अधिवक्ता हत्याकांड में दो और आरोपी गिरफ्तार, जमीन के विवाद में पीटकर मार डाला था
*अब तक आधा दर्जन आरोपी गये जेल

गोंडा।जिले के करनैलगंज कोतवाली पुलिस ने अधिवक्ता सुभाष चंद्र मिश्रा हत्याकांड में दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है।इन गिरफ्तारियों के साथ ही मामले में अब तक कुल छ: आरोपी गिरफ्तार कर जेल भेजे जा चुके हैं।गिरफ्तार किए गये आरोपियों की पहचान चन्दन कुमार मिश्रा व बृजेश मिश्रा के रूप में हुई है।पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर इनकी पहचान की और फिर इन्हें हिरासत में ले लिया।गिरफ्तारी के बाद दोनों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया जहाँ से दोनों को जेल भेज दिया गया।पुलिस के अनुसार आरोपी चन्दन कुमार मिश्रा पूर्व प्रधान प्रतिनिधि हरिशरण मिश्रा से संबंधित है जिन्हें पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।वहीं बृजेश मिश्रा पहले से ही गिरफ्तार राम केवल मिश्रा का लड़का है।वायरल वीडियो में ये दोनों भी मारपीट करते दिखाई दिए थे।कोतवाल करनैलगंज नरेंद्र प्रताप राय ने बताया कि इस मामले में पहले चार आरोपियों को जेल भेजा जा चुका है।अब गिरफ्तार किए गए यह दोनों आरोपी भी वायरल वीडियो में लाठी डंडों से मारपीट करते हुए नजर आ रहे थे।पूछताछ में इन दोनों ने घटना में शामिल होना स्वीकार किया है।कोतवाल ने बताया कि वायरल वीडियो की विस्तृत जांच जारी है,घटना में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।वायरल वीडियो में दिख रहे एक एक व्यक्ति की पहचान की जा रही है।इसमें कई ऐसे लोग हैं जो लाठी डंडा लिए इस पूरे विवाद के दौरान नजर आ रहे हैं और आपस में इन लोगों ने मारपीट किया था।किसी भी हालत में करनैलगंज कोतवाली पुलिस द्वारा किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।सभी के खिलाफ कठोर कार्रवाई होगी।
उन्नतिशील गन्ना प्रजातियां बोएं किसान बंधु : महाप्रबंधक
बजाज चीनी मिल कुन्दरखी ने निकाली कृषक जागरूकता रैली

गोंडा। बजाज हिन्दुस्थान शुगर मिल लिमिटेड कुन्दरखी के महाप्रबंधक ए.के. सिंह के निर्देशन में बसंतकालीन गन्ना बुवाई में अस्वीकृत अज्ञात गन्ना प्रजातियों की बुवाई नही करने के लिए एवं किसानों में जागरूकता लाने के उद्देश्य से वृहद जागरूकता रैली निकाली गई।रैली को इकाई प्रमुख पी.एन. सिंह, जिला गन्ना अधिकारी सुनील कुमार सिंह व महाप्रबंधक ए.के. सिंह ने संयुक्त रूप से झंडी दिखाकर रवाना किया।कृषक जागरूकता रैली का मुख्य उद्देश्य किसानों को बसंतकालीन गन्ना बुवाई में उन्नतशील प्रजातियों जैसे को. 0118, 15023, को. लख. 14201, 16202, कोशा. 18231, 17231 तथा जलप्लावित क्षेत्र के लिए 94184, को. 98014, 13231 आदि की बुवाई के लिए प्रेरित करना है।

महाप्रबंधक ने समय से बुवाई कर पेड़ी गन्ने का अच्छा प्रबंधन करके अधिक लाभ प्राप्त करने की अपील किया। साथ आर.एमडी. एवं मलचर के प्रयोग पर जोर दिया व फ़सल स्वस्थ की दशा मे द्वितीय पेडी रखने जोर दिया।इकाई प्रमुख श्री सिंह ने रैली में शामिल अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए बसंतकालीन गन्ना बुवाई के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने रैली के सफल क्रियान्वयन हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किया।
रैली में गन्ना विभाग के प्रतिभागियों ने वाहनों पर झंडी लगाकर क्षेत्र के विभिन्न गांवों में भ्रमण किया।

