दिव्यांगजन और पिछड़ा वर्ग के सशक्तीकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता: मंत्री नरेन्द्र कश्यप

* योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पारदर्शी और समयबद्ध ढंग से पहुंचाने के निर्देश, विभागीय योजनाओं की समीक्षा

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तीकरण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नरेन्द्र कश्यप ने कहा कि प्रदेश सरकार दिव्यांगजन और पिछड़ा वर्ग के सर्वांगीण सशक्तीकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए योजनाबद्ध और परिणामोन्मुखी ढंग से कार्य कर रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पारदर्शी, समयबद्ध और प्रभावी तरीके से पहुंचाया जाए।
सोमवार को सचिवालय स्थित नवीन भवन में आयोजित विभागीय समीक्षा बैठक में विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की प्रगति, वित्तीय उपलब्धियों और लाभार्थियों तक पहुंच की स्थिति का विस्तृत आकलन किया गया। मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार की प्राथमिकता समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का वास्तविक लाभ पहुंचाना है। इस प्रक्रिया में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
बैठक में डॉ. शकुंतला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय, लखनऊ और जगद्गुरु रामभद्राचार्य दिव्यांग राज्य विश्वविद्यालय, चित्रकूट की प्रगति की भी समीक्षा की गई। मंत्री ने कहा कि ये दोनों विश्वविद्यालय दिव्यांगजनों के लिए उच्च शिक्षा के महत्वपूर्ण केंद्र हैं और इन्हें और अधिक सुदृढ़ बनाने की आवश्यकता है। उन्होंने मंडल स्तर पर कार्यशालाएं और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर दिव्यांग छात्रों तक इन विश्वविद्यालयों की शैक्षणिक सुविधाओं और अवसरों की जानकारी पहुंचाने के निर्देश दिए। साथ ही रिक्त शिक्षकीय पदों पर शीघ्र नियुक्ति तथा निर्माणाधीन परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने पर जोर दिया।
बैठक में बताया गया कि दिव्यांग भरण-पोषण अनुदान (दिव्यांग पेंशन) योजना के तहत अब तक 11,98,725 दिव्यांगजन लाभान्वित हुए हैं। कुष्ठावस्था पेंशन योजना के अंतर्गत 13,395 लाभार्थियों को लाभ दिया गया है। कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण योजना के तहत 22,672 दिव्यांगजनों को 26,830 कृत्रिम अंग और सहायक उपकरण वितरित किए गए हैं। इसके अलावा उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की बसों में दिव्यांगजनों को निःशुल्क यात्रा की सुविधा भी प्रदान की जा रही है।
पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग की योजनाओं की समीक्षा के दौरान बताया गया कि शादी अनुदान योजना के लिए वित्तीय वर्ष 2025-26 में 232 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। अब तक 94,040 लाभार्थियों को 188.08 करोड़ रुपये की धनराशि प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से उनके बैंक खातों में भेजी जा चुकी है।
छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजना के अंतर्गत पूर्वदशम और दशमोत्तर छात्रवृत्ति योजनाओं के तहत 25,98,344 छात्रों को 1586.59 करोड़ रुपये की सहायता दी गई है। इसके अतिरिक्त अन्य पिछड़ा वर्ग के युवाओं को तकनीकी रूप से सशक्त बनाने के लिए कम्प्यूटर प्रशिक्षण योजना भी संचालित की जा रही है, जिसके तहत वित्तीय वर्ष 2025-26 में 34,892 प्रशिक्षणार्थियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
मंत्री नरेन्द्र कश्यप ने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल सहायता प्रदान करना नहीं, बल्कि दिव्यांगजन और पिछड़ा वर्ग को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाना है, ताकि वे सम्मानजनक जीवन जी सकें।
पीलीभीत–पूरनपुर हाईवे पर अनियंत्रित होकर बस खाई में पलटी, 15 से अधिक यात्री घायल

लखनऊ। यूपी के पीलीभीत जिले में सोमवार तड़के भीषण सड़क हादसा हो गया। दिल्ली से लखीमपुर और बहराइच जा रही एक निजी ट्रैवल कंपनी की बस पीलीभीत–पूरनपुर हाईवे पर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गई। हादसे में बस में सवार 15 से अधिक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

