यूपी माटी कला बोर्ड द्वारा आयोजित कार्यक्रम में डॉ उमेश चंद्र तिवारी समेत अनेक लोगों का सम्मान

जौनपुर। उत्तर प्रदेश माटी कला बोर्ड के तत्वाधान में जिला ग्रामोद्योग कार्यालय जौनपुर में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया है।  जिसमें 50 माटी कला के कारीगरों को निशुल्क विद्युत चालित चाक व तीन पगमिल  वितरित किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति, विशिष्ट अतिथि नगर पालिका परिषद जौनपुर की अध्यक्ष श्रीमती मनोरमा मौर्य थी। उन्होंने अपने संबोधन में केंद्र सरकार द्वारा समाज के गरीब असहाय जरूरतमंद लोगों के लिए चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया। यह भी कहा कि उद्योग विभाग से लोगों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए समय-समय पर तमाम कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।

समारोह में सुइथाकला विकासखंड के ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि डॉ उमेश चंद तिवारी ने इस कार्यक्रम की प्रशंसा करते हुए कहा कि इससे युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने में मदद मिलेगी। प्रदेश की योगी सरकार की यह सबसे अच्छी और सफल योजना है इसका प्रचार प्रसार गांव-गांव में करने की जरूरत है। ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि श्री तिवारी ने कहा कि प्रदेश सरकार की  तमाम योजनाओं के चलते जिला उद्योग केंद्र से लोगों को भारी भरकम मदद हो रही है।  लोगों को उनके गांव में ही स्वरोजगार मिल रहा है। इसके चलते अब युवाओं को महानगरों की और जाने की जरूरत नहीं है। डिप्टी कमिश्नर इंडस्ट्रीज आशुतोष सहाय पाठक ने उद्योग विभाग की ओर से चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं के बारे में विस्तार से चर्चा किया। इसके पहले मुख्य अतिथि का स्वागत बुके और स्मृति चिन्ह देकर किया गया। इस मौके पर वाराणसी मंडल के परीक्षेत्रीय ग्राम उद्योग अधिकारी यूपी सिंह,  उपायुक्त जिला उद्योग केंद्र जौनपुर बीके सिंह , सहायक विकास अधिकारी विनोद कुमार पाण्डेय , वरिष्ठ सहायक दीपक कुमार सोनी, ग्राम उद्योग अधिकारी प्रकाश चंद्र श्रीवास्तव, लिपिक उमेश चंद्र मिश्रा, राममिलन प्रजापति, दिनेश प्रजापति, मोहन प्रजापति समेत अनेक लोग मौजूद रहे।
राष्ट्रीय सेवा योजना के बच्चों ने दिया स्वच्छता का संदेश
जौनपुर। श्री बजरंग पीजी कॉलेज घनश्यामपुर, में आज राष्ट्रीय सेवा योजना विशेष शिविर के तत्वाधान में कॉलेज के प्राचार्य वीरेंद्र बहादुर सिंह ने झंडा दिखाकर स्वयंसेवक एवं स्वयंसेविकाओं को शिविर स्थल की ओर रवाना किया जहां पर बच्चों ने प्राइमरी पाठशाला, घनश्यामपुर की साफ सफाई की एवं गीत संगीत और नारों के माध्यम से समाज को स्वच्छता कासंदेश दिया। इस अवसर पर प्रधानाध्यापक रविंद्र कुमार तिवारी, किरण मिश्रा,  रीना उपाध्याय, अरुण यादव सहायक अध्यापिका अनुराधा यादव, प्रदीप तिवारी आदि लोग उपस्थित रहे कार्यक्रम का संचालन कार्यक्रम अधिकारी डॉ. जैनेंद्र कुमार तिवारी ने किया
