महराजगंज में दिल दहला देने वाली वारदात: पिता ने दो मासूम बच्चों की हत्या कर दी जान, सुसाइड नोट में पत्नी को ठहराया जिम्मेदार


लखनऊ /महराजगंज। उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले के नौतनवा क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां एक व्यक्ति ने अपने दो छोटे बच्चों की हत्या करने के बाद खुद भी आत्महत्या कर ली। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार गाजीपुर जिले के सैदपुर क्षेत्र के मिर्जापुर गांव निवासी बंदना सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 66वीं वाहिनी में सफाईकर्मी के पद पर तैनात हैं। वह अपने पति अमरीश कुमार और दो बच्चों—कंचन (4 वर्ष) और अमरेंद्र (3 वर्ष)—के साथ नौतनवा के गांधी नगर वार्ड में किराए के मकान में रहती थीं।
बताया जा रहा है कि रविवार सुबह बंदना ड्यूटी पर चली गई थीं। कुछ देर बाद उन्हें सूचना मिली कि उनके पति ने किसी अनहोनी की बात कही है। सूचना मिलने पर उन्होंने पुलिस को जानकारी दी और घर पहुंचीं।
घर पहुंचने पर देखा गया कि बेटी कंचन का शव रसोई की खिड़की से रस्सी के सहारे लटका हुआ था, जबकि बेटे अमरेंद्र का शव जमीन पर पड़ा मिला। वहीं अमरीश का शव कमरे में पंखे से फंदे के सहारे लटका हुआ था और उसके हाथ की नस भी कटी हुई थी।
सूचना मिलने पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें अमरीश ने इस घटना के लिए अपनी पत्नी को जिम्मेदार ठहराया है।
बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था और इसी तनाव के चलते यह घटना हुई।
इस मामले में मृतक के भाई की तहरीर पर बंदना समेत छह लोगों के खिलाफ नामजद और एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
खेत में ले जाकर किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म, दो आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज


लखनऊ /मथुरा । यूपी के मथुरा जिले के नौहझील थाना क्षेत्र के एक गांव में एक किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म की दिल को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। आरोप है कि दो युवकों ने किशोरी को खेत में ले जाकर बंधक बनाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने दोनों नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

आरोपियों ने किशोरी के बांध दिये थे हाथ और पैर

जानकारी के अनुसार यह घटना 6 मार्च की शाम करीब साढ़े छह बजे की बताई जा रही है। पीड़िता अपने सात वर्षीय छोटे भाई के साथ गांव के पास जंगल की ओर गई थी। आरोप है कि इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे गांव के ही युवक दीपक ने किशोरी को पकड़ लिया और जबरन घसीटते हुए पास के एक खेत में ले गया, जहां उसने उसके साथ दुष्कर्म किया।इसी बीच गांव का ही एक अन्य युवक विकास भी वहां पहुंच गया और उसने भी किशोरी के साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता ने किसी तरह वहां से भागने की कोशिश की तो आरोपियों ने उसके पैर बांध दिए ताकि वह भाग न सके।

ग्रामीण को देखकर आरोपी हो गए फरार

बताया जा रहा है कि इसी दौरान वहां से गुजर रहे एक ग्रामीण को देखकर दोनों आरोपी घबरा गए और मौके से फरार हो गए। आरोपियों के भागने के बाद पीड़िता ने किसी तरह अपने हाथ-पैर खोले और बदहवास हालत में घर पहुंची। घटना के बाद वह बुरी तरह डरी और सहमी हुई थी।बताया गया कि अगले दिन शनिवार को किशोरी ने हिम्मत जुटाकर अपनी मां को पूरी घटना की जानकारी दी। बेटी की आपबीती सुनकर परिजन स्तब्ध रह गए। इसके बाद रविवार को परिजन पीड़िता को लेकर थाने पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी।

पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर शुरू कर दी जांच

पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर दोनों नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। क्षेत्राधिकारी संदीप कुमार सिंह ने बताया कि मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है और आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
मुख्यमंत्री योगी की हवाई यात्रा के लिए यूपी सरकार का नया अत्याधुनिक हेलीकॉप्टर शामिल

* करीब 100 करोड़ रुपये की लागत से खरीदा गया डबल इंजन AW139, खराब मौसम और रात में भी भर सकेगा उड़ान

लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सुरक्षित हवाई यात्रा के लिए नया अत्याधुनिक हेलीकॉप्टर सेवा में शामिल कर लिया है। इटली की कंपनी Leonardo S.p.A. द्वारा निर्मित AgustaWestland AW139 हेलीकॉप्टर अब सरकारी उपयोग में आ गया है।
करीब 100 करोड़ रुपये से अधिक कीमत वाला यह डबल इंजन हेलीकॉप्टर दुनिया के सुरक्षित वीवीआईपी हेलीकॉप्टरों में माना जाता है। इसका उपयोग मुख्यमंत्री और अन्य वीवीआईपी मूवमेंट के लिए किया जाएगा।
यह हेलीकॉप्टर खराब मौसम और रात के समय भी सुरक्षित उड़ान भरने में सक्षम है। इसमें उन्नत एवियोनिक्स सिस्टम, क्रैश-सेफ्टी तकनीक और बुलेटप्रूफ सुरक्षा जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं, जिससे वीवीआईपी यात्रा और अधिक सुरक्षित हो सकेगी।
AW139 हेलीकॉप्टर एक बार में लगभग 12 से 15 लोगों को ले जाने की क्षमता रखता है। इसकी तेज रफ्तार, आधुनिक नेविगेशन सिस्टम और उच्च सुरक्षा मानकों के कारण इसे अपने वर्ग के सबसे भरोसेमंद हेलीकॉप्टरों में गिना जाता है।
वायरल वीडियो प्रकरण में ऊर्जा मंत्री एके शर्मा सख्त, संविदाकर्मी बर्खास्त

* अवैध धन मांगने के आरोप पर कार्रवाई, संबंधित अवर अभियंता को चार्जशीट

लखनऊ। विद्युत चोरी के एक मामले में अवैध धन की मांग से संबंधित वीडियो वायरल होने के प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने तत्काल संज्ञान लिया है। मंत्री के निर्देश पर कराई गई जांच के बाद संविदाकर्मी लाइनमैन को बर्खास्त कर दिया गया है, जबकि संबंधित अवर अभियंता के खिलाफ चार्जशीट जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 11 फरवरी 2026 को अपरान्ह लगभग 2:40 से 2:50 बजे के बीच सूचना मिलने पर जनपद मऊ के ग्राम रकौली में विद्युत विभाग की टीम ने चेकिंग की। जांच के दौरान फेकू यादव को बिना स्वीकृत विद्युत संयोजन के निजी नलकूप संचालित करते हुए पाया गया। इसके बाद विभाग ने कार्रवाई करते हुए 12 फरवरी 2026 को एंटी पावर थेफ्ट थाना में उनके विरुद्ध विद्युत चोरी का मुकदमा दर्ज कराया।
बताया गया कि 13 फरवरी 2026 को फेकू यादव द्वारा ग्राम रकौली के ही निवासी संविदाकर्मी लाइनमैन यशवंत कुमार उर्फ टुनटुन के घर जाकर बातचीत की गई, जिसकी रिकॉर्डिंग बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। वीडियो में कथित रूप से लेनदेन की बात सामने आने के बाद मंत्री ने पूरे मामले की जांच के निर्देश दिए।
अधीक्षण अभियंता द्वारा कराई गई जांच में पाया गया कि विद्युत वितरण खंड मऊ के अंतर्गत 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र कोटवां से जुड़े इस मामले में विभाग ने 24 घंटे के भीतर ही एंटी पावर थेफ्ट थाना में एफआईआर दर्ज करा दी थी। हालांकि नियंत्रण में शिथिलता पाए जाने पर संबंधित अवर अभियंता को चार्जशीट जारी की जा रही है।
वहीं संविदाकर्मी यशवंत कुमार द्वारा लेनदेन संबंधी वार्ता सामने आने से विभाग की छवि धूमिल होने के कारण उन्हें तत्काल प्रभाव से सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है।
ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने स्पष्ट कहा है कि विद्युत चोरी, भ्रष्टाचार या अवैध वसूली जैसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या संलिप्तता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
महिलाओं के सशक्तिकरण से ही मजबूत होगा राष्ट्र व समाज: केशव प्रसाद मौर्य
* अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर उप मुख्यमंत्री ने नारी शक्ति को दी शुभकामनाएँ

