कोशिश द्वारा आयोजित राष्ट्रीय कवि सम्मेलन एवं मुशायरा संपन्न
![]()
जौनपुर। कोशिश साहित्यिक संस्था के 24वें वार्षिकोत्सव तिलकधारी महिला कालेज परिसर में राष्ट्रीय कवि सम्मेलन एवं मुशायरा का आयोजन हुआ। कार्यक्रम का श्री गणेश दीप प्रज्ज्वलन एवं डॉ. नरेंद्र पाठक के सरस्वती वंदना से हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ शायर अहमद निसार ने किया तथा डॉ. अरुण सिंह पूर्व प्राचार्य टी.डी. कॉलेज मुख्य अतिथि रहे। कार्यक्रम के प्रारंभ में कोशिश संस्था द्वारा प्रकाशित मंजरी नामक काव्य संग्रह का विमोचन हुआ जो उपस्थित श्रोताओं के लिए कौतूहल का विषय रहा। इसके अतिरिक्त वरिष्ठ कवि जनार्दन प्रसाद अस्थाना के कहानी संग्रह प्रायश्चित एवं आनन्द राय द्वारा रचित रूठ गया स्नेहल संचित मन नामक काव्य संग्रह का भी विमोचन हुआ। आमंत्रित कवियों एवं उपस्थित श्रोताओं का स्वागत प्रो. आर.एन. सिंह ने किया। संस्था के उद्देश्यों पर संस्थाध्यक्ष जनार्दन प्रसाद अस्थाना ने प्रकाश डाला एवं अतिथियों के सम्मान में अशोक मिश्रा ने अपने उद्गार व्यक्त किया।विशिष्ट अतिथियों में वरिष्ठजन डा. एम.पी. सिंह, डॉ. एस.बी. सिंह, डा. अंबिकेश्वर सिंह, डॉ. राममोहन सिंह, डॉ, ओम प्रकाश सिंह, डॉ, अजय दुबे, रामकृष्ण त्रिपाठी, पूर्व विधायक सुरेंद्र सिंह आदि को सम्मानित भी किया गया। प्रारंभिक सत्र के पश्चात गीत, गजल एवं कविताओं का जो प्रवाह प्रारंभ हुआ, वह सायंकाल तक चलता रहा। मिर्जापुर से पधारे लल्लू तिवारी का शेर 'प्यार कच्चा घड़ा नहीं होता, कोई छोटा बड़ा नहीं होता, पर खूब तालियां बजीं। मऊ से पधारे कवि डॉ. ईश्वर चंद्र त्रिपाठी की रचना 'जीत जाता हूं हार जाता हूं, रोज करने शिकार जाता हूं, सुनकर पूरा हाल वाह-वाह करता रहा। मुक्तेश्वर पाराशर की पंक्तियां 'अकेली यात्राओं में भी मन के गीत पाएंगे', लोगों को खूब पसंद आई। सांप्रदायिक सौहार्द पर पुष्पेंद्र अस्थाना की रचना 'यूं तो जन्नत नहीं जहन्नुम मिलेगा तुमको, नाम मजहब के खून बहाने वालों', बहुत सराही गई। लोक गीतों के महाकवि जगदीश पंथी ने जब कहां की 'बड़ा निक लागे ननद तोरा गंवुआं तो पूरा सभागार मस्ती में झूम उठा और तालियां की गड़गड़ाहट से पूरा हाल गूंजता रहा।काशी हिंदू विश्वविद्यालय के विभागाध्यक्ष प्रो. अनूप वशिष्ठ का शेर 'बड़े दिख रहे हैं वे कंधों पर चढ़कर, जो सचमुच बड़े हैं वो झुक कर खड़े हैं', लोगों के मन को छू गया और और बड़े ही सहज भाव में बड़प्पन को रेखांकित किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ अरुण सिंह पूर्व प्राचार्य ने साहित्य एवं कविता की प्रासंगिकता को रेखांकित किया और इसके योगदान में कोशिश मंच के प्रयासों को खूब सराहा। कवि सम्मेलन की अध्यक्षता कर रहे मशहूर शायर अहमद निसार का शेर, ''बहुत संभाल के धरती पर पांव रखिएगा, हमारे शहर के जर्रे में भी दिल धड़कता है', तहे दिल से साराहा गया और खूब वाहवाही बटोरी।