रैली चीनी मिल गेट से निकल कर कहोबा, विद्यानगर, मलारी, महादेवा, इंद्रापुर, सालपुर, जोगापुर, खिरई खिरवा, खिरिया, मझगवां व तुर्काडीहा आदि ग्रामसभा होते हुए बंधवा सेंटर पहुंची, जहां किसान गोष्ठी आयोजित हुई। इसके उपरांत रैली डुमरिहाडीह, तरबगंज व दर्जीकुआं होते हुए  वापस चीनी मिल गेट पर पहुंच कर समाप्त हुई।किसान गोष्ठी को संबोधित करते हुए जिला गन्ना अधिकारी सुनील कुमार सिंह ने किसानों को सरकार द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी देते हुए दिए जाने वाले अनुदान के बारे में विस्तार से जानकारी दिया। उन्होंने कृषकों से उन्नतिशील गन्ना प्रजातियों को बोने की सलाह दिया तथा अस्वीकृत अज्ञात गन्ना प्रजातियों की बुवाई नही करने पर जोर दिया।

महाप्रबंधक ए.के. सिंह ने किसानों को बताया कि गन्ना सर्वेक्षण के दौरान गन्ने का जमाव न होने अथवा छोटी अवस्था में ठीक पहचान न होने अथवा मिश्रित गन्ना होने के कारण गन्ना प्रजाति को अंकित करने में त्रुटिया रही हैं, अपने सुपरवाइजर से मिलकर उसे  अभी ठीक करा लें। जिससे आगामी वर्ष पेडी गन्ने की आपूर्ति में कठिनाई न हो। आगामी वर्ष गन्ना प्रजाति को डीगरेड नही किया जायेगा। अतः जिस प्रजाति का गन्ना बोया गया है, उसी प्रजाति में सर्वे कराएं।  जिससे पेराई सत्र के दौरान गन्ना आपूर्ति मे परेशानी से बचा जा सके। समस्या के समाधान हेतु अपने क्षेत्र के गन्ना पर्वेक्षक अथवा चीनी मिल के अधिकारियों से संपर्क करें। रैली में प्रदीप कुमार, संतोष मिश्रा, दिनेश सिंह, शशिकांत दूबे, विष्णु प्रताप सिंह, अरविन्द सिंह, सुनील पाठक, उमापति तिवारी, रमेश प्रताप सिंह, सुधांशु शुक्ला, राकेश सिंह, पशुपति नाथ मिश्रा, ओम प्रकाश सिंह, हेमन्त पाठक, जय प्रकाश सिंह आदि शामिल रहे।
कैसरगंज सांसद के पैतृक आवास के बाहर तालाब में मिला युवक का शव,3 दिन से गायब था युवक
*नशे का आदी होने के कारण पिता पुत्र में थी अनबन

गोंडा।जिले के नवाबगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत कैसरगंज सांसद करण भूषण सिंह के विश्नोहरपुर स्थित पैतृक आवास के सामने तालाब में झगरू (40) का शव मिला है।शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।नवाबगंज पुलिस ने शव को तालाब से बाहर निकलवा कर पंचनामा करने के बाद परिजनों को सूचित कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।मृतक की पहचान रजवन पुरवा निवासी झगरू (40) पुत्र दरबारी के रूप में हुई है।परिजनों के अनुसार झगरू 24 फरवरी को शाम को गांव में एक निमंत्रण में गया था,जिसके बाद वह घर नहीं लौटा।शुक्रवार को सुबह उसका शव गांव के तालाब में उतराता हुआ मिला,जिसकी सूचना ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को दिया।शव मिलने की सूचना पर पुलिस क्षेत्राधिकारी तरबगंज यूपी सिंह व थानाध्यक्ष नवाबगंज मौके पर पहुंचकर घटना स्थल का निरीक्षण किया और ग्रामीणों से पूछताछ किया।

