जहानाबाद: ‘गुरुकुल प्रगति इंटरनेशनल स्कूल’ का भव्य उद्घाटन, शिक्षा के क्षेत्र में नई पहल
जहानाबाद। जिले के मखदूमपुर प्रखंड अंतर्गत केसमारा शिव मंदिर के समीप स्थित गुरुकुल प्रगति इंटरनेशनल स्कूल का भव्य उद्घाटन रविवार, 1 मार्च 2026 को समारोहपूर्वक किया गया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्र के कई गणमान्य लोग, अभिभावक और स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में जहानाबाद के सांसद सुरेन्द्र प्रसाद यादव शामिल हुए। उन्होंने फीता काटकर विद्यालय का विधिवत उद्घाटन किया तथा विद्यालय परिसर का निरीक्षण भी किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि शिक्षा समाज के विकास का सबसे सशक्त माध्यम है। ग्रामीण क्षेत्र में इस तरह के आधुनिक विद्यालय की स्थापना बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि गुरुकुल प्रगति इंटरनेशनल स्कूल की स्थापना से आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा अपने ही क्षेत्र में उपलब्ध हो सकेगी। इससे अभिभावकों को अपने बच्चों को पढ़ाई के लिए दूर-दराज के शहरों में भेजने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। साथ ही उन्होंने उम्मीद जताई कि यह विद्यालय बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
विद्यालय के संस्थापक एवं प्रबंध निदेशक अभिवेक कुमार ने बताया कि इस विद्यालय की स्थापना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि यहां विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण, अनुशासन और आधुनिक सुविधाओं के साथ शिक्षा दी जाएगी, ताकि वे अपने भविष्य को बेहतर दिशा दे सकें। समारोह में स्वागतकर्ता के रूप में सांसद प्रतिनिधि ललन बुनियादिया तथा आर.के. सिंह (डायरेक्टर, कैटेलिस्ट मखदूमपुर) उपस्थित रहे। वहीं कार्यक्रम की व्यवस्था अविनाश कुमार (संस्थापक, आर.एल. लाइब्रेरी) के नेतृत्व में की गई। उद्घाटन समारोह के दौरान उपस्थित अतिथियों ने विद्यालय की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस संस्थान की स्थापना से क्षेत्र के बच्चों को बेहतर शिक्षा और नई संभावनाओं का मार्ग मिलेगा। वहीं अभिभावकों ने भी उम्मीद जताई कि यह विद्यालय बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में अहम भूमिका निभाएगा।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार की ओर से सभी अतिथियों, अभिभावकों और उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। साथ ही विश्वास जताया गया कि गुरुकुल प्रगति इंटरनेशनल स्कूल आने वाले समय में क्षेत्र में शिक्षा की एक नई पहचान बनेगा।
जहानाबाद: कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में ‘रंगोत्सव’ सह होली मिलन समारोह का आयोजन
जहानाबाद। होली के पावन अवसर पर कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय के परिसर में ‘रंगोत्सव’ सह होली मिलन समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर रंगों और उल्लास से सराबोर नजर आया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सरस्वती कुमारी (जिला शिक्षा पदाधिकारी) उपस्थित रहीं। उन्होंने छात्राओं के साथ गुलाल लगाकर होली की खुशियाँ साझा कीं और सभी को पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पारंपरिक होली गीतों की मनमोहक प्रस्तुति दी। छात्राओं के गीत और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने पूरे परिसर के माहौल को उत्सवमय बना दिया। इस अवसर पर जिला शिक्षा पदाधिकारी ने छात्राओं की प्रतिभा और सांस्कृतिक कौशल की सराहना करते हुए उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। छात्राओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भारत में त्योहार आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक सौहार्द के प्रतीक होते हैं। आवासीय विद्यालयों में इस तरह के आयोजनों का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि छात्राएं अपने परिवार से दूर रहकर भी त्योहारों के दौरान अकेलापन महसूस न करें और उन्हें घर जैसा माहौल मिल सके। उन्होंने यह भी कहा कि इस प्रकार के सांस्कृतिक कार्यक्रम विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इससे बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ता है और वे अपनी प्रतिभा को खुलकर प्रदर्शित कर पाते हैं। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रशासन की ओर से सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया और सभी ने मिलकर आपसी सौहार्द और शांति के साथ पर्व मनाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर सुष्मिता भारद्वाज (जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, स्थापना) भी मौजूद रहीं। उनके साथ विद्यालय के शिक्षकगण, कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित होकर कार्यक्रम का आनंद लेते नजर आए।
जहानाबाद में समावेशी शिक्षा के सशक्तिकरण हेतु दो दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ
जहानाबाद: बिहार शिक्षा परियोजना, जहानाबाद के तत्वावधान में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, जहानाबाद परिसर में समावेशी शिक्षा संभाग के अंतर्गत दो दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि जिला शिक्षा पदाधिकारी, जहानाबाद, सरस्वती कुमारी द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर विद्यालय की छात्राओं ने स्वागत गान प्रस्तुत कर माहौल को भावपूर्ण बना दिया। अतिथियों को पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया। यह प्रमंडल स्तरीय प्रशिक्षण शिविर मगध एवं सारण प्रमंडल के विभिन्न संसाधन केंद्रों तथा कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों (KGBV) में कार्यरत लगभग 36 हेल्पर एवं आयाओं के लिए आयोजित किया गया है। प्रशिक्षण का उद्देश्य विशेष आवश्यकता वाले बच्चों की बेहतर देखभाल, सहयोग और मार्गदर्शन हेतु प्रतिभागियों को आवश्यक ज्ञान, कौशल और संवेदनशील दृष्टिकोण प्रदान करना है।
समारोह को संबोधित करते हुए जिला शिक्षा पदाधिकारी सरस्वती कुमारी ने कहा कि दिव्यांगजन समाज के अभिन्न और महत्वपूर्ण अंग हैं। उनके प्रति हमारा व्यवहार केवल औपचारिक जिम्मेदारी तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि उसमें सहानुभूति, सम्मान और अपनत्व का भाव भी झलकना चाहिए। उन्होंने कहा कि दिव्यांग बच्चों के साथ सकारात्मक और स्नेहपूर्ण व्यवहार उनके आत्मविश्वास को सुदृढ़ करने में अहम भूमिका निभाता है। प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को दिव्यांगता के विभिन्न प्रकार, उससे जुड़ी चुनौतियां और उनके प्रभावी समाधान के बारे में विस्तार से जानकारी दी जाएगी, ताकि वे बच्चों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने में प्रभावी भूमिका निभा सकें।यह पहल समावेशी शिक्षा को मजबूत करने के साथ-साथ दिव्यांग बच्चों के लिए सुरक्षित, सहयोगात्मक और गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण तैयार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
NEET छात्रा मौत मामला: CBI जांच के बीच परिजनों को मिली हत्या की धमकी, घर में मिला धमकी भरा पर्चा
जहानाबाद: बिहार में नीट छात्रा की संदिग्ध मौत का मामला लगातार गंभीर होता जा रहा है। इस मामले में जहां एक ओर केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) जांच में जुटी हुई है, वहीं दूसरी ओर मृत छात्रा के परिजनों को हत्या की धमकी मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। धमकी मिलने के बाद परिवार दहशत के माहौल में जी रहा है। परिजनों के अनुसार, बीते शनिवार यानी 14 फरवरी 2026 को घर के किचन में एक धमकी भरा पर्चा मिला। बताया जा रहा है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने खिड़की के बाहर से यह पर्चा अंदर फेंक दिया था। खाना बनाने के दौरान परिजनों की नजर इस पर्चे पर पड़ी। पर्चे में लिखा था — “ज्यादा न बन, सब मारा जाएगा, सबके जान मारेंगे।”
धमकी मिलने के बाद परिजनों ने तुरंत स्थानीय प्रशासन को इसकी सूचना दी। परिजनों का कहना है कि पर्चा मिलने के बाद से परिवार के लोगों में डर और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है। परिवार ने बताया कि दिन के समय घर पर सुरक्षा के लिए चौकीदार मौजूद रहता है, लेकिन पिछले दो दिनों से रात के समय सुरक्षा व्यवस्था नहीं रहने से उनकी चिंता और बढ़ गई है। इस पूरे मामले में शकुराबाद थाना के थानाध्यक्ष राहुल कुमार ने बताया कि छात्रा के परिजनों के घर से मिला धमकी भरा पर्चा पुलिस को सौंप दिया गया है। पर्चे की जांच की जा रही है तथा मामले में सनहा दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि परिवार को पहले से ही सुरक्षा उपलब्ध कराई गई है। इधर छात्रा की मौत के मामले में CBI लगातार जांच कर रही है। जांच के क्रम में टीम पहले शंभू गर्ल्स हॉस्टल पहुंची, जहां छात्रा रहकर पढ़ाई कर रही थी। इसके बाद CBI टीम 15 फरवरी 2026 की सुबह करीब 9 बजे छात्रा के पैतृक गांव पहुंची और कई घंटों तक परिजनों से पूछताछ की। सूत्रों के अनुसार, जांच के दौरान CBI टीम छात्रा की कुछ किताबें, कॉपियां और कपड़े अपने साथ लेकर गई है। साथ ही छात्रा के भाई का मोबाइल फोन भी मांगा गया। हालांकि परिजनों ने बताया कि मोबाइल खराब होने के कारण उसे मरम्मत के लिए मखदुमपुर की एक दुकान में दिया गया है।
छात्रा के पिता ने बताया कि CBI टीम का रवैया सकारात्मक रहा और उन्हें निष्पक्ष जांच की उम्मीद जगी है। वहीं इस पूरे घटनाक्रम ने मामले को और संवेदनशील बना दिया है तथा परिवार की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े होने लगे हैं। फिलहाल पुलिस और जांच एजेंसियां मामले के हर पहलू की गहन जांच में जुटी हुई हैं और धमकी देने वालों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
पटना गर्ल्स हॉस्टल केस : नीट छात्रा की संदिग्ध मौत में सीबीआई की जांच तेज, जहानाबाद में परिजनों से चार घंटे पूछताछ
जहानाबाद : राजधानी पटना में नीट की तैयारी कर रही छात्रा की संदिग्ध मौत के बहुचर्चित मामले में जांच अब तेज हो गई है। मामले की जांच की जिम्मेदारी केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) को सौंपे जाने के बाद एजेंसी लगातार कार्रवाई में जुटी हुई है।
बताया जा रहा है कि शनिवार को सीबीआई की टीम ने पटना स्थित गर्ल्स हॉस्टल में करीब तीन घंटे तक सघन तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान टीम ने हॉस्टल के कमरों, रजिस्टर, सीसीटीवी फुटेज और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की बारीकी से जांच की। जांच के दौरान कुछ अहम दस्तावेज और डिजिटल साक्ष्य जब्त किए गए हैं, जिनका तकनीकी विश्लेषण कराया जाएगा।
वहीं रविवार की सुबह सीबीआई की टीम छात्रा के पैतृक घर जहानाबाद पहुंची। यहां सुबह लगभग 8 बजे से परिजनों से विस्तृत पूछताछ शुरू हुई, जो दोपहर 12 बजे के बाद समाप्त हुई। अधिकारियों ने छात्रा की दिनचर्या, दोस्तों से संबंध, हालिया गतिविधियों तथा किसी संभावित विवाद या धमकी से जुड़े पहलुओं पर गहन जानकारी जुटाई।
सूत्रों के अनुसार जांच एजेंसी इस मामले की हर एंगल से पड़ताल कर रही है, ताकि घटना की वास्तविक परिस्थितियों का स्पष्ट पता लगाया जा सके। मालूम हो कि छात्रा के परिजनों ने उसके साथ दुष्कर्म के बाद हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि शुरुआती दौर में पुलिस मामले को दबाने की कोशिश कर रही थी। पहले इस घटना को आत्महत्या बताया जा रहा था, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यौन उत्पीड़न के संकेत मिलने के बाद मामला गंभीर हो गया।
इस मामले में पुलिस ने हॉस्टल के मालिक को गिरफ्तार किया था, जबकि हॉस्टल संचालिका को पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया था। जांच के लिए गठित एसआईटी ने छात्रा को नाबालिग मानते हुए पॉक्सो एक्ट की धाराएं भी जोड़ी थीं। जांच के दौरान छात्रा के अंडरगारमेंट्स में संदिग्ध जैविक साक्ष्य मिलने की बात सामने आई थी। इसके मिलान के लिए कई लोगों के डीएनए सैंपल लिए गए, जिसमें कुछ परिजन और रिश्तेदार भी शामिल थे। इस पर परिवार ने आपत्ति जताई थी। इसके बाद राज्य सरकार ने मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए पूरा केस सीबीआई को सौंप दिया।
जहानाबाद में नि:शुल्क नेत्र जांच शिविर, 500 महिलाओं की जांच, सैकड़ों को मिला चश्मा
जहानाबाद। जिले के शिकारीया पंचायत अंतर्गत करौना गांव में प्रयत्न फेडरेशन सदर की ओर से महिलाओं के लिए नि:शुल्क नेत्र जांच एवं चश्मा वितरण शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम फेडरेशन के अध्यक्ष की अध्यक्षता में आयोजित हुआ, जिसमें करीब 500 महिलाओं की आंखों की जांच की गई। शिविर के दौरान जांच में +1 नंबर की 71, +1.5 नंबर की 49, +2.0 नंबर की 45 तथा +2.5 नंबर की 44 महिलाओं को चश्मा उपलब्ध कराया गया। वहीं 72 महिलाओं को बेहतर उपचार के लिए उच्च चिकित्सा केंद्रों पर रेफर किया गया। नि:शुल्क चश्मा वितरण से ग्रामीण महिलाओं को काफी राहत मिली। कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त डॉ. प्रीति, जिला परिषद अध्यक्ष रानी कुमारी सहित कई पदाधिकारी एवं सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे। शिविर में पीसीआई (PCI) से जुड़े प्रतिनिधियों और फेडरेशन के पदाधिकारियों ने भी महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए फेडरेशन पदाधिकारी ने बताया कि संगठन का लक्ष्य अगले तीन वर्षों में लगभग 1 लाख 1 हजार जरूरतमंद महिलाओं को नि:शुल्क चश्मा उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में कई महिलाएं घरेलू जिम्मेदारियों और संसाधनों की कमी के कारण समय पर आंखों का इलाज नहीं करा पाती हैं। ऐसे में नियमित जांच और चश्मा उपलब्ध होने से दृष्टि संबंधी समस्याओं का समाधान संभव है।
उन्होंने बताया कि महिलाएं घर और परिवार की जिम्मेदारियों के साथ सिलाई, बुनाई, भोजन बनाने एवं अन्य सूक्ष्म कार्यों में अपनी आंखों का अधिक उपयोग करती हैं। समय पर इलाज नहीं होने से उन्हें गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ता है। संगठन का उद्देश्य गांव-गांव शिविर लगाकर जरूरतमंद महिलाओं तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना है। इस दौरान "ग्लासेस फॉर लाइवलीहुड प्रोजेक्ट" के तहत प्रयत्न नारी शक्ति महिला विकास स्वावलंबी सहकारी समिति लिमिटेड द्वारा पीसीआई के साथ समझौता कर जहानाबाद प्रखंड के विभिन्न पंचायतों में 35 वर्ष से अधिक आयु की 10 हजार महिलाओं को चश्मा उपलब्ध कराने की योजना शुरू की गई। इस योजना में समूह से जुड़ा होना अनिवार्य नहीं रखा गया है। योजना का शुभारंभ सिकरिया पंचायत के करौना गांव से किया गया।
कार्यक्रम में समिति अध्यक्ष नीतू कुमारी, सीईओ भोला प्रसाद, दीपक कुमार, चंद्रकांत कुमार, रुक्मिणी देवी एवं कई सीआरपी सदस्य उपस्थित रहे। अंत में अध्यक्ष द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम के समापन की घोषणा की गई।
अरवल में जमीन विवाद बना खूनी संघर्ष, दबंगों के हमले में जमीन मालिक गंभीर, पीएमसीएच रेफर
अरवल जिले के कुर्था थाना क्षेत्र से जमीन विवाद को लेकर हिंसक झड़प की बड़ी खबर सामने आई है। कोर्ट के आदेश के बावजूद जमीन कब्जा को लेकर हुए विवाद में कथित दबंगों ने जमीन मालिक पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में जमीन मालिक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें पटना पीएमसीएच रेफर किया गया है। मामला कुर्था थाना क्षेत्र के मणिपुर गांव का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, जमीन विवाद का मामला लंबे समय से न्यायालय में चल रहा था। हाल ही में कोर्ट ने जमीन मालिक के पक्ष में फैसला सुनाया था। आरोप है कि इसके बावजूद कुछ लोग जमीन पर कब्जा करने और अतिक्रमण करने की कोशिश कर रहे थे। बताया जा रहा है कि जब जमीन मालिक को इसकी जानकारी मिली और उन्होंने इसका विरोध किया, तो कथित दबंगों और असामाजिक तत्वों ने उन पर हमला कर दिया। हमले में जमीन मालिक को सिर पर गंभीर चोट आई, जिसके बाद उन्हें आनन-फानन में जहानाबाद सदर अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पटना पीएमसीएच रेफर कर दिया।
घटना के दौरान स्थिति इतनी तनावपूर्ण हो गई कि मौके पर पहुंचे प्रशासनिक कर्मियों के साथ भी धक्का-मुक्की और मारपीट की गई। इस दौरान कुछ पुलिसकर्मियों के घायल होने की भी सूचना है। वहीं दोनों पक्षों के कुछ लोगों के घायल होने की बात भी सामने आ रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। घायल जमीन मालिक के परिजनों का आरोप है कि हमलावर बड़ी संख्या में थे और जान से मारने की नीयत से हमला किया गया। जमीन मालिक का कहना है कि उन्होंने पहले ही प्रशासन को घटना की सूचना दी थी, लेकिन हमलावरों ने हमला कर दिया। उन्होंने किसी तरह अपनी जान बचाकर मौके से भागने की बात कही है। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें ग्रामीणों की मौजूदगी में जमीन विवाद को लेकर झड़प होती दिखाई दे रही है। हालांकि वीडियो की आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं की गई है। फिलहाल इस पूरे मामले में प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। जांच के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों और दोषियों की पहचान हो सकेगी।
जहानाबाद माघ पूर्णिमा पर दरधा–जमुना संगम घाट पर भव्य महाआरती व दीपोत्सव, उमड़ा आस्था का जनसैलाब
जहानाबाद माघ शुक्ल पूर्णिमा के पावन अवसर पर  दरधा–जमुना संगम घाट, गांधी मैदान, जहानाबाद में भव्य महाआरती एवं दीपोत्सव का आयोजन श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ संपन्न हुआ। यह आयोजन संगम शिव मंदिर परिवार एवं संस्कार भारती, जहानाबाद जिला इकाई के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। इस पावन अवसर पर संगम घाट पर आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। हजारों श्रद्धालुओं ने गंगा-समान पवित्र संगम तट पर उपस्थित होकर विधिवत पूजा-अर्चना, महाआरती एवं दीपदान में भाग लिया। पूरा संगम क्षेत्र “हर-हर महादेव” के जयघोष, शंखनाद एवं मंत्रोच्चारण से भक्तिमय वातावरण में गूंज उठा। महाआरती के उपरांत भव्य दीपोत्सव का आयोजन किया गया। संगम घाट एवं शिव मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। श्रद्धालुओं द्वारा एक साथ हजारों दीप प्रज्ज्वलित किए जाने से पूरा घाट अलौकिक और मनोहारी दृश्य में तब्दील हो गया। दीपों की रौशनी से जगमगाता संगम घाट देर शाम तक श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बना रहा। इस अवसर पर संस्कार भारती, जहानाबाद जिला इकाई के अध्यक्ष डॉ. एस. के. सुनील ने कहा कि “माघ पूर्णिमा सनातन धर्म में अत्यंत पवित्र पर्व है। इस मास में पवित्र नदियों में स्नान, पूजा-अर्चना, आरती और दान-पुण्य का विशेष महत्व होता है। इसी आध्यात्मिक भावना के साथ हम सभी इस आयोजन में सम्मिलित हुए हैं।”
कार्यक्रम में संस्कार भारती के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्यगण भी सक्रिय रूप से उपस्थित रहे। इनमें महामंत्री डॉ. मानसी सिंह, उपाध्यक्ष अमित कुणाल, लोक कला प्रमुख संयोजक सावित्री सुमन, कला धरोहर विभाग संयोजक अमित कुमार, प्रचार विभाग संयोजक बरुण कुमार तथा कार्यकर्ता गौतम पाराशर प्रमुख रूप से शामिल थे। इस अवसर पर शहर के बड़ी संख्या में सनातन धर्मावलंबियों ने संगम घाट पर दीप प्रज्ज्वलित कर पूजा-अर्चना की तथा समाज, राष्ट्र एवं विश्व कल्याण की मंगलकामना की। आयोजन को सफल बनाने में शहर के कई गणमान्य नागरिकों एवं श्रद्धालुओं का सराहनीय योगदान रहा।
भव्य महाआरती और दीपोत्सव ने न केवल धार्मिक आस्था को और प्रगाढ़ किया, बल्कि सामाजिक एकता एवं सांस्कृतिक चेतना का भी सशक्त संदेश दिया।
जहानाबाद सदर अस्पताल परिसर स्थित GNM स्कूल भवन में चिकित्सा पदाधिकारियों के लिए IDSP का एक दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित
जहानाबाद सदर अस्पताल परिसर स्थित GNM स्कूल भवन, जहानाबाद में जिले के सभी चिकित्सा पदाधिकारियों, प्रभारी अधीक्षक तथा अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (24×7) के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण एवं उन्मुखीकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह प्रशिक्षण एकीकृत रोग निगरानी कार्यक्रम (IDSP) के अंतर्गत आयोजित किया गया, जिसमें जिले में संचालित रोग सर्विलेंस प्रणाली की विस्तृत जानकारी प्रतिभागियों को दी गई। प्रशिक्षण सत्र के दौरान क्षेत्र में फैलने वाली प्रमुख संक्रामक बीमारियों—जापानी इंसेफेलाइटिस, टाइफाइड, डायरिया, खसरा (मीजल्स), चिकन पॉक्स आदि—के लक्षण, पहचान, रिपोर्टिंग प्रक्रिया एवं रोकथाम के उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई।
इसके साथ ही क्षेत्र में संभावित एवं वर्तमान आउटब्रेक की स्थिति पर भी जानकारी साझा की गई, ताकि समय रहते रोग की पहचान कर जिला स्तर तक सूचना प्रेषित की जा सके और आवश्यक निरोधात्मक एवं उपचारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। प्रशिक्षण के दौरान सभी प्रभारी अधीक्षक एवं प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों को यह भी बताया गया कि अपने-अपने संस्थानों एवं क्षेत्रों में चल रहे रोग निगरानी कार्यक्रम का दैनिक ऑनलाइन प्रतिवेदन IDSP के IHIP पोर्टल के माध्यम से कैसे किया जाए तथा इसकी नियमित ऑनलाइन मॉनिटरिंग कैसे की जाए।
कार्यक्रम में राज्य, जिला एवं प्रखंड स्तर की रैंकिंग, रिपोर्टिंग की समयबद्धता तथा आंकड़ों की गुणवत्ता पर विशेष रूप से चर्चा की गई। इस अवसर पर सिविल सर्जन, जहानाबाद डॉ. हरीश चंद्र चौधरी ने उपस्थित प्रतिभागियों को निर्देशित किया कि वे रोग निगरानी कार्यक्रम के अंतर्गत दर्ज होने वाले मामलों की गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध ऑनलाइन एंट्री सुनिश्चित करें तथा अपने-अपने संस्थानों में इसकी नियमित अनुश्रवण व्यवस्था लागू करें।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिले के सभी फील्ड मॉनिटर एवं जिला कार्यक्रम प्रबंधक मो. खालिद हुसैन भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का आयोजन सिविल सर्जन, जहानाबाद के निर्देशानुसार किया गया। प्रशिक्षक के रूप में आलोक कुमार, जिला एपिडेमियोलॉजिस्ट एवं डॉ. प्रमोद कुमार, जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी द्वारा प्रशिक्षण प्रदान किया गया। वहीं सहयोगी के रूप में अजय कुमार सिन्हा (DEO–IDSP), आद्री संस्था के प्रतिनिधि तथा अन्य संबंधित कर्मियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम जिले में रोग निगरानी व्यवस्था को सुदृढ़ करने तथा समय पर रोग नियंत्रण एवं रोकथाम सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
जहानाबाद इंडिया अस्मिता रग्बी लीग राष्ट्रीय प्रतियोगिता में अंशु व सुमन का चयन, बिहार टीम का करेंगी प्रतिनिधित्व
जहानाबाद जिले के लिए यह गर्व और खुशी का क्षण है। शकुराबाद क्षेत्र की दो होनहार रग्बी खिलाड़ी अंशु कुमारी एवं सुमन कुमारी का चयन खेलो इंडिया अस्मिता रग्बी लीग राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए बिहार टीम में किया गया है। दोनों खिलाड़ी बिहार टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए 31 जनवरी से 1 फरवरी तक उड़ीसा के भुवनेश्वर स्थित कलिंगा स्टेडियम में आयोजित राष्ट्रीय रग्बी प्रतियोगिता में अपना दमखम दिखाएंगी। इन दोनों खिलाड़ियों के चयन से न केवल उनके परिवारों में, बल्कि पूरे जहानाबाद जिले में हर्ष का माहौल है। स्थानीय खेल प्रेमियों का कहना है कि सीमित संसाधनों के बावजूद अंशु और सुमन ने कड़ी मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास के बल पर यह मुकाम हासिल किया है। दोनों खिलाड़ियों ने जिला, राज्य एवं अन्य प्रतियोगिताओं में लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर चयनकर्ताओं का ध्यान आकर्षित किया है। इस उपलब्धि पर बिहार रग्बी एसोसिएशन के सचिव डॉ. पंकज कुमार ज्योति, जहानाबाद रग्बी एसोसिएशन के सचिव गौतम कुमार, अध्यक्ष सचिन कुमार, सह सचिव प्रदीप प्रकाश, कोच विकास कुमार, प्रकाश कुमार, विक्रम कुमार सहित कई खेल पदाधिकारियों, प्रशिक्षकों एवं खेल प्रेमियों ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। पदाधिकारियों ने कहा कि यह चयन जहानाबाद में रग्बी खेल के बढ़ते स्तर और बेहतर प्रशिक्षण व्यवस्था का स्पष्ट प्रमाण है। उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व भी अंशु कुमारी एवं सुमन कुमारी ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया है। उनकी फुर्ती, तकनीक और टीम भावना की लगातार सराहना होती रही है।
इस बार भी दोनों खिलाड़ियों से उत्कृष्ट प्रदर्शन की उम्मीद जताई जा रही है, ताकि बिहार टीम एकजुट होकर बेहतर खेल का प्रदर्शन करे और प्रतियोगिता में सफलता हासिल कर सके। वहीं, यह उपलब्धि स्थानीय युवाओं—खासतौर पर लड़कियों—के लिए एक बड़ी प्रेरणा बनकर उभरी है। उम्मीद की जा रही है कि इससे जहानाबाद जिले में खेलों के प्रति रुचि और बढ़ेगी तथा आने वाले समय में जिले के और खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाएंगे।