समाजवादी पार्टी का ज्ञापन: “लॉजिकल एरर” के नाम पर हजारों नोटिस भेजना साजिश – मसूद आलम
इकौना (श्रावस्ती)। तहसील इकौना, जनपद श्रावस्ती में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं एसएआर प्रभारी मसूद आलम खान के नेतृत्व में पार्टी प्रतिनिधिमंडल ने उपजिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन तहसीलदार को सौंपा। प्रतिनिधिमंडल में जिला अध्यक्ष सर्वजीत यादव, प्रदेश सचिव लोहिया वाहिनी लालचंद गौतम, पूर्व चेयरमैन मोहम्मद आलम नईमी, विधानसभा अध्यक्ष रामराज यादव, जियाउर्रहमान खां, सुरेश पासवान (महासचिव), राजू यादव (ब्लॉक अध्यक्ष) सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

ज्ञापन में 290 विधानसभा श्रावस्ती और 289 विधानसभा भिनगा में “नो मैपिंग” के तहत भेजे गए लगभग 35 हजार नोटिसों के निस्तारण पर चिंता जताई गई। प्रतिनिधियों का कहना है कि अब तक करीब 50 प्रतिशत मामलों का ही निस्तारण हो सका है। इसी बीच “लॉजिकल एरर” के नाम पर दोनों विधानसभाओं में लगभग 60-60 हजार नए नोटिस जारी कर दिए गए हैं, जिससे प्रशासनिक प्रक्रिया पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

मसूद आलम खान ने आरोप लगाया कि फॉर्म-7 के माध्यम से पात्र मतदाताओं के नाम काटे जा रहे हैं। उन्होंने आशंका जताई कि बड़ी संख्या में पीडीए समाज के वोट प्रभावित किए जा सकते हैं। उन्होंने इसे चुनाव आयोग और भारतीय जनता पार्टी की साजिश करार दिया।

इस पर उपजिलाधिकारी इकौना एवं तहसील प्रशासन ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम नहीं काटा जाएगा। “लॉजिकल एरर” संबंधी सभी नोटिसों का निस्तारण बीएलओ के माध्यम से किया जाएगा तथा एसआईआर की प्रक्रिया निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से पूरी की जाएगी।
बहराइच में दीपावली की शाम पटाखों का पैकेट फटा, एक युवक की मौत, दूसरा गंभीर

बहराइच । दीपावली की शाम खुशियों के बीच बहराइच में दर्दनाक हादसा हो गया। पटाखे खरीदकर लौट रहे दो युवकों के हाथ से पटाखों का पैकेट गिरते ही तेज धमाके के साथ विस्फोट हो गया। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से झुलस गए, जिनमें से एक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।घटना सोमवार शाम की है।

दाेनों युवक पटाखा लेकर आ रहे थे

स्टेशन रोड स्थित चंद्रशेखर आजाद बालिका इंटर कॉलेज मार्ग किनारे दीपावली को लेकर पटाखों की अस्थायी दुकानें लगी थीं। इंदिरा नगर मोहल्ले के पास पटाखा विक्रेता अमन गर्ग के मकान से दो युवक पटाखे लेकर नीचे उतर रहे थे। इस दौरान उनका संतुलन बिगड़ गया और पटाखों का पैकेट नीचे गिर पड़ा।

विस्फोट से आस-पास भगदड़ मच गई

जमीन पर गिरते ही पटाखों में जोरदार धमाके के साथ आग लग गई। विस्फोट से आस-पास भगदड़ मच गई। दोनों युवक बुरी तरह झुलस गए। स्थानीय लोगों ने फौरन पुलिस को सूचना दी।थाना प्रभारी करुणाकर पांडे फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को तत्काल सीएचसी रिसिया भेजा गया। वहां से गंभीर हालत में दोनों को मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर किया गया।

पुलिस ने भंडारण व सुरक्षा उपायों को लेकर जांच शुरू कर दी

इलाज के दौरान जहानचक बंगला पकड़ी गांव निवासी मनीष (18 वर्ष) पुत्र अनंत राम की मौत हो गई, जबकि वीरेंद्र (16 वर्ष) पुत्र कमला प्रसाद की हालत गंभीर बनी हुई है।हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। सीओ पयागपुर ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और पटाखों के भंडारण व सुरक्षा उपायों को लेकर जांच शुरू कर दी है।

तहसील सभागार पयागपुर व नानपारा में सम्पन्न हुआ नियुक्ति पत्र वितरण समारोह,110 नवचयनित आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को मिले नियुक्ति पत्र

महेश चंद्र गुप्ता/ बहराइच

बहराइच। तहसील सभागार पयागपुर में आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण समारोह के दौरान मुख्य अतिथि विधायक पयागपुर सुभाष त्रिपाठी द्वारा ब्लाक प्रमुख हुज़ूरपुर अजीत प्रताप सिंह व ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि पयागपुर समय प्रसाद मिश्रा के साथ बाल विकास परियोजना हुज़ूरपुर अन्तर्गत नवचयनित 13, पयागपुर की 08, विशेश्वरगंज की 19 व जरवल की 08 कुल 48 कार्यकत्रियों को नियुक्ति पत्र का वितरण किया गया। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी पयागपुर, तहसीलदार पयागपुर, नोडल अधिकारी उपायुक्त मनरेगा, जिला कार्यक्रम अधिकारी, खण्ड विकास अधिकारी विशेश्वरगंज, बाल विकास परियोजना अधिकारी पयागपुर, विशेश्वरगंज व हुज़ूरपुर अन्य गणमान्य व संभ्रान्तजन तथा बड़ी संख्या में नवचयनित आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के परिजन मौजूद रहे।

इसी प्रकार तहसील सभागार नानपारा में आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण समारोह के दौरान मुख्य अतिथि विधायक नानपारा राम निवास वर्मा द्वारा ब्लाक प्रमुख बलहा, नवाबगंज व शिवपुर के साथ बाल विकास परियोजना बलहा अन्तर्गत नवचयनित 18, शिवपुर की 24 व नवाबगंज की 20 कुल 62 कार्यकत्रियों को नियुक्ति पत्र का वितरण किया गया। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी नानपारा, जिला विकास अधिकारी, खण्ड विकास अधिकारी बलहा, सम्बन्धित बाल विकासउ परियोजना अधिकारी अन्य गणमान्य व संभ्रान्तजन तथा बड़ी संख्या में नवचयनित आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के परिजन मौजूद रहे।

राजकीय आईटीआई में 31 मई को आयोजित होगा अप्रेन्टिशिप मेला

महेश चंद्र गुप्ता/ बहराइच

बहराइच। व्यावसायिक शिक्षा कौशल विकास एवं उद्यमशीलता विभाग उ.प्र. के अन्तर्गत संचालित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, बहराइच के परिसर में 31 मई 2025 को अप्रेन्टिशिप मेला प्रस्तावित है। जिसमें जनपद के सरकारी एवं गैर सरकारी विभागो व अधिष्ठान प्रतिभाग करेगें। मेले के माध्यम से विभिन्न विभागों एवं अधिष्ठानों द्वारा आई.टी.आई. पास प्रशिक्षार्थियों का चयन साक्षात्कार के माध्यम से अप्रेन्टिशिप प्रशिक्षण के लिए किया जायेगा। यह जानकारी देते हुए राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, बहराइच की प्रधानाचार्या स्मृति शर्माने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी 31 मई 2025 को पूर्वान्ह 10ः00 बजे अपने समस्त मूल प्रमाण पत्र एवं छायाप्रति साथ उपस्थित होकर अप्रेन्टिशिप मेले में प्रतिभाग कर सकते हैं।