जौनपुर में यूपी के सबसे बड़े वाटर पार्क का उद्घाटन करेंगे उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक
जौनपुर। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक 27 फरवरी को जौनपुर के धौकलगंज बाजार के पास कोचारी में उत्तर प्रदेश के सबसे बड़े वाटर पार्क तथा रिजॉर्ट एक्वा मानसरोवर का उद्घाटन करेंगे। सुबह 11 बजे से आयोजित कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में देश के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान राहुल एजुकेशन के चेयरमैन लल्लन तिवारी, विधायक अवधेश सिंह और विधायक सुशील सिंह उपस्थित रहेंगे। इस वाटर पार्क का निर्माण मुंबई के लोकप्रिय समाजसेवी अजय सदानंद दुबे तथा उनके बड़े भाई पूर्व प्रधान विनय सदानंद दुबे ने कराया है। करीब 1 किलोमीटर क्षेत्र में फैले इस वाटर पार्क और रिजॉर्ट ने इस क्षेत्र को सुर्खियों में ला दिया है। इसके चलते यहां स्वरोजगार को बढ़ावा मिलेगा तथा एक बड़े क्षेत्र में लोगों को अपने परिवार के साथ छुट्टियों का आनंद उठाने का अवसर भी मिलेगा। यहां स्विमिंग पूल, रेन डांस, वाटर स्लाइस की पूरी सुविधा होगी।
देश की शांति और स्थिरता में सैनिकों का महत्वपूर्ण योगदान :  बाबा दुबे
जौनपुर। सैनिक राष्ट्र की सुरक्षा, अखंडता और संप्रभुता के मुख्य स्तंभ हैं। वे अपनी जान जोखिम में डालकर सीमाओं की रक्षा करते हैं और आपदाओं के समय नागरिकों की सहायता करते हैं। अनुशासन, वीरता, और त्याग के प्रतीक सैनिक निस्वार्थ भाव से राष्ट्रसेवा करते हैं, जिससे देश में शांति और स्थिरता बनी रहती है। बदलापुर स्थित अपने आवास पर मिलने आए, अखिल भारतीय पूर्व सैनिक संगठन ,जौनपुर के प्रतिनिधिमंडल से की गई मुलाकात के दौरान पूर्व विधायक ओमप्रकाश दुबे (बाबा दुबे ) ने उपरोक्त बातें कही। उन्होंने कहा कि सैनिकों से मुलाकात करना गौरव की बात है। संगठन द्वारा दाउदपुर (बरुआन) के पूर्व सैनिक सुनील शुक्ला को बदलापुर तहसील का संगठन अध्यक्ष बनाए जाने का स्वागत करते हुए उन्होंने कहा कि वे संगठनकी हर जरूरतों पर उनके साथ हमेशा खड़े रहेंगे। इस अवसर पर उपस्थित प्रमुख लोगों में पूर्व सैनिक राजेंद्र प्रसाद उपाध्याय, पूर्व सैनिक पन्नालाल, पूर्व सैनिक अभिमन्यु मौर्या, पूर्व सैनिक सूबेदार यादव, पूर्व सैनिक देवेंद्र कुमार सिंह,वो पूर्व सैनिक जयनारायण दुबे, पूर्व सैनिक कृष्ण कुमार दुबे,  वारंट अधिकारी अशोक कुमार विश्वकर्मा, पूर्व सैनिक बलराम सिंह,पूर्व सैनिक के के सिंह, पूर्व सैनिक सुनील शुक्ला के अलावा वरिष्ठ पत्रकार शिवपूजन पांडे, एडवोकेट भारत पांडे, समाजसेवी श्री प्रकाश त्रिगुणायत, सैनिक आशीष यादव आदि का समावेश रहा। जहां तक बाबा दुबे का सवाल है, वे हमेशा देश के सैनिकों के साथ खड़े रहे। अबतक करीब एक दर्जन शहीद सैनिकों के घर जाकर उनके परिजनों को अपनी निजी निधि से पांच पांच लाख रुपए की सम्मान निधि देने वाले अद्वितीय विधायक माने जाते हैं। राष्ट्र प्रेम की इसी प्रबल भावना के चलते उन्होंने बदलापुर चौराहे पर 127 फीट का तिरंगा झंडा लगाया है, जो बदलापुर का गौरव बना हुआ है।