लखनऊ। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने समस्त नारी शक्ति को हार्दिक शुभकामनाएँ और बधाई दी है। उन्होंने कहा कि मातृशक्ति सृजन, संवर्धन और उन्नत समाज की आधारशिला है। नारी ही वह शक्ति है जो संस्कृति को संजोती है, सभ्यता को आगे बढ़ाती है और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
उप मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि समाज और परिवार के निर्माण में महिलाओं का योगदान सदैव प्रेरणादायी रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में देश में महिलाओं के सशक्तिकरण को नई दिशा और गति मिली है। आज महिलाएं शिक्षा, विज्ञान, खेल, उद्यमिता, सुरक्षा और शासन सहित हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं।
श्री मौर्य ने कहा कि सशक्त समाज के निर्माण में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। प्रदेश सरकार आधी आबादी की सुरक्षा, गरिमा और आत्मनिर्भरता सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि स्पष्ट नीति और साफ नीयत के साथ किए जा रहे प्रयासों के परिणामस्वरूप आज उत्तर प्रदेश में बेटियाँ सुरक्षित वातावरण में आगे बढ़ रही हैं और विभिन्न क्षेत्रों में नई उपलब्धियां हासिल कर रही हैं।
उन्होंने कहा कि जहां बेटियां सुरक्षित और सम्मानित होती हैं, वहां समाज निरंतर प्रगति करता है। आज उत्तर प्रदेश की नारी शक्ति स्वावलंबन और आत्मनिर्भरता के नए आयाम स्थापित कर रही है। प्रदेश सरकार महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए लगातार प्रभावी कदम उठा रही है, जिससे उन्हें हर क्षेत्र में आगे बढ़ने के व्यापक अवसर मिल रहे हैं।
उप मुख्यमंत्री ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर सभी महिलाओं के उज्ज्वल भविष्य, सम्मान और समृद्धि की कामना करते हुए कहा कि नारी शक्ति के सशक्त होने से ही समाज और राष्ट्र का सर्वांगीण विकास संभव है।
कृषि विकास को गति: यूपी सरकार ने ₹101.18 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति जारी
* बीज स्वावलंबन, मृदा स्वास्थ्य प्रबंधन और तिलहन उत्पादन को मिलेगा बढ़ावा

लखनऊ। प्रदेश में कृषि और किसानों के सर्वांगीण विकास को गति देने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश सरकार ने विभिन्न केंद्रीय एवं राज्य स्तरीय योजनाओं के लिए कुल ₹101.18 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। इस धनराशि के माध्यम से बीज स्वावलंबन, मृदा स्वास्थ्य प्रबंधन और तिलहन उत्पादन जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में नई परियोजनाओं को आगे बढ़ाया जाएगा।
जारी स्वीकृतियों के अनुसार, सबसे बड़ी धनराशि प्रधानमंत्री राष्ट्रीय कृषि विकास योजना (डीपीआर) के अंतर्गत वर्ष 2025-26 के लिए सामान्य श्रेणी में ₹66.19 करोड़ स्वीकृत की गई है। इसी योजना के अंतर्गत ₹25.65 करोड़ की एक अन्य वित्तीय स्वीकृति भी जारी की गई है।
प्रदेश में बीज उत्पादन को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश बीज स्वावलंबन नीति 2024 के तहत ‘सीड पार्क विकास परियोजना’ के लिए ₹6.14 करोड़ की राशि आवंटित की गई है। वहीं तिलहन उत्पादन बढ़ाने के लिए नेशनल मिशन ऑन एडिबल ऑयल (ऑयल सीड) योजना के अंतर्गत ₹2.35 करोड़ की स्वीकृति दी गई है।
इसके अतिरिक्त प्रधानमंत्री राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के अंतर्गत विभिन्न कृषि कार्यों के लिए 71 लाख रुपये तथा स्टेट लिंक्ड स्कीम मृदा स्वास्थ्य प्रबंधन एवं मृदा स्वास्थ्य कार्ड कार्यक्रम के लिए 13.17 लाख रुपये की धनराशि जारी की गई है।
इस संबंध में प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि इन योजनाओं के लिए जारी की गई वित्तीय स्वीकृति से प्रदेश में कृषि क्षेत्र को मजबूती मिलेगी तथा किसानों के कल्याण और मृदा स्वास्थ्य प्रबंधन को नई दिशा प्राप्त होगी।
जर्नलिस्ट प्रोटेक्शन एसोसिएशन के तत्वाधान में महिलाओं का सम्मान समारोह
लखनऊ।   रविवार को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जर्नलिस्ट प्रोटेक्शन एसोसिएशन के तत्वाधान में महिलाओं का सम्मान समारोह उत्तरधौना स्थित लोग बंधु राज नारायण मेमोरियल इंटर कॉलेज में आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कॉलेज के प्रबंध के प्रबंधक शिवकुमार सिंह ने किया। इस मौके पर समाजसेवी पूर्व ग्रामप्रधान उत्तरधौना संदीप सिंह उर्फ रिंकू प्रधान, जर्नलिस्ट प्रोटेक्शन एसोसिएशन के अध्यक्ष विवेक प्रताप सिंह, कॉलेज के प्रबंधक शिवकुमार सिंह, पूर्व पार्षद चिनहट स्नेहलता राय, जर्नलिस्ट प्रोटेक्शन एसोसिएशन की महिला सदस्य प्रियंका भारद्वाज निगम, डॉ किरण द्विवेदी, सुमन गुप्ता उप निरीक्षक प्रियंका राठौर, समाजसेवी मंजू आनंद, मोहिनी सिंह वंदना  सिंह, सुमन सिंह सिंह व संगठन के पदाधिकारी ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। कार्यक्रम का संचालन कार्यकारी संगठन मंत्री प्रवीण सिंह ने किया। इस अवसर पर जर्नलिस्ट प्रोटेक्शन एसोसिएशन के अध्यक्ष विवेक प्रताप सिंह ने गर्मजोशी के साथ महिलाओं का सम्मान करते हुए कहा कि सभी को इसकी शुरुआत घर से करनी चाहिए। जिस परिवार, जिस समाज, जिस राज्य, जिस देश में मिहलाओं का सम्मान नहीं होगा। उसका विकास कभी नहीं होगा। वही कॉलेज के प्रबंधक शिवकुमार सिंह ने कहा कि गाड़ी में जिस तरह दो पहिया होती है,बिना दोनों पहिया के गाड़ी नहीं चल सकती, उसी तरह से यह दुनिया बिना महिलाओं के नहीं चल सकती हैं। इसके अलावा ग्राम प्रधान अनौरा कला अमित राज यादव, पूर्व ग्राम प्रधान उत्तरधौना संदीप सिंह उर्फ़ रिंकू सिंह, उप निरीक्षक प्रियंका राठौर, महिला दीवान अमरावती दुबे, पूर्व पार्षद स्नेह लता राय, समाजसेवी वंदना सिंह, समाजसेवी मंजू आनंद, समाजसेवी सुमन सिंह, समाजसेवी सुमन गुप्ता, पत्रकार प्रियंका भारद्वाज निगम समेत कई महिलाओं ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर उपस्थित जनमानस को संबोधित किया। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में महिला सशक्तिकरण को लेकर काम करने वाली महिलाओं में से वंदना सिंह, स्नेह लता राय, मोहिनी सिंह, मंजू आनंद, प्रियंका राठौर, सुमन गुप्ता, डॉक्टर किरण द्विवेदी, हिना, अमरावती दुबे, प्रियंका भारद्वाज निगम सुमन सिंह, अर्चना गुप्ता रेखा अवस्थी, रेखा सोनी ज्ञान देवी, शशिलता मौर्य, मुस्कान तिवारी, सुमन सिंह समेत दो दर्जन से अधिक महिलाओं को प्रशस्ति पत्र, शाल देकर सम्मानित किया गया।

इस दौरान जर्नलिस्ट प्रोटेक्शन एसोसिएशन के पदाधिकारी अधिकारियों में से जेपीए के उपाध्यक्ष रवि जायसवाल , संगठन मंत्री रामलायक यादव सह मीडिया प्रभारी सौरभ निगम कार्यकारी संगठन मंत्री प्रवीण सिंह, कोषाध्यक्ष नरसिंह नारायण पांडे संरक्षक सदस्य जोगिंदर सिंह खालसा, संरक्षक सदस्य विवेक विश्व पांडे, संरक्षक सदस्य भगवान दास, संरक्षक सदस्य ग्राम प्रधान अनोरा अमित राज यादव संरक्षक सदस्य अशोक यादव, केकेसी के पूर्व अध्यक्ष मनोज तिवारी, जर्नलिस्ट प्रोटेक्शन एसोसिएशन के सदस्य निशांत सिंह , शरद चंद्रा , दीपक सिंह जिला अध्यक्ष सनी शाह कोषाध्यक्ष लखनऊ सनी कुमार, जिला उपाध्यक्ष लखनऊ रंजीत सिंह, महिला बिंग उपाध्यक्ष प्रियंका भारद्वाज निगम समेत दर्जनों की संख्या में सम्मानित महिलाएं प्रबुद्धगण मौजूद रहे।
लखनऊ में अटल आवासीय विद्यालय प्रवेश परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न
* कक्षा 6 व 9 में प्रवेश के लिए अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा, मंडल के अन्य जनपदों में भी हुआ आयोजन

लखनऊ। अटल आवासीय विद्यालय, लखनऊ के शैक्षणिक सत्र 2026–27 के लिए आयोजित प्रवेश परीक्षा रविवार को शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई। जनपद लखनऊ के अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा केंद्र महाराजा बिजली पासी स्नातकोत्तर महाविद्यालय, आशियाना में बनाया गया था, जहां कक्षा 6 और कक्षा 9 में प्रवेश के लिए पंजीकृत विद्यार्थियों ने परीक्षा दी।
परीक्षा केंद्र पर अभ्यर्थियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई थीं। परीक्षा पूरी पारदर्शिता, अनुशासन और निर्धारित मानकों के अनुरूप संपन्न कराई गई। केंद्र पर सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्थाएं भी संतोषजनक रहीं। परीक्षा का संचालन महाविद्यालय की प्रधानाचार्य प्रोफेसर सुमन गुप्ता तथा कक्ष निरीक्षकों की देखरेख में कराया गया।
परीक्षा के सफल संचालन में उप जिलाधिकारी लखनऊ मोहित यादव, अपर श्रमायुक्त लखनऊ क्षेत्र कल्पना श्रीवास्तव, सहायक श्रमायुक्त शिप्रा चतुर्वेदी, अटल आवासीय विद्यालय लखनऊ के प्रधानाचार्य सुखवीर सिंह, श्रम प्रवर्तन अधिकारियों तथा अन्य कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
अधिकारियों ने परीक्षा केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और परीक्षा को निष्पक्ष एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
इसके अलावा लखनऊ मंडल के अन्य जनपदों सीतापुर, लखीमपुर खीरी, उन्नाव, रायबरेली और हरदोई में भी अटल आवासीय विद्यालय की प्रवेश परीक्षा आयोजित की गई। सभी स्थानों पर जिलास्तरीय अधिकारियों और विद्यालय प्रशासन की देखरेख में परीक्षा पारदर्शिता और अनुशासन के साथ संपन्न कराई गई।
मंडल के सभी जनपदों में विद्यार्थियों की उपस्थिति संतोषजनक रही और बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने परीक्षा में भाग लेकर अटल आवासीय विद्यालय में प्रवेश पाने की अपनी उम्मीदें आगे बढ़ाईं।
अपर श्रमायुक्त कल्पना श्रीवास्तव ने बताया कि परीक्षा को शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी स्तरों पर आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं। अधिकारियों और कर्मचारियों के समन्वित प्रयास से परीक्षा सफलतापूर्वक आयोजित की गई। उन्होंने कहा कि अटल आवासीय विद्यालय श्रमिक परिवारों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षिक अवसर मिल सकेंगे।
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर ‘वामा सारथी’ का सम्मान समारोह
यूपी पुलिस परिवार की 14 महिलाएं व बालिकाएं सम्मानित
चयनित महिलाओं और बालिकाओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान किया
लखनऊ । अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस  के अवसर पर उत्तर प्रदेश पुलिस फैमिली वेलफेयर एसोसिएशन वामा सारथी की ओर से लखनऊ स्थित वामा सारथी कार्यालय में एक गरिमामय सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम एसोसिएशन की अध्यक्षा  मीनाक्षी सिंह की विशेष पहल पर आयोजित किया गया, जिसमें यूपी पुलिस के अराजपत्रित कर्मियों के परिवारों की उन महिलाओं और बालिकाओं को सम्मानित किया गया जिन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर समाज के लिए प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया है।इस सम्मान के लिए प्रदेश के सभी जनपदों से ऑनलाइन नामांकन आमंत्रित किए गए थे, जिनमें कुल 530 प्रविष्टियां प्राप्त हुईं। वामा सारथी की स्क्रीनिंग समिति द्वारा इन प्रविष्टियों की गहन समीक्षा के बाद 14 महिलाओं और बालिकाओं का मुख्यालय स्तर पर सम्मान के लिए चयन किया गया।सम्मान समारोह में अध्यक्षा  मीनाक्षी सिंह ने सभी चयनित महिलाओं और बालिकाओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान करते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर इन असाधारण महिलाओं को सम्मानित करना पूरे उत्तर प्रदेश पुलिस परिवार के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि इनकी उपलब्धियां केवल व्यक्तिगत सफलता नहीं बल्कि समाज की हर बेटी, हर मां और हर महिला के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं।यह कार्यक्रम अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस 2026 की थीम  देने में ही पाना है से प्रेरित रहा। इस थीम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि जब महिलाओं को ज्ञान, अवसर, सहयोग और सम्मान दिया जाता है तो इससे न केवल वे बल्कि पूरा समाज समृद्ध होता है।

सम्मानित महिलाओं का विवरण

सम्मान समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं और बालिकाओं को सम्मानित किया गया।स्वाति रोझा (शामली) – उपनिरीक्षक कर्मबीर सिंह की पुत्री स्वाति रोझा एक मोटर व्लॉगर और डिजिटल क्रिएटर हैं। दिल्ली विश्वविद्यालय से फिजियोथेरेपी में प्रथम श्रेणी से स्नातक स्वाति के यूट्यूब चैनल पर 4.6 लाख से अधिक सब्सक्राइबर और इंस्टाग्राम पर 5.6 लाख से अधिक फॉलोअर्स हैं। उन्हें ‘पेट्रोलहेड ऑफ द ईयर — फीमेल विनर’ पुरस्कार भी मिल चुका है।खुशबू सिंह (महराजगंज) – निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार सिंह की पत्नी खुशबू सिंह ने अक्टूबर 2024 में कल्कि शॉप नाम से वेबसाइट और मोबाइल एप के माध्यम से किराना और घरेलू सामान की ऑनलाइन बिक्री और होम डिलीवरी का व्यवसाय शुरू किया। अपूर्वा और सुश्री अपूर्वी (बुलंदशहर) – उपनिरीक्षक बोबेश धीमान की पुत्रियों ने 2020 में ‘एक कदम संस्कृत की ओर’ अभियान शुरू किया। सोशल मीडिया के माध्यम से संस्कृत भाषा के प्रचार-प्रसार में उन्होंने महत्वपूर्ण योगदान दिया है और उनके 5.5 लाख से अधिक अनुयायी हैं। उन्होंने दा संस्कृत पाठशाला’ पुस्तक भी लिखी है। भावना चौधरी (गाजियाबाद) – उपनिरीक्षक ब्रेश पाल सिंह की पुत्री भावना चौधरी बीएसएफ एयर विंग में इंस्पेक्टर हैं और बीएसएफ एयर विंग की पहली महिला फ्लाइट इंजीनियर बनीं। उन्होंने 2016 में सीडीएसई-1 परीक्षा में अखिल भारतीय रैंक 8 प्राप्त की थी। श्रेया सिंह (आगरा) – मुख्य आरक्षी जगवीर सिंह की पुत्री श्रेया सिंह एक कराटे खिलाड़ी हैं। उन्होंने श्रीलंका के कोलंबो में आयोजित अंतरराष्ट्रीय कराटे चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए स्वर्ण पदक जीता।डॉ. नेहा सिंह (गोरखपुर) – अंतरराष्ट्रीय चित्रकार डॉ. नेहा सिंह ने कला के क्षेत्र में 6 विश्व रिकॉर्ड अपने नाम किए हैं, जिनमें गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड, वर्ल्ड रिकॉर्ड्स इंडिया और इंडियन बुक ऑफ रिकॉर्ड्स शामिल हैं।डॉ. पद्मिनी मिश्रा (गोरखपुर) – आईसीएमआर में साइंटिस्ट-बी के पद पर कार्यरत डॉ. पद्मिनी मिश्रा ने बनारस हिंदू विश्वविद्यालय से पीएचडी की उपाधि प्राप्त की है। रेबीज पर उनका शोध प्रतिष्ठित ‘लैंसेट’ पत्रिका में प्रकाशित हुआ है।साधना (उन्नाव / जालौन) – साधना ने दसवीं कक्षा पास करने के बाद से ही गरीब बच्चों को निःशुल्क पढ़ाना शुरू किया और आज भी जरूरतमंद बच्चों की पढ़ाई, किताबें और अन्य आवश्यकताओं में मदद करती हैं।डॉ. निरिमा गौतम (उन्नाव) – डॉ. निरिमा गौतम ने नीट परीक्षा उत्तीर्ण कर एमबीबीएस की डिग्री प्राप्त की और वर्तमान में शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र उन्नाव में चिकित्सक के रूप में सेवाएं दे रही हैं।आकांक्षा प्रजापति (सोनभद्र) – साहित्य और लेखन के क्षेत्र में सक्रिय आकांक्षा प्रजापति की रचनाएं विभिन्न पत्रिकाओं में प्रकाशित हो चुकी हैं और उनकी लघुकथाएं ‘हाथी का पजामा’ संग्रह में भी शामिल हैं। निगहत (बदायूं) – विज्ञान और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करते हुए निगहत ने फल एवं सब्जी परिरक्षण विज्ञान प्रशिक्षण में प्रथम स्थान प्राप्त किया और संरक्षण तकनीकों में दक्षता हासिल की। हेमलता यादव (हरदोई) – मुख्य आरक्षी राकेश कुमार यादव की पत्नी हेमलता यादव ने 2022 में अपने पति की जान बचाने के लिए उन्हें लीवर दान किया।दीप्ति यादव (मुरादाबाद) – दीप्ति यादव ने अपने पति को किडनी दान करने के साथ-साथ सिलाई केंद्र स्थापित कर महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने का कार्य भी शुरू किया।
कार्यक्रम के अंत में वामा सारथी ने सभी सम्मानित महिलाओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर वामा सारथी स्पेशल इवेंट समिति की उपाध्यक्ष  बृजरानी स्वर्णकार, समिति की सदस्य काम्या कुलकर्णी,  मेघना गुप्ता, स्किल डेवलपमेंट समिति की अध्यक्षा पुनीता सिंह, सचिव डॉ. चारु गाबा सहित कई सदस्य और पुलिसकर्मियों के परिजन उपस्थित रहे।
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर CM योगी का संदेश: नारी शक्ति के बिना सशक्त समाज संभव नहीं

* महिलाओं की सुरक्षा, गरिमा और आत्मनिर्भरता के लिए सरकार प्रतिबद्ध, मिशन शक्ति व एंटी रोमियो अभियान से अपराधियों में बना डर

लखनऊ। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश की नारी शक्ति को संदेश देते हुए कहा कि सशक्त समाज के निर्माण में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार आधी आबादी की सुरक्षा, गरिमा और आत्मनिर्भरता सुनिश्चित करने के लिए दृढ़ संकल्प के साथ कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में महिलाओं के साथ अपराध आम बात थी, लेकिन आज हालात बदले हैं और प्रदेश की बेटियां पहले से अधिक सुरक्षित महसूस कर रही हैं। उन्होंने कहा कि स्पष्ट नीति और साफ नीयत के कारण ही यह परिवर्तन संभव हो पाया है।
सीएम योगी ने बताया कि मिशन शक्ति और एंटी रोमियो जैसे अभियानों ने अपराधियों के मन में डर पैदा किया है। उन्होंने कहा कि जहां बेटियां सुरक्षित और सम्मानित होती हैं, वहीं समाज निरंतर प्रगति करता है।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि आज प्रदेश में छात्राओं के ड्रॉपआउट रेट, मातृ मृत्यु दर और शिशु मृत्यु दर में अभूतपूर्व गिरावट दर्ज की गई है। शिक्षा से लेकर रोजगार तक बेटियों को समान अवसर प्रदान किए जा रहे हैं, जिससे यूपी की नारी शक्ति स्वावलंबन का नया अध्याय लिख रही है।
उन्होंने कहा कि बीसी सखी, लक्ष्मी दीदी, ड्रोन दीदी, स्वास्थ्य सखी और सूर्य सखी जैसी योजनाओं के माध्यम से महिलाएं अपने परिवार के साथ-साथ प्रदेश को भी सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नारी का सम्मान पूरे समाज के लिए सर्वोपरि होना चाहिए। उन्होंने कहा कि मां और मातृभूमि स्वर्ग से भी बढ़कर हैं तथा प्रदेश की बेटियों को किसी से डरने की आवश्यकता नहीं है, क्योंकि सरकार उनके सपनों को पंख देने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।