काशी नरेश विवि : 5.50 करोड़ से बने भवन में चलेगा कृषि संकाय

छह साल से नहीं हो सका है पदों का सृजन, अभी तक शुरू नहीं हुआ पठन-पाठन


नितेश श्रीवास्तव

भदोही। काशी नरेश राज्य विश्वविद्यालय बनने के बाद कृषि संकाय के संचालन की उम्मीद जग गई है। माना जा रहा है कि विश्वविद्यालय के लिए होने वाले प्राध्यापक और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों की तैनाती के दौरान कृषि संकाय में पद सृजन व तैनाती हो सकती है। इससे छह साल से शोपीस बने भवन में कृषि की पढ़ाई शुरू हो सकती है। सरकार किसानों की आय दोगुनी करने का प्रयास कर रही है। किसानों को सम्मान निधि दी जा रही है तो उनके हित के लिए तमाम योजनाएं चल रही हैं। ऐसे में कृषि की पढ़ाई के लिए काशी नरेश राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय परिसर में कृषि संकाय के संचालन के लिए 2016-17 में योजना तैयार की गई। इसके लिए बजट जारी कर महाविद्यालय के हॉस्टल परिसर में 5.50 करोड़ रुपये की लागत से भवन निर्माण कराया गया। योजना थी कि संकाय में कृषि से जुड़े 13 विषयों की पढ़ाई कराई जाएगी।
कार्यदायी संस्था ने भवन का निर्माण कर साल 2020 में ही महाविद्यालय को हैंडओवर कर दिया।



कृषि संकाय भवन में पढ़ाई शुरू करने के लिए पांच से छह बार शासन को पत्र लिखा गया। पद सृजन का मामला शासन स्तर का है। काशी नरेश विश्वविद्यालय बनने के बाद से पद सृजन की उम्मीद है। इससे अगले वर्ष से पढ़ाई शुरू हो सकती है।

प्रोफेसर रमेश चंद्र यादव प्राचार्य केएनपीजी
नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री श्री ए के शर्मा ने प्रभार जनपद भदोही में रोजगार मेले का किया समापन, वितरित किए नियुक्ति पत्र
83 कंपनियों की सहभागिता, 960 अभ्यर्थियों को मिले ऑफर लेटर


नितेश श्रीवास्तव

भदोही। नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री तथा भदोही जनपद के प्रभारी मंत्री  ए के शर्मा ने अपने जनपद भ्रमण के दौरान काशी नरेश पीजी महाविद्यालय में आयोजित रोजगार मेले में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र एवं ऑफर लेटर प्रदान कर दो दिवसीय रोजगार मेले का समापन किया। रोजगार मेले में बड़ी संख्या में युवाओं की भागीदारी देखने को मिली। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री  शर्मा ने कहा कि इस रोजगार मेले में शामिल होकर उन्हें अत्यंत खुशी हो रही है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान करने के साथ ही उनके भविष्य को नई दिशा देने का कार्य करते हैं।

उन्होंने बताया कि रोजगार मेले में कुल 83 प्रतिष्ठित कंपनियों ने भाग लिया, जिसमें लगभग 4000 युवाओं ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इनमें से 960 अभ्यर्थियों का विभिन्न कंपनियों में चयन हुआ और उन्हें मौके पर ही नियुक्ति पत्र एवं ऑफर लेटर प्रदान किए गए। ऑफर लेटर प्राप्त करते ही चयनित अभ्यर्थियों के चेहरों पर खुशी और आत्मविश्वास साफ दिखाई दे रहा था।मंत्री श्री शर्मा ने चयनित अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उनके जीवन की एक नई शुरुआत है। उन्होंने युवाओं से अपने दायित्वों का ईमानदारी और निष्ठा के साथ निर्वहन करने तथा अपने कौशल को निरंतर बढ़ाते रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि बदलते समय में कौशल विकास अत्यंत महत्वपूर्ण है और जो युवा लगातार सीखने और अपने कौशल को निखारने का प्रयास करते हैं, वही आगे बढ़ते हैं। मंत्री शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्रीऔर मुख्यमंत्री  के नेतृत्व में देश और प्रदेश निरंतर विकास की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। विकास की गति तेज होने के कारण रोजगार और अवसरों की कोई कमी नहीं है।