करीब 35 से 40 यात्रियों को लेकर रवाना हुई थी

जानकारी के अनुसार निजी ट्रैवल कंपनी की बस दिल्ली से लखीमपुर खीरी और बहराइच जिले के विभिन्न स्थानों के करीब 35 से 40 यात्रियों को लेकर रवाना हुई थी। सोमवार तड़के करीब साढ़े तीन बजे बस पीलीभीत–पूरनपुर हाईवे पर गजरौला थाना क्षेत्र के गांव कैंच के पास पहुंची, तभी अचानक बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गई।

बस पलटते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई

बस पलटते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। कुछ यात्रियों ने किसी तरह बस से बाहर निकलकर अन्य घायलों को बाहर निकाला। सूचना मिलने पर गजरौला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया।हादसे में पारुल (25) पत्नी दीपक निवासी बहराइच, बानो (50) पत्नी तस्सुन निवासी बहराइच, चार वर्षीय दृष्टि पुत्री दुखहरण, नेपाल निवासी लक्ष्मी, लखीमपुर खीरी निवासी सनी (18) और अजय पुत्र जय भगवान सहित करीब 15 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।

तीन यात्रियों के पैर कट जाने की भी जानकारी सामने आई

इनमें से तीन यात्रियों के पैर कट जाने की भी जानकारी सामने आई है, जबकि अन्य को भी गंभीर चोटें आई हैं।घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। यात्रियों का आरोप है कि बस चालक नशे की हालत में वाहन चला रहा था, जिसके कारण यह हादसा हुआ।फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
महराजगंज में दिल दहला देने वाली वारदात: पिता ने दो मासूम बच्चों की हत्या कर दी जान, सुसाइड नोट में पत्नी को ठहराया जिम्मेदार


लखनऊ /महराजगंज। उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले के नौतनवा क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां एक व्यक्ति ने अपने दो छोटे बच्चों की हत्या करने के बाद खुद भी आत्महत्या कर ली। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार गाजीपुर जिले के सैदपुर क्षेत्र के मिर्जापुर गांव निवासी बंदना सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 66वीं वाहिनी में सफाईकर्मी के पद पर तैनात हैं। वह अपने पति अमरीश कुमार और दो बच्चों—कंचन (4 वर्ष) और अमरेंद्र (3 वर्ष)—के साथ नौतनवा के गांधी नगर वार्ड में किराए के मकान में रहती थीं।
बताया जा रहा है कि रविवार सुबह बंदना ड्यूटी पर चली गई थीं। कुछ देर बाद उन्हें सूचना मिली कि उनके पति ने किसी अनहोनी की बात कही है। सूचना मिलने पर उन्होंने पुलिस को जानकारी दी और घर पहुंचीं।
घर पहुंचने पर देखा गया कि बेटी कंचन का शव रसोई की खिड़की से रस्सी के सहारे लटका हुआ था, जबकि बेटे अमरेंद्र का शव जमीन पर पड़ा मिला। वहीं अमरीश का शव कमरे में पंखे से फंदे के सहारे लटका हुआ था और उसके हाथ की नस भी कटी हुई थी।
सूचना मिलने पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें अमरीश ने इस घटना के लिए अपनी पत्नी को जिम्मेदार ठहराया है।
बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था और इसी तनाव के चलते यह घटना हुई।
इस मामले में मृतक के भाई की तहरीर पर बंदना समेत छह लोगों के खिलाफ नामजद और एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
खेत में ले जाकर किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म, दो आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज


लखनऊ /मथुरा । यूपी के मथुरा जिले के नौहझील थाना क्षेत्र के एक गांव में एक किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म की दिल को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। आरोप है कि दो युवकों ने किशोरी को खेत में ले जाकर बंधक बनाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने दोनों नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

आरोपियों ने किशोरी के बांध दिये थे हाथ और पैर

जानकारी के अनुसार यह घटना 6 मार्च की शाम करीब साढ़े छह बजे की बताई जा रही है। पीड़िता अपने सात वर्षीय छोटे भाई के साथ गांव के पास जंगल की ओर गई थी। आरोप है कि इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे गांव के ही युवक दीपक ने किशोरी को पकड़ लिया और जबरन घसीटते हुए पास के एक खेत में ले गया, जहां उसने उसके साथ दुष्कर्म किया।इसी बीच गांव का ही एक अन्य युवक विकास भी वहां पहुंच गया और उसने भी किशोरी के साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता ने किसी तरह वहां से भागने की कोशिश की तो आरोपियों ने उसके पैर बांध दिए ताकि वह भाग न सके।