नवाबगंज थानाध्यक्ष अभय सिंह ने बताया कि शव लगभग तीन दिन पुराना प्रतीत हो रहा है।उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और मृत्यु का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।मृतक की बहन सावित्री ने बताया कि वह बृहस्पतिवार को ससुराल से मायके आई थी,परन्तु भाई झगरू से उसकी मुलाकात नहीं हो पाई थी और शुक्रवार की सुबह उसकी मौत की खबर मिली।

झगरू के पिता दरबारी ने पुलिस को बताया कि उनका बेटा नशे का आदी था,परन्तु वह हमेशा घर लौट आता था और अपना भोजन स्वयं बनाता था।नशे की आदत के कारण पिता पुत्र के बीच अक्सर अनबन रहती थी।पिता ने यह भी बताया कि झगरू अविवाहित था और मजदूरी करके अपना जीवन यापन करता था।उसके पिता दरबारी भी मजदूरी करते हैं।उसकी माता रमपता का निधन पहले ही हो चुका था।झगरू का छोटा भाई मंगरू विवाहित है और बिहार के गया में रहता है,जबकि उसकी छोटी बहन सावित्री भी विवाहित है।
संजय सेतु मरम्मत से पहले बनेगा अस्थाई पीपे का पुल,प्रयागराज से मंगाए जा रहे पीपे के पुल
*एनएचएआई ने एक माह तो पीडब्ल्यूडी ने मांगा डेढ़ माह का समय

गोंडा।गोंडा से लखनऊ को जोड़ने वाले संजय सेतु के मरम्मत का रास्ता साफ हो गया है,शासन ने संजय सेतु के मरम्मत से पहले यहाँ एक अस्थाई पीपा पुल बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दिया है।इस पीपा पुल का निर्माण 8.26 करोड़ के स्थान पर अब 6.28 करोड़ की लागत से किया जाएगा।अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रयागराज से पीपा पुल लाने के सख्त निर्देश दिए गये हैं।भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने पीपा पुल के निर्माण के लिए एक महीने का समय मांगा है जबकि लोक निर्माण विभाग ने कार्य पूरा करने के लिए डेढ़ महीने का समय मांगा है।संजय सेतु की मरम्मत पीपा पुल के निर्माण के बिना शुरू नहीं होगा।बीते दिनों बलरामपुर,गोंडा, बहराइच, श्रावस्ती,बाराबंकी और अयोध्या के जनप्रतिनिधियों ने  मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर पीपा पुल बनाने की मांग किया था।यह पुल काफी पुराना है और संजय गांधी के नाम पर संजय सेतु या घाघरा पुल के नाम से जाना जाता है।इसके जर्जर होने से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था, जिसके बाद भारत सरकार ने इसकी मरम्मत को मंजूरी दिया है।पुल के मरम्मत का काम शुरू होने से पहले वैकल्पिक मार्ग बनाए जाएंगे ताकि लोगों को आवागमन में कोई दिक्कत न हो।भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के परियोजना निदेशक नकुल प्रकाश ने बताया कि काफी प्रयासों के बाद आखिरकार शासन द्वारा मंजूरी मिल गई है।उन्होंने कहा कि हमने लोक निर्माण विभाग को इस पुल के निर्माण के लिए एक महीने का समय दिया है परन्तु उनके द्वारा डेढ़ महीने का समय मांगा जा रहा है।मरम्मत कार्य शुरू होने से पहले यहाँ पर एक अस्थाई पीपा पुल बनाया जाएगा,जिसकी प्रक्रिया हमने शुरू कर दिया है और प्रयागराज से पीपा पुल मंगाए जा रहे हैं।
अकबाल बहादुर तिवारी को एक बार फिर मिली जिले में भाजपा की कमान
*पहले भी दो बार रह चुके हैं जिलाध्यक्ष

