कालेज के बाहर खड़ी बाइकों से मोबाइल चोरी,पुलिस में शिकायत दर्ज
*परीक्षा के दौरान छात्रों के फोन गायब

गोंडा।जिले के वजीरगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत मधवापुर गांव स्थित कन्हैया बख्श सिंह इंटर कॉलेज में एक घटना सामने आई है जिसमें प्रथम पाली की परीक्षा के दौरान कालेज परिसर के बाहर खड़ी छात्रों की बाइकों की डिग्गी से अज्ञात चोरों ने मोबाइल फोन चुरा लिया।इस घटना से छात्रों में हड़कंप मच गया।पीड़ित छात्रों ने वजीरगंज थाने में पहुंचकर शिकायत दर्ज कराया है और पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है।शिकायत दर्ज कराने वाले छात्रों में भीखमपुर निवासी शनि व अंकित,शाहपुर फिदाईपुर के शिवम यादव, कोल्हमपुर निवासी शनि यादव व प्रिंस यादव,टिकरी निवासी आनंद कनौजिया और शाहपुर के सगीर अंसारी शामिल हैं।छात्रों ने बताया कि वे कोल्हमपुर स्थित महंत श्याम बिहारी दास इंटर कॉलेज से   कन्हैया बख्श सिंह इंटर कॉलेज मधवापुर (टिकरी) आए थे।परीक्षा प्रारंभ होने से पहले सभी छात्रों ने अपनी बाइकें कालेज के बाहर खड़ी की और परीक्षा देने अंदर चले गए।इसी दौरान अज्ञात चोरों ने बाइकों की डिग्गी खोलकर उनमें रखे मोबाइल फोन निकाल लिए।इस मामले में थानाध्यक्ष विपुल पांडेय ने जानकारी देते हुए बताया कि छात्रों के मोबाइल नंबर सर्विलांस पर लगा दिए गए हैं।पुलिस जल्द ही मामले का खुलासा कर आवश्यक कानूनी कार्यवाही करेगी।इस घटना से छात्रों और उनके अभिभावकों में गहरा रोष है और कालेज परिसर के बाहर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
अधिवक्ता हत्याकांड में फरार आरोपी गिरफ्तार
*किसान इंटर कॉलेज में क्लर्क के पद पर तैनात,आरोपियों को जेल

गोंडा।जिले के करनैलगंज कोतवाली पुलिस ने उच्च न्यायालय के अधिवक्ता सुभाष चंद्र मिश्रा हत्याकांड के मुख्य आरोपी अरुण कुमार मिश्रा को 36 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है।गिरफ्तारी के बाद आरोपी का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र करनैलगंज में मेडिकल परीक्षण कराया गया।मेडिकल परीक्षण के उपरांत उसे न्यायालय में पेश किया गया जहाँ से उसे जेल भेज दिया गया।घटना को अंजाम देने के बाद से ही अरुण कुमार मिश्रा फरार चल रहा था।पुलिस ने इस हत्याकांड में शामिल तीन अन्य आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।अरुण कुमार मिश्रा किसान इंटर कॉलेज भंभुआ में क्लर्क के पद पर कार्यरत है।यह घटना बीते रविवार को हुई थी जब अधिवक्ता सुभाष चंद्र मिश्रा ग्राम न्यायालय के आदेश पर अपनी विवादित जमीन की जुताई करने पहुंचे थे।इसी दौरान अरुण कुमार मिश्रा पूर्व प्रधान हरिशरण मिश्रा,राम केवल मिश्रा और संतोष मिश्रा के साथ मिलकर उनसे मारपीट किया।मारपीट के दौरान गंभीर रूप से घायल सुभाष चंद्र मिश्रा की जिला मुख्यालय स्थित मेडिकल कालेज में इलाज के दौरान मौत हो गई थी।इस संबंध में करनैलगंज कोतवाल नरेंद्र प्रताप राय ने बताया कि सभी नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।पुलिस इस मामले की विस्तृत जांच कर रही है ताकि जल्द से जल्द न्यायालय में आरोप पत्र दाखिल किया जा सके।उन्होंने पीड़ित परिवार को आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्यवाही का आश्वासन दिया है।
गले में चारा मशीन की सरिया घुसने से छात्र की मौत,घर के बाहर खेलते समय हुआ हादसा
*अस्पताल ले जाते समय रास्ते में हुई मौत