कवि सम्मेलन के बीच-बीच में कोशिश संस्था से जुड़े तमाम कवियों एवं शायरों में जनार्दन प्रसाद अस्थाना, प्रखर जौनपुरी, अशोक मिश्रा, गिरीश श्रीवास्तव, फूलचन्द भारती, एस.बी. उपाध्याय, डा. संजय सिंह सागर, रमेश चंद्र सेठ, अंसार जौनपुरी, अनिल उपाध्याय, नन्द लाल समीर, राजेश पांडेय, सुमति श्रीवास्तव, ओ.पी. खरे, ओंकार यादव, रामजीत मिश्रा, पहलवान, बृजेश राय, मंजू पांडेय, रूपेश साथी ने अपनी रचनाओं से श्रोताओं का मन जीतने में सफल रहे और सृजन के क्षेत्र में जौनपुर के योगदान का सार्थक परिचय दिया। इसके अतिरिक्त काशी हिंदू विश्वविद्यालय के कई शोध छात्रों ने गीत और गजलों के सृजन में अपनी प्रतिभा का परिचय दिया जो श्रोताओं द्वारा बहुत पसंद किया गया।डॉ विमला सिंह, डॉ राम अवतार सिंह, संजय सेठ, संजय उपाध्याय, डॉ सुभाष सिंह प्रधानाचार्य, डॉ शुभ्रा सिंह, डॉ संतोष सरोज, प्रेम गुप्ता, डॉ सुधा सिंह, अनिल विश्वकर्मा, आर.पी. सिंह एडवोकेट, अश्वनी तिवारी सहित अन्य अनेक संभ्रांत नागरिकों ने कार्यक्रम की गरिमा में चार चांद लगाया। कवि सम्मेलन का संचालन सभाजीत द्विवेदी प्रखर ने किया। धन्यवाद ज्ञापन डा. अंबिकेश्वर सिंह ने किया।


जौनपुर। अखिल भारतीय घोष दिवस के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ मछलीशहर के स्वयंसेवकों के द्वारा स्वयंभू दियावां महादेव और सोमनाथ मंदिर के प्रांगण में विभिन्न रचनाओं का घोष वादन किया गया। जिसका संचालन घोष प्रमुख गोपाल जी के द्वारा किया गया। जिला प्रचारक राजेन्द्र प्रथम जी , दियावां महादेव के मुख्य पंडा ओमप्रकाश जी मार्तण्ड महाराज जी, विश्व हिंदू परिषद के महेंद्र जी,शिवम जी, किशन, अरुण, विशाल, अंकुर,विनोद,शनि, ओमप्रकाश जी आदि स्वयंसेवक उपस्थित रहें।
जौनपुर। किसान मसीहा स्व. चौधरी अजीत सिंह का जन्मदिन मनाया गया। रालोद अर्बन कमेटी के सदस्य मिर्जा जावेद सुल्तान के कटघरा स्थित आवास पर किसान संगोष्ठी के आयोजन उपरांत मिर्जा जावेद सुल्तान के नेतृत्व में रालोद नेताओं के द्वारा सदर अस्पताल में मरीजों को फल वितरण किया गया। किसान संगोष्ठी को संबोधित करते हुए मिर्जा जावेद सुल्तान ने कहा कि स्व. चौधरी अजीत सिंह सरल एवं सादगी के प्रतिमूर्ति थे। स्व. चौधरी ने औद्योगिक सुधारों का ड्राफ्ट तैयार किया, लाइसेंस राज को समाप्त किया। भूमि अधिग्रहण कानून में संशोधन और किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाया। उन्होंने सदैव किसानों के अधिकार की आवाज को बुलन्द की और बिना थके, बिना झुके समाज के हित में कार्य करते रहे। उनका जीवन हमें संघर्ष, समर्पण और सेवा की प्रेरणा देता है। आज उनके जन्मदिन पर हम सभी संकल्प लेते हैं कि उनके आदर्शों पर चलकर समाज और देश की सेवा करेंगे। इस अवसर पर अशोक यादव प्रदेश सचिव, उपाध्यक्ष राम बदन सरोज, वरिष्ठ नेता सत्य नारायण यादव, जिला प्रवक्ता दयाशंकर यादव, हैदर मेहदी, साहिल आब्दी, मोहम्मद जलालुद्दीन, खिलाड़ी प्रसाद, रमी मिर्जा आदि लोग उपस्थित रहे।
