हाथियों के हमले से छह ग्रामीणों की दर्दनाक मौत, सांसद मनीष जायसवाल पहुंचे गोंदवार वार गांव

हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के चुरचू प्रखंड अंतर्गत गोंदवार वार गांव में प्रकृति और मानव के बीच बढ़ते असंतुलन ने भयावह रूप ले लिया। हाथियों के झुंड ने एक ही रात में छह लोगों को कुचलकर मार डाला। इस हृदयविदारक घटना से पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।

घटना की सूचना मिलते ही हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सांसद मनीष जायसवाल अपने सभी कार्यक्रम रद्द कर तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। गांव में टूटे कच्चे मकानों का मलबा, बिखरा सामान और परिजनों का चीत्कार माहौल को और भी दर्दनाक बना रहा था। ग्रामीणों में वन विभाग की निष्क्रियता को लेकर गहरा रोष देखा गया।

मृतकों में दीपक कुमार की पत्नी सविता कुमारी, उनका 8 माह का शिशु अनुराग, 4 वर्षीय पुत्री संजना, बुजुर्ग पिता सूरज राम, बसंत कुमार की पत्नी सुमन कुमारी और एक अन्य ग्रामीण शामिल हैं। एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत से गांव में मातम पसरा हुआ है।

सांसद मनीष जायसवाल ने मौके पर पहुंचकर एक-एक शव का अवलोकन किया और पीड़ित परिवारों के बीच बैठकर उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने कहा कि हाथियों की यह उग्रता स्वाभाविक नहीं, बल्कि इंसानी अतिक्रमण और क्षेत्र में जारी अवैध खनन का परिणाम है। उन्होंने आरोप लगाया कि जंगलों में अवैध माइंस के कारण हो रहे धमाकों और भारी वाहनों की आवाजाही से हाथियों का प्राकृतिक व्यवहार प्रभावित हो रहा है, जिसका खामियाजा निर्दोष ग्रामीणों को भुगतना पड़ रहा है।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि जब तक अवैध खनन पर पूर्ण प्रतिबंध नहीं लगेगा और वन क्षेत्र सुरक्षित नहीं किया जाएगा, तब तक ऐसी घटनाएं रुकने वाली नहीं हैं।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सांसद ने जिला प्रशासन और वन विभाग की टीम के साथ मौके पर ही बैठक कर ग्रामीणों की मांगों पर सहमति बनवाई। तत्काल राहत के तौर पर प्रत्येक मृतक के परिजन को 25 हजार रुपये देने की घोषणा की गई। विभागीय टीम ने एक माह के भीतर शेष मुआवजा राशि देने का आश्वासन दिया।

साथ ही पीड़ित परिवार के एक सदस्य को वन विभाग में नौकरी के लिए अनुशंसा करने, प्रभावित कच्चे मकानों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्का मकान दिलाने तथा ग्रामीणों को सुरक्षा के लिए आधुनिक लाइट, टॉर्च और विशेष प्रशिक्षण उपलब्ध कराने की दिशा में पहल करने की बात कही गई।

इधर प्रशासन और वन विभाग की टीम शवों के पोस्टमार्टम में जुटी रही। मौके पर मांडू विधायक निर्मल महतो उर्फ तिवारी महतो, सदर एसडीओ आदित्य पांडेय, प्रशिक्षु आईएफएस राजेश कुमार, रेंज ऑफिसर विजय कुमार, स्थानीय डीएसपी बैजनाथ कुमार, सीओ सह बीडीओ ललित राम, चुरचू थाना प्रभारी कुमार अश्विनी, आंगो थाना प्रभारी जानू कुमार, मुखिया पूनम बेसरा, सांसद प्रतिनिधि द्वारिका सिंह उर्फ खोखा सिंह, फुलेश्वर महतो, शशि कुमार, राजेंद्र प्रजापति, मीडिया प्रतिनिधि रंजन चौधरी सहित कई जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे।

सांसद मनीष जायसवाल ने दिवंगत आत्माओं की शांति और शोकाकुल परिजनों को इस अपार दुख को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।