ग्रामीण को देखकर आरोपी हो गए फरार

बताया जा रहा है कि इसी दौरान वहां से गुजर रहे एक ग्रामीण को देखकर दोनों आरोपी घबरा गए और मौके से फरार हो गए। आरोपियों के भागने के बाद पीड़िता ने किसी तरह अपने हाथ-पैर खोले और बदहवास हालत में घर पहुंची। घटना के बाद वह बुरी तरह डरी और सहमी हुई थी।बताया गया कि अगले दिन शनिवार को किशोरी ने हिम्मत जुटाकर अपनी मां को पूरी घटना की जानकारी दी। बेटी की आपबीती सुनकर परिजन स्तब्ध रह गए। इसके बाद रविवार को परिजन पीड़िता को लेकर थाने पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी।

पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर शुरू कर दी जांच

पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर दोनों नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। क्षेत्राधिकारी संदीप कुमार सिंह ने बताया कि मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है और आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
मुख्यमंत्री योगी की हवाई यात्रा के लिए यूपी सरकार का नया अत्याधुनिक हेलीकॉप्टर शामिल

* करीब 100 करोड़ रुपये की लागत से खरीदा गया डबल इंजन AW139, खराब मौसम और रात में भी भर सकेगा उड़ान

लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सुरक्षित हवाई यात्रा के लिए नया अत्याधुनिक हेलीकॉप्टर सेवा में शामिल कर लिया है। इटली की कंपनी Leonardo S.p.A. द्वारा निर्मित AgustaWestland AW139 हेलीकॉप्टर अब सरकारी उपयोग में आ गया है।
करीब 100 करोड़ रुपये से अधिक कीमत वाला यह डबल इंजन हेलीकॉप्टर दुनिया के सुरक्षित वीवीआईपी हेलीकॉप्टरों में माना जाता है। इसका उपयोग मुख्यमंत्री और अन्य वीवीआईपी मूवमेंट के लिए किया जाएगा।
यह हेलीकॉप्टर खराब मौसम और रात के समय भी सुरक्षित उड़ान भरने में सक्षम है। इसमें उन्नत एवियोनिक्स सिस्टम, क्रैश-सेफ्टी तकनीक और बुलेटप्रूफ सुरक्षा जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं, जिससे वीवीआईपी यात्रा और अधिक सुरक्षित हो सकेगी।
AW139 हेलीकॉप्टर एक बार में लगभग 12 से 15 लोगों को ले जाने की क्षमता रखता है। इसकी तेज रफ्तार, आधुनिक नेविगेशन सिस्टम और उच्च सुरक्षा मानकों के कारण इसे अपने वर्ग के सबसे भरोसेमंद हेलीकॉप्टरों में गिना जाता है।
वायरल वीडियो प्रकरण में ऊर्जा मंत्री एके शर्मा सख्त, संविदाकर्मी बर्खास्त

* अवैध धन मांगने के आरोप पर कार्रवाई, संबंधित अवर अभियंता को चार्जशीट

लखनऊ। विद्युत चोरी के एक मामले में अवैध धन की मांग से संबंधित वीडियो वायरल होने के प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने तत्काल संज्ञान लिया है। मंत्री के निर्देश पर कराई गई जांच के बाद संविदाकर्मी लाइनमैन को बर्खास्त कर दिया गया है, जबकि संबंधित अवर अभियंता के खिलाफ चार्जशीट जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 11 फरवरी 2026 को अपरान्ह लगभग 2:40 से 2:50 बजे के बीच सूचना मिलने पर जनपद मऊ के ग्राम रकौली में विद्युत विभाग की टीम ने चेकिंग की। जांच के दौरान फेकू यादव को बिना स्वीकृत विद्युत संयोजन के निजी नलकूप संचालित करते हुए पाया गया। इसके बाद विभाग ने कार्रवाई करते हुए 12 फरवरी 2026 को एंटी पावर थेफ्ट थाना में उनके विरुद्ध विद्युत चोरी का मुकदमा दर्ज कराया।
बताया गया कि 13 फरवरी 2026 को फेकू यादव द्वारा ग्राम रकौली के ही निवासी संविदाकर्मी लाइनमैन यशवंत कुमार उर्फ टुनटुन के घर जाकर बातचीत की गई, जिसकी रिकॉर्डिंग बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। वीडियो में कथित रूप से लेनदेन की बात सामने आने के बाद मंत्री ने पूरे मामले की जांच के निर्देश दिए।
अधीक्षण अभियंता द्वारा कराई गई जांच में पाया गया कि विद्युत वितरण खंड मऊ के अंतर्गत 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र कोटवां से जुड़े इस मामले में विभाग ने 24 घंटे के भीतर ही एंटी पावर थेफ्ट थाना में एफआईआर दर्ज करा दी थी। हालांकि नियंत्रण में शिथिलता पाए जाने पर संबंधित अवर अभियंता को चार्जशीट जारी की जा रही है।
वहीं संविदाकर्मी यशवंत कुमार द्वारा लेनदेन संबंधी वार्ता सामने आने से विभाग की छवि धूमिल होने के कारण उन्हें तत्काल प्रभाव से सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है।
ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने स्पष्ट कहा है कि विद्युत चोरी, भ्रष्टाचार या अवैध वसूली जैसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या संलिप्तता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
महिलाओं के सशक्तिकरण से ही मजबूत होगा राष्ट्र व समाज: केशव प्रसाद मौर्य
* अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर उप मुख्यमंत्री ने नारी शक्ति को दी शुभकामनाएँ