जौनपुर। जिला विज्ञान क्लब द्वारा आयोजित जनपद स्तरीय मॉडल प्रतियोगिता में सीबीएसई बोर्ड द्वारा संचालित सिटी इंटरनेशनल स्कूल, पिलकिछा खुटहन की छात्राओं ने प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय, तीनों स्थानों पर कब्ज़ा कर विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया है। सातवीं की तीन छात्राओं में से सेजल यादव ने प्रथम स्थान, वैष्णवी सिंह ने द्वितीय स्थान तथा रागिनी निषाद ने तृतीय स्थान प्राप्त किया है। यह उपलब्धि न केवल विद्यालय परिवार के लिए एक मील का पत्थर है, बल्कि आने वाली पीढ़ी के सभी विद्यार्थियों के लिए एक प्रेरणास्रोत है।
जौनपुर। मुंबई की प्रतिष्ठित सामाजिक संस्था समरस फाउंडेशन द्वारा आज बदलापुर, जौनपुर की कर्तव्यनिष्ठ और तेज तर्रार उप जिलाधिकारी सुश्री योगिता सिंह का सम्मान किया गया। संस्था के महासचिव तथा वरिष्ठ पत्रकार शिवपूजन पांडे ने शॉल और स्मृति चिन्ह देकर उनका सम्मान किया। इस अवसर पर मुंबई महानगरपालिका के पूर्व शिक्षणाधिकारी अशोक मिश्रा तथा दैनिक जागरण के पत्रकार प्रमोद पांडे उपस्थित रहे। संस्था द्वारा उन्हें यह सम्मान उनकी योग्य प्रशासनिक क्षमता तथा आम जनता के बीच उनके उज्जवल छवि को देखते हुए प्रदान किया गया। संस्था द्वारा आशा व्यक्त की गई कि सुश्री योगिता सिंह की कुशल क्षमता और समर्पित जनहित कार्यों से तहसील से जुड़े लोगों को राज्य और केंद्र सरकार की योजनाओं का समुचित लाभ मिलेगा। 2022 में प्रशासनिक सेवा से जुड़ी सुश्री योगिता सिंह पढ़ाई में हमेशा टॉपर रहीं और पुलिस सेवा में रहे अपने पिता को अपना आदर्श मानती हैं। अलीगढ़ जनपद की रहने वाली सुश्री योगिता सिंह को अभी लंबी दूरी तय करना है और जनता से जुड़े विकास के ढेर सारी सपनों को पूरा करना है। महाराष्ट्र के पूर्व गृह राज्यमंत्री कृपाशंकर सिंह के अनुसार सुश्री योगिता सिंह ऊर्जावान उप जिलाधिकारी हैं, जिनके कुशल प्रशासनिक नेतृत्व में तहसील का सर्वांगीण विकास हो रहा है।
जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वाञ्चल विश्वविद्यालय, जौनपुर से सम्बद्ध राजा श्रीकृष्ण दत्त स्नातकोत्तर महाविद्यालय, जौनपुर के हिन्दी विभाग की प्राध्यापिका डॉ.उर्मिला सिंह के कुशल मार्गदर्शन में पी-एच.डी. उपाधि प्राप्त करने वाली मेधावी छात्रा डॉ० प्रतिभा सिंह ने संघ लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित असिस्टेंट प्रोफेसर हिंदी परीक्षा में सफलता अर्जित की।
जौनपुर। विश्व भर में फैले लाखों भक्तों के लिए भगवान की तरह पूजे जाने वाले सच्चिदानन्द स्वामी धारकुंडी महराज के ब्रह्मलीन होने की खबर का पता चलते ही उनके श्रद्धालुओं में शोक की लहर छा गई। सैकड़ों श्रद्धालु उनके अंतिम दर्शन के लिए मध्यप्रदेश के सतना जिले में स्थित धारकुंडी आश्रम के लिए प्रस्थान कर दिया। स्वामी जी ने शनिवार की रात मुंबई के बदलापुर स्थित आश्रम पर नश्वर शरीर को त्याग गोलोक सिधार गए। बताते हैं कि वे 102 वर्ष की उम्र में शरीर का परित्याग किए हैं।
3 hours ago
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1