आपरेशन खोज” के अंतर्गत गुमशुदा बालक को सकुशल परिजनों को किया गया सुपुर्द
गोण्डा। अपर पुलिस महानिदेशक, महिला एवं बाल सुरक्षा संगठन, उ०प्र०, लखनऊ एवं  अपर पुलिस महानिदेशक, गोरखपुर के निर्देशानुसार तथा  पुलिस अधीक्षक, गोण्डा  विनीत जायसवाल के निर्देशन में मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत संचालित विशेष अभियान “आपरेशन खोज” के क्रम में  25.02.2026 को जनपद में सघन चेकिंग/निरीक्षण अभियान चलाया गया।अभियान के दौरान रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-4 के सामने सीढ़ियों पर लगभग 12 वर्ष का एक बालक मायूस अवस्था में बैठा मिला। पूछताछ करने पर बालक प्रारम्भ में डरा एवं सहमा हुआ था तथा अपना नाम “अभय” बताया, परंतु पिता का नाम व अन्य विवरण बताने में हिचकिचा रहा था।

विश्वास में लेकर एवं रेलवे चाइल्ड हेल्पलाइन की केश वर्कर अलका पाण्डेय की उपस्थिति में समझाने पर बालक रोने लगा और बताया कि आज सुबह उसकी मां द्वारा पढ़ाई एवं मोबाइल देखने को लेकर डांटने एवं दो थप्पड़ मारने पर वह नाराज होकर बिना बताए घर से निकल आया था और किसी ट्रेन से कहीं भी चले जाने की सोच रहा था। पुनः पूछताछ में बालक ने अपना नाम अभय वर्मा पुत्र रामशंकर उर्फ डब्ल्यू वर्मा निवासी ग्राम नौबरा बताया तथा मां का नाम ज्योति वर्मा बताया। पिता के दिल्ली में कार्यरत होने की जानकारी दी। प्रभारी निरीक्षक द्वारा सी-प्लान ऐप के माध्यम से गांव की जानकारी प्राप्त कर ग्राम के सम्भ्रान्त व्यक्ति  हनुमान दुबे से संपर्क किया गया, जिन्होंने पुष्टि की कि उक्त बालक आज सुबह से घर से लापता है और परिवारजन उसकी तलाश कर रहे हैं।

तत्पश्चात  ज्योति वर्मा से दूरभाष पर संपर्क स्थापित कर उन्हें रेलवे स्टेशन प्लेटफॉर्म नंबर-1 स्थित रेलवे चाइल्ड हेल्पलाइन कार्यालय पर बुलाया गया। सूचना पर  ज्योति वर्मा ग्रामवासी  संदीप यादव के साथ उपस्थित हुईं। आवश्यक पूछताछ एवं सत्यापन उपरांत बालक एवं उसकी माता को परामर्श देते हुए, बाल कल्याण समिति से वार्ता कर नियमानुसार बालक को उसकी माता  ज्योति वर्मा एवं ग्रामवासी  संदीप यादव की सुपुर्दगी में सुरक्षित रूप से सौंप दिया गया। अभियान के दौरान प्र0नि0 लालबिहारी, उ0नि0  गऊचरन, महिला आरक्षी मीनू यादव, श्रम प्रवर्तन अधिकारी सत्येन्द्र प्रताप, अपराजिता सामाजिक समिति गोण्डा के  आत्रेय त्रिपाठी एवं रेलवे चाइल्ड हेल्पलाइन की केश वर्कर श्रीमती अलका पाण्डेय उपस्थित रहे।

*जनपद पुलिस द्वारा अपील-*
अभिभावक अपने बच्चों के साथ संवाद बनाए रखें तथा किसी भी परिस्थिति में बच्चों को घर छोड़कर जाने जैसी स्थिति उत्पन्न न होने दें। किसी भी बालक/बालिका के संदिग्ध अवस्था में मिलने पर तत्काल पुलिस अथवा चाइल्ड हेल्पलाइन को सूचित करें।
घर से छ: दिन पहले गायब युवक का शव नदी में उतराता मिला
*परिजनों ने दर्ज करवाई थी गुमशुदगी की रिपोर्ट