हजारीबाग में जनसंपर्क अभियान तेज, विधायक प्रदीप प्रसाद ने सुदेश चन्द्रवंशी के समर्थन में मांगा जनसमर्थन

हजारीबाग। हजारीबाग विधायक प्रदीप प्रसाद ने शुक्रवार को नगर निगम क्षेत्र के कोलघट्टी, नूरा, राजा बंगला, ओकनी, लोहसिंघना, दक्षिणी शिवपुरी, उत्तरी शिवपुरी, न्यू एरिया एवं ओकनी आदर्श नगर में भाजपा समर्थित महापौर प्रत्याशी सुदेश कुमार (चन्द्रवंशी) के समर्थन में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया।

जनसंपर्क के दौरान हर क्षेत्र में नागरिकों का उत्साहपूर्ण स्वागत, अपार स्नेह और मजबूत समर्थन देखने को मिला। लोगों की भागीदारी और सकारात्मक प्रतिक्रिया ने पूरे अभियान को नई ऊर्जा प्रदान की।

इस मौके पर हजारीबाग के सांसद मनीष जायसवाल सहित कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। विधायक प्रदीप प्रसाद ने नागरिकों से सीधे संवाद करते हुए नगर के समग्र विकास की रूपरेखा साझा की। उन्होंने स्वच्छता व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति, सड़क सुधार, प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के संकल्प को दोहराया।

विकास और सुशासन को लेकर जनता में भरोसा

जनसंपर्क अभियान के दौरान स्थानीय नागरिकों ने नगर विकास को लेकर अपनी अपेक्षाएँ और सुझाव साझा किए। महापौर प्रत्याशी सुदेश कुमार (चन्द्रवंशी) ने भरोसा दिलाया कि जनभागीदारी और पारदर्शी व्यवस्था के माध्यम से नगर निगम क्षेत्र को व्यवस्थित और आधुनिक स्वरूप दिया जाएगा।

विधायक प्रदीप प्रसाद ने कहा कि हजारीबाग की जनता परिवर्तन और विकास चाहती है। जनसंपर्क के दौरान मिल रहा उत्साह इस बात का स्पष्ट संकेत है कि नागरिक स्वच्छ, सुरक्षित और सुव्यवस्थित शहर के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयास और जनसहयोग से हजारीबाग नगर निगम क्षेत्र को विकास की नई दिशा और नई पहचान दी जाएगी।

हजारीबाग: अंतर्राज्यीय वाहन चोर गिरोह के 06 सदस्य गिरफ्तार, शराब तस्करी के लिए चोरी करते थे स्कोर्पियो

हजारीबाग पुलिस ने वाहन चोरी के एक बड़े अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 06 शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है । यह गिरोह मुख्य रूप से स्कोर्पियो गाड़ियों की चोरी कर उन्हें बिहार में शराब माफियाओं को बेचता था, ताकि उनका उपयोग अवैध शराब की तस्करी के लिए किया जा सके । पुलिस ने गिरोह के पास से चोरी की एक सफेद स्कोर्पियो और 05 मोबाइल फोन बरामद किए हैं ।

पुलिस को देख बैरियर तोड़ भागे अपराधी घटना 12 फरवरी 2026 की देर रात की है । लोहसिंघना थाना प्रभारी ने पेलावल पेट्रोलिंग पार्टी को सूचना दी कि बिहार नंबर की एक सफेद स्कोर्पियो पुलिस गश्ती को देखकर इंद्रपुरी चौक का बैरियर तोड़ते हुए पेलावल की ओर भाग रही है । सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस अधीक्षक (SP) के निर्देश पर सदर एसडीपीओ अमित आनंद के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया । पुलिस ने पेलावल गदोखर मोड़ के पास बैरियर लगाकर घेराबंदी की और भाग रहे वाहन को सशस्त्र बल के सहयोग से पकड़ लिया ।

