अपर पुलिस अधीक्षक गोण्डा द्वारा पुलिस उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा के दृष्टिगत परीक्षा केन्द्रों का किया गया निरीक्षण
गोण्डा। आज  12.03.2026 को पुलिस अधीक्षक गोण्डा  विनीत जायसवाल के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक गोण्डा  मनोज कुमार रावत द्वारा आगामी 14 व 15 मार्च 2026 को उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड, लखनऊ द्वारा आयोजित पुलिस उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के दृष्टिगत जनपद के विभिन्न परीक्षा केन्द्रों का निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक द्वारा परीक्षा कक्षों, सीसीटीवी कैमरों, प्रवेश द्वार, अभ्यर्थियों की चेकिंग व्यवस्था तथा सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया। इस दौरान केन्द्र व्यवस्थापकों, सेक्टर मजिस्ट्रेटों एवं ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों/कर्मचारियों को परीक्षा को शुचितापूर्ण, सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
साथ ही निर्देशित किया गया कि परीक्षा केन्द्रों पर अभ्यर्थियों की सघन चेकिंग की जाए तथा किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि पर सतर्क दृष्टि रखी जाए।

जनपद स्तर पर स्थापित कंट्रोल रूम द्वारा भी सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से परीक्षा के दौरान लगातार निगरानी रखी जाएगी तथा सोशल मीडिया सेल द्वारा विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफार्मों पर भी सतत् मॉनिटरिंग की जा रही है।
गोण्डा पुलिस द्वारा जनपद के समस्त थानों में यक्ष-एप के माध्यम से अपराधियों का वृहद सत्यापन अभियान चलाया गया, कुल 7872 अपराधियों का किया गया सत्य

गोण्डा। पुलिस अधीक्षक गोण्डा के कुशल निर्देशन में जनपद में अपराध नियंत्रण एवं कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाये रखने के उद्देश्य से एक विशेष सत्यापन अभियान चलाया गया। उक्त अभियान के अंतर्गत जनपद के समस्त थानों द्वारा चिन्हित अपराधियों एवं अभियुक्तों का मौके पर जाकर यक्ष-एप (Yaksh App) के माध्यम से भौतिक सत्यापन किया गया।

*यक्ष-एप (Yaksh App)-* उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा विकसित एक आधुनिक डिजिटल एप्लीकेशन है, जिसके माध्यम से अपराधियों, हिस्ट्रीशीटरों तथा वांछित अभियुक्तों का त्वरित सत्यापन, उनकी वर्तमान स्थिति का अद्यतन रिकॉर्ड तथा उनकी गतिविधियों की निगरानी ऑनलाइन की जाती है। इस एप के माध्यम से पुलिस कर्मी मौके पर ही अपराधियों की पहचान, फोटो, लोकेशन व अन्य विवरण को अपडेट कर सकते हैं, जिससे अपराधियों पर प्रभावी निगरानी रखना, उनकी गतिविधियों का विश्लेषण करना तथा आवश्यक होने पर त्वरित पुलिस कार्रवाई करना अधिक सरल एवं प्रभावी हो जाता है। यह व्यवस्था पुलिस कार्य को अधिक पारदर्शी, त्वरित एवं तकनीक आधारित बनाती है।

इस अभियान के दौरान जनपद के विभिन्न थानों द्वारा कुल *7872* अपराधियों का सत्यापन किया जा चुका है। थाना वार सत्यापन का विवरण निम्नवत है—
• कोतवाली नगर – 880
• कोतवाली देहात – 861
• खरगूपुर – 426
• इटियाथोक – 498
• मोतीगंज – 389
• धानेपुर – 490
• मनकापुर – 549
• छपिया – 350
• खोड़ारे – 260
• कर्नलगंज – 553
• कटरा बाजार – 394
• परसपुर – 426
• कौड़िया – 262
• तरबगंज – 359
• नवाबगंज – 446
• वजीरगंज – 487
• उमरीबेगमगंज – 242
पुलिस अधीक्षक गोण्डा के निर्देशानुसार यह अभियान निरंतर जारी है। समस्त थानों द्वारा शेष चिन्हित अपराधियों का सत्यापन कार्य भी तीव्र गति से कराया जा रहा है। इस कार्यवाही का मुख्य उद्देश्य अपराधियों की वर्तमान स्थिति एवं गतिविधियों की जानकारी प्राप्त कर उन पर प्रभावी निगरानी रखना है, जिससे जनपद में शांति, कानून एवं सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सके।
फर्जी स्कीम का लालच देकर किया ठगी,आधा दर्जन लोगों ने पुलिस अधीक्षक से किया शिकायत
*पुलिस ने दिए जांच के आदेश