गोंडा।जिले के वरिष्ठ भाजपा नेता अकबाल बहादुर तिवारी को तीसरी बार जिले में भाजपा की कमान सौंपी गई है।जिले के बेलसर विकास खंड अंतर्गत परसदा गांव निवासी श्री तिवारी को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने श्री तिवारी को गोंडा भाजपा का नया जिलाध्यक्ष नियुक्त किया है।बताते चलें कि अकबाल बहादुर तिवारी भारतीय जनता पार्टी के पुराने पदाधिकारी व कार्यकर्ता हैं।वे पहली बार वर्ष 2007 से 2009 तक पार्टी का जिलाध्यक्ष रहे और वर्ष 2013 से 2015 तक दूसरी बार भाजपा जिलाध्यक्ष की कुर्सी संभाला।वह बेलसर ब्लॉक से भाजपा के ब्लॉक प्रमुख भी रह चुके हैं।वर्ष 2023 के निकाय चुनाव के दौरान उन्हें पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में छ: वर्ष के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया गया था।उन पर भाजपा प्रत्याशी के खिलाफ दूसरे प्रत्याशी को खड़ा करने का आरोप था।हालांकि निकाय चुनाव संपन्न होने के बाद उनका निष्कासन वापस ले लिया गया और उन्हें पुनः पार्टी में शामिल कर लिया गया था।जिले में भाजपा संगठन पिछले आठ महीने से भी अधिक समय से अध्यक्ष विहीन चल रहा था,जिसके कारण संगठनात्मक कार्यों में काफी दिक्कतें आ रही थीं।तत्कालीन प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने बड़ी कार्यवाही करते हुए तत्कालीन जिलाध्यक्ष अमर किशोर कश्यप बमबम को जिलाध्यक्ष पद से बर्खास्त करते हुए पार्टी से निष्कासित कर दिया था।जिसके लगभग 8 महीने 15 दिन बाद अब गोंडा भाजपा को नया जिलाध्यक्ष मिला है।अकबाल बहादुर तिवारी की नियुक्ति से पार्टी के संगठनात्मक कार्यों में तेजी आने की उम्मीद है।पार्टी के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष अकबाल बहादुर तिवारी ने पार्टी नेतृत्व को धन्यवाद देते हुए कहा कि पार्टी ने हमें एक बार पुनः काम करने का मौका दिया है और पार्टी नेतृत्व द्वारा जो भी जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी उनका निर्वहन किया जाएगा तथा पंचायत चुनाव को लेकर हम लोग अभी से तैयारी प्रारंभ देंगे क्योंकि अब पंचायत चुनाव को अधिक समय नहीं है।
जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित की गई जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक

सीएचसी अधीक्षकों को जिलाधिकारी का सख्त निर्देश, शासन की मंशानुसार जनसामान्य को स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया कराएं


जनपद के सभी सीएचसी में एक्सरे मशीन को सही कराकर संचालित कराने के निर्देश-जिलाधिकारी


गोण्डा। 26 फरवरी, 2026
कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी  प्रियंका निरंजन की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति की मासिक समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक में जिला स्वास्थ्य समिति द्वारा राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत चलाए जा रहे कार्यक्रमों की समीक्षा की गयी।
बैठक में प्रस्तावित एजेंडा के आधार पर यू0पी0एच0एम0आई0एस0 हेल्थ डैशबोर्ड, मातृ स्वास्थ्य, बाल स्वास्थ्य, परिवार कल्याण, कम्युनिटी प्रोसेस, राष्ट्रीय कार्यक्रम नान कम्युनिकेबल डिजीज, एन0सी0डी0, एन0बी0सी0पी0, आर0एन0टी0सी0पी0, पी0एम0एम0वी0वाई0, नियमित टीकाकरण, वैक्सीनेशन, जननी सुरक्षा व मातृ वंदना योजना के तहत भुगतान की स्थिति, आशा इन्सेन्टिव, हाई रिस्क प्रेग्नेंसी, ओपीडी व आईपीडी की स्थिति, प्राथामिक स्वास्थ्य केन्द्रों तथा सीएचसी पर बेडों की ऑक्यूपेंसी की स्थिति सहित अन्य योजनाओं की जिलाधिकारी द्वारा गहन समीक्षा की गई। वहीं जिला स्वास्थ समिति की समीक्षा के दौरान स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित सभी योजनाओं की समीक्षा की गई।