शराब माफियाओं से कनेक्शन और देशभर में फैला नेटवर्क वाहन में सवार व्यक्तियों से कड़ाई से पूछताछ करने पर उन्होंने स्वीकार किया कि वे एक संगठित गिरोह के सदस्य हैं । गिरोह का मुख्य काम हजारीबाग और आसपास के क्षेत्रों से चार पहिया वाहनों, विशेषकर स्कोर्पियो की रेकी करना और चोरी करना था । इन वाहनों को बिहार ले जाकर अवैध शराब की तस्करी करने वाले शराब माफियाओं को बेच दिया जाता था । अभियुक्तों ने हजारीबाग के कटकमदाग, मुफस्सिल, लोहसिंघना, चरही और रामगढ़ सहित अन्य थाना क्षेत्रों से करीब 10 गाड़ियां चोरी करने की बात कबूल की है ।

गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों की पहचान निम्नलिखित रूप में हुई है:

अशरफ अली (उर्फ पप्पू खान/गुरुजी/यशरब अली): निवासी रोहतास, बिहार (चालक) । विवेक कुमार: निवासी औरंगाबाद, बिहार । विकास कुमार: निवासी पलामू, झारखंड । जितेन्द्र कुमार मेहता (उर्फ छोटू): निवासी मुफस्सिल, हजारीबाग । मो. जोनी: निवासी बिहार शरीफ, बिहार । शेखराज: निवासी रोहतास, बिहार ।

इनमें से कई अभियुक्तों का पुराना आपराधिक इतिहास भी रहा है और वे पहले भी कई मामलों में वांछित रहे हैं ।

पुलिस टीम में शामिल पदाधिकारी इस सफल अभियान में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर) अमित आनंद, पेलावल अंचल निरीक्षक शाहिद रजा, पेलावल ओ.पी. प्रभारी वेद प्रकाश पाण्डेय, लोहसिंघना थाना प्रभारी निशांत केरकेट्टा, कटकमसांडी थाना प्रभारी शिवम कुमार गुप्ता, दारू थाना प्रभारी इकबाल हुसैन सहित तकनीकी शाखा के पुलिसकर्मी शामिल थे । पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर सभी अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है ।

चौपारण में 4 एकड़ में लगी अवैध अफीम की खेती नष्ट, वन विभाग व पुलिस का संयुक्त अभियान

हजारीबाग। दिनांक 12.02.2026 को प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर चौपारण थाना अंतर्गत दैहर पंचायत के मॉर्निया एवं बर्दाग के जंगल में वन विभाग एवं चौपारण पुलिस द्वारा संयुक्त अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान विभिन्न इलाकों में करीब 4 एकड़ क्षेत्र में अवैध रूप से की गई अफीम की खेती को चिन्हित करते हुए मौके पर ही विनष्ट कर दिया गया। उल्लेखनीय है कि मॉर्निया के जंगल में की गई खेती के मुख्य तस्कर को चौपारण पुलिस द्वारा दिनांक 11.02.2026 को गिरफ्तार किया गया था। कड़ाई से पूछताछ के क्रम में मॉर्निया क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर अफीम की खेती का सटीक लोकेशन प्राप्त हुआ, जिसके आधार पर इतने बड़े क्षेत्र में विनष्टीकरण की कार्रवाई संभव हो सकी। इसे चौपारण पुलिस हजारीबाग की एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

घटनास्थल से 10 डिलीवरी पाइप बरामद किए गए, जिन्हें मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। अवैध रूप से अफीम की खेती करने वाले व्यक्तियों के नाम-पता का सत्यापन किया जा रहा है और दोषियों की पहचान के उपरांत उनके विरुद्ध कांड दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। मामले में अग्रेतर कार्रवाई जारी है। संयुक्त अभियान में श्री अजित कुमार बिमल, SDPO बरही, सरोज सिंह चौधरी, थाना प्रभारी चौपारण, SI दिव्य प्रकाश, ASI बादल महतो, ASI कमरुद्दीन, सशस्त्र बल के जवान तथा बनपाल सरवन कुमार एवं संटू कुमार शामिल थे। उल्लेखनीय है कि दुर्गम इलाकों की पहचान ड्रोन के माध्यम से की जा रही है, जिससे अवैध मादक पदार्थों की खेती एवं तस्करी के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