राज्य स्तरीय निगरानी समिति की सदस्य का आगमन 27 मई को

महेश चंद्र गुप्ता/बहराइच

बहराइच। मा. सदस्य, राज्य स्तरीय निगरानी समिति उ.प्र. शासन श्रीमती पूजा बाल्मीकि का 27 मई 2025 को जनपद भ्रमण का कार्यक्रम प्रस्तावित है। मा. सदस्य प्रातः 10ः30 नगर पंचायत मिहीपुरवा, अपरान्ह 12ः30 बजे नगर पालिका परिषद नानपारा तथा अपरान्ह 02ः30 बजे नगर पंचायत जरवल में अधिशासी अधिकारियों एवं सफाई कर्मचारी यूनियन के अध्यक्ष के साथ (एम.एस. एक्ट-2013) के अन्तर्गत जनपद में चयनित स्वच्छकारों के पुर्नवास रोजगार हेतु चलाई जा रही योजनाओं एवं समस्त सफाई कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं के सम्बन्ध में समीक्षा एवं मलिन बस्ती का भ्रमण करेगी। तदोपरान्त अपरान्ह 04ः30 बजे लो.नि.वि. निरीक्षण भवन में प्रभारी अधिकारी स्थानीय निकाय व अन्य जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगी। मा. सदस्य श्रीमती पूजा बाल्मीकि 27 मई को लो.नि.वि. के निरीक्षण में रात्रि विश्राम करेंगी तथा 28 मई 2025 को प्रातः 08ः00 बजे प्रस्थान कर जायेंगी। यह जानकारी प्रभारी अधिकारी वीआईपी/नगर मजिस्ट्रेट ने दी है।

बेसिक शिक्षा की विभिन्न योजनाओं का मुख्यमंत्री ने किया वर्चुअल लोकर्पण एवं शिलान्यास

विकास भवन सभागार में कार्यक्रम का हुआ सजीव प्रसारण

सम्मानित किये गये शिक्षक, शिक्षामित्र व अनुदेशक

महेश चंद्र गुप्ता/ बहराइच

बहराइच। लोक भवन, लखनऊ में आयोजित वृहद समारोह में मा. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी द्वारा वर्चुअल माध्यम से बेसिक शिक्षा विभाग अन्तर्गत महत्वपूर्ण कार्यक्रमों का लोकार्पण/शिलान्यास/शुभारम्भ किया गया तथा शिक्षा विभाग से सम्बन्धित महत्वपूर्ण कार्यक्रमों जैसे निपुण घोषित हो चुके विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों/शिक्षकों को प्रमाण पत्र वितरण, टैबलेट वितरण एवं विद्यालयों में स्मार्ट क्लास का सफलतापूर्वक संचालन करने वाले प्रधानाध्यापकों/शिक्षकों को प्रमाण पत्र एवं वर्तमान शैक्षिक सत्र में नवाचार के रूप प्रारम्भ किये गये समर कैप में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षक/शिक्षामित्र/अनुदेशकों को सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर विकास भवन में आयोजित समारोह में मा. मुख्यमंत्री जी के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया गया तथा कार्यक्रम में समर कैंप, पीएम श्री विद्यालय, निपुण विद्यालय के अंतर्गत ब्लॉक वार उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 42 शिक्षकों को भाजपा जिला अध्यक्ष बृजेश पांडे, एमएलसी प्रज्ञा त्रिपाठी, सदर विधायक श्रीमती अनुपमा जायसवाल के प्रतिनिधि शिवम जायसवाल, जिलाधिकारी मोनिका रानी व मुख्य विकास अधिकारी मुकेश चंद्र द्वारा अंगवस्त्र व प्रशस्ति पत्र तथा जूनियर हाईस्कूल के 05 शिक्षकों को टैबलेट देकर सम्मानित किया गया। जबकि विकास खण्ड तेजवापुर के उच्च प्राथमिक विद्यालय कमोलिया खास की आँचल श्रीवास्तव को मा. मुख्यमंत्री जी द्वारा लोकभवन में आयोजित समारोह में सम्मानित किया गया है।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष कुमार सिंह ने बताया कि वर्चुअल कार्यक्रम के दौरान डीबीटी के अंतर्गत अभिभावकों के खातों में धनराशि का अंतरण, उच्च प्राथमिक विद्यालयों में शिक्षकों के लिए 853 टेबलेट का वितरण, मुख्यमंत्री अभ्युदय कंपोजिट विद्यालय के अंतर्गत पयागपुर में विद्यालय का शिलान्यास और मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय के अंतर्गत ब्लाक तेजवापुर में प्री प्राइमरी से लेकर कक्षा 12 तक का अत्याधुनिक विद्यालय की स्थापना की जाएगी। उन्होंने बताया कि जनपद हेतु जूनियर हाईस्कूल में 853 शिक्षकों के लिए टैबलेट प्राप्त हो गये हैं।