गोंडा।जिले के कौड़िया थाना क्षेत्र अंतर्गत बसभरिया गांव निवासी युवक संजय कुमार (35) का शव नदी में उतराता मिला।घर से करीब 3 किलोमीटर दूर  रामापुर पुल के पास टेंढी नदी में उतराता देखा गया।संजय कुमार पिछले छ: दिनों से लापता थे।राहगीरों ने नदी में शव को देखकर तत्काल कौड़िया थाने की पुलिस को सूचना दिया।सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से गोताखोरों को बुलाया।गोताखोरों ने संजय कुमार के शव को नदी से बाहर निकाला तत्पश्चात पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दिया है।बताते चलें कि परिजनों ने 20 फरवरी को कौड़िया थाने में संजय कुमार के गायब होने की गुमशुदगी रिपोर्ट दर्ज कराया था।रिपोर्ट दर्ज होने के बाद से ही पुलिस व परिजन उसकी तलाश कर रहे थे परन्तु उनका कोई पता नहीं चल रहा था।मृतक संजय कुमार पत्थर कटाई का काम करके परिवार का जीवन यापन थे तथा वह नशे के भी आदी बताए जा रहे थे।फिलहाल कौड़िया थाने की पुलिस परिजनों से पूछताछ कर सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।कौड़िया थानाध्यक्ष तेज प्रताप सिंह ने बताया कि मृतक संजय कुमार पिछले छ: दिन से गायब थे,जिसकी गुमशुदगी 20 फरवरी को परिजनों द्वारा दर्ज कराई गई थी।उसका शव आज टेंढ़ि नदी में मिला है, शव दो तीन दिन पुराना बताया जा रहा है।प्रारंभिक जांच में शरीर पर कहीं भी कोई चोट का निशान नहीं मिला है तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो पाएगा।
नाबालिग से बलात्कार के आरोपी ने किया आत्मसमर्पण
*मुझे साजिश के तहत फंसाया गया, एसपी व आईजी से किया जांच की मांग

गोंडा।जिले के करनैलगंज कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत 15 वर्षीय नाबालिग से कथित दुष्कर्म और बच्ची के जन्म के मामले में आरोपी अमिताभ तिवारी ने देर रात आत्मसमर्पण कर दिया है।अमिताभ तिवारी ने करनैलगंज कोतवाली पहुंचकर पुलिस जांच में पूर्ण सहयोग की बात कही है तथा आत्मसमर्पण करने से पहले अमिताभ तिवारी ने एक वीडियो बयान जारी किया।वीडियो बयान में अमिताभ तिवारी ने स्वयं को निर्दोष बताते हुए कहा कि उसके ऊपर लगे सभी आरोप झूठे हैं और उन्हें साजिश के तहत फंसाया जा रहा है।उन्होंने दावा किया कि उनके द्वारा कुछ नहीं किया गया है और मुकदमा दर्ज होने की जानकारी मिलने पर वह कोतवाली में आत्मसमर्पण करने आए हैं।अमिताभ तिवारी ने देवीपाटन रेंज के पुलिस महानिरीक्षक अमित पाठक और पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल से पूरे मामले की विस्तृत जांच कराने की मांग किया है तथा न्यायपालिका पर पूरा भरोसा जताते हुए इंसाफ मिलने का भरोसा जताया है।बताते चलें कि 15 वर्षीय पीड़िता के पिता ने अमिताभ तिवारी पर आरोप लगाया था कि उसने उनकी बेटी को प्रेम जाल में फंसाकर दुष्कर्म किया,जिसके परिणामस्वरूप वह गर्भवती हो गई और पीड़िता ने बीते 22 फरवरी को एक बच्चि को जन्म दिया है।इसके बाद करनैलगंज कोतवाली पुलिस ने अमिताभ तिवारी के खिलाफ दुष्कर्म और पाक्सो एक्ट सहित कई धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था।मामले में करनैलगंज कोतवाल नरेंद्र प्रताप राय ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।उन्होंने कहा कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने बताया कि पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और उसके परिवार व पीड़िता से पूछताछ की गई है।पुलिस सभी बिंदुओं पर गहनता से जांच कर रही है।कोतवाल ने यह भी कहा कि आरोपी ने आत्मसमर्पण करने से पहले जो भी बयान जारी किया है हमें उसकी कोई जानकारी नहीं है।
घर से गायब महिला का पेड़ से लटका मिला शव,देर रात से थी लापता
*घर से 200 मीटर दुर लगाया फांसी