बैठक में राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत जनवरी, 2026 का भ्रमण की समीक्षा की गई। एनआरसी में भर्ती बच्चों, आरसीएच पोर्टल फीडिंग के स्टेटस, एनपीसीडीसीएस, राष्ट्रीय कुष्ठ नियंत्रण कार्यक्रम, राष्ट्रीय अंधता एवं दृष्टिक्षीणता नियंत्रण कार्यक्रम आदि सभी की समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि समय से कार्य कराना सुनिश्चित करें।

जिला स्वास्थ्य समिति की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने जनपद के सभी सीएचसी अधीक्षकों से स्वास्थ्य विभाग द्वारा चलाई जा रही योजनाओं की योजनावार समीक्षा की। समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने सभी सीएचसी अधीक्षक को निर्देश दिए हैं कि सभी योजनाओं के कार्य समय से पूर्ण कराया जाय तथा समय-समय पर अपने अधीनस्थ कर्मचारियों से योजनावार समीक्षा की जाय। ताकि योजनाओं का क्रियान्वयन समय से किया जा सके।

बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशानुसार जनसामान्य को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया कराने के लिए सभी अधीक्षक अपने अपने सीएचसी एवं पीएचसी पर ही निवास करें तथा संस्थागत प्रसव एवं विभिन्न प्रकार के टीकों को समय से लगवाना सुनिश्चित करें। बैठक में स्वास्थ्य विभाग के निर्माण कार्यों की समीक्षा की गई।

आयुष्मान कार्ड के माध्यम से मरीजों को भर्ती करायें, साथ ही इस पर विशेष ध्यान दिया जाय। ई-कवच को पोर्टल को अपडेट करें। प्रसव केंद्र पर प्रसव की संख्या बढ़ाएं। जनपद के सभी सब सेंटरों पर एएनएम की उपस्थिति सुनिश्चित की जाये। ताकि सेंटर पर आने वाले मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ दिया जा सके।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी सीएचसी अधीक्षक अपने-अपने क्षेत्रों में स्वयं जाकर टीकाकरण का स्थान चिन्हित करें और अधिक से अधिक बच्चों एवं महिलाओं का टीकाकरण करायें।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिये हैं कि क्षेत्र में जिन एएनएम व आशाओं द्वारा नियमित चेकअप का कार्य नहीं किया जा रहा है उनके खिलाफ नियमानुसार कार्यवाही करें।

बैठक में आरबीएसके का कार्य सही न होने के कारण नाराजगी व्यक्त करते हुए कार्य में सुधार लाने के निर्देश।

बैठक में एक्सरे मशीन की जानकारी की गई, जिसमें अवगत कराया गया कि कुछ जगहों पर मशीन ही नहीं है, कुछ जगहों पर मशीन है पर एक्सरे टेक्नीशियन नहीं है। जिसके दृष्टिगत जिलाधिकारी ने सीएमओ को कड़े निर्देश दिये हैं कि सभी स्थानों पर मशीन उपलब्ध कराकर सही से संचालित कराया जाय।
आयुष्मान भारत कार्ड की समीक्षा में कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए निर्देश दिये हैं कि जितने आईडी है सभी आईडी को संचालित कराकर कार्ड बनाये जाय। साथ ही सभी आईडी की प्रतिदिन रिपोर्ट लीजिए।

बैठक में जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिये हैं कि जनपद के सभी सीएचओ का प्रतिदिन सेन्टर पर समय से उपस्थित रहने की लाइव लोकेशन के आधार पर जानकारी ली जाय।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी श्रीमती अंकिता जैन, सीएमओ डॉक्टर संत लाल पटेल, सीएमएस जिला महिला अस्पताल, जिला अस्पताल, एसीएमओ डॉक्टर आदित्य वर्मा, डॉक्टर सीके वर्मा, डॉक्टर जयगोविंद, डॉक्टर आरपी सिंह, डीपीएम जिला अस्पताल अमरनाथ, जिला कार्यक्रम अधिकारी संजय उपाध्याय, बेसिक शिक्षा विभाग, सहित सभी संबंधित विभाग के अधिकारीगण व डब्ल्यू0एच0ओ0 यूनिसेफ के पदाअधिकारी, समस्त सी0एच0सी0 अधीक्षक तथा अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।
लाल बहादुर शास्त्री महाविद्यालय में भोजन की आदतें और स्वास्थ्य विषयक  व्याख्यान हुआ संपन्न

गोंडा। 26 फरवरी 2026। भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, श्री लाल बहादुर शास्त्री डिग्री कॉलेज, गोंडा की इकाई द्वारा “बदलती खाद्य आदतें : आहार से जुड़ा हमारा स्वास्थ्य और चुनौतियां” विषय पर एक व्याख्यान का आयोजन किया गया।इस अवसर पर मुख्य वक्ता के रूप में गृह विज्ञान विभाग की असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. इला तिवारी ने कहा कि भोजन हमारे जीवन का आधार है। जैसा हमारा आहार होता है, वैसा ही हमारा स्वास्थ्य और व्यक्तित्व बनता है। यदि हम अपनी खाद्य आदतों में सुधार कर संतुलित आहार अपनाएं, तो अनेक बीमारियों से बच सकते हैं तथा एक स्वस्थ समाज का निर्माण कर सकते हैं। उन्होंने पोषक तत्वों से युक्त आहार, दैनिक जीवन में स्वस्थ रहने के उपाय, कम ग्लाइसेमिक इंडेक्स वाले खाद्य पदार्थों के महत्व, आर.डी.ए. (Recommended Dietary Allowance), बी.एम.आर. (Basal Metabolic Rate) तथा ग्लाइसेमिक इंडेक्स से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी रेड क्रॉस के स्वयंसेवकों को प्रदान की।

कार्यक्रम के अंत में ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के अंतर्गत रेड क्रॉस के स्वयंसेवकों, महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं एवं उपस्थित शिक्षकों को महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. बी.पी. सिंह द्वारा नशा मुक्त भारत के निर्माण में अपना योगदान देने की शपथ दिलाई गई।

कार्यक्रम का संचालन रेड क्रॉस इकाई की संयोजक डॉ. ममता शुक्ला द्वारा किया गया तथा धन्यवाद ज्ञापन असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. रचना श्रीवास्तव द्वारा प्रस्तुत किया गया।कार्यक्रम में प्रो. अमन चंद्रा, प्रो. राजीव अग्रवाल, प्रो. वी.सी.एच.एन.के. श्रीनिवास राव, डॉ. मनीषा पाल, डॉ. योगेंद्र नाथ श्रीवास्तव एवं  सुमित कुमार तिवारी की गरिमामयी उपस्थिति रही।
आपरेशन खोज” के अंतर्गत गुमशुदा बालक को सकुशल परिजनों को किया गया सुपुर्द
गोण्डा। अपर पुलिस महानिदेशक, महिला एवं बाल सुरक्षा संगठन, उ०प्र०, लखनऊ एवं  अपर पुलिस महानिदेशक, गोरखपुर के निर्देशानुसार तथा  पुलिस अधीक्षक, गोण्डा  विनीत जायसवाल के निर्देशन में मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत संचालित विशेष अभियान “आपरेशन खोज” के क्रम में  25.02.2026 को जनपद में सघन चेकिंग/निरीक्षण अभियान चलाया गया।अभियान के दौरान रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-4 के सामने सीढ़ियों पर लगभग 12 वर्ष का एक बालक मायूस अवस्था में बैठा मिला। पूछताछ करने पर बालक प्रारम्भ में डरा एवं सहमा हुआ था तथा अपना नाम “अभय” बताया, परंतु पिता का नाम व अन्य विवरण बताने में हिचकिचा रहा था।

