरस्कारों से सम्मानित
मुंबई। प्रख्यात समाजसेवी एवं लोढ़ा फाउंडेशन की चेयरपर्सन डॉ. मंजू मंगलप्रभात लोढ़ा को मार्च महिने में उनके उत्कृष्ट सामाजिक कार्यों के लिए दो प्रतिष्ठित सम्मानों से सम्मानित किया गया। उन्हें “भारत भाग्य विधाता – राष्ट्र प्रथम, फीलिंग प्राइड ऑफ इंडिया सोशल वेलफेयर अवॉर्ड” से नवाज़ा गया, जो समाज सेवा और जनकल्याण के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान की सराहना में प्रदान किया गया। इसके साथ ही डॉ. मंजू लोढ़ा को “महाराष्ट्र रत्न पुरस्कार 2026” से भी सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें समाज के विभिन्न क्षेत्रों में निरंतर किए जा रहे सेवा कार्यों और समाज के प्रति उनके समर्पण को देखते हुए प्रदान किया गया।
डॉ. मंजू लोढ़ा शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण और समाज के वंचित वर्गों के उत्थान के लिए लगातार कार्य कर रही हैं। उनके प्रयासों से अनेक लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। इस अवसर पर डॉ. मंजू लोढ़ा ने आयोजकों और सभी शुभचिंतकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उन्हें समाज सेवा के मार्ग पर और अधिक समर्पण और प्रेरणा के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करता है। इस वर्ष का यह उनका सातवां अवार्ड है
डाॅ. श्यामसुंदर शर्मा द्वारा लिखित सरल श्रीमद्भगवद्गीता चिरायु गीता का विमोचन संपन्न
वसई । नालासोपारा आयुर्वेद मेडिकल कॉलेज मे डॉ.श्यामसुंदर शर्मा द्वारा लिखित सरल श्रीमद्भगवद्गीता "चिरायू गीता" इस पुस्तक का विमोचन समारोह आयोजित हुआ.  कार्यक्रम की शुरुवात सभी मान्यवरों द्वारा भगवान धन्वंतरी पूजन, स्तवन  एवं दीपप्रज्वलन से की गई l पुस्तक विमोचन कार्यक्रम के विशेष अतिथी भूतपूर्व एअर फोर्स अफसर वर्तमान में भारत सरकार के श्रम मंत्रालय ESIC के डायरेक्टर कामेश्वर दुबे थे l महाविद्यालय के डायरेक्टर डॉ. ओमप्रकाश दुबे इन्होने डॉक्टर श्यामसुंदर शर्मा को हार्दिक बधाई देते हुए कहा की, "एक आयुर्वेद तज्ञ लिखित इस "सरल श्रीमद्भगवद्गीता - चिरायू गीता" के लिये शुभसंदेश देने का सौभाग्य मुझे प्राप्त हुआ और हमारे महाविद्यालय में उसका "विमोचन"करने का स्वर्ण अवसर हमे प्राप्त हुआ इसकी मुझे बहुत खुशी है"l कार्यक्रम के विशेष अतिथी कामेश्वर दुबे ने "गीता का सार बताकर जीवन मे "संतोष एवं सफलता" पाने के लिए भगवद्गीता का अभ्यास  बहुत जरुरी है" ऐसे कहाl
संस्था की विश्वस्त डॉ.ऋजुता दुबे इन्होने "भगवद्गीता जीवन का सार है उसका ज्ञान होना बहुत ही आवश्यक है" ऐसे कहा l सरल भगवद्गीता - चिरायू गीता के लेखक डॉ.श्यामसुंदर शर्मा इन्होने कहा की,"आजकल गीता पढने के बारे मे युवा पिढीमें उदासीनता दिखाई दे रही है जो उचित नही. जीवन मे सुखी रहने के लिए दुख में भी सुख ढूंढना आना चाहिये"
इस कार्यक्रम मे महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ.हेमलता शेंडे  सभी अध्यापक, अध्यापकेतर कर्मचारी एवं सभी विद्यार्थी उपस्थित थे। कार्यक्रम का सूत्रसंचालन डॉक्टर पूनम बेहरे इन्होने कियाl
हिंदू मुस्लिम एकता ही हमारे देश की खूबसूरती : इमरान प्रतापगढ़ी