गोंडा।जिले में निवेश के नाम पर करोड़ों रुपए की ठगी का मामला सामने आया है।कैनविज इंफ्रा कारपोरेशन इंडिया और कैनविज इंडस्ट्रीज नामक कंपनियों पर फर्जी स्कीम चलाकर सैकड़ो लोगों को ठगने का आरोप है।बुधवार को छ: पीड़ितों ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने और अपनी जमा पूंजी वापस दिलाने की गुहार लगाई है।शिकायतकर्ताओं में सुरेंद्र कुमार, रेनू सिंह और सुरेंद्र प्रताप सिंह शामिल हैं ने बताया कि कन्हैया गुलाटी,राधिका गुलाटी और उनके सहयोगियों ने एक संगठित गिरोह बनाकर ग्रामीणों को लुभावनी योजनाओं का झांसा दिया।कंपनी ने कथित तौर पर दावा किया था कि 16000 रुपये जमा करने पर तीन साल बाद 32000 रुपये मिलेंगे।वहीं 24000 रुपये जमा करने पर 30 महीने तक हर महीने 2000 रुपये देने का लालच दिया गया।प्रार्थना पत्र के अनुसार सुरेंद्र कुमार ने 36 लाख रुपये का निवेश किया था,जिसमें से उन्हें मात्र 20 लाख रुपए वापस मिले हैं,जबकि 16 लाख रुपया अभी तक बकाया है।रेनू सिंह ने एक लाख इक्यावन हजार रुपए,सुरेंद्र प्रताप सिंह ने पांच लाख रुपये और जय प्रकाश ने 36 लाख रुपए का निवेश किया।अन्य पीड़ितों में कौशलेंद्र सिंह ने एक लाख रुपए,शिव शंकर गुप्ता ने तीन लाख रुपये,शिव कुमार गुप्ता ने दो लाख रुपये,अविनाश सोनकर ने एक लाख रुपये,विपिन और अमरेश ने तीन लाख रुपये,राकेश कुमार ने दो लाख पचास हजार रुपये,प्रमोद वर्मा ने तीन लाख नब्बे हजार रुपये,राम किशन यादव ने छत्तीस लाख रुपये,राधेश्याम वर्मा ने छ: लाख रुपये और संजय वर्मा ने 1200000 लाख रुपये लगाए।इसके अतिरिक्त जंगली प्रसाद, राम निहोर वर्मा,बजरंगी, गुड़िया देवी,गौरी प्रसाद साहू,रीना देवी, जमुना प्रसाद,सुधीर कुमार, अशोक कुमार,कृपाशंकर, राम जनक,राम श्रृंगार चतुर्वेदी,बीना मिश्रा, जय श्री पांडेय,रामजियावन,रामदेव,सुनील कुमार, गिरजा प्रसाद मिश्रा,मनीष कुमार मिश्रा, मंजू देवी,राम सुंदर, राम सिद्ध,मिठाई लाल,कुन्नू लाल सहित कई अन्य लोगों ने भी कंपनी में 16-16 हजार रुपए का निवेश किया था।बैंक जाने पर पता चला कि संबंधित खातों में पैसे ही नहीं हैं और चेक पूरी तरह फर्जी है।पीड़ितों का आरोप है कि जब उन्होंने अपने पैसे के लिए दबाव बनाया तो आरोपियों ने फोन बंद कर लिए।व्हाट्सअप काल के जरिये संपर्क करने पर आरोपियों ने निवेशकों को भद्दी भद्दी गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी दी।पीड़ितों का दावा है कि यह गिरोह केवल गोंडा ही नहीं बल्कि प्रदेश के कई अन्य जिलों में भी करोड़ों की ठगी कर चुका है।शिकायतकर्ताओं ने पुलिस प्रशासन से मांग किया है कि आरोपियों कन्हैया गुलाटी,राधिका गुलाटी,गोपाल गुलाटी,आशीष गुलाटी आदि के खिलाफ समुचित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया जाए और पीड़ितों की राशि वापस दिलाई जाए।फिलहाल इन सभी शिकायती पत्रों का संज्ञान लेते हुए पुलिस द्वारा पूरे मामले की जांच शुरू कर दिया गया है और इन सभी लोगों से साक्ष्य मांगा है।पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने इस पूरे मामले में पुलिस को जांच करके कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
ट्रेन के आगे कूदकर किराना व्यवसाई ने दिया जान,पटरी पर बिखरे मिले शव के टुकड़े
*मृतक के भाई ने बताया मानसिक रूप से था परेशान