दक्षिणा काली मंदिर का 42 वां स्थापना दिवस व श्रृंगारोत्सव सम्पन्न
जौनपुर। नगर के सिटी स्टेशन रेलवे क्रॉसिंग के निकट ओवरब्रिज के पास स्थित श्री मां आद्याशक्ति दक्षिणा काली मंदिर का 42वां वार्षिक द्विदिवसीय स्थापना दिवस एवं भव्य श्रृंगारोत्सव सोमवार की सायंकाल धूमधाम के साथ सम्पन्न हो गया। कार्यक्रम का समापन विशाल भंडारे के साथ हुआ, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने महाप्रसाद ग्रहण किया।
मंदिर परिसर को आकर्षक फूल-मालाओं और रोशनी से सजाया गया। मां काली का अलौकिक श्रृंगार श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहा। सुबह से लेकर देर रात तक दर्शनार्थियों का तांता लगा रहा। सायंकाल हवन-पूजन एवं पूर्णाहुति में श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
मंदिर के प्रधान पुजारी भगवती सिंह वागीश ने बताया कि काली कलयुग की अधिष्ठात्री पराशक्ति हैं। कलयुग में मां काली के श्रृंगार दर्शन-पूजन से भक्तों की सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। उन्होंने बताया कि मंदिर की स्थापना सन् 1984 में महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर की गई थी। सायंकाल आयोजित भजन संध्या का शुभारंभ मंदिर के पुजारी भगवती सिंह, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष दिनेश टंडन, मुंबई शिवसेना उपाध्यक्ष संतोष सिंह एवं पूर्व प्राचार्य टी डी कॉलेज समर बहादुर सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
इस अवसर पर बैंक महाप्रबंधक विजेंद्र सिंह, डॉ. सुभाष सिंह, वरिष्ठ सर्जन डॉ. लाल बहादुर सिद्धार्थ, डॉ. लाल जी प्रसाद एवं सपा नेता अजय त्रिपाठी ने कलाकारों को चुनरी ओढ़ाकर सम्मानित किया। एक्टर व गायक जितेंद्र झा ने “जय काली जय काली कलकत्ते वाली”, “तोरे धमवा में बलमा मोर हरेलइल” तथा “बम बम बोल रहा है काशी” जैसे गीत प्रस्तुत कर देर रात तक दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। गायक अभिषेक मयंक ने देवी गीतों की मनमोहक प्रस्तुति दी, जबकि आशीष पाठक अमृत, सरदार सुराज सिंह एवं पिंटू शेख के गीतों पर भी श्रोता झूम उठे। राजकुमार चौहान सिकंदर जौनपुरिया एवं सोनू द्वारा प्रस्तुत कृष्ण-सुदामा की झांकी ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। गहना कोठी फर्म द्वारा श्रद्धालुओं को बुनिया का प्रसाद वितरित किया गया। कार्यक्रम का संचालन गोविंद मिश्रा ने किया। इस अवसर पर कृषि वैज्ञानिक डॉ. सुरेश कनौजिया, डॉ. अजय पांडेय, डॉ. गौरव मौर्य, डॉ. संजीव पी. पांडेय, डॉ. बृजेश कनौजिया, भाजपा जिला महामंत्री पियूष गुप्ता, सोमेश्वर केसरवानी, ओम प्रकाश जायसवाल, संकठा प्रसाद पांडेय, भानू मौर्य, दल श्रृंगार विश्वकर्मा, अमित निगम, विक्रम गुप्ता एवं रामपाल विश्वकर्मा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। अतिथियों का स्वागत देवेश सिंह व सर्वेश सिंह सोनू ने किया तथा आभार वंदेश कुमार सिंह ने व्यक्त किया।
कोशिश द्वारा आयोजित राष्ट्रीय कवि सम्मेलन एवं मुशायरा संपन्न

जौनपुर। कोशिश साहित्यिक संस्था के 24वें वार्षिकोत्सव तिलकधारी महिला कालेज परिसर में राष्ट्रीय कवि सम्मेलन एवं मुशायरा का आयोजन हुआ। कार्यक्रम का श्री गणेश दीप प्रज्ज्वलन एवं डॉ. नरेंद्र पाठक के सरस्वती वंदना से हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ शायर अहमद निसार ने किया तथा डॉ. अरुण सिंह पूर्व प्राचार्य टी.डी. कॉलेज मुख्य अतिथि रहे। कार्यक्रम के प्रारंभ में कोशिश संस्था द्वारा प्रकाशित मंजरी नामक काव्य संग्रह का विमोचन हुआ जो उपस्थित श्रोताओं के लिए कौतूहल का विषय रहा। इसके अतिरिक्त वरिष्ठ कवि जनार्दन प्रसाद अस्थाना के कहानी संग्रह प्रायश्चित एवं आनन्द राय द्वारा रचित रूठ गया स्नेहल संचित मन नामक काव्य संग्रह का भी विमोचन हुआ। आमंत्रित कवियों एवं उपस्थित श्रोताओं का स्वागत प्रो. आर.एन. सिंह ने किया। संस्था के उद्देश्यों पर संस्थाध्यक्ष जनार्दन प्रसाद अस्थाना ने प्रकाश डाला एवं अतिथियों के सम्मान में अशोक मिश्रा ने अपने उद्गार व्यक्त किया।विशिष्ट अतिथियों में वरिष्ठजन डा. एम.पी. सिंह, डॉ. एस.बी. सिंह, डा. अंबिकेश्वर सिंह, डॉ. राममोहन सिंह, डॉ, ओम प्रकाश सिंह, डॉ, अजय दुबे, रामकृष्ण त्रिपाठी, पूर्व विधायक सुरेंद्र सिंह आदि को सम्मानित भी किया गया। प्रारंभिक सत्र के पश्चात गीत, गजल एवं कविताओं का जो प्रवाह प्रारंभ हुआ, वह सायंकाल तक चलता रहा। मिर्जापुर से पधारे लल्लू तिवारी का शेर 'प्यार कच्चा घड़ा नहीं होता, कोई छोटा बड़ा नहीं होता, पर खूब तालियां बजीं। मऊ से पधारे कवि डॉ. ईश्वर चंद्र त्रिपाठी की रचना 'जीत जाता हूं हार जाता हूं, रोज करने शिकार जाता हूं, सुनकर पूरा हाल वाह-वाह करता रहा। मुक्तेश्वर पाराशर की पंक्तियां 'अकेली यात्राओं में भी मन के गीत पाएंगे', लोगों को खूब पसंद आई। सांप्रदायिक सौहार्द पर पुष्पेंद्र अस्थाना की रचना 'यूं तो जन्नत नहीं जहन्नुम मिलेगा तुमको, नाम मजहब के खून बहाने वालों', बहुत सराही गई। लोक गीतों के महाकवि जगदीश पंथी ने जब कहां की 'बड़ा निक लागे ननद तोरा गंवुआं तो पूरा सभागार मस्ती में झूम उठा और तालियां की गड़गड़ाहट से पूरा हाल गूंजता रहा।काशी हिंदू विश्वविद्यालय के विभागाध्यक्ष प्रो. अनूप वशिष्ठ का शेर 'बड़े दिख रहे हैं वे कंधों पर चढ़कर, जो सचमुच बड़े हैं वो झुक कर खड़े हैं', लोगों के मन को छू गया और और बड़े ही सहज भाव में बड़प्पन को रेखांकित किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ अरुण सिंह पूर्व प्राचार्य ने साहित्य एवं कविता की प्रासंगिकता को रेखांकित किया और इसके योगदान में कोशिश मंच के प्रयासों को खूब सराहा। कवि सम्मेलन की अध्यक्षता कर रहे मशहूर शायर अहमद निसार का शेर, ''बहुत संभाल के धरती पर पांव रखिएगा, हमारे शहर के जर्रे में भी दिल धड़कता है', तहे दिल से साराहा गया और खूब वाहवाही बटोरी।कवि सम्मेलन के बीच-बीच में कोशिश संस्था से जुड़े तमाम कवियों एवं शायरों में जनार्दन प्रसाद अस्थाना, प्रखर जौनपुरी, अशोक मिश्रा, गिरीश श्रीवास्तव, फूलचन्द भारती, एस.बी. उपाध्याय, डा. संजय सिंह सागर, रमेश चंद्र सेठ, अंसार जौनपुरी, अनिल उपाध्याय, नन्द लाल समीर, राजेश पांडेय, सुमति श्रीवास्तव, ओ.पी. खरे, ओंकार यादव, रामजीत मिश्रा, पहलवान, बृजेश राय, मंजू पांडेय, रूपेश साथी ने अपनी रचनाओं से श्रोताओं का मन जीतने में सफल रहे और सृजन के क्षेत्र में जौनपुर के योगदान का सार्थक परिचय दिया। इसके अतिरिक्त काशी हिंदू विश्वविद्यालय के कई शोध छात्रों ने गीत और गजलों के सृजन में अपनी प्रतिभा का परिचय दिया जो श्रोताओं द्वारा बहुत पसंद किया गया।डॉ विमला सिंह, डॉ राम अवतार सिंह, संजय सेठ, संजय उपाध्याय, डॉ सुभाष सिंह प्रधानाचार्य, डॉ शुभ्रा सिंह, डॉ संतोष सरोज, प्रेम गुप्ता, डॉ सुधा सिंह, अनिल विश्वकर्मा, आर.पी. सिंह एडवोकेट, अश्वनी तिवारी सहित अन्य अनेक संभ्रांत नागरिकों ने कार्यक्रम की गरिमा में चार चांद लगाया। कवि सम्मेलन का संचालन सभाजीत द्विवेदी प्रखर ने किया। धन्यवाद ज्ञापन डा. अंबिकेश्वर सिंह ने किया।
महाशिवरात्रि पर तलेश्वर महादेव मंदिर पहुंचे कृपाशंकर ने की पूजा अर्चना

जौनपुर। महाराष्ट्र के पूर्व गृह राज्यमंत्री तथा जौनपुर लोकसभा के पूर्व प्रत्याशी कृपाशंकर सिंह ने आज महाशिवरात्रि के अवसर पर अपने गांव सहोदरपुर, तेजी बाजार में स्थित तलेश्वर महादेव मंदिर में विधि विधान के साथ पूजा अर्चना की। साथ ही उन्होंने इस मंदिर के बगल में स्थित गणेश मंदिर, राम दरबार मंदिर तथा दुर्गा माता मंदिर में भी पूजा अर्चना कर लोक कल्याण की कामना की।

इस अवसर पर उनके साथ पूर्व जिला पंचायत सदस्य श्यामराज सिंह, भाजपा युवा नेता अखिल  मिश्रा, वरिष्ठ पत्रकार शिवपूजन पांडे, कुंभ मेला में वायरल आकाश यादव दातुन वाला तथा अन्य लोग उपस्थित रहे। करीब 8 वर्ष पहले इस मंदिर की स्थापना उनकी धर्मपत्नी श्रीमती मालती सिंह के शुभ हस्तों किया गया था। उस समय ठाणे के उद्योगपति पंकज मिश्रा विशेष रूप से उपस्थित थे। इसके पहले कृपाशंकर सिंह ने आज सुबह विधायक अवधेश सिंह के साथ वाराणसी में बाबा विश्वनाथ का दर्शन किया। उसके बाद उन्होंने अपने गांव के समीप स्थित प्राचीन करछुली नाथ मंदिर में भगवान शिव की पूजा अर्चना की।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, मछलीशहर के स्वयंसेवकों ने किया घोष वादन
जौनपुर। अखिल भारतीय घोष दिवस के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ मछलीशहर के स्वयंसेवकों के द्वारा स्वयंभू दियावां महादेव और सोमनाथ मंदिर के प्रांगण में विभिन्न रचनाओं का घोष वादन किया गया। जिसका संचालन घोष प्रमुख गोपाल जी के द्वारा किया गया। जिला प्रचारक राजेन्द्र प्रथम जी , दियावां महादेव के मुख्य पंडा ओमप्रकाश जी मार्तण्ड महाराज जी, विश्व हिंदू परिषद के महेंद्र जी,शिवम जी, किशन, अरुण, विशाल, अंकुर,विनोद,शनि, ओमप्रकाश जी आदि स्वयंसेवक उपस्थित रहें।
सरल एवं सादगी के प्रतिमूर्ति थे स्व. चौधरी अजीत सिंह : मिर्जा जावेद सुल्तान
जौनपुर। किसान मसीहा स्व. चौधरी अजीत सिंह का जन्मदिन मनाया गया। रालोद अर्बन कमेटी के सदस्य मिर्जा जावेद सुल्तान के कटघरा स्थित आवास पर किसान संगोष्ठी के आयोजन उपरांत मिर्जा जावेद सुल्तान के नेतृत्व में रालोद नेताओं के द्वारा सदर अस्पताल में मरीजों को फल वितरण किया गया। किसान संगोष्ठी को संबोधित करते हुए मिर्जा जावेद सुल्तान ने कहा कि स्व. चौधरी अजीत सिंह सरल एवं सादगी के प्रतिमूर्ति थे। स्व. चौधरी ने औद्योगिक सुधारों का ड्राफ्ट तैयार किया, लाइसेंस राज को समाप्त किया। भूमि अधिग्रहण कानून में संशोधन और किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाया। उन्होंने सदैव किसानों के अधिकार की आवाज को बुलन्द की और बिना थके, बिना झुके समाज के हित में कार्य करते रहे। उनका जीवन हमें संघर्ष, समर्पण और सेवा की प्रेरणा देता है। आज उनके जन्मदिन पर हम सभी संकल्प लेते हैं कि उनके आदर्शों पर चलकर समाज और देश की सेवा करेंगे। इस अवसर पर अशोक यादव प्रदेश सचिव, उपाध्यक्ष राम बदन सरोज, वरिष्ठ नेता सत्य नारायण यादव, जिला प्रवक्ता दयाशंकर यादव, हैदर मेहदी, साहिल आब्दी, मोहम्मद जलालुद्दीन, खिलाड़ी प्रसाद, रमी मिर्जा आदि लोग उपस्थित रहे।
सिटी इंटरनेशनल स्कूल की छात्राओं ने किया विद्यालय का नाम रोशन
जौनपुर। जिला विज्ञान क्लब द्वारा आयोजित जनपद स्तरीय मॉडल प्रतियोगिता में सीबीएसई बोर्ड द्वारा संचालित सिटी इंटरनेशनल स्कूल, पिलकिछा खुटहन की छात्राओं ने प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय, तीनों स्थानों पर कब्ज़ा कर विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया है। सातवीं की तीन छात्राओं में से सेजल यादव ने प्रथम स्थान, वैष्णवी सिंह ने द्वितीय स्थान तथा रागिनी निषाद ने तृतीय स्थान प्राप्त किया है। यह उपलब्धि न केवल विद्यालय परिवार के लिए एक मील का पत्थर है, बल्कि आने वाली पीढ़ी के सभी विद्यार्थियों के लिए एक प्रेरणास्रोत है।

यह सफलता यह संदेश देती है कि सही दिशा, निरंतर प्रयास और दृढ़ संकल्प से कोई भी लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है। इस शानदार सफलता पर विद्यालय के प्रबंधक तथा पूर्व ब्लाक प्रमुख राजीव यादव ने सभी विजेता विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई एवं उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी है।