लखनऊ। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने समस्त नारी शक्ति को हार्दिक शुभकामनाएँ और बधाई दी है। उन्होंने कहा कि मातृशक्ति सृजन, संवर्धन और उन्नत समाज की आधारशिला है। नारी ही वह शक्ति है जो संस्कृति को संजोती है, सभ्यता को आगे बढ़ाती है और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
उप मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि समाज और परिवार के निर्माण में महिलाओं का योगदान सदैव प्रेरणादायी रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में देश में महिलाओं के सशक्तिकरण को नई दिशा और गति मिली है। आज महिलाएं शिक्षा, विज्ञान, खेल, उद्यमिता, सुरक्षा और शासन सहित हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं।
श्री मौर्य ने कहा कि सशक्त समाज के निर्माण में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। प्रदेश सरकार आधी आबादी की सुरक्षा, गरिमा और आत्मनिर्भरता सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि स्पष्ट नीति और साफ नीयत के साथ किए जा रहे प्रयासों के परिणामस्वरूप आज उत्तर प्रदेश में बेटियाँ सुरक्षित वातावरण में आगे बढ़ रही हैं और विभिन्न क्षेत्रों में नई उपलब्धियां हासिल कर रही हैं।
उन्होंने कहा कि जहां बेटियां सुरक्षित और सम्मानित होती हैं, वहां समाज निरंतर प्रगति करता है। आज उत्तर प्रदेश की नारी शक्ति स्वावलंबन और आत्मनिर्भरता के नए आयाम स्थापित कर रही है। प्रदेश सरकार महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए लगातार प्रभावी कदम उठा रही है, जिससे उन्हें हर क्षेत्र में आगे बढ़ने के व्यापक अवसर मिल रहे हैं।
उप मुख्यमंत्री ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर सभी महिलाओं के उज्ज्वल भविष्य, सम्मान और समृद्धि की कामना करते हुए कहा कि नारी शक्ति के सशक्त होने से ही समाज और राष्ट्र का सर्वांगीण विकास संभव है।
कृषि विकास को गति: यूपी सरकार ने ₹101.18 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति जारी
* बीज स्वावलंबन, मृदा स्वास्थ्य प्रबंधन और तिलहन उत्पादन को मिलेगा बढ़ावा