हजारीबाग को आधुनिक नगर बनाने का विज़न — महापौर प्रत्याशी सुदेश कुमार चन्द्रवंशी के संकल्प पत्र का विमोचन

हजारीबाग: विधायक जनसेवा कार्यालय परिसर में भाजपा समर्थित महापौर प्रत्याशी सुदेश कुमार “चन्द्रवंशी” के समर्थन में संकल्प पत्र का विधिवत् विमोचन किया गया। यह संकल्प पत्र हजारीबाग को स्वच्छ, सुरक्षित, सुव्यवस्थित और आधुनिक नगर बनाने की दिशा में एक व्यापक एवं दूरदर्शी पहल बताया गया, जिसमें नगर विकास के लगभग सभी महत्वपूर्ण आयामों को शामिल किया गया है।

संकल्प पत्र में अत्याधुनिक गौशाला निर्माण, व्यावसायिक केंद्रों में बिजली, सड़क, शौचालय और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता, डेली मार्केट का आधुनिकीकरण, पिंक टॉयलेट, स्वच्छ पेयजल और आधुनिक जलनिकासी व्यवस्था जैसे वादे किए गए हैं। इसके साथ ही हर घर तक स्वच्छ पानी पहुंचाने, कुओं और तालाबों के संरक्षण, नए चापाकलों की स्थापना तथा प्रत्येक वार्ड में सामुदायिक शौचालय, वेंडर प्वाइंट और आधुनिक बस स्टैंड बनाने की योजना भी शामिल है।

बढ़ते वाहनों को देखते हुए शहर में उपयुक्त स्थानों पर पार्किंग व्यवस्था, आधुनिक मशीनों के माध्यम से कचरा मुक्त नगर, नए पार्कों का निर्माण और पुराने पर्यटन स्थलों के जीर्णोद्धार का संकल्प लिया गया है। डंपिंग ग्राउंड निर्माण, वार्डों में सीसीटीवी कैमरा और हाईमास्ट लाइट, पूरे नगर निगम क्षेत्र में सुरक्षा निगरानी, युवाओं के लिए मिनी स्टेडियम तथा छात्रों हेतु निःशुल्क आधुनिक पुस्तकालय स्थापित करने की भी घोषणा की गई।

संकल्प पत्र में वार्ड कार्यालय स्थापित कर स्थानीय स्तर पर समस्याओं का समाधान, नियमित सफाई, स्वास्थ्य शिविर, पशु व मानव टीकाकरण, फुटपाथ दुकानदारों के लिए सुव्यवस्थित स्थान, आधुनिक मांस-मछली मंडी, सड़क-नाली-नल जल जैसी मूलभूत सुविधाओं का विस्तार और प्रमुख चौक-चौराहों के चौड़ीकरण व सौंदर्यीकरण की बात कही गई है। साथ ही जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र और कर वसूली के लिए सिंगल विंडो सिस्टम लागू करने का भी वादा किया गया।

इस अवसर पर हजारीबाग सांसद मनीष जायसवाल, हजारीबाग सदर विधायक प्रदीप प्रसाद, बरही विधायक मनोज यादव, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष विकास प्रीतम, जिला अध्यक्ष विवेकानंद सिंह सहित कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हजारीबाग सांसद मनीष जायसवाल ने कहा कि यह संकल्प पत्र शहर के सर्वांगीण विकास का दूरदर्शी दस्तावेज है, जिसमें मूलभूत समस्याओं के समाधान से लेकर आधुनिक नगर निर्माण तक की स्पष्ट कार्ययोजना है। वहीं हजारीबाग सदर विधायक प्रदीप प्रसाद ने इसे नगर विकास की व्यापक पहल बताते हुए कहा कि इसमें शहर के हर जरूरी पहलू को समाहित किया गया है।

बरही विधायक मनोज यादव ने कहा कि हजारीबाग के विकास के लिए ऐसा समग्र और व्यवहारिक संकल्प पत्र अत्यंत आवश्यक था। यह केवल घोषणाओं का दस्तावेज नहीं, बल्कि योजनाबद्ध विकास की ठोस रूपरेखा है, जिससे शहर की संरचना और व्यवस्था दोनों मजबूत होंगी।