गोंडा।जिले के इटियाथोक थाना क्षेत्र अंतर्गत अर्जुनपुर गांव के पास एक किराना व्यवसाई ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर लिया।घटना के बाद रेलवे ट्रैक पर शव के कई टुकड़े बिखरे मिले,जिससे इलाके में सनसनी फैल गयी।घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दिया है।पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान विशुनपुर संगम ग्राम पंचायत निवासी राजेश सिंह के रूप में हुई है।घटनास्थल के पास से पुलिस को एक टूटा हुआ मोबाइल फोन और सिम कार्ड मिला।सिम कार्ड के जरिये संपर्क करने पर मृतक की पहचान हो सकी।हालांकि घटनास्थल पर मृतक की मोटरसाइकिल नहीं मिली है।मृतक के भाई संजय सिंह ने बताया कि राजेश शिवपुरिया चौराहे पर किराने की दुकान करते थे और बुधवार सुबह वह घर से मोटरसाइकिल से दुकान जाने की बात कहकर निकले थे कि इसी दौरान अर्जुनपुर गांव के पास गोरखपुर बांद्रा एक्सप्रेस (15067) के सामने कूदकर उन्होंने अपनी जान दे दिया।परिजनों के अनुसार राजेश सिंह पिछले कुछ दिनों से मानसिक रूप से परेशान चल रहे थे,हालांकि आत्महत्या के स्पष्ट कारणों का अभी पता नहीं चला है।वहीं इटियाथोक थानाध्यक्ष कृष्ण गोपाल राय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले में आवश्यक कार्यवाही की जा रही है।
हिजाब पहनकर चचेरी बहन के स्थान पर परीक्षा देती पकड़ी गई छात्रा संदेह होने पर कक्ष निरीक्षक ने किया जांच,मुकदमा दर्ज
गोंडा।जिले में यूपी बोर्ड हाईस्कूल के चित्रकला की परीक्षा के दौरान एक चचेरी बहन को बड़ी बहन के स्थान पर परीक्षा देते पकड़ा गया है।यह मामला परसपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत देवदत्त नगर स्थित इंडियन पब्लिक स्कूल में हुई है।जहाँ कक्ष निरीक्षक ने हिजाब पहनकर फातिमा की जगह परीक्षा दे रही अनसिया नामक छात्रा को पकड़ा,संदेह होने पर जब कक्ष निरीक्षक ने परीक्षा दे रही छात्रा का हिजाब हटवाया तो मामला सामने आया।जिसके बाद अनसिया को परसपुर थाने ले जाया गया।विद्यालय की प्रधानाचार्य शशि सिंह की तहरीर पर अनसिया के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे निजी मुचलके पर छोड़ दिया गया है।बताया जाता है कि अनसिया अपनी बड़ी बहन की खराब तबियत के कारण उसके स्थान पर परीक्षा देने आई थी और उसको इस बात की जानकारी नहीं थी कि दूसरे की जगह परीक्षा देना एक अपराध है।जिला प्रशासन व विद्यालय ने अनसिया की गोपनीयता बरकरार रखने के लिए उसकी कोई भी फोटो मीडिया में जारी नहीं किया है।मामले की पुष्टि करते हुए परसपुर थानाध्यक्ष कमल शंकर चतुर्वेदी ने बताया कि अनसिया को फातिमा के स्थान पर परीक्षा देते पकड़ा गया था, जिसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।वहीं जिला विद्यालय निरीक्षक डाक्टर रामचंद्र ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि हाईस्कूल परीक्षा के अंतिम दिन यह मामला सामने आया है और कार्रवाई की गई है,साथ ही उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि चचेरी बहन ही परीक्षा दे रही थी न कि कोई अन्यत्र व्यक्ति।
अपर जिलाधिकारी ने की “नागरिक सुरक्षा कोर कमेटी की बैठक, अधिकारियों को दिये आवश्यक दिशा निर्देश
*गोण्डा 10 मार्च,2026*।जिलाधिकारी गोण्डा श्रीमती प्रियंका निरंजन के निर्देशानुसार कलेक्ट्रेट सभागार में अपर जिलाधिकारी श्री आलोक कुमार की अध्यक्षता में “नागरिक सुरक्षा कोर कमेटी” की बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य जनपद में नागरिक सुरक्षा से संबंधित व्यवस्थाओं की समीक्षा करना तथा आपदा एवं आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित और प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करना।
बैठक में नागरिक सुरक्षा से जुड़े विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कमेटी के पदाधिकारियों ने प्रतिभाग किया। बैठक के दौरान नागरिक सुरक्षा से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए वर्तमान व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई तथा आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए गए। अपर जिलाधिकारी श्री आलोक कुमार ने कहा कि नागरिक सुरक्षा व्यवस्था किसी भी आपदा या आपात स्थिति में जनसामान्य की सुरक्षा सुनिश्चित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। इसलिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें।
उन्होंने कहा कि नागरिक सुरक्षा से जुड़े स्वयंसेवकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए तथा समय-समय पर प्रशिक्षण एवं मॉक ड्रिल का आयोजन कर उनकी दक्षता बढ़ाई जाए, ताकि किसी भी आपातकालीन स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया दी जा सके। साथ ही जनसामान्य को भी नागरिक सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए व्यापक स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने पर जोर दिया गया।
बैठक में यह भी निर्देशित किया गया कि आपदा प्रबंधन से संबंधित संसाधनों की उपलब्धता तथा उनकी कार्यक्षमता का नियमित रूप से परीक्षण किया जाए। विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर किसी भी आकस्मिक स्थिति में प्रभावी ढंग से कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।
अपर जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि नागरिक सुरक्षा से जुड़े कार्यों को गंभीरता से लेते हुए समयबद्ध रूप से कार्यों का क्रियान्वयन करें तथा निर्धारित दिशा-निर्देशों का पूर्णतः पालन सुनिश्चित करें। सभी अधिकारियों ने नागरिक सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए अपने सुझाव भी प्रस्तुत किए।

