सितारों से आगे जहां और भी हैं... के साथ विदा हुए साइबर वैली के मर्मज्ञ, रंगारंग प्रस्तुतियों के साथ मनाया गया फेयरवेल
अम्बिकापुर- सितारों से आगे जहां और भी हैं, अभी इश्क के इम्तिहां और भी हैं... अल्लामा इकबाल की ये पंक्तियां शनिवार को श्री साई बाबा आदर्श महाविद्यालय के सभागार में चरितार्थ हुईं। कम्प्यूटर एंड आईटी विभाग के तत्वावधान में आयोजित फेयरवेल समारोह को सम्बोधित करते हुए प्राचार्य डॉ. राजेश श्रीवास्तव ने कहा कि ये सफलता के सितारे आपकी जिन्दगी में हमेशा चमकते रहेंगे और आपकी सफलता ही महाविद्यालय परिवार को गौरवान्वित करती रहेगी। उन्होंने कहा कि हमें और प्राध्यापकों को अपने विद्यार्थियों पर पूरा विश्वास है। आप जहां भी होंगे सफलता आपके साथ होगी और ये सफलतायें नये विद्यार्थियों को प्रेरित भी करेगी।
इससे पहले प्राचार्य, प्राध्यापक और विद्यार्थियों ने मां सरस्वती और श्री साई नाथ की तस्वीर पर माल्यार्पण तथा दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। सभी का स्वागत सोशल मीडिया के आईकान से सजे बैच लगा कर तथा पुष्प गुच्छ प्रदान कर किया गया।
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कम्प्यूटर एंड आईटी विभाग के अध्यक्ष डॉ.विवेक कुमार गुप्ता ने कहा कि यह अवसर आपके इस पाठ्यक्रम से स्नातक की उपाधि प्राप्त होने का है। कम्प्यूटर एंड आईटी की दुनिया आपका स्वागत करने का तैयार है। स्नातक के बाद आप उच्च शिक्षा में आ सकते हैं और अपने को ग्लोबली साईबर वैली, सिलकॉन मर्मज्ञ के अनुसार तैयार करेंगे। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को श्रेष्ठ परिश्रम, लगन और तकनीकी से अपने को स्थापित करने का आह्वान किया।
विद्यार्थियों ने रंगारंग प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। फेयरवेल के दौरान अंकुश कुमार गुप्ता, अनीश कुमार गुप्ता, नेहा सिंह आदि विद्यार्थियों ने महाविद्यालय के तीन वर्षों के अनुभव साझा किये। कार्यक्रम का संचालन पीयुष गुप्ता, शिक्षा सोनी ने किया।
इस अवसर पर आईक्यूएसी प्रभारी डॉ. शैलेष देवांगन, लाइफ साईंस विभाग के अध्यक्ष अरविन्द तिवारी, वाणिज्य एवं प्रबंध विभाग के अध्यक्ष राकेश सेन, शिक्षा विभाग के अध्यक्ष डॉ. दिनेश शाक्य तथा सभी प्राध्यापक और विद्यार्थी उपस्थित रहे।
फेयरवेल में दिखी सोशल मीडिया की धमक
फेयरवेल के दौरान सभी प्राध्यापकों के साथ वरिष्ठ विद्यार्थियों को बैच लगाया गया जिस पर फेसबुक, इंस्टाग्राम, वाट्सऐप, चैटजीपीटी, यूट्यूब, स्नैपचैट, ट्वीटर आदि के आइकॉन प्रिंट थे। विद्यार्थियों ने एक ओर जहां साइबर वैली को दिखाया तो दूसरी ओर सोशल मीडिया की पहुंच को दर्शाया।

































2 hours and 10 min ago
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1