महापौर प्रत्याशी सुदेश कुमार चन्द्रवंशी ने कहा कि यह संकल्प पत्र जनता की अपेक्षाओं, सुझावों और जरूरतों का परिणाम है। हमारा लक्ष्य हजारीबाग को स्वच्छ, सुरक्षित, व्यवस्थित और आधुनिक नगर बनाकर नागरिकों को बेहतर जीवन स्तर प्रदान करना है। उन्होंने विश्वास जताया कि जनता के सहयोग और आशीर्वाद से इन संकल्पों को धरातल पर उतारकर शहर को एक आदर्श नगर बनाया जाएगा।

नगरपालिका आम निर्वाचन 2026 को लेकर प्रेक्षकों द्वारा मतदान केंद्रों एवं एसएसटी प्वाइंट का निरीक्षण

निर्वाचन व्यय की जांच को लेकर उम्मीदवारों के साथ बैठक आयोजित - नगरपालिका आम निर्वाचन 2026 को सफल, शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष रूप से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से सामान्य प्रेक्षक श्री रविराज शर्मा एवं व्यय प्रेक्षक श्री पंकज नारायण द्वारा बुधवार को विभिन्न मतदान केंद्रों (पोलिंग बूथ) एवं स्थैतिक निगरानी दल (एसएसटी) प्वाइंट का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान प्रेक्षकों द्वारा मतदान केंद्रों पर उपलब्ध बुनियादी सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था एवं निर्वाचन संबंधी तैयारियों की समीक्षा की गई तथा संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के क्रम में प्रेक्षकों ने एसएसटी प्वाइंट पर तैनात कर्मियों को आदर्श आचार संहिता के प्रभावी अनुपालन, अवैध नकदी, शराब एवं अन्य आपत्तिजनक सामग्री की सघन जांच सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि निर्वाचन प्रक्रिया को प्रभावित करने वाले किसी भी प्रयास पर सख्ती से रोक लगाई जा सके।

निर्वाचन व्यय की जांच को लेकर उम्मीदवारों के साथ बैठक आयोजित - इसके उपरांत नगरपालिका आम निर्वाचन 2026 में भाग ले रहे सभी महापौर एवं वार्ड पार्षद पद के उम्मीदवारों एवं उनके अधिकृत प्रतिनिधियों के साथ निर्वाचन व्यय की जांच हेतु बैठक आयोजित की गई। बैठक में उम्मीदवारों को निर्वाचन व्यय से संबंधित अभिलेखों के संधारण, व्यय रजिस्टर में नियमित प्रविष्टि, वाउचर एवं बैंक खाते के माध्यम से किए गए भुगतान की जांच कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

प्रेक्षकों द्वारा स्पष्ट किया गया कि निर्वाचन व्यय का विवरण निर्धारित प्रपत्रों में समयबद्ध एवं सही रूप से संधारित करना अनिवार्य है। बैठक में उम्मीदवारों को पारदर्शिता बनाए रखते हुए निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पूर्ण रूप से अनुपालन करने का निर्देश दिया गया।

चौपारण के जंगल में 2 एकड़ अवैध अफीम की खेती नष्ट, ड्रोन से चला संयुक्त अभियान

हजारीबाग। अवैध मादक पदार्थों की खेती के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत 11.02.2026 को चौपारण थाना क्षेत्र अंतर्गत दैहर पंचायत के पत्थलगड़ा एवं करगा के जंगलों में वन विभाग और चौपारण पुलिस द्वारा संयुक्त कार्रवाई की गई।

प्राप्त सूचना के आधार पर चलाए गए इस विशेष अभियान में करीब 2 एकड़ क्षेत्र में अवैध रूप से की जा रही अफीम की खेती को चिन्हित किया गया। टीम ने मौके पर ही पूरी फसल को विनष्ट कर दिया।