विश्वास में लेकर एवं रेलवे चाइल्ड हेल्पलाइन की केश वर्कर अलका पाण्डेय की उपस्थिति में समझाने पर बालक रोने लगा और बताया कि आज सुबह उसकी मां द्वारा पढ़ाई एवं मोबाइल देखने को लेकर डांटने एवं दो थप्पड़ मारने पर वह नाराज होकर बिना बताए घर से निकल आया था और किसी ट्रेन से कहीं भी चले जाने की सोच रहा था। पुनः पूछताछ में बालक ने अपना नाम अभय वर्मा पुत्र रामशंकर उर्फ डब्ल्यू वर्मा निवासी ग्राम नौबरा बताया तथा मां का नाम ज्योति वर्मा बताया। पिता के दिल्ली में कार्यरत होने की जानकारी दी। प्रभारी निरीक्षक द्वारा सी-प्लान ऐप के माध्यम से गांव की जानकारी प्राप्त कर ग्राम के सम्भ्रान्त व्यक्ति  हनुमान दुबे से संपर्क किया गया, जिन्होंने पुष्टि की कि उक्त बालक आज सुबह से घर से लापता है और परिवारजन उसकी तलाश कर रहे हैं।

तत्पश्चात  ज्योति वर्मा से दूरभाष पर संपर्क स्थापित कर उन्हें रेलवे स्टेशन प्लेटफॉर्म नंबर-1 स्थित रेलवे चाइल्ड हेल्पलाइन कार्यालय पर बुलाया गया। सूचना पर  ज्योति वर्मा ग्रामवासी  संदीप यादव के साथ उपस्थित हुईं। आवश्यक पूछताछ एवं सत्यापन उपरांत बालक एवं उसकी माता को परामर्श देते हुए, बाल कल्याण समिति से वार्ता कर नियमानुसार बालक को उसकी माता  ज्योति वर्मा एवं ग्रामवासी  संदीप यादव की सुपुर्दगी में सुरक्षित रूप से सौंप दिया गया। अभियान के दौरान प्र0नि0 लालबिहारी, उ0नि0  गऊचरन, महिला आरक्षी मीनू यादव, श्रम प्रवर्तन अधिकारी सत्येन्द्र प्रताप, अपराजिता सामाजिक समिति गोण्डा के  आत्रेय त्रिपाठी एवं रेलवे चाइल्ड हेल्पलाइन की केश वर्कर श्रीमती अलका पाण्डेय उपस्थित रहे।

*जनपद पुलिस द्वारा अपील-*
अभिभावक अपने बच्चों के साथ संवाद बनाए रखें तथा किसी भी परिस्थिति में बच्चों को घर छोड़कर जाने जैसी स्थिति उत्पन्न न होने दें। किसी भी बालक/बालिका के संदिग्ध अवस्था में मिलने पर तत्काल पुलिस अथवा चाइल्ड हेल्पलाइन को सूचित करें।
घर से छ: दिन पहले गायब युवक का शव नदी में उतराता मिला
*परिजनों ने दर्ज करवाई थी गुमशुदगी की रिपोर्ट