गोंडा।जिले के देहात कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत धनोहरी गांव में अपरान्ह लगभग तीन बजे एक 36 वर्षीय महिला का शव शीशम के पेड़ से लटका मिला।महिला की पहचान नूरजहां के रूप में हुई है जिसका शव उसके घर से लगभग 200 मीटर दूर दोस्त मोहम्मद के गन्ने के खेत में पाया गया।ग्रामीणों ने शव देखकर नूरजहां के पति साबिर अली व अन्य ग्रामीणों को सूचना दिया।घटना की जानकारी मिलने पर देहात कोतवाली पुलिस,डाग स्क्वायड और फोरेंसिक टीमें ने मौके पर पहुंच कर मामले की पड़ताल प्रारंभ कर दिया तथा पुलिस ने शीशम के पेड़ से शव को उतरवाकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।बताया जाता है कि नूरजहां की शादी लगभग 10 वर्ष पूर्व साबिर से हुई थी और तभी से वह अपने पति के साथ यहीं रह रही थी।परिजनों के अनुसार,नूरजहां मंगलवार रात से ही लापता थी।परिवार के सदस्यों ने देर रात तक उसकी तलाश किया परन्तु कोई जानकारी न मिलने पर वे घर लौट आए थे और आज अपरान्ह लगभग तीन बजे उसका शव बरामद हुआ।देहात कोतवाल शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्ट्या तह आत्महत्या का मामला प्रतीत हो रहा है।उन्होंने कहा कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण स्पष्ट हो पाएगा।देहात कोतवाल ने यह भी बताया कि महिला के लापता होने के संबंध में परिजनों द्वारा देहात कोतवाली में कोई सूचना नहीं दी गई थी।
छात्रा को अश्लील मैसेज भेजने व मारपीट के चार आरोपी अभी भी फरार
*अश्लील मैसेज भेजने से मना करने पर भाई से किया था मारपीट

गोंडा।जिले के कौड़िया थाना क्षेत्र के सेहरिया चौराहा स्थित केजीएन पब्लिक स्कूल में 15 फरवरी को एक छात्रा के भाई के साथ मारपीट का मामला सामने आया था।इस संबंध में कक्षा नौवीं की छात्रा के भाई ने कौड़िया थाने में आठ नामजद  और एक अज्ञात आरोपी पर मारपीट और पाक्सों एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया था।घटना के 11 दिन बाद भी मामले के पांच आरोपी जकीरे,साजिद,अरशद,इमरान और एक अज्ञात आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं।फरार चल रहे इन आरोपियों को गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज होने के बावजूद अभी तक कौड़िया थाने की पुलिस गिरफ्तार नहीं कर पाई है।आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से परिजनों में अत्यधिक नाराजगी है।फरार आरोपियों के डर से छात्रा विद्यालय नहीं जा रही है।पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने कौड़िया थाने की पुलिस को आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सख्त निर्देश दिए हैं और फटकार भी लगाई है।छात्रा को अश्लील मैसेज भेजने से रोकने पर कुछ लोगों ने उसके भाई के साथ गाली गलौज व मारपीट किया था।जानकारी के अनुसार,आरोपी परवेज खान छात्रा को इंस्टाग्राम पर लगातार अश्लील मैसेज भेज रहा था और रास्ते में उसकी साइकिल रोक कर गलत टिप्पणी करता था।15 फरवरी को छात्रा के भाई ने विद्यालय पहुंचकर इस हरकत का विरोध किया था, जिसके बाद आरोपियों ने उसके साथ मारपीट किया था।कौड़िया थाने की पुलिस ने 16 फरवरी को मुख्य आरोपी परवेज,वारिस खान,सलाहुद्दीन हाफिज और इसराइल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।हालांकि चार अन्य आरोपी और एक अज्ञात व्यक्ति अभी भी फरार हैं।कौड़िया थानाध्यक्ष तेज प्रताप सिंह ने बताया कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई पुलिस टीमें लगाई गई हैं और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।उन्होंने यह भी बताया कि पीड़ित छात्रा और उसके भाई के बयान दर्ज कर लिए गये हैं तथा आगे की जांच की जा रही है।पुलिस ने आश्वासन दिया है कि किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और सभी पर कठोर कार्यवाही की जाएगी।
स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद व उनके शिष्यों के खिलाफ दर्ज एफआईआर वापस ले कार्यवाही के लिए सौंपा ज्ञापन

गोंडा। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पूर्व मंत्री अजय राय जी के निर्देश पर बद्रिकापीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद और उनके शिष्यों के विरुद्ध दर्ज झूठी FIR को रदद् कर प्रकरण की उच्चस्तरीय जाँच तथा संत समाज के विरुद्ध दुर्व्यवहार रोके जाने की माँग को लेकर जिला/शहर कांग्रेस कमेटी द्वारा जिलाधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन कर प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा गया।
ज्ञापन देने वालों में प्रमुख रूप से पूर्व जिलाध्यक्ष प्रमोद मिश्र, मीडिया प्रभारी शिव कुमार दूबे शहर अध्यक्ष शाहिद अली कुरैशी, जिला उपाध्यक्ष शुक्ला प्रसाद शुक्ला महासचिव अरविंद शुक्ला विधि प्रकोष्ठ के सुभाष पाण्डेय, सेवादल प्रमुख प्रदुमन शुक्ला अल्पसंख्यक कांग्रेस के सगीर खान ब्लॉक अध्यक्ष हरिश्चंद्र श्रीवास्तव, मुजीब मास्टर, राम राज सिंह, खालिक कसाई, खगेश चतुर्वेदी सहित तमाम कांग्रेस जन उपस्थित रहे।
दो दिवसीय जनगणना प्रशिक्षण कार्यक्रम में संबंधित अधिकारियों को दी गई विस्तृत जानकारी
गोण्डा।24 फरवरी,2026
कलेक्ट्रेट सभागार में प्रशिक्षण अधिकारी  अश्वनी दीक्षित उपनिदेशक जनगणना की अध्यक्षता में दो दिवसीय जनगणना प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आगामी आयोजित होने वाले जनगणना कार्यों को सुव्यवस्थित, पारदर्शी एवं समयबद्ध ढंग से संपन्न कराने हेतु अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश एवं विस्तृत जानकारी प्रदान किया जाना।

प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षण अधिकारी अश्वनी दीक्षित ने जनगणना के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जनगणना केवल आंकड़ों का संकलन नहीं है, बल्कि यह शासन की नीतियों, योजनाओं एवं विकास कार्यों की आधारशिला है। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनगणना कार्य को पूर्ण गंभीरता, निष्ठा एवं उत्तरदायित्व के साथ संपादित करें।

प्रशिक्षण अधिकारी द्वारा जनगणना की प्रक्रिया, प्रपत्रों के सही तरीके से संधारण, डिजिटल उपकरणों के उपयोग तथा डेटा की गोपनीयता बनाए रखने के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में प्रशिक्षण अधिकारी ने सभी अधिकारियों से अपेक्षा की कि वे जनगणना कार्य को टीम भावना के साथ सफलतापूर्वक संपन्न कर जनपद को उत्कृष्ट प्रदर्शन की श्रेणी में लाने में सहयोग प्रदान करें।

इस अवसर पर समस्त अधिशासी अधिकारी नगरपालिका एवं नगर पंचायत सहित सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
पत्र सूचना कार्यालय, लखनऊ द्वारा'विकसित भारत - जी राम जी कानून' विषय पर  मीडिया कार्यशाला आयोजित
*'विकसित भारत - जी राम जी कानून'  भारत सरकार की सराहनीय पहल, जो पुरानी योजना की कमियों को दूर करता है :प्रभात कुमार वर्मा

*'विकसित भारत - जी राम जी कानून' सेवा, सुशासन एवं समृद्धि की अवधारणा पर आधारित है, जिसका उद्देश्य ग्रामीण आजीविका को सशक्त बनाना है: निदेशक, पत्र सूचना कार्यालय


गोंडा।पत्र सूचना कार्यालय (पी.आई.बी) लखनऊ द्वारा जिला पंचायत सभागार में 'वार्तालाप कार्यक्रम' (ग्रामीण मीडिया कार्यशाला) का आयोजन किया गया। 'कार्यशाला' में हाल में भारतीय संसद द्वारा बनाये गये 'विकसित - भारत जी राम जी कानून' तथा केंद्र सरकार द्वारा जन कल्याण हेतु बनायी गयी नीतियों, जनकल्याणकारी कार्यक्रमों एवं सन 2047 तक देश को विकसित बनाने के संकल्पों पर चर्चा हुई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय पत्रकारों द्वारा भागीदारी की गयी। कार्यशाला में मुख्य अतिथि  विधायक  प्रभात कुमार वर्मा, विशिष्ट अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष  घनश्याम मिश्रा, पत्र सूचना कार्यालय एवं केंद्रीय संचार ब्यूरो, उत्तर प्रदेश के निदेशक दिलीप कुमार शुक्ल, पी.डी.एस. उपायुक्त श्रम रोजगार जनार्दन प्रसाद यादव, वरिष्ठ पत्रकार जानकी शरण द्विवेदी और इंडियन बैंक, आंचलिक कार्यालय, गोंडा के उप आंचलिक प्रबंधक संदीप कुमार सिन्हा द्वारा संबोधित किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुये विधायक  प्रभात कुमार वर्मा ने कहा कि 'विकसित भारत - जी राम जी कानून'  भारत सरकार की एक सराहनीय पहल है जो पुरानी योजना की कमियों को दूर करता है। उन्होंने कहा कि यह कानून प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के 2047 के विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। श्री वर्मा ने कहा कि जिस तरह से राष्ट्रीय मार्गों की संख्या बढ़ी है उससे देश की राजधानी प्रदेश की राजधानी से जुड़ी है और प्रदेश के राजधानी से सारे जिले जुड़े है जिससे अर्थव्यवस्था को दृढ़ आधार मिला है।कार्यशाला को संबोधित करते हयुे जिला पंचायत अध्यक्ष घनश्याम मिश्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मन की बात कार्यक्रम के माध्यम से गरीब, किसान, मजदूर सबके विकास की बात की है। उन्होंने कहा कि मीडिया जनता से ज़ुडे विकास के मुद्दो को प्रमुखता से उठा रही है जिसका लाभ सीधे आम - आदमी को मिल रहा है।
कार्यशाला के संयोजक पत्र सूचना कार्यालय एवं केंद्रीय संचार ब्यूरो, उत्तर प्रदेश के निदेशक दिलीप कुमार शुक्ल ने कहा कि गरीबों का कल्याण सुनिश्चित करना हमारा केंद्र सरकार का संकल्प है और इस संकल्प को पूरा करने के लिए सरकार प्रयासरत हैं।उन्होंने कहा कि यह विधेयक न केवल गरीबों के कल्याण बल्कि गांवों के व्यापक विकास का भी प्रस्ताव करता है,जो महात्मा गांधी के पूर्ण, आत्मनिर्भर और विकसित गांव के दृष्टिकोण को दर्शाता है।श्री शुक्ल ने कहा कि नया विधेयक गांवों के सर्वांगीण विकास को बढ़ावा देगा। पी.डी.एस. उपायुक्त श्रम रोजगार जनार्दन प्रसाद यादव ने पत्रकारों को सम्बोधित करते हुये कहा कि विकसित भारत-जी राम जी विधेयक रोजगार गारंटी को बढ़ाकर, स्थानीय नियोजन को लागू करके, श्रमिक सुरक्षा एवं कृषि उत्पादकता के बीच संतुलन बनाकर, योजनाओं को एकीकृत करके, अग्रिम पंक्ति की क्षमता को मजबूत कर शासन व्यवस्था का आधुनिकीकरण करके ग्रामीण आजीविका में परिवर्तन लाने का लक्ष्य रखता है। उन्होंने कहा कि यह विधेयक सामाजिक सुरक्षा से पीछे हटना नहीं बल्कि उसका नवीनीकरण है। वरिष्ठ पत्रकार जानकी शरण द्विवेदी ने कार्यशाल को सम्बोधित करते हुये कहा कि यह विधेयक प्रत्‍येक वित्‍तीय वर्ष में ऐसे ग्रामीण परिवारों को, जिनके वयस्‍क सदस्‍य स्‍वेच्‍छा से बिना कौशल वाले काम के लिए तैयार हैं,125 दिन की मजदूरी वाले रोजगार की गारंटी देता है। उन्होंने कहा कि इससे पहले के 100 दिन की पात्रता से अधिक दिनों की आय सुरक्षा में मदद मिलेगी।श्री जानकी शरण ने कहा कि  केंद्र और राज्यों के बीच 60:40 के मानक लागत-साझाकरण अनुपात, पूर्वोत्तर और हिमालयी राज्यों के लिए 90:10 की बढ़ी राशि और बिना विधायिका वाले केंद्र शासित प्रदेशों के लिए 100 प्रतिशत केंद्रीय वित्त पोषण का प्रावधान है। इंडियन बैंक, आंचलिक कार्यालय, गोंडा के उप आंचलिक प्रबंधक संदीप कुमार सिन्हा ने कहा कि प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (पीएमजेजेबीवाई), प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना (पीएमएसबीवाई) और अटल पेंशन योजना (एपीवाई) 9 मई 2015 को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुरू की थीं। तीनों योजनाओं की परिकल्पना सभी को, मुख्य रूप से समाज के वंचित और कमजोर वर्गों को किफायती वित्तीय सुरक्षा प्रदान करने के लिए की गई थी।उन्होंने कहा कि  इन प्रमुख योजनाओं का उद्देश्य नागरिकों को जीवन की अनिश्चितताओं से बचाकर और दीर्घकालिक वित्तीय लचीलापन बढ़ाकर बीमा और पेंशन परिदृश्य को व्यापक बनाना है।
जिला कांग्रेस का प्रदर्शन व ज्ञापन 25 फरवरी को
गोंडा। प्रदेश में संत समाज एवं धार्मिक व्यक्तियों के साथ हो रहे कथित दुर्व्यवहार तथा ज्योतिर्मठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती जी एवं उनके शिष्यों के विरुद्ध दर्ज की गई एफआईआर के संबंध में गहरी चिंता व्यक्त की गई है।यह बात जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष प्रमोद कुमार मिश्रा ने एक विज्ञप्ति मे कहा।उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी का स्पष्ट मत है कि भारतीय संविधान के अनुच्छेद 25 एवं 26 प्रत्येक नागरिक को धार्मिक स्वतंत्रता एवं अपने धार्मिक कार्यों के संचालन का मौलिक अधिकार प्रदान करते हैं।श्री मिश्रा ने आगे बताया कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष के निर्देशानुसार  25 फरवरी दिन बुधवार को जिला कांग्रेस कमेटी, गोंडा द्वारा जिला अधिकारी, गोंडा के माध्यम से प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा जाएगा। ज्ञापन के माध्यम से प्रकरण की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच कराए जाने तथा दोषियों के विरुद्ध उचित कार्रवाई की मांग की जाएगी।जिला कांग्रेस कमेटी, गोंडा संविधान की मूल भावना, लोकतांत्रिक मूल्यों एवं धार्मिक स्वतंत्रता की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और इस विषय पर शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक ढंग से अपनी आवाज उठाती  रहेगी।
कालेज के बाहर खड़ी बाइकों से मोबाइल चोरी,पुलिस में शिकायत दर्ज
*परीक्षा के दौरान छात्रों के फोन गायब