लखनऊ। प्रदेश में कृषि और किसानों के सर्वांगीण विकास को गति देने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश सरकार ने विभिन्न केंद्रीय एवं राज्य स्तरीय योजनाओं के लिए कुल ₹101.18 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। इस धनराशि के माध्यम से बीज स्वावलंबन, मृदा स्वास्थ्य प्रबंधन और तिलहन उत्पादन जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में नई परियोजनाओं को आगे बढ़ाया जाएगा।
जारी स्वीकृतियों के अनुसार, सबसे बड़ी धनराशि प्रधानमंत्री राष्ट्रीय कृषि विकास योजना (डीपीआर) के अंतर्गत वर्ष 2025-26 के लिए सामान्य श्रेणी में ₹66.19 करोड़ स्वीकृत की गई है। इसी योजना के अंतर्गत ₹25.65 करोड़ की एक अन्य वित्तीय स्वीकृति भी जारी की गई है।
प्रदेश में बीज उत्पादन को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश बीज स्वावलंबन नीति 2024 के तहत ‘सीड पार्क विकास परियोजना’ के लिए ₹6.14 करोड़ की राशि आवंटित की गई है। वहीं तिलहन उत्पादन बढ़ाने के लिए नेशनल मिशन ऑन एडिबल ऑयल (ऑयल सीड) योजना के अंतर्गत ₹2.35 करोड़ की स्वीकृति दी गई है।
इसके अतिरिक्त प्रधानमंत्री राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के अंतर्गत विभिन्न कृषि कार्यों के लिए 71 लाख रुपये तथा स्टेट लिंक्ड स्कीम मृदा स्वास्थ्य प्रबंधन एवं मृदा स्वास्थ्य कार्ड कार्यक्रम के लिए 13.17 लाख रुपये की धनराशि जारी की गई है।
इस संबंध में प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि इन योजनाओं के लिए जारी की गई वित्तीय स्वीकृति से प्रदेश में कृषि क्षेत्र को मजबूती मिलेगी तथा किसानों के कल्याण और मृदा स्वास्थ्य प्रबंधन को नई दिशा प्राप्त होगी।
जर्नलिस्ट प्रोटेक्शन एसोसिएशन के तत्वाधान में महिलाओं का सम्मान समारोह
लखनऊ।   रविवार को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जर्नलिस्ट प्रोटेक्शन एसोसिएशन के तत्वाधान में महिलाओं का सम्मान समारोह उत्तरधौना स्थित लोग बंधु राज नारायण मेमोरियल इंटर कॉलेज में आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कॉलेज के प्रबंध के प्रबंधक शिवकुमार सिंह ने किया। इस मौके पर समाजसेवी पूर्व ग्रामप्रधान उत्तरधौना संदीप सिंह उर्फ रिंकू प्रधान, जर्नलिस्ट प्रोटेक्शन एसोसिएशन के अध्यक्ष विवेक प्रताप सिंह, कॉलेज के प्रबंधक शिवकुमार सिंह, पूर्व पार्षद चिनहट स्नेहलता राय, जर्नलिस्ट प्रोटेक्शन एसोसिएशन की महिला सदस्य प्रियंका भारद्वाज निगम, डॉ किरण द्विवेदी, सुमन गुप्ता उप निरीक्षक प्रियंका राठौर, समाजसेवी मंजू आनंद, मोहिनी सिंह वंदना  सिंह, सुमन सिंह सिंह व संगठन के पदाधिकारी ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। कार्यक्रम का संचालन कार्यकारी संगठन मंत्री प्रवीण सिंह ने किया। इस अवसर पर जर्नलिस्ट प्रोटेक्शन एसोसिएशन के अध्यक्ष विवेक प्रताप सिंह ने गर्मजोशी के साथ महिलाओं का सम्मान करते हुए कहा कि सभी को इसकी शुरुआत घर से करनी चाहिए। जिस परिवार, जिस समाज, जिस राज्य, जिस देश में मिहलाओं का सम्मान नहीं होगा। उसका विकास कभी नहीं होगा। वही कॉलेज के प्रबंधक शिवकुमार सिंह ने कहा कि गाड़ी में जिस तरह दो पहिया होती है,बिना दोनों पहिया के गाड़ी नहीं चल सकती, उसी तरह से यह दुनिया बिना महिलाओं के नहीं चल सकती हैं। इसके अलावा ग्राम प्रधान अनौरा कला अमित राज यादव, पूर्व ग्राम प्रधान उत्तरधौना संदीप सिंह उर्फ़ रिंकू सिंह, उप निरीक्षक प्रियंका राठौर, महिला दीवान अमरावती दुबे, पूर्व पार्षद स्नेह लता राय, समाजसेवी वंदना सिंह, समाजसेवी मंजू आनंद, समाजसेवी सुमन सिंह, समाजसेवी सुमन गुप्ता, पत्रकार प्रियंका भारद्वाज निगम समेत कई महिलाओं ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर उपस्थित जनमानस को संबोधित किया। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में महिला सशक्तिकरण को लेकर काम करने वाली महिलाओं में से वंदना सिंह, स्नेह लता राय, मोहिनी सिंह, मंजू आनंद, प्रियंका राठौर, सुमन गुप्ता, डॉक्टर किरण द्विवेदी, हिना, अमरावती दुबे, प्रियंका भारद्वाज निगम सुमन सिंह, अर्चना गुप्ता रेखा अवस्थी, रेखा सोनी ज्ञान देवी, शशिलता मौर्य, मुस्कान तिवारी, सुमन सिंह समेत दो दर्जन से अधिक महिलाओं को प्रशस्ति पत्र, शाल देकर सम्मानित किया गया।