बैठक में एआरटीओ (प्रशासन) आर.सी. भारतीय, जिला आपदा विशेषज्ञ राजेश श्रीवास्तव सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारीगण एवं नागरिक सुरक्षा कोर कमेटी के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
डीएम ने जनपद के शतप्रतिशत किसानों को फार्मर रजिस्ट्री से आच्छादित किए जाने के उद्देश्य से प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

*गेहूं क्रय केन्द्रों पर भी होगी फार्मर रजिस्ट्री की सुविधा*


*गोण्डा 10 मार्च,2026*।जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन  ने जनपद के शतप्रतिशत किसानों को फार्मर रजिस्ट्री से आच्छादित किए जाने के उद्देश्य से फार्मर्स रजिस्ट्री के प्रचार वाहन को कलेक्ट्रेट परिसर से रवाना किया। उन्होंने बताया है कि यह प्रचार वाहन जिले के समस्त विकासखण्डों में फार्मर्स रजिस्ट्री के लाभ के संबंध में सभी कृषकों को जागरूक करेंगे। इसके साथ ही प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के साथ साथ धान एवं गेहूं का क्रय, फसल बीमा का लाभ, किसान क्रेडिट कार्ड सहित खेती से संबंधित सभी प्रकार के लाभ भविष्य में किसानों को फार्मर्स रजिस्ट्री के आधार पर ही अनुमन्य होंगें। फार्मर्स रजिस्ट्री जनसेवा केंद्र के माध्यम से कराने के साथ साथ कृषि, राजस्व या पंचायत विभाग के कर्मचारी का सहयोग लेकर भी कराया जा सकता है। इसके अतिरिक्त किसान स्वयं भी अपने मोबाइल से फार्मर्स रजिस्ट्री का लिंक डाउनलोड करके इसे स्वयं भी कर सकते हैं। जिलाधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारियों के अधिक प्रयासों से अब तक जनपद में 70 प्रतिशत से अधिक किसानों का फार्मर्स रजिस्ट्री कराया जा चुका है। जब कि माह अगस्त में जनपद में फार्मर्स रजिस्ट्री की प्रगति 49 प्रतिशत थी जो की अब बढ़कर 70.36 प्रतिशत हो चुकी है। पिछले 06 माह में जनपद में लगभग 01 लाख अतिरिक्त किसान के द्वारा फार्मर्स रजिस्ट्री कराया गया है, एवं प्रतिदिन इसमें वृद्धि हो रही है।

इस अवसर पर मुख्य राजस्व अधिकारी श्रीमती रिंकी जायसवाल, उपनिदेशक कृषि प्रेम कुमार ठाकुर, एसडीओ कृषि शिव शंकर चौधरी सहित अन्य सभी अधिकारी उपस्थित रहे।
भदोही में तैनात सिपाही का जिले में बड़ा फर्जीवाड़ा,धोखे से कराया जमीन का बैनामा
* न्यायालय के आदेश पर सिपाही समेत 4 के विरुद्ध मुकदमा दर्ज

गोंडा।जिले में न्यायालय के आदेश पर भदोही जनपद में तैनात एक सिपाही समेत चार लोगों के विरुद्ध धोखाधड़ी और फर्जीवाड़े का मुकदमा दर्ज किया गया है।बताते चलें कि खरगूपुर थाना क्षेत्र के अचलापुर गांव निवासी निबई(77) ने नगर कोतवाली में यह मुकदमा दर्ज कराया है।निबई ने आरोप लगाया है कि सिपाही दिनेश कुमार और उनके भाई हजारी प्रसाद ने श्याम कुमार यादव और अखिलेश कुमार यादव के साथ मिलकर उनकी जमीन को हड़प लिया।शिकायतकर्ता के अनुसार 20 नवंबर 2025 को जब वह घर पर अकेले थे,तब हजारी प्रसाद उन्हें दवा दिलाने और विकलांगता पेंशन बनवाने के लिए कचहरी ले गये थे जहाँ कुछ दस्तावेजों पर निबई के अंगूठे लगवाए गये और एक फर्जी दानपत्र तैयार कर उनकी जमीन हजारी प्रसाद के नाम बैनामा करवा दिया गया।श्याम कुमार यादव और अखिलेश कुमार यादव को इस बैनामे में गवाह बनाया गया है।निबई ने बताया कि उनकी आंखों से कम दिखाई देता है और वह अनपढ़ हैं।आरोपियों ने उनकी इसी स्थिति का फायदा उठाकर उनके साथ धोखाधड़ी किया।यह रजिस्ट्री नगर कोतवाली क्षेत्र में तैयार की गई।उनके प्रार्थना पत्र पर अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश प्रथम नम्रता अग्रवाल ने नगर कोतवाली पुलिस को कार्रवाई का निर्देश दिया था।नगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज होने के पश्चात भदोही में तैनात सिपाही दिनेश कुमार की मुश्किलें बढ़ गई हैं।वहीं मामले के विवेचक उपनिरीक्षक वैभव सिंह ने पूरे मामले की जांच तेज कर दिया है।नगर कोतवाल बिंदेश्वरी मणि त्रिपाठी ने पुष्टि करते हुए बताया कि न्यायालय के आदेश पर चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।उन्होंने बताया कि उपनिरीक्षक वैभव सिंह द्वारा मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही जांच रिपोर्ट न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा और जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।नगर कोतवाली पुलिस सभी पहलुओं पर गहनता से जांच कर रही है।
बकाया मानदेय न मिलने से नाराज रोजगार सेवकों ने डिप्टी सीएम का पुतला फूंका
*विरोध प्रदर्शन भी किया

गोंडा।जिले में आज ग्राम रोजगार सेवकों ने अपनी कई मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन करते हुए जिले के अलग अलग ब्लॉकों में अलग अलग तरीके से प्रदर्शन करके अपनी कई मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा है।रुपईडीह ब्लॉक परिसर में उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री और ग्राम्य विकास मंत्री केशव प्रसाद मौर्य का पुतला दहन किया और उनके खिलाफ नारेबाजी किया।यह प्रदर्शन लंबे समय से बकाया मानदेय न मिलने के कारण किया गया है।प्रदर्शनकारी ग्राम रोजगार सेवकों का आरोप है कि उनका मानदेय लंबे समय से लंबित है।उनका कहना है कि कई बार ज्ञापन देने के बावजूद संबंधित अधिकारियों द्वारा कोई ठोस कार्यवाही नहीं की गई है,जिससे उनमें रोष है।रोजगार सेवकों ने मांग किया है कि वित्तीय वर्ष 2023-24 और 2024-25 के बकाया मानदेय का तत्काल भुगतान किया जाए।इसके साथ ही वित्तीय वर्ष 2025-26 का मानदेय भी जल्द जारी करने की मांग की गई है।उन्होंने मानदेय से काटी गई ईपीएफ की धनराशि का एफटीओ बनाकर यूएन खातों में जमा कराने की मांग की है।इस संबंध में जब रुपईडीह के खंड विकास अधिकारी से बात किया गया तो उन्होंने घटना के संबंध में अनभिज्ञयता व्यक्त किया।प्रदर्शनकारी रोजगार सेवकों ने चेतावनी दिया है कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।इस दौरान शुकदेव, दुर्गेश, पप्पू भारती,अनिल कुमार मिश्रा, जितेंद्र कुमार राय,तुलसीराम,चंद्रप्रकाश शुक्ला, रामानंद,सत्य प्रकाश शुक्ला,रेनू यादव,आलोक कुमार शुक्ला,अजय कुमार वर्मा, रामशंकर तिवारी और मनोज कुमार वर्मा सहित कई ग्राम रोजगार सेवक मौजूद रहे।
गन्ना लदी ट्राली से टकराई बाइक,परीक्षा देने जा रहे छात्र की मौत

*आज ही बहन की आनी थी लगन

गोंडा।जिले में हाईस्कूल की परीक्षा देने जा रहे छात्र जावेद(16) की सड़क हादसे में मौत हो गई।यह घटना इटियाथोक थाना क्षेत्र के गोंडा बलरामपुर मार्ग पर स्थित गन्ना क्रय केंद्र बकठोरवा के पास हुई।जावेद अपनी मोटरसाइकिल से इंद्र कुंवरि इंटर कॉलेज इटियाथोक जा रहा था।परीक्षा केंद्र जाते समय उसकी मोटरसाइकिल एक गन्ना लदी ट्रैक्टर ट्रॉली से टकरा गई।यह ट्राली गन्ना क्रय केंद्र पर गन्ना बेचने जा रहे एक किसान की थी।टक्कर इतनी भीषण थी कि जावेद सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।घटना की सूचना मिलने पर डायल 112 के पुलिसकर्मी और स्थानीय लोग तत्काल घटना स्थल पर पहुंचे और घायल जावेद को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इटियाथोक पहुंचाया।जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला मुख्यालय स्थित मेडिकल कॉलेज रिफर कर दिया गया।मेडिकल कालेज पहुंचने पर डॉक्टरों ने जावेद को मृत घोषित कर दिया।मृतक छात्र जावेद कौड़िया थाना क्षेत्र के आर्यनगर कस्बे का निवासी था और राम कुमारी इंटर कॉलेज कौड़िया में पढ़ता था।वह माध्यमिक शिक्षा परिषद उत्तर प्रदेश के हाईस्कूल चित्रकला विषय की परीक्षा देने जा रहा था।इससे पहले भी वह पांच विषयों की परीक्षा मोटरसाइकिल से देकर सकुशल लौट चुका था।इस दुखद हादसे की जानकारी मिलने पर जिला विद्यालय निरीक्षक डाक्टर रामचंद्र ने शोक व्यक्त किया है।मृतक जावेद के पिता कलीम अख्तर शटरिंग सर्विस का काम करते हैं।जावेद दो भाइयों और चार बहनों में सबसे छोटा था।बड़े भाई का नाम परवेज खान है जो 26 वर्ष का है।जबकि मृतक जावेद की उम्र 16 वर्ष है।मृतक जावेद की चार बहनों में दो की शादी हो चुकी है और दो बहनों की अभी शादी नहीं हुई है जिसमें बहन सादिया (22) की आज लगन आनी थी,परन्तु बहन की लगन आने से पहले ही भाई की मौत हो गयी है।छोटी बहन की शादी 30 तारीख को है और परिवार के लोग उसकी तैयारी कर रहे थे।सड़क हादसे में जावेद की मौत के बाद बहन के लगन जाने का कार्यक्रम फिलहाल टल गया है।जावेद के परिजन पूरी तरह से परेशान हैं और रो रो कर बुरा हाल है।जो भी इस हादसे के बारे में सुन रहा है वह जावेद के घर पहुंचकर पिता कलीम और परिजनों से मिलकर शोक संवेदना व्यक्त कर रहा है।इटियाथोक थानाध्यक्ष कृष्ण गोपाल राय ने  बताया कि जावेद अपनी तेज रफ्तार मोटरसाइकिल से परीक्षा देने जा रहा था कि इसी दौरान गन्ना बेचने के लिए जा रहे एक किसान की ट्रैक्टर ट्रॉली में भिंड़ गया और उसी की टक्कर होने से जावेद की मौत हो गई।मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचायत नामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की कार्यवाही की जा रही है।