फरहान आजमी द्वारा रोजा इफ्तार पार्टी का भव्य आयोजन

मुंबई। कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के मुंबई प्रदेश अध्यक्ष फरहान आजमी द्वारा आज हज हाउस में इफ्तार पार्टी का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें अल्पसंख्यक विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष तथा महाराष्ट्र से राज्यसभा सांसद इमरान प्रतापगढ़ी, मुंबई कांग्रेस की अध्यक्षा सांसद वर्षा गायकवाड, प्रदेश अल्पसंख्यक विभाग के प्रभारी अहमद खान, विधायक अमीन पटेल, विधायक पूर्व मंत्री असलम शेख, पूर्व विधायक अशोक भाऊ जाधव, मुंबई यूथ कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश यादव, हरगुन सिंह सबरवाल, नगरसेवक सुफियान वनु, जिलाध्यक्ष अरशद आजमी, यूथ कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष जीनत सबरीन, यूथ कांग्रेस के जिला अध्यक्ष निखिल रूपारेल, निजामुद्दीन राईन, अवनीश तीर्थराज सिंह समेत कांग्रेस पार्टी के हजारों कार्यकर्ता इस इफ्तार पार्टी में शामिल हुए।

राज्यसभा सांसद इमरान प्रतापगढ़ी ने इस शानदार इफ्तार पार्टी के लिए कांग्रेस पार्टी अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेश अध्यक्ष फरहान आजमी को बधाई देते हुए कहा कि आज इफ्तार पार्टी में जितने मुस्लिम समाज के लोग दिख रहे हैं, उनसे ज्यादा हमारे हिंदू भाई बहने हैं। यही हमारे हिंदुस्तान की खूबसूरती है। हिंदू मुस्लिम एकता का जो परिचय आज इफ्तार पार्टी में देखने को मिल रहा है, यही गंगा जमुनी तहजीब और भाईचारा इस देश में भी बनाने की जरूरत है ।

उन्होंने कहा कि हम सभी हिंदू मुस्लिम एक होकर इस देश की तरक्की में अपना योगदान दे और देश को मजबूत बनाएं। इमरान प्रतापगढ़ी ने कहा कि भारत विविधताओं का देश है। भिन्न-भिन्न धर्म और जातियों के बावजूद हम सभी एक होकर देश को अखंड और शक्तिशाली बनाते हैं। अंत में कार्यक्रम के आयोजक फरहान आज़मी द्वारा समस्त लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

हटाए जा रहे मुंबई के फेरीवालों का पुनर्वासन आवश्यक : संतोष सिंह
मुंबई। शिवसेना उत्तर भारतीय संगठन मुंबई के उपाध्यक्ष संतोष सिंह ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे तथा मुंबई की महापौर श्रीमती रितु तावडे को पत्र लिखकर फुटपाथ से हटाए जा रहे फेरीवालों के पुनर्वासन की मांग की है। संतोष सिंह ने कहा कि पिछले कई वर्षों से फुटपाथ पर व्यवसाय कर अपने परिवार का पालन पोषण करने वाले फेरीवालों को हटाया जा रहा है, जिससे उनके पूरे परिवार पर गंभीर संकट खड़ा हो गया है। खासकर स्कूलों में पढ़ रहे उनके बच्चों को आगे पढ़ पाना मुश्किल सा हो गया है। पत्र में उन्होंने लिखा है कि मुंबई को स्वस्थ, सुंदर और सुव्यवस्थित बनाने की दिशा में अतिक्रमित फेरीवालों को हटाया जाना जरूरी है ,परंतु मानवीय आधार पर उन्हें रोजी-रोटी से पूरी तरह से बेदखल कर देना उचित नहीं है। ऐसे में इन फेरीवालों का पुनर्वासन उन्हें नई जिंदगी दे सकता है और उनका परिवार भुखमरी के संकट से बाहर निकल सकता है। उन्होंने कहा कि प्रभावित फेरीवालों में सबसे अधिक संख्या उत्तर भारतीयों की है, जो काफी अरसे से फुटपाथ पर व्यवसाय करके अपने परिवार का भरण पोषण कर रहे थे। पुनर्वासन ही ऐसे परिवारों को नया जीवन और जीने का आधार दे सकता है।