इस दौरान जर्नलिस्ट प्रोटेक्शन एसोसिएशन के पदाधिकारी अधिकारियों में से जेपीए के उपाध्यक्ष रवि जायसवाल , संगठन मंत्री रामलायक यादव सह मीडिया प्रभारी सौरभ निगम कार्यकारी संगठन मंत्री प्रवीण सिंह, कोषाध्यक्ष नरसिंह नारायण पांडे संरक्षक सदस्य जोगिंदर सिंह खालसा, संरक्षक सदस्य विवेक विश्व पांडे, संरक्षक सदस्य भगवान दास, संरक्षक सदस्य ग्राम प्रधान अनोरा अमित राज यादव संरक्षक सदस्य अशोक यादव, केकेसी के पूर्व अध्यक्ष मनोज तिवारी, जर्नलिस्ट प्रोटेक्शन एसोसिएशन के सदस्य निशांत सिंह , शरद चंद्रा , दीपक सिंह जिला अध्यक्ष सनी शाह कोषाध्यक्ष लखनऊ सनी कुमार, जिला उपाध्यक्ष लखनऊ रंजीत सिंह, महिला बिंग उपाध्यक्ष प्रियंका भारद्वाज निगम समेत दर्जनों की संख्या में सम्मानित महिलाएं प्रबुद्धगण मौजूद रहे।
लखनऊ में अटल आवासीय विद्यालय प्रवेश परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न
* कक्षा 6 व 9 में प्रवेश के लिए अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा, मंडल के अन्य जनपदों में भी हुआ आयोजन

लखनऊ। अटल आवासीय विद्यालय, लखनऊ के शैक्षणिक सत्र 2026–27 के लिए आयोजित प्रवेश परीक्षा रविवार को शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई। जनपद लखनऊ के अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा केंद्र महाराजा बिजली पासी स्नातकोत्तर महाविद्यालय, आशियाना में बनाया गया था, जहां कक्षा 6 और कक्षा 9 में प्रवेश के लिए पंजीकृत विद्यार्थियों ने परीक्षा दी।
परीक्षा केंद्र पर अभ्यर्थियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई थीं। परीक्षा पूरी पारदर्शिता, अनुशासन और निर्धारित मानकों के अनुरूप संपन्न कराई गई। केंद्र पर सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्थाएं भी संतोषजनक रहीं। परीक्षा का संचालन महाविद्यालय की प्रधानाचार्य प्रोफेसर सुमन गुप्ता तथा कक्ष निरीक्षकों की देखरेख में कराया गया।
परीक्षा के सफल संचालन में उप जिलाधिकारी लखनऊ मोहित यादव, अपर श्रमायुक्त लखनऊ क्षेत्र कल्पना श्रीवास्तव, सहायक श्रमायुक्त शिप्रा चतुर्वेदी, अटल आवासीय विद्यालय लखनऊ के प्रधानाचार्य सुखवीर सिंह, श्रम प्रवर्तन अधिकारियों तथा अन्य कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
अधिकारियों ने परीक्षा केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और परीक्षा को निष्पक्ष एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
इसके अलावा लखनऊ मंडल के अन्य जनपदों सीतापुर, लखीमपुर खीरी, उन्नाव, रायबरेली और हरदोई में भी अटल आवासीय विद्यालय की प्रवेश परीक्षा आयोजित की गई। सभी स्थानों पर जिलास्तरीय अधिकारियों और विद्यालय प्रशासन की देखरेख में परीक्षा पारदर्शिता और अनुशासन के साथ संपन्न कराई गई।
मंडल के सभी जनपदों में विद्यार्थियों की उपस्थिति संतोषजनक रही और बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने परीक्षा में भाग लेकर अटल आवासीय विद्यालय में प्रवेश पाने की अपनी उम्मीदें आगे बढ़ाईं।
अपर श्रमायुक्त कल्पना श्रीवास्तव ने बताया कि परीक्षा को शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी स्तरों पर आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं। अधिकारियों और कर्मचारियों के समन्वित प्रयास से परीक्षा सफलतापूर्वक आयोजित की गई। उन्होंने कहा कि अटल आवासीय विद्यालय श्रमिक परिवारों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षिक अवसर मिल सकेंगे।