गोंडा।जिले के कटरा बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत निकरवा निश्यल पुरवा में गांव में चारा काटने वाली मशीन का सरिया गले में घुसने से कक्षा दो के छात्र आर्यन (8) वर्ष की मौत हो गई।बताते चलें कि निकरवा निश्यल पुरवा गांव निवासी दशरथ गोस्वामी का बेटा आर्यन अपने घर के बाहर साथियों के साथ खेल रहा था।इसी दौरान वह चारा काटने वाली मशीन से टकराकर जमीन पर गिर गया और मशीन उसके ऊपर गिर गई,जिससे मशीन के हत्थे की सरिया उसके गले में धंस गई।घटना के बाद परिजन आर्यन को अस्पताल ले जा रहे थे कि रास्ते में ही आर्यन की मौत हो गई।गांव के प्रधान बल्देव राज ने बताया कि आर्यन एक होनहार बच्चा था।कन्या कंपोजिट विद्यालय के शिक्षक अरुण सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि आर्यन अपने दो बड़े भाइयों आनंद और आदर्श के साथ विद्यालय आता था।बेटे के इस तरह हुए असामयिक निधन से परिवार में शोक का माहौल है।पिता दशरथ गोस्वामी ने कहा कि वे अपने बेटे का इलाज भी नहीं करा पाए।कटरा बाजार थाने के प्रभारी निरीक्षक विवेक त्रिवेदी ने बताया कि इस मामले में अभी तक कोई लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है।
पति की प्रताड़ना से आजिज नवविवाहिता ने दी जान,4 महीने की थी गर्भवती
बुलेट मोटरसाइकिल के लिए पति करता था प्रताड़ित, ससुराल वालों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज

गोंडा।जिले के मोतीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत स्थित घरवासजोत गांव में सोमवार सुबह लगभग 4 बजे नवविवाहिता निर्जला देवी (20) ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर लिया।परिजनों ने जब उसे बुलाने के लिए आवाज लगाई और जब कोई जवाब नहीं मिला तो उन्होंने कमरे का दरवाजा तोड़ दिया।कमरे के अंदर निर्जला फांसी के फंदे से लटकी मिली।घटना की सूचना मिलने पर मोतीगंज थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मृतका निर्जला चार महीने की गर्भवती थी।परिजनों के अनुसार, मृतका के पति डेविड द्वारा लगातार दहेज में बुलट मोटरसाइकिल की मांग की जा रही थी और बुलट मोटरसाइकिल न मिलने पर मृतका को बार बार प्रताड़ित किया जाता था।पति डेविड मॉरीशस में रहता है और वहीं से फोन कर निर्जला को परेशान करता था।इस प्रताड़ना से तंग आकर निर्जला ने यह कदम उठाया है।डेविड द्वारा बार बार वीडियो कॉल और वाइस काल करके अपनी पत्नी को बुलट मोटरसाइकिल न मिलने पर ताना मारा जा रहा था।मृतका निर्जला के पिता शिवनाथ ने पति डेविड,ससुर टीकाराम,सास व देवर के खिलाफ दहेज उत्पीड़न सहित कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है।

थानाध्यक्ष मोतीगंज ने बताया कि पति समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।परिजनों ने आरोप लगाया है कि बुलेट मोटरसाइकिल की मांग पूरी न होने पर निर्जला को फोन और अन्य तरीकों से प्रताड़ित किया जाता था,जिससे परेशान हो कर उसने आत्महत्या किया है।पुलिस सभी बिंदुओं पर गहनता से जांच कर रही है तथा सख्त कार्रवाई की जाएगी।
दिनदहाड़े अधिवक्ता की हत्या से आक्रोशित वकीलों ने खोला मोर्चा, पुलिस अधीक्षक कार्यालय पर किया प्रदर्शन


करनैलगंज कोतवाल व दोषियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग

गोंडा।जिले के करनैलगंज कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत सुदाई पुरवा गांव में रविवार को दिनदहाड़े अधिवक्ता सुभाष चंद्र मिश्रा की हत्या से आक्रोशित अधिवक्ताओं ने कलेक्ट्रेट परिसर स्थित जिला बार एसोसिएशन से जुलूस निकाल कर सरकार व पुलिस प्रशासन के विरोध में नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट व दीवानी परिसर में नारेबाजी कर दोषियों को तत्काल गिरफ्तार किए जाने की मांग किया और इसके बाद अधिवक्ताओं ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंच कर जोरदार प्रदर्शन किया और करनैलगंज कोतवाल नरेंद्र प्रताप राय पर अपराध और अपराधियों को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए तत्काल उनको निलंबित किए जाने की मांग किया तथा पुलिस प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि 36 घंटे के अंदर सभी आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया तो जिले का अधिवक्ता समुदाय सड़कों पर उतर कर आंदोलन के लिए बाध्य होगा।

इस अवसर पर अधिवक्ताओं को संबोधित करते हुए जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष रवि चंद्र त्रिपाठी ने कहा कि यदि इसी तरह सरकारी मशीनरी व सत्ताधारी दल के विधायकों के इशारे पर अधिवक्ताओं का उत्पीड़न होगा तो अधिवक्ता समाज सड़कों पर उतर कर दो दो हाथ करने के लिए बाध्य होगा।वहीं सिविल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष विजय कुमार त्रिपाठी ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि पुलिस व प्रशासन के लोग अपनी कार्यशैली सुधार लें अन्यथा वह दिन दूर नहीं जब अधिवक्ता कदम दर कदम संघर्ष के लिए बाध्य होगा।

इस अवसर पर जिला बार एसोसिएशन के महामंत्री सुनील कुमार पाण्डेय, सिविल बार एसोसिएशन के महामंत्री गौरी शंकर चतुर्वेदी सहित पूर्व अध्यक्ष राजेंद्र कुमार त्रिपाठी,शिवम सिंह रैकवार, लाल बिहारी शुक्ला, राम लक्ष्मण तिवारी, अरविंद पाण्डेय, शिव प्रताप शुक्ला, सुरेंद्र कुमार मिश्रा, राज कुमार तिवारी, राजा राम शुक्ला, संतोष शुक्ला सहित सैकड़ों अधिवक्ता मौजूद रहे।
थाना को0 कर्नलगंज पुलिस द्वारा 03 हत्याभियुक्तों को किया गया गिरफ्तार- 


       गोण्डा। पुलिस अधीक्षक गोण्डा विनीत जायसवाल द्वारा अपराध एवं अपराधियों के विरूद्ध चलाये जा रहे अभियान के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी  राधेश्याम राय के पर्यवेक्षण व क्षेत्राधिकारी कर्नलगंज  अभिषेक दवाच्या के नेतृत्व में थाना को0 कर्नलगंज पुलिस द्वारा थाना स्थानीय पर पंजीकृत मु0अ0सं0-105/25 धारा 191(2),190,115(2),117(2),103(1),109,351(3) बीएनएस से संबंधित 03 वांछित अभियुक्तों-01. हरिशरण मिश्रा पुत्र रामगुलाम मिश्रा, 02. रामकेवल मिश्रा पुत्र स्व0 राजेश्वरी मिश्रा, 03. संतोष कुमार मिश्रा पुत्र गंगाशरण मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया गया।

*घटना का संक्षिप्त विवरण-*
22.02.2026 को थाना कर्नलगंज पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि थाना क्षेत्रान्तर्गत सुदईपुरवा दत्तनगर में दो पक्षों में जो आपस में सगे भाई पट्टीदार है के बीच जमीन के कब्जेदारी को लेकर विवाद व मारपीट हो गयी है। घटना में 03 लोग सुभाष चन्द्र मिश्रा, विश्वास चन्द्र मिश्रा व आकाश मिश्रा घायल हो गए जिन्हे पुलिस द्वारा उपचार हेतु जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां उपचार के दौरान सुभाष चन्द्र मिश्रा पुत्र स्व0 पारस नाथ मिश्रा की मृत्यु हो गयी। प्रकरण के सम्बन्ध में थाना कर्नलगंज में मृतक के सगे भाई अरूण मिश्रा पुत्र स्व0 पारसनाथ मिश्रा समेत 04 नामजद व अज्ञात अभियुक्तों के विरूद्ध सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया।

पुलिस अधीक्षक गोण्डा द्वारा घटना को संज्ञान में लेकर तत्काल आरोपी अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु प्र0नि0 को0 कर्नलगंज को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए थे। जिसमें थाना कर्नलगंज पुलिस द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए 03 नामजद अभियुक्तों- 01. हरिशरण मिश्रा पुत्र रामगुलाम मिश्रा, 02. रामकेवल मिश्रा पुत्र स्व0 राजेश्वरी मिश्रा, 03. संतोष कुमार मिश्रा पुत्र गंगाशरण मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार अभियुक्तों के विरूद्ध थाना कर्नलगंज पुलिस द्वारा अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है ।
अधिवक्ता हत्याकांड, मारपीट में भतीजे ने चढाया था लोगों पर ट्रैक्टर
*9 बीघा जमीन का विवाद, पीट पीट कर की हत्या

गोंडा।जिले के करनैलगंज कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत दत्त नगर गांव के सुदाई पुरवा में रविवार को हुए उच्च न्यायालय के अधिवक्ता सुभाष चंद्र मिश्रा हत्याकांड से जुड़ा एक लाइव वीडियो सामने आया है,यह वीडियो घटना से ठीक पहले का है जिसमें दिखाई दे रहा है कि खेत में जुताई के दौरान दोनों पक्षों में कहासुनी के बाद मारपीट शुरू हो जाती है।इस दौरान अधिवक्ता के भतीजे ने ट्रैक्टर से सबको कुचलने का प्रयास किया जिसमें दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए जबकि अधिवक्ता की मौत हो गई।वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दिया है,वहीं गांव में माहौल बिगड़ने की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।सारा विवाद 9 बीघा जमीन को लेकर चल रहा था।चार मिनट के लाइव वीडियो में अधिवक्ता के भतीजे विश्वास मिश्रा को खेत की जुताई करते देखा जा सकता है।इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और गाली गलौज शुरू हो जाती है।मारपीट के दौरान अधिवक्ता खुद भी लाठी लेकर बचाव करते दिखाई दे रहे हैं।घटना के कुछ मिनट बाद पुलिस के भी पहुंचने का दावा किया जा रहा है,जिसके बाद दोनों पक्षों के लोग मौके से फरार हो जाते हैं।घटना में मृतक अधिवक्ता सुभाष चंद्र मिश्रा इलाहाबाद उच्च न्यायालय की लखनऊ खंडपीठ में प्रशासनिक अधिवक्ता रहे हैं तथा अवध बार एसोसिएशन के मंत्री भी रह चुके हैं।उनके दो बेटे हैं जिनमें बड़ा बेटा अभिषेक मिश्रा उच्च न्यायालय में अधिवक्ता है तो वहीं छोटा बेटा अनुराग मिश्रा घर पर रहकर खेती बाड़ी संभालता है।परिजनों के अनुसार, यह विवाद गांव के पूर्व प्रधान हरिशरण मिश्रा से 9 बीघा जमीन को लेकर चल रहा था और कोर्ट का फैसला सुभाष चंद्र मिश्रा के पक्ष में आया था,जिसकी प्रति लेकर वह घटना के एक दिन पहले करनैलगंज कोतवाली गए थे और पुलिस को सूचित किया था कि वह अगले दिन जमीन पर कब्जा लेने जाएंगे।मृतक अधिवक्ता के पोस्टमार्टम रिपोर्ट से यह स्पष्ट हुआ है कि सुभाष चंद्र मिश्रा की मौत सिर में गंभीर चोट लगने से हुई,जबकि शरीर पर कुल आठ चोट के निशान मिले हैं।सुभाष चंद्र मिश्रा का पोस्टमार्टम दो डाक्टरों के पैनल द्वारा वीडियोग्राफी के साथ किया गया।रिपोर्ट में बताया गया कि सिर में चोट से खून जम गया था,जिसके कारण नसों ने काम करना बंद कर दिया और इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।मामले में करनैलगंज कोतवाली पुलिस न भतीजे विश्वास मिश्रा की तहरीर पर चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है और दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है,इसके साथ ही अन्य की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।गांव में एहतियातन पुलिस बल तैनात है।करनैलगंज कोतवाल नरेंद्र प्रताप राय के अनुसार दो वीडियो सामने आए हैं,जिसमें से एक में कोई विवाद स्पष्ट नहीं है जबकि दूसरे में विवाद और ट्रैक्टर चलाते एक व्यक्ति देखा जा सकता है।पुलिस वीडियो की सत्यता और घटनाक्रम की जांच कर रही है।इस घटना के बाद अधिवक्ताओं में अत्यधिक आक्रोश है।उन्होंने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग किया है।मामले की जानकारी होने पर कटरा बाजार के भाजपा विधायक बावन सिंह भी मौके पर पहुंचे,जिसमें वह अधिवक्ताओं से हाईकोर्ट में आंदोलन करने की बात कहते दिखाई दे रहे हैं।हालांकि पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल के आश्वासन के बाद स्थिति कुछ शांत हुई।अनुराग के अनुसार रविवार को जैसे ही वे लोग खेत पर पहुंचे,आरोपियों ने हमला कर दिया।लाठी डंडों से पिटाई की गई और फायरिंग भी की गई।गोली उनके भाई के कान के पास से निकल गई।परिजनों ने आरोप लगाया कि घटना में 20 से 30 लोग शामिल थे।उन्होंने सभी आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और सख्त सजा की मांग किया है।अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी राधेश्याम राय ने बताया कि अधिवक्ता के भतीजे विश्वास मिश्रा की शिकायत पर चार आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।गांव में एहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
थाना को0 नगर पुलिस द्वारा कूटरचना करके 2147.78 लाख रुपये की जालसाजी व गबन करने में 02 वांछित अभियुक्तों को किया गया गिरफ्तार-


गोण्डा। पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल द्वारा अपराध एवं अपराधियों के विरूद्ध चलाये जा रहे अभियान के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक गोण्डा पूर्वी  मनोज कुमार रावत के पर्यवेक्षण व क्षेत्राधिकारी नगर  आनन्द कुमार राय के नेतृत्व में थाना को0 नगर पुलिस टीम द्वारा थाना स्थानीय पर पंजीकृत मु0अ0सं0- 044/2026 धारा 319(2), 318(4), 338, 336(3), 340(2), 316(5), 351(3), 3(5), 61(2) बीएनएस व मु0अ0सं0 045/2026 धारा 319(2), 318(4), 338, 336(3), 340(2), 316(5), 3(5), 61(2) बीएनएस से सम्बन्धित 02 वांछित अभियुक्तगण 01. राघवराम पुत्र समयदीन निवासी ग्राम बहलोलपुर थाना कोतवाली देहात जनपद गोण्डा तथा 02. शिवाकान्त वर्मा पुत्र स्व० राजितराम वर्मा निवासी इमिलिया गुरुदयाल थाना कोतवाली नगर जनपद गोण्डा को बहराइच रोड पर बिमौर चौराहा से गिरफ्तार किया गया।

*घटना का संक्षिप्त विवरण-*
दिनांक 02.01.2026 को भुवन चन्द्र सती, सहायक महाप्रबन्धक/मुख्य प्रबन्धक, उत्तर प्रदेश स्टेट कोऑपरेटिव बैंक लि० शाखा गोण्डा, पता लाला छोटे लाल का हाता, स्टेशन रोड, महरानीगंज, जनपद गोण्डा द्वारा थाना को0 नगर में लिखित प्रार्थना पत्र दिया गया कि गोण्डा शाखा में ऋण वितरण के दौरान गंभीर अनियमितता एवं धोखाधड़ी की गयी है । उल्लेख किया गया कि भारतीय रिजर्व बैंक में इम्पैनल्ड चार्टर्ड एकाउण्टेन्ट द्वारा कराये गये स्पेशल ऑडिट की अन्तरिम रिपोर्ट एवं दिनांक 02.01.2026 की गठित कमेटी की संस्तुति के परीक्षण में प्रकाश में आया कि अभियुक्त पवन कुमार पाल (तत्कालीन शाखा प्रबन्धक) द्वारा बैंक के अन्य कार्मिकों व खाताधारकों 1. राघवराम पुत्र समयदीन, 2. शिवाकान्त वर्मा पुत्र स्व० राजितराम वर्मा व अन्य के साथ मिलकर सुनियोजित ढंग से गिरोह बनाकर बैंक की नीति एवं आरबीआई/नाबार्ड के दिशा-निर्देशों के विरुद्ध ऋण स्वीकृति व वितरण किये गये । जांच में यह भी पाया गया कि अभियुक्त द्वारा स्वयं, अपने परिवारजनों एवं गिरोह के सदस्यों को बिना पात्रता एवं आवश्यक अभिलेखों के ऋण वितरित किये गये तथा फर्जी व कूटरचित दस्तावेजों का प्रयोग कर बैंक के 205 खाताधारकों के ऋण व बचत खातों एवं 05 आन्तरिक खातों से कुल रु0 2147.78 लाख की धनराशि का विभिन्न बैंकिंग चैनलों के माध्यम से दुर्विनियोग/अपहरण किया गया । जिसमें 05 आन्तरिक खातों से अनधिकृत रूप से रु0 46.13 लाख की धनराशि निकाल कर गबन किया गया। प्राप्त प्रार्थना पत्र के आधार पर थाना को0 नगर में सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया था । अभियोग में विवेचना के दौरान दिनांक 18.01.2026 को पवन कुमार पाल (तत्कालीन शाखा प्रबन्धक) उत्तर प्रदेश स्टेट कोऑपरेटिव बैंक लि० शाखा गोण्डा को गिरफ्तार किया जा चुका है। थाना कोतवाली नगर पुलिस टीम अभियोग के अन्य आरोपी अभियुक्तों की तलाश व गिरफ्तारी हेतु भ्रमण शील थी । आज दिनांक 22.02.2026 को क्षेत्र भ्रमण के दौरान तकनीकी एवं मैनुअल साक्ष्यों के आधार पर दोषी पाये गये वांछित अभियुक्तगण 1. राघवराम पुत्र समयदीन (खाताधारक) व 2. शिवाकान्त वर्मा पुत्र स्व० राजितराम वर्मा (खाताधारक) को बहराइच रोड पर बिमौर चौराहा से गिरफ्तार कर अग्रिम विधिक कार्यवाही करते हुए माननीय न्यायालय रवाना किया गया।
जनपद के समस्त बूथ लेबल अधिकारियों द्वारा अपने से संबंधित मतदेय स्थलों पर उपस्थित रहकर दावे और आपत्तियों को प्राप्त किये जाने का कार्य किया गया

गोण्डा।  फरवरी,2026
अर्हता तिथि 01.01.2026 के आधार पर विधान सभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत दावा एवं आपत्तियों की प्राप्ति।अर्हता तिथि 01 जनवरी 2026 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत दिनांक 22.02.2026 को जनपद के समस्त 2978 मतदेय स्थलों पर विशेष अभियान दिवस का आयोजित कराया गया, जिसमें बूथ लेवल अधिकारियों द्वारा अपने से सम्बन्धित मतदेय स्थलों उपस्थित रहकर दावा एवं आपत्तियां प्राप्त की गयी।

यह अभियान मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के दिशा-निर्देशों के अनुरूप संचालित कराया गया। आयोग का उद्देश्य है कि समस्त अर्ह नागरिक निर्वाचक नामावली में पंजीकृत हो जायें एवं निर्वाचक नामावली में दर्ज नाम, पता, आयु एवं अन्य प्रविष्टियों में विद्यमान त्रुटियों को दूर कर दिया जाये तथा कोई भी अनर्ह मतदाता का नाम निर्वाचक नामावली में विद्यमान न रहें। 

विशेष अभियान दिवस के दिन जनपद में अपर जिलाधिकारी/उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं समस्त निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों तथा समस्त सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों द्वारा मतदेय स्थलों पर भ्रमण करके, बी0एल0ओ0 द्वारा प्राप्त किये गये दावे और आपत्तियों की जानकारी प्राप्त की गयी।
जमीनी विवाद में अधिवक्ता की मौत,बचाने आए बेटा व भतीजा घायल

9 बीघे जमीन को लेकर चले लाठी डंडे,फायरिंग भी हुई

गोंडा।जिले के करनैलगंज कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत एक जमीनी विवाद में उच्च न्यायालय के वरिष्ठ अधिवक्ता की पीटकर हत्या कर दी गई वहीं बचाने आए अधिवक्ता के बेटे और दो भतीजों पर भी लाठी और डंडों से हमला कर दिया गया,जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए।घायलों को उनके परिजनों ने जिला मुख्यालय स्थित मेडिकल कालेज में भर्ती कराया।परिजनों का आरोप है कि घटना स्थल पर विवाद के दौरान फायरिंग भी की गई।गांव में तनाव को देखते हुए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है,जबकि आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमें लगी हुई हैं।

घटना की सूचना मिलते ही मृत अधिवक्ता  मामला करनैलगंज कोतवाली क्षेत्र के सुदाई पुरवा गांव का है। बड़े बेटे अधिवक्ता अभिषेक मिश्रा मार्च्यूरि हाउस पहुंचे।उन्होंने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग किया है।सुदाई पुरवा निवासी अधिवक्ता सुभाष चंद्र मिश्रा (67) के दो बेटे हैं।बड़ा बेटा अभिषेक (42) हाईकोर्ट में अधिवक्ता है तो वहीं छोटा बेटा अनुराग मिश्रा (36) घर पर रहकर सारे  काम देखता है।सुभाष चंद्र मिश्रा का गांव के पूर्व प्रधान हरिशरण मिश्रा से लगभग 9 बीघे जमीन को लेकर विवाद चल रहा था,जिसके संबंध में सुभाष चंद्र मिश्रा ने ग्राम न्यायालय करनैलगंज में मुकदमा दर्ज किया था, जिसमें उनको जीत मिली थी।बताया जा रहा है कि रविवार दोपहर वह उसी जमीन पर ट्रैक्टर से जुताई करने पहुंचे थे।आरोप है कि हरिशरण मिश्रा अपने 15 -  20 लोगों के साथ लाठी डंडा और धारदार हथियार लेकर मौके पर पहुंचे और हमला कर दिया।इसमें सुभाष चंद्र (67) उनके बेटे अनुराग मिश्रा (36) और दो भतीजे आकाश मिश्रा (19) व विश्वास मिश्रा (35) घायल हो गए,जिन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र करनैलगंज में भर्ती कराया गया।

यहाँ सुभाष चंद्र मिश्रा की गंभीर हालत को देखकर मेडिकल कालेज रिफर कर दिया गया,जहाँ इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।परिजनों के अनुसार,सुभाष चंद्र मिश्रा को जमीन उनके पिता द्वारा वसीयत में दी गई थी,जिसके बाद से उनका कब्जा था।आरोप है कि विरोधी पक्ष ने सुभाष की मां से फर्जी तरीके से बैनामा कराकर जमीन पर दावा किया था,जिसे लेकर न्यायालय में मामला चला और फैसला सुभाष चंद्र मिश्रा के पक्ष में आया।मृतक सुभाष चंद्र मिश्रा के छोटे बेटे अनुराग मिश्रा ने आरोप लगाया कि अरुण कुमार मिश्रा, हरिशरण मिश्रा,सत्यम मिश्रा, संतोष मिश्रा समेत अन्य लोगों ने मिलकर हमला किया।एक दिन पहले ही कोर्ट के आदेश की प्रति लेकर उनके पिता करनैलगंज कोतवाली ले गए थे और पुलिस को सूचित किया था कि वे अगले दिन जमीन पर कब्जा लेने जाएंगे।

अनुराग के अनुसार,रविवार को वे लोग जैसे ही खेत पर पहुंचे,आरोपियों ने हमला कर दिया तथा लाठी डंडों से पिटाई की गई और फायरिंग भी की गई।गोली उनके भाई के कान के पास से निकल गई।गंभीर हालत में पहले सुभाष चंद्र मिश्रा को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र करनैलगंज और फिर जिला अस्पताल ले जाया गया,जहाँ इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।परिजनों ने आरोप लगाया कि घटना में 20 से 30 लोग शामिल थे।उन्होंने सभी आरोपियों की गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग की है।अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी राधेश्याम राय ने बताया कि मृतक अधिवक्ता के भतीजे विश्वास चंद्र मिश्रा की तहरीर पर चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।गांव में एहतियातन पुलिस बल तैनात किया गया है।