मोड खुर्द में ट्रेड बिल के विरोध में किसानों का प्रदर्शन, थाना प्रभारी को सौंपा ज्ञापन

मेरठ/बहसूमा।  अपने निवास स्थान ग्राम मोड खुर्द में किसानों ने प्रस्तावित ट्रेड बिल के विरोध में एकजुट होकर थाना बहसूमा की थाना प्रभारी प्रतिभा सिंह को ज्ञापन सौंपा। किसानों का कहना है कि प्रस्तावित बिल से कृषि व्यवस्था और स्थानीय व्यापार पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है, जिससे छोटे और मध्यम किसानों की आजीविका प्रभावित हो सकती है।

ज्ञापन में किसानों ने सरकार से बिल पर पुनर्विचार करने और किसान हितों को ध्यान में रखते हुए आवश्यक संशोधन करने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से अपील की कि किसानों की चिंताओं को उच्च अधिकारियों तक गंभीरता से पहुंचाया जाए, ताकि समय रहते उचित निर्णय लिया जा सके।

इस अवसर पर जिला अध्यक्ष इंतजार देशवाल, युवा जिला अध्यक्ष अभिषेक चौधरी, अमित (जिला सचिव), शिवांशु (तहसील अध्यक्ष), सचिन (मीडिया प्रभारी), अमरपाल सिंह, मोहम्मद यामीन, असलम, सोनू कुमार बाटला और रामराज सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे। किसानों ने शांतिपूर्ण ढंग से अपनी बात रखते हुए प्रशासन से सकारात्मक पहल की अपेक्षा जताई।

किसानों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो वे लोकतांत्रिक तरीके से आगे भी आंदोलन करने को बाध्य होंगे। थाना प्रभारी ने किसानों को आश्वस्त किया कि उनका ज्ञापन संबंधित अधिकारियों तक पहुंचा दिया जाएगा और उनकी बात को गंभीरता से लिया जाएगा।
बहसूमा-मेरठट्रेड बिल विरोध से पहले कार्रवाई: युवा जिला अध्यक्ष व जिला अध्यक्ष को घर में रोका
मेरठ/बहसुमा। आगामी 22 फरवरी को प्रस्तावित मेरठ मेट्रो स्टेशन के शुभारंभ कार्यक्रम से पहले प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में भारतीय किसान यूनियन (तोमर) के युवा जिला अध्यक्ष अभिषेक चौधरी को पुलिस ने उनके आवास पर ही रोक दिया। वहीं संगठन के जिला अध्यक्ष इंतजार देशवाल को भी पुलिस उप निरीक्षक कृष्णकांत ने घर से बाहर निकलने नहीं दिया। आरोप है कि दोनों नेताओं को मेरठ जाने से पहले ही एहतियातन “हाउस अरेस्ट” कर दिया गया।

संगठन पदाधिकारियों के अनुसार “चलो मेरठ” आह्वान के तहत मेरठ में किसानों की समस्याओं और ट्रेड बिल के विरोध में प्रदर्शन प्रस्तावित था। कार्यक्रम में मुजफ्फरनगर, शामली और बिजनौर सहित आसपास जनपदों से किसान पदाधिकारियों के पहुंचने की योजना थी।

बताया गया कि स्थानीय पुलिस टीम नेताओं के आवास पर पहुंची और उन्हें बाहर निकलने से रोक दिया। संगठन का आरोप है कि बिना किसी लिखित आदेश के यह कार्रवाई की गई, जिससे वे निर्धारित कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके। किसान यूनियन पदाधिकारियों ने इसे किसानों की आवाज दबाने की कार्रवाई बताया है।

वहीं पुलिस सूत्रों का कहना है कि उच्च स्तरीय कार्यक्रम को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए एहतियाती कदम उठाए गए हैं, ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो।

संगठन कार्यकर्ताओं ने प्रशासनिक कार्रवाई पर नाराजगी जताते हुए कहा कि किसानों की समस्याओं को उठाना उनका लोकतांत्रिक अधिकार है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।
बहसूमा से प्रधानमंत्री के स्वागत को विशेष बस व्यवस्था, सुबह 9 बजे प्रस्थान

मेरठ। बहसूमा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं व समर्थकों के लिए रविवार, 22 फरवरी को देश के यशस्वी प्रधानमंत्री Narendra Modi के आगमन को लेकर विशेष तैयारियां की गई हैं। इसी क्रम में हस्तिनापुर मंडल महामंत्री, Bharatiya Janata Party तथा बहसूमा व्यापार मंडल के उपाध्यक्ष विनीत अहलावत के आह्वान पर समर्थकों के लिए विशेष बस सेवा की व्यवस्था की गई है।

जानकारी के अनुसार बस रविवार सुबह ठीक 9 बजे शाकंभरी बिल्डिंग मटेरियल (निकट जे.एन. मार्केट, मेरठ–बिजनौर रोड) से प्रस्थान करेगी। आयोजन से जुड़े लाला सचिन अग्रवाल के प्रतिष्ठान पर कार्यकर्ता एकत्र होकर अनुशासन के साथ निर्धारित समय पर रवाना होंगे।

विनीत अहलावत ने क्षेत्र के कार्यकर्ताओं और समर्थकों से समय का विशेष ध्यान रखने तथा अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर प्रधानमंत्री का स्वागत करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यह अवसर क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है और संगठित उपस्थिति से क्षेत्र का मान-सम्मान और बढ़ेगा।
बहसूमा में किसान नेता को घर में रोका, ‘चलो मेरठ’ से पहले पुलिस की एहतियाती कार्रवाई
मेरठ/बहसूमा। प्रधानमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम और मेट्रो स्टेशन के शुभारंभ से पहले प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। इसी क्रम में भारतीय किसान यूनियन संघर्ष मोर्चा के राष्ट्रीय संगठन मंत्री सनी चौधरी को पुलिस ने उनके आवास पर ही रोक दिया। संगठन का आरोप है कि उन्हें मेरठ जाने से पहले ही “हाउस अरेस्ट” कर दिया गया।

संगठन पदाधिकारियों के अनुसार “चलो मेरठ” आह्वान के तहत किसान कार्यकर्ता ट्रेड बिल के विरोध और किसानों की समस्याओं को लेकर मेरठ में प्रदर्शन करने वाले थे। बताया गया कि कार्यक्रम में शामिल होने के लिए सनी चौधरी घर से निकलने की तैयारी कर रहे थे, तभी स्थानीय पुलिस टीम उप निरीक्षक संदीप कुमार के नेतृत्व में उनके आवास पहुंची और बाहर जाने से रोक दिया।

किसान यूनियन का आरोप है कि बिना किसी लिखित आदेश के यह कार्रवाई की गई, जिससे लोकतांत्रिक विरोध के अधिकार का हनन हुआ है। संगठन ने इसे किसानों की आवाज दबाने का प्रयास बताते हुए चेतावनी दी कि मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।

वहीं पुलिस सूत्रों का कहना है कि प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए क्षेत्र में सघन गश्त और निगरानी बढ़ाई गई है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की अव्यवस्था को रोकने के लिए एहतियातन कदम उठाए गए हैं।

घटना के बाद क्षेत्र में किसान नेट विजेंद्र सिंह देशवाल और चौधरी विपिन अहलावत और गौरव चौधरी को भी नजर बंद किया गया किसान संगठनों और राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है। स्थानीय स्तर पर इसे सुरक्षा बनाम विरोध के अधिकार की बहस के रूप में देखा जा रहा है।
गन्ना उत्पादकता बढ़ाने को जागरूकता रैली, मिल प्रबंधन ने किसानों को दी नई किस्मों व रोग नियंत्रण की जानकारी
मेरठ/बहसुमा। टिकौला शुगर मिल्स लिमिटेड द्वारा बुधवार को गन्ना उत्पादन में नवाचार और उत्पादकता बढ़ाने के उद्देश्य से गन्ना किसान जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली को मिल स्वामी के प्रतिनिधि वेदान्त स्वरूप, अधिशासी अध्यक्ष हिमांशु कुमार मंगलम तथा महाप्रबंधक (गन्ना) सुनील दत्त ने हरी झंडी दिखाकर गांवों के लिए रवाना किया।

मिल प्रबंधन ने बताया कि बेहतर पैदावार के लिए किसानों को बुवाई के समय सही गन्ना किस्म का चयन करना चाहिए और ट्रेंच विधि से बुवाई को अपनाना चाहिए। टीम गांव-गांव जाकर किसानों को उन्नत किस्मों, रोग प्रबंधन और वैज्ञानिक खेती के तरीकों की जानकारी दे रही है।

रैली के दौरान किसानों को चेताया गया कि गन्ना किस्म को. 0238 में लाल सड़न रोग का प्रकोप अधिक देखा जा रहा है, इसलिए इसकी बुवाई से बचें। इसके स्थान पर को. 0118, 15023, 98014, को.लख. 16202, 14201, को. शा. 18231 आदि उन्नत किस्मों की बुवाई की सलाह दी गई। साथ ही बुवाई से पूर्व बीज को फफूंदनाशक व कीटनाशक से उपचारित करने तथा खेत में ट्राइकोडर्मा के प्रयोग पर जोर दिया गया। पोटाश के उपयोग से गन्ना सुदृढ़ होगा और रोग-कीट का प्रकोप कम होगा।

इस अवसर पर गन्ना विकास परिषद व सहकारी गन्ना विकास समिति के अधिकारी-कर्मचारी तथा मिल के अधिकारी—मोहનલाल शर्मा (अतिरिक्त महाप्रबंधक), अविनाश सिंह (उप महाप्रबंधक गन्ना), दिनेश कुमार अघेरी (केन डेवलपमेंट हेड), सुधीर गुप्ता, त्रेशपाल धामा, राजेन्द्र सिंह, अरविन्द शर्मा, अनुपम देओल, नरेन्द्र धामा सहित अनेक सुपरवाइजर मौजूद रहे।
.एआरटीओ मेरठ में कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ 24 फरवरी को भाकियू (तोमर) का विशाल धरना-प्रदर्शन


मेरठ, 18 फरवरी 2026। भारतीय किसान यूनियन (तोमर) के जिला अध्यक्ष चौ० इंतजार देशवाल ने आज अपने आवास पर आयोजित प्रेस वार्ता में एआरटीओ (मेरठ) कार्यालय में व्याप्त कथित भ्रष्टाचार, किसानों एवं आमजन की अनदेखी तथा अवैध वसूली के विरोध में 24 फरवरी 2026 को एआरटीओ कार्यालय मेरठ पर विशाल धरना-प्रदर्शन करने की घोषणा की।उन्होंने आरोप लगाया कि जब किसान या आमजन अपनी गाड़ी का रजिस्ट्रेशन, फिटनेस या ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने के लिए कार्यालय जाते हैं तो उनसे सरकारी रसीद से लगभग छह गुना अधिक धनराशि वसूली जाती है, जिस पर तत्काल रोक लगनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि एआरटीओ कार्यालय परिसर में अनेक निजी व्यक्ति खुलेआम दलाली कर रहे हैं और किसानों व आमजन से काम कराने के नाम पर मोटी रकम वसूल रहे हैं, जिन्हें तत्काल हटाया जाए। प्रेस वार्ता में पीटीओ मैडम प्रीति पांडेय पर भी गंभीर आरोप लगाए गए। संगठन का आरोप है कि ओवरलोडिंग वाहनों से प्रति माह लगभग छह हजार रुपये एंट्री के नाम पर वसूले जाते हैं तथा कुछ विशेष गाड़ियों को बिना रोक-टोक चलने दिया जाता है, जबकि एंट्री न देने वाली गाड़ियों का मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान कर दिया जाता है। संगठन ने सभी के साथ समान व्यवहार की मांग की है।इसके अतिरिक्त आरोप लगाया गया कि जिन वाहनों का चालान किया जाता है, उन्हें किसी अन्य व्यक्ति द्वारा चलाकर ले जाया जाता है, जिससे दुर्घटना की स्थिति में जिम्मेदारी को लेकर प्रश्नचिन्ह खड़ा होता है। साथ ही पेट्रोल पंपों एवं दुकानों पर खड़ी गाड़ियों के चालान काटने का भी आरोप लगाया गया, जिसके वीडियो प्रमाण संगठन के पास होने का दावा किया गया।
भारतीय किसान यूनियन (तोमर) ने चेतावनी दी है कि यदि समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो 24 फरवरी 2026 को एआरटीओ कार्यालय मेरठ पर विशाल धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
प्रेस वार्ता में मौजूद रहे जिला अध्यक्ष अकिल राणा, जिला महासचिव अमित चौधरी, जिला महामंत्री अब्दुल कलाम, जिला प्रवक्ता जमीर चौधरी, मंडल उपाध्यक्ष अमरपाल सिंह ग्रेवाल, मंडल उपाध्यक्ष प्रतिनिधि कृष्ण कुमार, जिला अध्यक्ष सलाहकार मोनु बटला, जसप्रीत सिंह ग्रेवाल, फैयाज भाई, युवा जिला अध्यक्ष अभिषेक चौधरी वह अन्य साथी मौजूद रहे
टिकौला शुगर मिल ने किया सत्र 2025–26 का गन्ना मूल्य भुगतान, 16.38 करोड़ सीधे किसानों के खातों में
मेरठ।बहसुमा। क्षेत्र के गन्ना किसानों के लिए राहत भरी खबर है। टिकौला शुगर मिल के अधिशासी अध्यक्ष हिमांशु कुमार मंगलम ने जानकारी देते हुए बताया कि पेराई सत्र 2025–26 के अंतर्गत दिनांक 10 फरवरी 2026 से 13 फरवरी 2026 तक खरीदे गए गन्ने का कुल 16.38 करोड़ रुपये का भुगतान आज मंगलवार को सीधे किसानों के बैंक खातों में भेज दिया गया है।

मिल प्रबंधन ने किसानों से अपील की है कि वे अपने-अपने संबंधित बैंकों से भुगतान की पुष्टि कर लें। साथ ही भविष्य में किसानों को सप्ताह में दो दिन—मंगलवार एवं शुक्रवार—को नियमित रूप से गन्ना मूल्य भुगतान किया जाएगा।

किसानों को यह भी निर्देशित किया गया है कि मिल में आपूर्ति किया जाने वाला गन्ना साफ-सुथरा, ताजा तथा जड़-पत्ती और मिट्टी रहित हो। अधिक गन्ना उपलब्ध होने की स्थिति में किसान चीनी मिल या गन्ना विकास परिषद से संपर्क कर अतिरिक्त सट्टा आवश्यकता अनुसार प्राप्त कर सकते हैं।

मिल प्रशासन ने किसान भाइयों से अपना बेसिक कोटा पूर्ण करने और गन्ना आपूर्ति बढ़ाकर प्रोत्साहन एवं उपहार योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया है।
मेरठ में पाकिस्तानी महिला 23 साल बाद गिरफ्तार, दो नाम से वोटर आईडी
मेरठ। मेरठ में 23 साल बाद एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। पाकिस्तान मूल की सबा मसूद उर्फ नाजिया को देहली गेट थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोप है कि उसने वर्ष 2003 में दो अलग-अलग नाम से वोटर कार्ड बनवाए और भारत में फर्जी दस्तावेजों के सहारे रह रही थी।

इस संबंध में पुलिस ने आधिकारिक पुष्टि नहीं की

पुलिस जांच में सामने आया कि सबा ने करीब 37 साल पहले फरहत मसूद से निकाह के बाद लॉन्ग टर्म वीजा पर भारत में प्रवेश किया था। वर्ष 1993 में पाकिस्तान जाकर बेटी को जन्म देने के बाद वह उसे पाकिस्तानी पासपोर्ट पर भारत लेकर आई। आरोप है कि बाद में बेटी का दाखिला मेरठ के एक प्रतिष्ठित स्कूल में कराया गया।प्राथमिकी में महिला के पिता के पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई से जुड़े होने का भी शक जताया गया है। हालांकि इस संबंध में पुलिस ने आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और जांच जारी है।

मतदाता सूची में दो अलग-अलग नाम मिलने के बाद जांच तेज

एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह के अनुसार, वर्ष 2003 की मतदाता सूची में दो अलग-अलग नाम मिलने के बाद जांच तेज की गई। दस्तावेजों की पड़ताल में गड़बड़ी मिलने पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। मामले में बीएनएस की कई धाराओं और विदेशी अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।आरोपी पक्ष ने इसे संपत्ति विवाद से जुड़ा मामला बताते हुए सभी आरोपों को निराधार बताया है।फिलहाल पुलिस और खुफिया एजेंसियां पूरे नेटवर्क और संभावित कनेक्शन की गहन जांच में जुटी हैं।
क्षेत्रीय ब्राह्मण सभा समिति ने लगाया कांवड़ सेवा शिविर, शिवभक्तों की सेवा में उमड़ा जनसैलाब
मेरठ। बहसूमा। रामराज।
फाल्गुन माह की शिवरात्रि के पावन अवसर पर फिरोजपुर सिद्ध पीठ शिव मंदिर परिसर में क्षेत्रीय ब्राह्मण सभा समिति द्वारा भव्य कांवड़ सेवा शिविर का आयोजन किया गया। हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर लौटे कांवड़ियों एवं शिवभक्त श्रद्धालुओं ने शिविर में विश्राम कर सेवा भाव से तैयार हलवा, चाय, व्रत आलू तथा आलू-पूड़ी का प्रसाद ग्रहण किया।

शिविर में सेवा कार्यों का संचालन समिति अध्यक्ष पंडित विधि चन्द शर्मा के नेतृत्व में किया गया। कोषाध्यक्ष विपुल राम शर्मा, शिक्षक प्रकोष्ठ के उपाध्यक्ष पंडित पुनीत कुमार शर्मा, व्यापार प्रकोष्ठ अध्यक्ष पंडित सत्येंद्र कुमार शर्मा, विद्युत प्रकोष्ठ अध्यक्ष वैष्णो दयाल शर्मा, मंत्री जितेंद्र शर्मा तथा मीडिया प्रभारी संदीप शर्मा सहित अनेक पदाधिकारी व कार्यकर्ता सेवा में जुटे रहे।
कार्यक्रम में डिप्टी सीएमओ डॉ. प्रवीण गौतम, अमित शर्मा, आदेश शर्मा, दीपक शर्मा, रमेश चंद शर्मा, दीनू प्रसाद शर्मा, नवीन कुमार शर्मा, रामानंद शर्मा, मेजर सूबेदार विपिन भारद्वाज, गंगे पंडित, सुनील शर्मा, अर्पित शर्मा, नरेश शर्मा, जितेंद्र फौजी, जोगिंदर शर्मा, अनु शर्मा, श्रीनिवास शर्मा, मदन शर्मा, मोनू पंडित, रामकुमार शर्मा, उमेश शर्मा, प्रदीप शर्मा, हर्ष शर्मा समेत बड़ी संख्या में ब्राह्मण बंधु उपस्थित रहे।

श्रद्धालुओं ने समिति के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए इसे धर्म और समाज सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण बताया। बहसूमा क्षेत्र में लगातार लग रहे कांवड़ सेवा शिविरों की कड़ी में यह आयोजन भी अत्यंत महत्वपूर्ण. और सफल रहा
फागण में आस्था का संगम: मोहम्मदपुर सकिश्त शिव मंदिर पर कांवड़ियों की सेवा में जुटे ग्रामीण
मेरठ, बहसूमा। मोहम्मदपुर सकिश्त स्थित प्राचीन महादेव मंदिर परिसर में फागण माह के दौरान आस्था का विशेष वातावरण देखने को मिल रहा है। हर वर्ष की तरह इस बार भी दूर-दूर से आने वाले कांवड़िए यहां विश्राम करते हुए भगवान शिव के दर्शन करने के लिए आगे बढ़ रहे हैं।

कांवड़ियों की सेवा के लिए गांव के लोग पूरी श्रद्धा और समर्पण के साथ जुटे हुए हैं। शिविर में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए दूध, दही, फल और अन्य खाद्य सामग्री की व्यवस्था की जा रही है। सेवा शिविर में ग्रामीण दिन-रात सक्रिय रहकर कांवड़ियों की सुविधा और विश्राम का विशेष ध्यान रख रहे हैं।

सेवा कार्य में पूर्व प्रधान सुरेंद्र सिंह, मांगे चौधरी, मनोज कुमार, हरिंदर सिंह, सुभाष कुमार, परमल, डॉ. अनिल, रविंद्र कुमार, सर्वेंद्र कुमार, प्रवीण कुमार सहित अनेक ग्रामीण बढ़-चढ़कर भागीदारी निभा रहे हैं। स्थानीय समाजसेवी एवं भारतीय गौ सेवा संघ मेरठ के जिला उपाध्यक्ष परविंदर चौधरी और मनोज कुमार जुड़े कार्यकर्ता भी सेवा कार्य में सहयोग कर रहे हैं, जिससे शिविर में आने वाले कांवड़ियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

ग्रामीणों का कहना है कि फागण के पावन अवसर पर कांवड़ियों की सेवा करना पुण्य का कार्य है। श्रद्धालु यहां विश्राम कर पुनः अपनी यात्रा पर प्रस्थान करते हैं, जिससे क्षेत्र में भक्ति और सेवा भाव का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है।