उन्होंने बताया कि टैबलेट वितरण के माध्यम से जहां सभी विद्यालयों को डिजिटल इंडिया से जोड़ा जा रहा है वहीं पर विद्यालयों के समस्त गतिविधियों को ऑनलाइन संचालित किए जाने में मदद मिलेगी। बीएसए ने बताया कि कस्तूरबा गांधी विद्यालयों को उच्चीकृत करने पर बल दिया गया। जिसके अंतर्गत ब्लाक तेजवापुर में व चितौरा में दो विद्यालयों को उच्चीकृत किया गया है तथा मिहींपुरवा और शिवपुर में अतिरिक्त डॉरमेट्री की व्यवस्था की गई है। जिससे वहां के बच्चियों को सुरक्षित और बेहतरीन सुविधा के साथ आवासीय व्यवस्था प्रदान की जा सके। इस अवसर पर वित्त एवं लेखाधिकारी वीरेश वर्मा सभी ब्लॉकों के खंड शिक्षा अधिकारी तथा विद्यालयों के शिक्षक और शिक्षणेत्तर कर्मचारी सहित अन्य सम्बन्धित मौजूद रहे।

62 व्यक्तियों के खातों में भेजी गई रू. 12.404 लाख की सहायता राशि

महेश चंद्र गुप्ता/ बहराइच

बहराइच। जिलाधिकारी मोनिका रानी ने बताया कि विभिन्न आपदाओं अन्तर्गत जिले के 62 व्यक्तियों के बैंक खातों में धनराशि रू. 12 लाख 40 हज़ार 400 की धनराशि सम्बन्धित के बैंक खातों में हस्तान्तरित की गई है। अग्निकाण्ड दुर्घटना अन्तर्गत तहसील महसी में 29 व्यक्तियों के बैंक खातों में रू. 2,38,000=00, नानपारा में 04 व्यक्तियों के बैंक खातों में रू. 26,000=00, पयागपुर में 08 व्यक्तियों के बैंक खातों में रू. 32,000=00, मिहींपुरवा (मोतीपुर) में 05 व्यक्तियों के बैंक खातों में रू. 27,400=00, तहसील सदर में 02 व्यक्तियों के बैंक खातों में रू. 14,500=00 तथा तहसील कैसरगंज में 11 व्यक्तियों के बैंक खाते में रू. 65,000=00 इस प्रकार कुल 59 व्यक्तियों के बैंक खातों में अहैतुक सहायता/गृह अनुदान/पशु सहायता के रूप में रू. 4,02,900=00 की धनराशि 24 मई 2025 को अन्तरित की गई है।

इसी प्रकार अन्य आपदा अन्तर्गत तहसील मिहींपुरवा (मोतीपुर) अन्तर्गत अहैतुक सहायता के रूप में 01 व्यक्ति के बैंक खातों में रू. 4,00,000=00 तथा तहसील नानपारा में 01 व्यक्ति के बैंक खातों में रू. 4,00,000=00 तथा तथा तहसील महसी अन्तर्गत 01 व्यक्ति के बैंक खाते में पशु सहायता के रूप में रू. 37,500=00 कुल 03 व्यक्त्यिों के बैंक खातों में अहैतुक सहायता के रूप में रू. 8,37,500=00 की धनराशि 25 मई 2025 को अन्तरित की गई है।

अजब प्रेम की गजब कहानी, प्रेमी के शौक पूरे करने के लिए मासूका बनी चोर

महेश चंद्र गुप्ता/ बहराइच

जहां करती थी काम वही दिया चोरी को अंजाम

बहराइच जनपद के एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। एक प्रेमिका ने अपने प्रेमी के शौक पूरा करने के लिए जहां काम करती थी उसी घर मे चोरी की वारदात को अंजाम दे डाला। अब पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने चोरी हुए सामान को भी बरामद कर लिया है।

शहर के काजीपुरा दक्षिणी के रहने वाले शाहिद सगीर ने अपने घर मे हुई चोरी को लेकर कोतवाली नगर पुलिस को एक तहरीर सौंपी थी। जिसमे उन्होंने अपने घर मे काम करने वाली युवती पर इल्जाम लगाया था।

इस मामले में पुलिस जांच में जुटी तो अजब गजब मामला सामने आया। पुलिस ने बताया कि शहर के ही बशीरगंज की रहने वाली अरीबा अपने हिंदू प्रेमी अरुण के शौक पूरे करने के लिए चोरी करती थी। चोरी के ही पैसे से उसने अपने प्रेमी को राइडर बाइक भी दिलाई थी। शाहिद सगीर ने बताया कि पड़ोस में रहने वाली अरीबा उनके यहां काफी दिनों से काम करती थी जिसके चलते वह उस पर विश्वास भी करते थे। कुछ दिन पूर्व जब उनकी बहन का करीब ₹2000 गायब हुआ तो उन्होंने बात को टाल दिया। इसके बाद चोरी की वारदात लगातार जारी रही। इतना ही नहीं घर में काम करने वाली अरीबा ने पैसों के साथ सोने के जेवर पर भी हाथ साफ कर दिया।

शाहिद ने बताया कि उन्हें जब पैसों की जरूरत हुई तो वह जब अपने घर में बने लाकर से पैसा निकालने पहुंचे तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई उसमें रखा सोने के जेवरात व पैसे गए थे। शाहिद ने इस घटना की सूचना कोतवाली नगर पुलिस को दी। इस मामले में कोतवाल नगर राकेश सिंह ने बताया कि अरीबा का प्रेमी अरुण सोनी जो जनपद के नवाबगंज थाना क्षेत्र के पड़ोहिया का रहने वाला है। जो सोना टंच का काम भी करता है। यह दरगाह थाना क्षेत्र इलाके में स्थित काशीराम कॉलोनी में रहता है। जिसके पास से चोरी का सारा सामान व इन्हीं पैसों से खरीदी गई राइडर बाइक को भी बरामद कर लिया गया है इन दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा रहा है।

डीपीआरओ ने किया गिरधरपुर व किशुनपुर माफी के पंचायत भवनों का निरीक्षण, मिली खामियां

महेश चंद्र गुप्ता बहराइच

बहराइच में जिला पंचायत राज अधिकारी सर्वेश कुमार पाण्डेय द्वारा पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ब्लाक बलहा के ग्राम पंचायत गिरधरपुर व ब्लाक चित्तौरा के ग्राम पंचायत किशुनपुर माफी के पंचायत भवनों का निरीक्षण किया गया। गिरधरपुर पंचायत सचिवालय के निरीक्षण के दौरान सहायक विकास अधिकारी (पं0) बलहा राजेश कुमार चौधरी, सचिव ग्राम पंचायत प्रभात कुमार, पंचायत सहायक संगीता यादव व अन्य ग्रामवासी उपस्थित रहे। पंचायत सहायक से उनसे कार्यों के बारे में पूछने पर उसके द्वारा बताया गया कि कम्प्यूटर प्रधान के घर पर था, अभी अभी आया है एवं पंचायत सहायक अपने कार्यों के बारे में यथोचित जबाब नहीं दे सकीं।

सचिव ग्राम पंचायत प्रभात कुमार द्वारा बताया गया कि उन्हें 02 कलस्टर आवंटित है, जिस कारण वह प्रतिदिन पंचायत भवन में उपस्थित नहीं हो पाते है। 10-12 दिन में एक बार ग्राम पंचायत में आते हैं, जिस पर सचिव ग्राम पंचायत को निर्देशित किया गया कि वह अपने आवंटित कलस्टर मेें सम्मिलित ग्राम पंचायतों में उपस्थित होने हेतु रोस्टर निर्धारित करते हुए रोस्टर की प्रति सभी ग्राम पंचायत के सार्वजनिक जगहों एवं सूचना पट्ट पर चस्पा करें तथा रोस्टर के अनुसार ग्राम पंचायत में उपस्थित होकर शासन की मंशा के अनुरूप कार्य करें।

उपस्थित ग्राम पंचायत के निवासी आत्माराम द्वारा बताया गया कि सफाई कर्मी द्वारा ग्राम पंचायत की नाली की सफाई नहीं की जाती है, जिससे ग्राम पंचायत की नाली जाम है, कभी-कभी कोई बाहरी व्यक्ति सफाई करने आता है, जिस पर सहायक विकास अधिकारी पं0 श्री राजेश चौधरी को निर्देशित किया गया कि वह सम्बन्धित सफाई कर्मी माह मई, 2025 का वेतन बाधित करते हुए स्पष्टीकरण निर्गत कर आख्या प्राप्त करें तथा प्राप्त आख्या पर अपनी जांच रिपोर्ट अधोहस्ताक्षरी को प्रस्तुत करें।

इसी प्रकार पंचायत भवन किशुनपुर माफी के निरीक्षण के समय पंचायत भवन खुला पाया गया। पंचायत सहायक रूपा देवी उपस्थित थीं, किन्तु पंचायत भवन में पर्याप्त सफाई नहीं पायी गयी। पंचायत भवन में कम्प्यूटर व सहवर्ती उपकरण नहीं पाया गया। विद्युत कनेक्शन नहीं है। पंचायत भवन में बाउण्ड्री वाल का निर्माण नहीं है। पंचायत भवन का शौचालय निष्प्रयोज्य पाया गया। सचिव के कक्ष में मोटी धूल जमी है। पंचायत भवन के सचिव का नाम गलत अंकित है।

निरीक्षण के दौरान सचिव ग्राम पंचायत से दूरभाष पर सम्पर्क कर निर्देशित किया गया कि वह 15 दिवस के भीतर पंचायत भवन की समस्त कमियों को दूर करायें तथा निर्धारित रोस्टर के अनुसार पंचायत भवन पर उपस्थित रहें। सहायक विकास अधिकारी (पं0) चित्तौरा को निर्देशित किया गया कि वह एक सप्ताह बाद पंचायत भवन किशुनपुर माफी का निरीक्षण कर अद्यतन स्थिति से अवगत करायेंगे, तदोरान्त मेरे द्वारा पुनः 15 दिवस बाद इस पंचायत भवन का निरीक्षण किया जायेगा, जिसमें कमियां पाये जाने पर सम्बन्धित के विरूद्ध प्रतिकूल संज्ञान किया जायेगा।

स्थानान्तरित नगर मजिस्ट्रेट को दी गयी भावभीनी विदाई

महेश चंद्र गुप्ता/बहराइच

बहराइच। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित विदाई समारोह में जिले से स्थानान्तरित नगर मजिस्ट्रेट शालिनी प्रभाकर को भावभीनी विदाई दी गयी। इस अवसर पर जिलाधिकारी मोनिका रानी, पुलिस अधीक्षक राम नयन सिंह, मुख्य विकास अधिकारी मुकेश चन्द्र, अपर जिलाधिकारी गौरव रंजन श्रीवास्तव, मुख्य राजस्व अधिकारी देवेन्द्र पाल सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक नगर रामानन्द कुशवाहा सहित जिला स्तरीय अधिकारी, उप जिलाधिकारी, तहसीलदार व कलेक्ट्रेट सहायकों सहायकों द्वारा नगर मजिस्ट्रेट को उपहार, स्मृति चिन्ह व पुष्पगुच्छ भेंट कर विदाई दी गई।

विदाई समारोह को सम्बोधित करते हुए डीएम, एसपी, सीडीओ, एडीएम, सीआरओ, अपर पुलिस अधीक्षक, उप जिलाधिकारीगण व अन्य अधिकारियों ने व्यक्तित्व व कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि अनुशासी और सकारात्मक सोच रखने वाली अधिकारी के तौर पर श्रीमती प्रभाकर को याद किया जायेगा। वक्तागण ने कहा मृदुलभाषी स्वभाव के कारण श्रीमती प्रभाकर जनपद में काफी लोकप्रिय थी। श्रीमती प्रभाकर की एक खूबी यह भी थी कि सरकारी कार्यों के साथ सामाजिक सरोकार के अन्य कामों को भी पूरी संजीदगी के साथ अन्जाम देती थीं।

विदाई समारोह को सम्बोधित करते हुए निवर्तमान नगर मजिस्ट्रेट शालिनी प्रभाकर ने सभी अधिकारियों का आभार व्यक्त किया। जनपद बहराइच को वह हमेशा याद रखेंगी। उन्होंने जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक के मार्ग निर्देशन में एक टीम भावना के साथ कार्य करने के लिए उन्होंने सभी सहयोगी अधिकारियों की सराहना की। विदाई समारोह का संचालन संदीप मिश्रा ने किया।