कार्रवाई के दौरान घटनास्थल से 8 डिलीवरी पाइप बरामद किए गए, जिन्हें वहीं नष्ट कर दिया गया। पुलिस द्वारा अवैध खेती में संलिप्त व्यक्तियों के नाम-पते का सत्यापन किया जा रहा है। पहचान होने के बाद दोषियों के विरुद्ध कांड दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

संयुक्त अभियान में श्री अजित कुमार बिमल SDPO बरही, सरोज सिंह चौधरी थाना प्रभारी चौपारण, SI सुबिन्दर राम, SI सरवन कुमार, SI दिव्य प्रकाश, ASI बादल महतो, ASI कमरुद्दीन, सशस्त्र बल के जवान एवं बनपाल सरवन कुमार शामिल थे।

उल्लेखनीय है कि दुर्गम क्षेत्रों में अवैध खेती को चिन्हित करने के लिए ड्रोन का उपयोग किया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक हजारीबाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध मादक पदार्थों की खेती एवं तस्करी के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

उपायुक्त ने अक्षय पात्रा फाउंडेशन, डेमोटांड़ का किया औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के दिए निर्देश

उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह ने मंगलवार को डेमोटांड़ स्थित अक्षय पात्रा फाउंडेशन का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संस्थान में संचालित विभिन्न कार्यों, उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं तथा आवश्यक संसाधनों का बारीकी से अवलोकन किया एवं संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने बॉयलर इंस्टॉलेशन कार्य को शीघ्र पूर्ण करने, लंबित स्टीम कनेक्शन को अविलंब पूरा करने तथा वेजिटेबल कोल्ड रूम के इंस्टॉलेशन से संबंधित लंबित कार्यों को समय पूर्ण करने का स्पष्ट निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि रसोई संचालन में किसी भी प्रकार की तकनीकी या आधारभूत कमी नहीं रहनी चाहिए।

इसके अतिरिक्त उपायुक्त ने संस्थान की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए पर्याप्त संख्या में वाहनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने, बोरवेल कनेक्शन, रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम, सर्फेस वाटर रिचार्ज प्लान तैयार कर उसे लागू करने तथा तालाब खुदाई से संबंधित आवश्यक कार्यवाही करने का निर्देश दिया। साथ ही जल गुणवत्ता की नियमित जांच हेतु वाटर टेस्टिंग किट की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।

निरीक्षण के दौरान मैनपावर की कमी पर भी चर्चा की गई, जिस पर उपायुक्त ने आवश्यकतानुसार मानव संसाधन की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने वेजिटेबल वेस्ट के समुचित निपटान हेतु ठोस एवं प्रभावी वेस्ट मैनेजमेंट प्लान तैयार करने, ड्रेनेज सिस्टम से संबंधित समस्याओं को शीघ्र दुरुस्त करने तथा परिसर की स्वच्छता बनाए रखने पर विशेष बल दिया।

साथ ही उन्होंने सुरक्षा की दृष्टि से परिसर में 24 घंटे क्रियाशील सीसीटीवी कैमरे संधारित रखने तथा उनकी नियमित निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या सुरक्षा संबंधी समस्या से बचा जा सके।

इस अवसर पर उपायुक्त श्री शशि प्रकाश सिंह के अलावे जिला शिक्षा अधीक्षक श्री आकाश कुमार, भवन निगम के अभियंता, प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी, अक्षय पात्रा फाउंडेशन के प्रतिनिधि सहित अन्य कर्मी उपस्थित थे।

सुरक्षित इंटरनेट दिवस के अवसर पर जागरूकता कार्यशाला का आयोजन

सुरक्षित इंटरनेट दिवस के अवसर पर मंगलवार को समाहरणालय सभाकक्ष में जिला प्रशासन द्वारा एक जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का आयोजन उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह की अध्यक्षता में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य शासकीय पदाधिकारियों एवं कर्मियों को इंटरनेट के सुरक्षित, सतर्क एवं जिम्मेदार उपयोग के प्रति जागरूक करना था।