आवश्यकता केवल युवाओं को अपने कौशल और प्रतिभा को पहचानने तथा उसे सही दिशा में उपयोग करने की है।कार्यक्रम के दौरान शर्मा ने रोजगार मेले का सुनियोजित और व्यवस्थित आयोजन करने के लिए जिला प्रशासन की सराहना की और उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान करने के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर विकास को भी गति देते हैं। इस अवसर पर जिलाधिकारी शैलेश कुमार ने भी चयनित अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के रोजगार मेले युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हैं और इससे युवाओं को अपने कौशल के अनुरूप अवसर प्राप्त होते हैं। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अनिरुद्ध त्रिपाठी, पूर्व विधायक रवींद्र नाथ त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक, जिलाध्यक्ष दीपक मिश्रा, अन्य संबंधित अधिकारी तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं अभ्यर्थी उपस्थित रहे।
गैस सिलेंडरों की घटतौली, मुनाफाखोरी व अवैध भंडारण पर होगी कड़ी कार्रवाई : जिलाधिकारी

नितेश श्रीवास्तव

भदोही। जिलाधिकारी शैलेष कुमार की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद के लगभग 40 गैस एजेंसी संचालकों, जनपदीय बिक्री अधिकारियों, खाद्य एवं रसद विभाग के समस्त अधिकारियों एवं पूर्ति निरीक्षकों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई।


बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी स्थिति में घरेलू गैस सिलेंडरों में घटतौली, मुनाफाखोरी अथवा अवैध भंडारण/संग्रहण की शिकायत नहीं मिलनी चाहिए। यदि ऐसा पाया जाता है तो संबंधित के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 की धारा 3/7 के अंतर्गत कठोर विधिक कार्रवाई की जाएगी। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने अवगत कराया कि वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों को दृष्टिगत रखते हुए जनपद के उपभोक्ताओं को ईंधन की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए जनपद में संचालित 42 गैस एजेंसियों के माध्यम से घरेलू गैस सिलेंडरों की सतत आपूर्ति कराई जा रही है। उन्होंने बताया कि विगत महीनों की भांति ही उपभोक्ताओं की बुकिंग के सापेक्ष निर्धारित समयावधि में होम डिलीवरी के माध्यम से गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं तथा जनपद में ईंधन आपूर्ति को लेकर किसी प्रकार की समस्या नहीं है।


जिलाधिकारी ने सभी उपभोक्ताओं से अपील करते हुए कहा कि कोई भी व्यक्ति अनावश्यक रूप से गैस सिलेंडरों का संग्रहण (होर्डिंग) न करे और न ही किसी गैस एजेंसी पर नियमों के विरुद्ध मांग प्रस्तुत करें।उन्होंने कहा कि उक्त निर्देशों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए पुलिस बल को भी आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि उपभोक्ता केवल उत्तर प्रदेश शासन एवं जनपद प्रशासन द्वारा जारी की जाने वाली आधिकारिक सूचनाओं पर ही विश्वास करें तथा ईंधन आपूर्ति से संबंधित किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। जनपद प्रशासन सभी उपभोक्ताओं को समयबद्ध रूप से ईंधन आपूर्ति सुनिश्चित कराने के लिए पूर्ण रूप से संवेदनशील एवं प्रतिबद्ध है। अतः आमजन किसी भी प्रकार की अफवाह से प्रभावित न हों और अनावश्यक रूप से गैस सिलेंडर, पे भंडारण न करें।


बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) कुंवर वीरेंद्र मौर्य, जिला पूर्ति अधिकारी, संबंधित सप्लाई इंस्पेक्टर, विभिन्न गैस एजेंसियों के संचालक तथा एचपी, भारत और इंडेन गैस कंपनियों के क्षेत्रीय प्रबंधक सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
भदोही के क्रिकेटर हर्ष दुबे को मिलेंगे तीन पुरस्कार
15 को सम्मानित करेगा बीसीसीआई



नितेश श्रीवास्तव

भदोही। भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल व शिवम दुबे के बाद जनपद के गेंदबाज हर्ष दुबे क्रिकेट जगत में चमक बिखेर रहे हैं। गोपीगंज के तिलंगा गांव के हर्ष दुबे को भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) की ओर से तीन अलग-अलग कैटेगरी में पुरस्कृत किया जाएगा। 15 मार्च को नई दिल्ली में आयोजित वार्षिक पुरस्कार समारोह में उन्हें सम्मानित किया जाएगा। विदर्भ क्रिकेट टीम की तरफ से खेलने वाले हर्ष दुबे ने 2024-25 सत्र में एलीट वर्ग में रिकॉर्ड 69 विकेट लिए थे।


सर्वाधिक विकेट लेने पर हर्ष दुबे को प्रतिष्ठित माधवराव सिंधिया पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। पूरे सत्र में शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए प्रसिद्ध लाला अमरनाथ पुरस्कार (सर्वश्रेष्ठ ऑलराउंडर) और नमन अवार्ड 2024-2025 के लिए भी चयनित किया गया है। उनकी यह उपलब्धि जनपद के अलावा विदर्भ क्रिकेट के लिए गौरव का विषय है।
हर्ष दुबे के बड़े पिता राजेंद्र दुबे और उनकी बड़ी मम्मी निर्मला देवी ने बताया कि बेटे की इस उपलब्धि से पूरा क्षेत्र गौरवान्वित महसूस कर रहा है।
*अदा की गई अलविदा की नमाज मस्जिदो मे उमड़ी भीड़*
नितेश श्रीवास्तव

भदोही। गोपीगंज नगर व ग्रामीण क्षेत्रों रमजान माह की आखिरी जुमा (अलविदा) की नमाज सकुशल संपन्न हो गई l गोपीगंज जामा मस्जिद,मदीना मस्जिद,शाही मस्जिद,मुजाहिद मस्जिद, फैजाने मदीना सहित अन्य मस्जिदो मे अकीदत व एहतराम के साथ नमाज अदा की गईl
जामा मस्जिद गोपीगंज मे पेश इमाम हाफिज अनिशुल कादरी, मदीना मस्जिद में हाफिज गुलाम मुर्तुजा,शाही मसजिद सराय महाल मे हाफीज मोहम्मद अवैश,अलीनगर फैजाने मदीना मस्जिद मो अता अत्तारी,मुजाहिद मस्जिद नई बस्ती में पेश इमाम वैश मिस्बाही ने नमाज अदा कराईlग्रामीण क्षेत्र पूरे गुलाब मेवड़ापुर मे गुलाम जिलानी, जामा मस्जिद चकसहाब मे हाफिज फजल व मौलाना हफीज ,बरजी खुर्द मे मौलाना दिलावर,खानापुर गांधी मे मौलाना फतेह मोहम्मद के इमामत मे अलविदा की नमाज अदा की गईlइसके साथ ही भगवतपुर,गहरपुर, गिराई, अमवा,लालानगर मे भी अलविदा की नमाज पढ़ी गईl सुरक्षा व्यवस्था के तहत पुलिस क्षेत्राधिकारी प्रभात राय,प्रभारी निरीक्षक शैलेश राय ,चौकी प्रभारी बड़ी संख्या में पुलिस व पीएसी बल के साथ मौजूद रहेl नगर पालिका परिषद द्वारा सफाई पेयजल आदि की विशेष व्यवस्था की गई थीl **
भदोही पुलिस ने 150 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद कर उनके स्वामियों को लौटाए