गोंडा।जिले के वजीरगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत मधवापुर गांव स्थित कन्हैया बख्श सिंह इंटर कॉलेज में एक घटना सामने आई है जिसमें प्रथम पाली की परीक्षा के दौरान कालेज परिसर के बाहर खड़ी छात्रों की बाइकों की डिग्गी से अज्ञात चोरों ने मोबाइल फोन चुरा लिया।इस घटना से छात्रों में हड़कंप मच गया।पीड़ित छात्रों ने वजीरगंज थाने में पहुंचकर शिकायत दर्ज कराया है और पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है।शिकायत दर्ज कराने वाले छात्रों में भीखमपुर निवासी शनि व अंकित,शाहपुर फिदाईपुर के शिवम यादव, कोल्हमपुर निवासी शनि यादव व प्रिंस यादव,टिकरी निवासी आनंद कनौजिया और शाहपुर के सगीर अंसारी शामिल हैं।छात्रों ने बताया कि वे कोल्हमपुर स्थित महंत श्याम बिहारी दास इंटर कॉलेज से   कन्हैया बख्श सिंह इंटर कॉलेज मधवापुर (टिकरी) आए थे।परीक्षा प्रारंभ होने से पहले सभी छात्रों ने अपनी बाइकें कालेज के बाहर खड़ी की और परीक्षा देने अंदर चले गए।इसी दौरान अज्ञात चोरों ने बाइकों की डिग्गी खोलकर उनमें रखे मोबाइल फोन निकाल लिए।इस मामले में थानाध्यक्ष विपुल पांडेय ने जानकारी देते हुए बताया कि छात्रों के मोबाइल नंबर सर्विलांस पर लगा दिए गए हैं।पुलिस जल्द ही मामले का खुलासा कर आवश्यक कानूनी कार्यवाही करेगी।इस घटना से छात्रों और उनके अभिभावकों में गहरा रोष है और कालेज परिसर के बाहर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।