गोंडा।जिले के कौड़िया थाना क्षेत्र अंतर्गत बसभरिया गांव निवासी युवक संजय कुमार (35) का शव नदी में उतराता मिला।घर से करीब 3 किलोमीटर दूर  रामापुर पुल के पास टेंढी नदी में उतराता देखा गया।संजय कुमार पिछले छ: दिनों से लापता थे।राहगीरों ने नदी में शव को देखकर तत्काल कौड़िया थाने की पुलिस को सूचना दिया।सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से गोताखोरों को बुलाया।गोताखोरों ने संजय कुमार के शव को नदी से बाहर निकाला तत्पश्चात पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दिया है।बताते चलें कि परिजनों ने 20 फरवरी को कौड़िया थाने में संजय कुमार के गायब होने की गुमशुदगी रिपोर्ट दर्ज कराया था।रिपोर्ट दर्ज होने के बाद से ही पुलिस व परिजन उसकी तलाश कर रहे थे परन्तु उनका कोई पता नहीं चल रहा था।मृतक संजय कुमार पत्थर कटाई का काम करके परिवार का जीवन यापन थे तथा वह नशे के भी आदी बताए जा रहे थे।फिलहाल कौड़िया थाने की पुलिस परिजनों से पूछताछ कर सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।कौड़िया थानाध्यक्ष तेज प्रताप सिंह ने बताया कि मृतक संजय कुमार पिछले छ: दिन से गायब थे,जिसकी गुमशुदगी 20 फरवरी को परिजनों द्वारा दर्ज कराई गई थी।उसका शव आज टेंढ़ि नदी में मिला है, शव दो तीन दिन पुराना बताया जा रहा है।प्रारंभिक जांच में शरीर पर कहीं भी कोई चोट का निशान नहीं मिला है तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो पाएगा।
नाबालिग से बलात्कार के आरोपी ने किया आत्मसमर्पण
*मुझे साजिश के तहत फंसाया गया, एसपी व आईजी से किया जांच की मांग

गोंडा।जिले के करनैलगंज कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत 15 वर्षीय नाबालिग से कथित दुष्कर्म और बच्ची के जन्म के मामले में आरोपी अमिताभ तिवारी ने देर रात आत्मसमर्पण कर दिया है।अमिताभ तिवारी ने करनैलगंज कोतवाली पहुंचकर पुलिस जांच में पूर्ण सहयोग की बात कही है तथा आत्मसमर्पण करने से पहले अमिताभ तिवारी ने एक वीडियो बयान जारी किया।वीडियो बयान में अमिताभ तिवारी ने स्वयं को निर्दोष बताते हुए कहा कि उसके ऊपर लगे सभी आरोप झूठे हैं और उन्हें साजिश के तहत फंसाया जा रहा है।उन्होंने दावा किया कि उनके द्वारा कुछ नहीं किया गया है और मुकदमा दर्ज होने की जानकारी मिलने पर वह कोतवाली में आत्मसमर्पण करने आए हैं।अमिताभ तिवारी ने देवीपाटन रेंज के पुलिस महानिरीक्षक अमित पाठक और पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल से पूरे मामले की विस्तृत जांच कराने की मांग किया है तथा न्यायपालिका पर पूरा भरोसा जताते हुए इंसाफ मिलने का भरोसा जताया है।बताते चलें कि 15 वर्षीय पीड़िता के पिता ने अमिताभ तिवारी पर आरोप लगाया था कि उसने उनकी बेटी को प्रेम जाल में फंसाकर दुष्कर्म किया,जिसके परिणामस्वरूप वह गर्भवती हो गई और पीड़िता ने बीते 22 फरवरी को एक बच्चि को जन्म दिया है।इसके बाद करनैलगंज कोतवाली पुलिस ने अमिताभ तिवारी के खिलाफ दुष्कर्म और पाक्सो एक्ट सहित कई धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था।मामले में करनैलगंज कोतवाल नरेंद्र प्रताप राय ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।उन्होंने कहा कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने बताया कि पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और उसके परिवार व पीड़िता से पूछताछ की गई है।पुलिस सभी बिंदुओं पर गहनता से जांच कर रही है।कोतवाल ने यह भी कहा कि आरोपी ने आत्मसमर्पण करने से पहले जो भी बयान जारी किया है हमें उसकी कोई जानकारी नहीं है।