भदोही।पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में जनपद में गुम हुए मोबाइल फोनों की बरामदगी हेतु चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस ने 150 मोबाइल फोन बरामद किए। इन मोबाइल फोनों की अनुमानित कीमत लगभग 25,50,000 रुपये है।

पुलिस अधीक्षक ने रिजर्व पुलिस लाइन्स, ज्ञानपुर के सभागार में बरामद मोबाइल फोन उनके वास्तविक स्वामियों को सौंपे। मोबाइल वापस पाने के बाद स्वामियों ने पुलिस टीम को धन्यवाद दिया और उनकी सराहना की।

अपर पुलिस अधीक्षक  शुभम अग्रवाल के मार्गदर्शन में सभी थानों के कंप्यूटर ऑपरेटरों ने CEIR पोर्टल, जनसुनवाई और डायल 112 के माध्यम से त्वरित कार्रवाई कर मोबाइल की बरामदगी को और प्रभावी बनाया।खोये व गुम हुए मोबाइल पाकर मोबाइल स्वामियों के चेहरें खिल उठे,सभी उपभोक्ताओं ने भदोही पुलिस को धन्यवाद दिया।
ईरान-इस्राइल युद्ध : 12 साल बाद गैस गोदामों पर 500 मीटर तक लगी लंबी कतार

*व्यावसायिक सिलिंडरों की आपूर्ति बंद, घरेलू की बुकिंग तीन गुना बढ़ी, आनलाइन बुकिंग का सर्वर फेल*

नितेश श्रीवास्तव

भदोही। ईरान-इस्राइल युद्ध के बीच कालीन नगरी में एलपीजी घरेलू गैस सिलिंडर की मांग तीन गुना बढ़ गई है। व्यावसायिक सिलिंडरों की आपूर्ति बंद होने के बाद होटल, ढाबा और मिठाई दुकानदार अब घरेलू सिलेंडर का इस्तेमाल कर रहे हैं। 12 साल बाद एक बार फिर एजेंसियों के गोदामों पर 500 मीटर लंबी कतार देखने को मिली। ऑनलाइन बुकिंग का सर्वर फेल होने के कारण उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ गई है। एजेंसी संचालकों के मोबाइल नॉट रिचएबल बता रहा है। जिले में भारत गैस, इंडियन ऑयल और एचपी की 40 एजेंसियां हैं। इससे 2.07 लाख उज्ज्वला और तीन लाख सामान्य उपभोक्ता जुड़े हैं। युद्ध के कारण विश्व में गैस, तेल की आपूर्ति प्रभावित होने का अंदेशा है। सोशल मीडिया पर अफवाह उड़ते ही आपूर्ति कम होने के पहले ज्ञानपुर नगर में स्थित एक एजेंसी पर ग्राहकों की लंबी कतार लग गई। कुछ लोगों को ही सिलिंडर मिला। कुछ लोग बिना लिए ही वापस लौट गए। कुछ इसी तरह गोपीगंज, अभोली, भदोही स्थित एजेंसियों पर दिखा। एजेंसी संचालकों ने बताया कि पहले एक दिन में 400 से 500 सिलिंडरों की मांग होती थी। बीते चार-पांच दिनों से मांग एक हजार तक पहुंच गई है। मांग में बढ़ोतरी के सापेक्ष आपूर्ति 50 फीसदी तक ही हो रही है। गोपीगंज नगर में बेबी बानो, करीम, शिवशंकर चौबे, रवि गुप्ता ने बताया कि करीब एक सप्ताह के इंतजार के बाद भी गैस सिलिंडर नहीं मिल रहा है।


सहालग, रमजान के कारण रिफिलिंग की बढ़ी मांग
इन दिनों सहालग के साथ रमजान भी चल रहा है। इस कारण भी घरेलू गैस सिलिंडर की मांग बढ़ी है। शादी के आयोजनों में व्यावसायिक सिलिंडर की आपूर्ति बंद होने से घरेलू सिलिंडर का ज्यादा प्रयोग हो रहा है। इस कारण एजेंसियों और गोदामों पर भीड़ बढ़ गई है। एलपीजी गैस डिस्ट्रीब्यूशन एसोसिएशन के अध्यक्ष अरुण मिश्रा ने बताया कि लोग पैनिक होकर बुकिंग करा रहे हैं। इससे एजेंसियो पर भीड़ बढ़ी है। पहले हर गाड़ी में 10 से 12 व्यावसायिक सिलिंडर आते थे, अब नहीं आ रहे हैं।
होटल कारोबारियों की बात
सरकार को जल्द से जल्द व्यावसायिक सिलिंडरो की आपूर्ति शुरू करानी चाहिए। ऐसा नहीं होने पर रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो जाएगा। रेस्टोरेंट और होटल बंद हो सकते हैं। वैकल्पिक व्यवस्था से काम चलाया जा रहा है। दो से तीन दिन बाद संकट और बढ़ जाएगा। - संजय उमर वैश्य, रेस्टोरेंट संचालक

व्यावसायिक सिलिंडर नहीं मिल रहा है। एजेंसी संचालकों ने मोबाइल बंद कर दिए हैं। अधिक कीमत देने के बाद भी नहीं मिल रहा है। जो सिलिंडर लगा है उसके खत्म होने के बाद होटल बंद करने की नौबत आ जाएगी।
- विजय कुमार चौरसिया, होटल संचालक
जिनके यहां शादी पड़ी है उनके माथे पर बल पड़ गया है। सिलिंडर जिसके पास है वह काला बाजारी कर रहा है। एक-दो दिन में स्थिति बिगड़ने की संभावना है। - आरिफ अंसारी, मैरिज लान संचालक
स्कूलों में लकड़ी से एमडीएम बनाने पर रोक है। बुधवार को विद्यालय का सिलेंडर खत्म हो गया। एजेंसी पर नहीं मिलने के कारण घर से सिलिंडर लाकर एमडीएम बनवाया गया। आपूर्ति नहीं सुधरी तो विद्यालयों में एमडीएम बनाने में दिक्कत होगी। - सुधीर सिंह, प्रधानाध्यापक, प्राथमिक विद्यालय पड़ाव।

जिले में फिलहाल सिलिंडर आपूर्ति में कोई संकट नहीं है। लोग पैनिक होकर बुकिंग कर रहे हैं। पांच मार्च तक की बुकिंग वाले ग्राहकों को सिलिंडर मिल चुका है। व्यावसायिक सिलिंडर की आपूर्ति शासन से बंद कर दी गई है। कई एजेंसियों पर नजर रखी जा रही है ताकि कालाबाजारी न हो सके। - सुनील कुमार, डीएसओ।

40 एजेंसी जनपद में करती है सिलिंडर वितरण
5.10 लाख घरेलू उपभोक्ता हैं जिले में
15 हजार व्यावसायिक सिलिंडर के उपभोक्ता हैं
ईरान - इस्त्राइल जंग 24 घंटे बजता है सायरन ,बंकर बना सुरक्षित ठिकाना

*ईरान - इस्त्राइल जंग ने बढ़ाई टेंशन,दो साल पहले इस्त्राइल ग‌ए थे श्रमिक*




रिपोर्टर - नितेश श्रीवास्तव

भदोही। इस्राइल और ईरान के बीच जारी युद्ध में जिले के 14 मजदूर इस्राइल में फंस गए हैं। ये मजदूर जिले के अलग-अलग क्षेत्र के रहने वाले हैं। सभी तेल अवीव के पास रमाला शहर में काम कर रहे थे। युद्ध के बाद से उनके परिवार में चिंता है, हालांकि मजदूरों ने वीडियो कॉल से सुरक्षित होने की जानकारी दी है। ज्ञानपुर बैराखास के रहने वाले सुनील विश्वकर्मा बताते हैं। उनके भाई अनिल विश्वकर्मा दो साल पहले इस्राइल गए हैं। वह कारपेंटर (शटरिंग) का काम करने वहां गए हैं। वह येरूसलम के पास के एक शहर में रहते हैं। वह बताते हैं कि खतरा जिस क्षेत्र में बढ़ता है, वहां सायरन बजता है। फोन पर भी सरकार का अलर्ट जारी होता है। पहले की तुलना में इस बार हमले अधिक हो रहे हैं। ईरानी मिसाइलों को आसमान में ही गिरा दिया जा रहा है। अलर्ट पर बंकरों में लोग छिपते हैं। बैराखास के ही रहने वाले भाईलाल विश्वकर्मा और उनका परिवार भी बेहद चिंतित है। उनके भाई रामसूरत इस्राइल करीब डेढ़ साल पहले गए थे। वह तेल अवीव में रह रहे हैं। रामसूरत ने वीडियो कॉलिंग में बताया कि अभी यहां पर छुट्टी चल रही है। उनके सामने ही मिसाइलों को गिराया जा रहा है। इस्राइल की प्रतिरक्षा प्रणाली मजबूत है। उन्होंने कहा कि वे अपनी आंखों से इन घटनाओं को देख रहे हैं। इससे खतरे की कोई बात नहीं है। भुसौला गांव के रहने वाले अंजीत बिंद 15 मई 2024 को इस्राइल गए हैं। वह राज मिस्त्री का काम करते हैं। वह इस्राइल के सलाम शहर में है। परिवार से उनकी लगातार बातचीत होती है। उन्होंने वीडियो कॉल पर बताया कि इस्राइल पर दागी जाने वाली मिसाइलें और बम अक्सर आसमान में ही निष्क्रिय कर दिए जाते हैं।



युद्ध की खबर से घर वाले हैं परेशान
इजराइल गए रामसूरत विश्वकर्मा की भाभी संगीता देवी ने बताया कि देवर से प्रतिदिन वीडियो काल से बात हो रही है। उसने बताया कि यहां कोई दिक्कत नहीं है, लेकिन युद्ध के नाम से ही मन में भय बना रहता है। पूर्व में भी युद्ध हुए थे, लेकिन इस बार कई देशों से एक साथ हो रहा है।


ये श्रमिक गए हैं इस्राइल
ज्ञानपुर के भुसौला के अंजीत बिंद
भदोही के जलालपुर के राजू
पिलखनी के मोहन और प्रेमसागर
बरैला के अरूण कुमार
बैराखास के अनिल विश्वकर्मा व रामसूरत विश्वकर्मा
औराई के चंद्रपुरा के अजय प्रकाश
संवरपुर के जयसिंह चौहान
लालीपुर के शिव प्रसाद
मधईपुर के महादेव
बलीपुर के भानु प्रताप
गैस एजेंसी पर पहुंचे सैकड़ों ग्राहक
*सिलेंडर की किल्लत की अफवाह पर पहुंचे थे लोग, जिलापूर्ति अधिकारी ने समझाकर लोगों को लौटाया*



रिपोर्ट -‌ नितेश श्रीवास्तव

भदोही। ईरान और इजरायल युद्ध के बीच जंग जारी है। इस बीच, सोशल मीडिया पर कुछ लोगों द्वारा अफवाहों को बढ़ाया दिया जा रहा है। इसके कारण ज्ञानपुर नगर के एक गैस एजेंसी पर बुधवार को ग्राहकों का रेला उमड़ पड़ा। हालांकि अफसरों को समझाने पर वे माने और वापस गए। जिलापूर्ति अधिकारी सुनील कुमार ने बताया कि कालीन नगरी में रसोई गैस की कोई किल्लत नहीं है। सरकार एवं कंपनियों ने बुकिंग का समय बढ़ा कर 15 से 25 दिन कर दिया है। ऐसे में कुछ लोग सोशल प्लेटफार्मों पर तरह-तरह की बातें कर रहे हैं। कहा कि जनपद में कुल 40 गैस एजेंसियां संचालित हैं।हर एजेंसी पर पर्याप्त मात्रा में रसोई गैस उपलब्ध है। कहा कि किसी प्रकार की दिक्कतें हों तो संबंधित से संपर्क कर सकते हैं। लोगों से धैय बनाए रखने का आह्वान किया।बता दें कि ज्ञानपुर नगर के उक्त एजेंसी पर बुधवार को अचानक बड़ी तादात में लोग गैस लेने को पहुंच गए। देखते ही देखते वहां पर काफी तादात में लोग एकत्रित हो गए थे। मामले की जानकारी पर संबंधित विभाग के अफसरों ने लोगों को पहुंच कर समझाया उसके बाद वे माने। उल्लेखनीय है कि जिले में कुल उज्ज्वला योजना 207688 लाभार्थी हैं। उधर, ज्ञानपुर के अलावा भदोही, औराई, सुरियावां, जंगीगंज, गोपीगंज समेत पूरे जनपद में इस तरह की बात सामने नहीं आई। लोग एजेंसियों से पहले की तरह बुकिंग करके रसोई गैस ले रहे हैं। हालांकि इन दिनों गैस बुक कराने वालों की तादात ज्यादा देखी जा रही है।
परिषद विद्यालयों में 16 मार्च से होगी वार्षिक परीक्षा
*1.47 लाख बच्चे देंगे परीक्षा,31 को आएगा परिणाम*

रिपोर्टर - नितेश श्रीवास्तव


भदोही। जिले में परिषदीय विद्यालयों में 16 से 20 मार्च तक परीक्षा होगी। पहली से आठवीं तक के एक लाख 47 हजार बच्चे परीक्षा में शामिल होंगे। जबकि 31 मार्च को परिणाम आएगा। इसके बाद नया शिक्षण सत्र शुरू होगा। बता दें कि जिले में 885 प्राथमिक, पूर्व माध्यमिक और कंपोजिट विद्यालय है। इनमें करीब एक लाख 47 हजार छात्र-छात्राएं हैं। हाईस्कूल, इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा, सीबीएसई और संस्कृत बोर्ड की परीक्षाएं समाप्ति की ओर हैं। ऐसे में शिक्षा निदेशालय ने पहली से आठवीं तक की वार्षिक परीक्षा की समय सारिणी को जारी कर दिया। 16 से 20 मार्च तक परिषदीय विद्यालयों में परीक्षा कराई जाएगी।परीक्षा के लिए मॉडल प्रश्न पत्र जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान द्वारा तैयार कराकर बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) को दिया जाएगा। बीएसए इसका मुद्रण कराकर विद्यालयों में वितरण कराएंगे। कक्षा एक की वार्षिक परीक्षा मौखिक होगी। कक्षा दो से पांच की परीक्षा लिखित और मौखिक दोनों माध्यम से होगी। दो एवं तीन में इसका अधिभार 50-50 फीसदी होगा। वहीं, कक्षा चार तथा पांच में क्रमश: 70 एवं 30 का होगा। लिखित परीक्षा 50 नंबर की होगी। लिखित परीक्षा दो घंटे की होगी जबकि मौखिक परीक्षा के लिए प्रधानाध्यापक आवश्यकतानुसार समय तय करेंगे।बेसिक शिक्षा निदेशक प्रताप सिंह बघेल का पत्र आते ही बेसिक शिक्षा विभाग ने तैयारी को शुरू कर दिया है। 25 मार्च को कॉपियों को जांचा जाएगा। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शिवम पांडेय ने कहा कि परीक्षा की समय सारिणी मिली है। बताया कि इस बार परीक्षा में कई बदलाव किए गए हैं। वार्षिक परीक्षा और उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन होने के बाद परीक्षाफल जारी करने के दौरान विद्यार्थियों के अभिभावकों की बैठक होगी। इसमें मूल्यांकन की गई उत्तर पुस्तिकाएं दिखाई जाएंगी। इसके बाद ही परीक्षाफल जारी होगा।