कार्यशाला में इंटरनेट फ्रॉड, साइबर अपराध, डिजिटल अरेस्ट, फर्जी कॉल एवं लिंक के माध्यम से होने वाली ठगी, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के उचित उपयोग तथा डीपफेक तकनीक के बढ़ते दुरुपयोग जैसे विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई।

उपायुक्त श्री शशि प्रकाश सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि डिजिटल तकनीक ने प्रशासनिक कार्यों को सरल एवं प्रभावी बनाया है, किंतु इसके सुरक्षित उपयोग हेतु जागरूकता अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि शासकीय पदाधिकारियों एवं कर्मियों की सतर्कता से न केवल व्यक्तिगत स्तर पर बल्कि संपूर्ण प्रशासनिक व्यवस्था, कार्यालयों एवं आम जनता को भी साइबर खतरों से सुरक्षित रखा जा सकता है। उन्होंने सभी से किसी भी संदिग्ध कॉल, संदेश अथवा डिजिटल सामग्री के प्रति सतर्क रहने की अपील की।

कार्यशाला में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी श्री अमित आनंद ने भी अपने विचार रखे। उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में साइबर अपराध के मामलों में निरंतर वृद्धि हो रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि डिजिटल अरेस्ट के नाम पर किया जाने वाला कोई भी कॉल पूर्णतः फर्जी होता है। उन्होंने बताया कि साइबर अपराधी स्वयं को पुलिस, सीबीआई, ईडी अथवा अन्य जांच एजेंसियों का अधिकारी बताकर भय का माहौल बनाते हैं तथा डीपफेक जैसी आधुनिक तकनीकों का दुरुपयोग करते हैं।

कार्यशाला में उपायुक्त ने उपस्थित सभी पदाधिकारियों को सुरक्षित इंटरनेट का इस्तेमाल करने की शपथ दिलाई।

कार्यशाला का संचालन जिला सूचना पदाधिकारी द्वारा किया गया। कार्यशाला में उपरोक्त के अतिरिक्त प्रशिक्षु आईएसएस, जिले के सभी विभागों के पदाधिकारी एवं अन्य कर्मी उपस्थित थे।

हजारीबाग पुलिस की बड़ी सफलता: 38.80 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ तस्कर गिरफ्तार

हजारीबाग। जिला पुलिस ने नशीले पदार्थों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए सोमवार, 9 फरवरी 2026 को एक बड़ी कार्रवाई की है । बड़ा बाजार ओ०पी० क्षेत्र में की गई इस छापेमारी में भारी मात्रा में ब्राउन शुगर के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया है ।

गुप्त सूचना पर हुई त्वरित कार्रवाई - पुलिस को सूचना मिली थी कि सिमरा रेस्ट हाउस, पेट्रोल पंप के पीछे नशीले पदार्थों की खरीद-बिक्री हो रही है । इस सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर) अमित आनंद (भा०पु०से०) के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया । टीम ने बताए गए स्थान पर घेराबंदी कर संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया ।

लाखों की ड्रग्स और नकदी बरामद - तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 38.80 ग्राम ब्राउन शुगर और 10,100/- रुपये नकद बरामद किए गए । गिरफ्तार आरोपी की पहचान मो० एजाज (30 वर्ष), पिता मो० उस्मान, निवासी यासिन गली, खिरागांव के रूप में हुई है । पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह ईचाक से ब्राउन शुगर लाकर शहर के विभिन्न इलाकों में 300 से 500 रुपये की पुड़िया बनाकर बेचता था ।

पुराना अपराधी है मो० एजाज - पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है । उसके खिलाफ पूर्व में भी सदर (बड़ा बाजार) थाना में कांड संख्या 367/16 दर्ज है । इस ताजा मामले में पुलिस ने NDPS एक्ट की सुसंगत धाराओं के तहत कांड संख्या 46/26 दर्ज कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है ।

पुलिस टीम: इस सफल छापेमारी में SDPO अमित आनंद, प्रशिक्षु डीएसपी प्रशांत कुमार, ओ०पी० प्रभारी पंकज कुमार, पु०अ०नि० गौतम उरांव और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे ।