यूपी बोर्ड: छह उड़नदस्ता टीम रखेंगी 94 केंद्रों पर नजर

*सभी दस्ते में महिलाएं रहेंगी शामिल, फाइनल हो रही सूची*

रिपोर्ट -‌ नितेश श्रीवास्तव

भदोही। जिले में बोर्ड परीक्षा को नकलविहीन और पारदर्शी ढंग से कराने के लिए जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग तैयारी को अंतिम रूप देने में जुट गया है। 94 केंद्रों की निगरानी के लिए छह उड़नदस्ता टीम गठित की जाएगी। सभी दस्ते में दो-दो महिला सदस्य भी शामिल होंगी। शिक्षा विभाग की ओर से दस्ता की फाइनल सूची तैयार की जा रही है। जिले में 18 फरवरी से हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा होगी। अभी प्रायोगिक परीक्षाएं चल रही है। लेकिन मुख्य परीक्षा के लिए तैयारी तेज हो गई है। कक्ष निरीक्षक, स्टेटिक मजिस्ट्रेट अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापक लगाने के लिए जिला एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों की सूची बनाई जा रही है। दोनों पालियों की परीक्षा पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट नजर रखेंगे। सभी केंद्रों पर निगरानी के लिए छह उड़न दस्ता टीमें भी गठित की जाएगी। इसमें डीआईओएस अंशुमान,बीएस‌ए शिवम् पांडेय,डायट प्राचार्य विकास चौधरी, जीआईसी प्रधानाचार्य आलोक तिवारी, वित्त एवं लेखाधिकारी और राजकीय हाईस्कूल सदौपुर के प्रधानाचार्य इंद्रमणि मिश्रा का दस्ता शामिल होगा। बताते चलें कि जिले में 94 केंद्र बनाए गए हैं। इसमें 54 हजार छात्र - छात्राएं शामिल होंगे। जिला विद्यालय निरीक्षक अंशुमान ने बताया कि परीक्षा शुरू होने में अब पखवारे भर से कम समय बचा है। सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त की जा रही है। छह दस्ता गठित किया जाएगा। किसी प्रकार की गड़बड़ी होने पर केंद्र व्यवस्थापक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। शासन को पत्र भी लिखा जाएगा।
644 व्यापारियों को आरसी जारी, 316 के खिलाफ कोर्ट में मुकदमा

नितेश श्रीवास्तव

भदोही। संपत्ति एवं विभव कर (सीपी टैक्स) जमा करने और लाइसेंस का नवीनीकरण नहीं कराने पर जिला पंचायत ने व्यापारियों पर सख्ती शुरू कर दी है। नोटिस के बाद भी टैक्स बकाया न जमा करने पर विभाग ने 644 व्यापारियों को 65 लाख की आरसी जारी किया है। 316 के खिलाफ कोर्ट में मुकदमा दायर किया गया है। विभाग की सख्ती के बाद व्यापारियों में खलबली मची है। सभी पर करीब तीन करोड़ 50 लाख टैक्स बकाया है। जिले में दो नगर पालिका, पांच नगर पंचायत संग 30 से 40 छोटे ग्रामीण बाजार हैं। निकायों में पालिका एवं पंचायतों की तरफ से टैक्स लगाया जाता है, लेकिन ग्रामीण बाजारों में कृषि कार्य को छोड़कर जिला पंचायत दुकानों से टैक्स आदि लेती है। इन बाजारों की निगरानी का जिम्मा भी जिला पंचायत की होता है। जिले में करीब 3500 व्यापारी जिला पंचायत में पंजीकृत हैं। सभी ने दुकान, प्रतिष्ठान आदि का लाइसेंस विभाग से लिया है। इसमें 2100 ने लाइसेंस का नवीनीकरण कराया है जबकि 1400 ने करीब एक से डेढ़ साल से नवीनीकरण नहीं कराया। यही नहीं इन पर विभाग का करीब साढ़े तीन करोड़ सीपी टैक्स भी बकाया है। जिला पंचायत द्वारा बार-बार नोटिस देने के बावजूद भी दुकानदारों द्वारा टैक्स का भुगतान नहीं किया जाने से जिला पंचायत प्रशासन ने ऐसे दुकानदारों के नाम पर आरसी जारी किया। 65 लाख के बकाए में 644 दुकानदारों को आरसी जारी किया जबकि 316 के खिलाफ कोर्ट में मुकदमा दायर किया। जिनके खिलाफ कोर्ट से ही जुर्माना एवं सजा निर्धारित होगी। जिन दुकानदारों को आरसी जारी की गई है उनसे तहसील और पुलिस प्रशासन के माध्यम से वसूली की जाएगी।

सीपी टैक्स जमा न करने और लाइसेंस का नवीनीकरण नहीं कराने पर 644 दुकानदारों को आरसी जारी की गई है। 316 के खिलाफ कोर्ट में मुकदमा दायर किया गया है। करीब 175 को नोटिस भी भेजी गई है। मार्च तक टैक्स जमा न करने पर शेष के खिलाफ भी आरसी संग कोर्ट में मुकदमा दायर किया जाएगा। - अनिल त्यागी, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत
9 महीने में 2500 पढ़े-लिखे लोग साइबर ठगों के झांसे में फंसे, इनमें बीएड-बी.कॉम डिग्रीधारी भी

नितेश श्रीवास्तव

भदोही। जनपद में चोरी, लूट और डकैती की घटनाओंं में भले ही कमी आई हो, लेकिन साइबर अपराध की घटनाएं बढ़ गई हैं। बीते नौ महीने में 2500 लोग साइबर ठगों के झांसे में आए हैं। ठगी के शिकार होने वालों में बीएड-बी.कॉम सहित उच्च शिक्षा की डिग्री लेने वाले लोगों की संख्या ज्यादा है। साइबर ठगी के 30 फीसदी मामले में पुलिस ने पीड़ितों के रुपये वापस कराए हैं। वहीं, 70 फीसदी लोग अभी भी थानों का चक्कर लगा रहे हैं।

कम समय में ज्यादा लाभ कमाने का झांसा देकर साइबर ठग जाल बिछाते हैं इसमें भोले-भाले लोग फंस जाते हैं। इधर, साइबर ठगी से बचाने के लिए पुलिस लोगों को जागरूक कर रही है तो वहीं, साइबर ठग रोज नए-नए पैंतरे बुनकर लोगों को शिकार बना रहे हैं। पुलिस के अनुसार जनपद में 70 फीसदी साइबर ठगी के मामले में ठग शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर ठगी किए हैं। पुलिस के रिकॉर्ड के अनुसार अप्रैल 2025 से जनवरी 2026 तक साइबर ठगों ने जनपद में 2500 लोगों को निशाना बनाया। ठगों ने 2500 लोगों के खातों से 4.93 करोड़ की ठगी की।


इन तरीकों से हो रही साइबर ठगी

- डिजिटल अरेस्ट कर साइबर ठगी।
- व्हाट्सएप डीपी पर परिचित व्यक्ति का फोटो लगाकर रकम ट्रांसफर करवाना।

- फेसबुक, इंस्टाग्राम और टेलीग्राम पर इमोशनल मैसेज भेजकर साइबर ठगी।

- बिजली बिल ठीक कराने का झांसा देकर ओटीपी पूछकर साइबर ठगी।

- एयरपोर्ट पर पार्सल पकड़े जाने का डर दिखाकर साइबर ठगी।

- सोशल मीडिया पर फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देकर युवाओं से ठगी।


जनपद में शेयर बाजार में निवेश के नाम पर सबसे ज्यादा साइबर ठगी के मामले आए हैं। इसके अलावा कुछ मामले बैकिंग फ्रॉड के भी हैं। पहले की अपेक्षा अब 1930 पर शिकायतें बढ़ी हैं। इससे संख्या अधिक दिख रही है। हमारी टीम लगातार साइबर अपराधियों पर कार्रवाई कर रही हैं। कई बड़े गैंग पकड़े गए हैं। लोगों को भी जागरूक किया जा रहा है
- अभिमन्यु मांगलिक, एसपी भदोही
1000 करोड़ का बढ़ेगा कालीन कारोबार, नुकसान की भरपाई की उम्मीद

50 से घटाकर 18 प्रतिशत किया गया टैरिफ,17 हजार करोड़ का निर्यात होता है भारत में


नितेश श्रीवास्तव

भदोही। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारतीय उत्पादों पर टैरिफ 50 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत कर दिया है। इसका फायदा भदोही के कालीन कारोबार को मिलेगा। इस फैसले से पुरानी टैरिफ के कारण हुए नुकसान की भरपाई तो होगी ही साथ ही आठ से 10 प्रतिशत तक निर्यात बढ़ने की भी उम्मीद है। सीईपीसी का मानना है कि टैरिफ घटने से एक हजार करोड़ का कालीन कारोबार बढ़ सकता है। टैरिफ घटाने की घोषणा का लाभ पूर्वांचल के 800 छोटे-बड़े कालीन उत्पादकों के साथ-साथ आठ लाख कालीन बुनकरों और मजदूरों को मिलेगा। साल 2025-26 में देश का कालीन कारोबार 17 हजार करोड़ का रहा। साल 2024 तक कालीन पर तीन से आठ फीसदी तक अमेरिकी टैरिफ रहता था। अप्रैल 2025 में अमरीका ने भारतीय उत्पादों पर 25 प्रतिशत टैरिफ थोप कर भारतीय उद्यमियों को सकते में डाल दिया था। अभी इस पर चिंतन और पुराने अमरीकी ऑडर्स की पूर्ति के लिए खरीदारों से बातचीत का दौर चल ही रहा था कि अगस्त में ट्रंप ने 25 प्रतिशत और टैरिफ थोप कर टैरिफ 50 प्रतिशत कर दिया था।

50 प्रतिशत टैरिफ के बीच भारतीय कालीन निर्यात संवर्धन परिषद (सीईपीसी) और ऑल इंडिया कारपेट मैनुफैक्चरर्स एसोसिएशन (एकमा) ने आशंका जताई थी कि नए टैरिफ प्रावधानों से भारतीय कालीन निर्यात 35 फीसदी तक प्रभावित हो सकता है, हालांकि अब टैरिफ घटने से कारोबार बेहतर होने की उम्मीद है। भारत का कुल कालीन निर्यात 17 हजार करोड़ में से 60 प्रतिशत खरीदार अमरीका है। यदि ये टैरिफ कम न हुए तो पूर्वांचल के 800 कालीन उत्पादक और निर्यातक तथा उनसे जुड़े आठ लाख बुनकर और मजदूर प्रभावित होंगे।
भदोही शवगृह में वीडियोग्राफी सेल का उद्घाटन:संवेदनशील मामलों में पारदर्शिता बढ़ेगी, साक्ष्य होंगे मजबूत
नितेश श्रीवास्तव


भदोही। जनपद भदोही में पोस्टमॉर्टम प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने के लिए एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। यहां के पोस्टमार्टम हाउस (शवगृह) में नवनिर्मित पोस्टमॉर्टम वीडियोग्राफी सेल का उद्घाटन किया गया है। अपर पुलिस अधीक्षक भदोही, शुभम अग्रवाल ने इस सेल का उद्घाटन किया। निरीक्षक अजय कुमार यादव के नेतृत्व में यह सेल अब सभी पोस्टमॉर्टम की पूरी प्रक्रिया का वीडियो रिकॉर्ड सुरक्षित रखेगा। इससे संवेदनशील मामलों में साक्ष्यों की विश्वसनीयता बढ़ेगी।दहेज मृत्यु, पुलिस अभिरक्षा में मृत्यु और अन्य संदिग्ध मामलों में पोस्टमॉर्टम की वीडियोग्राफी अत्यंत आवश्यक मानी जाती है। यह सेल ऐसे सभी मामलों में वीडियो साक्ष्यों को सुरक्षित रखने और उन्हें समय पर न्यायालय या संबंधित अधिकारियों को उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इससे जांच प्रक्रिया में पारदर्शिता आएगी और किसी भी प्रकार के संदेह की गुंजाइश कम होगी। यह पोस्टमॉर्टम वीडियोग्राफी सेल अत्याधुनिक कंप्यूटर सिस्टम और आधुनिक वीडियोग्राफी उपकरणों से सुसज्जित है, जिससे रिकॉर्ड्स का डिजिटल रखरखाव बेहतर ढंग से किया जा सकेगा। पुलिस अधीक्षक भदोही ने पोस्टमार्टम वीडियोग्राफी सेल में तैनात पुलिस कर्मियों को सतर्कता, तकनीकी दक्षता और साक्ष्यों की गोपनीयता बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।
एसआईआर : भदोही में सबसे ज्यादा 17,809 ने भरे फॉर्म-छह

नितेश श्रीवास्तव

भदोही। निर्वाचक नामावलियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के आलेख्य प्रकाशन के बाद मतदाता सूची में नाम बढ़ाने, काटने और संशोधन के लिए क्रमश: फॉर्म छह, सात और आठ भरे जा रहे हैं। विशेष अभियान सहित अन्य दिनों को मिलाकर अब तक 46,861 फॉर्म छह ऑनलाइन और ऑफलाइन भरे जा चुके हैं। नाम काटने के लिए एक हजार से कम और संशोधन के लिए नौ हजार फॉर्म भरे गए हैं। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर एसआईआर की प्रक्रिया चल रही है। पिछले दिनों मतदाता सूची का अनंतिम प्रकाशन किया गया। इसमें करीब 43 हजार मतदाता नो मैपिंग श्रेणी में मिले। बड़ी संख्या में मृतक और शिफ्टेड वोटर भी सामने आए। इसके बाद पात्र मतदाताओं का नाम जोड़ने के लिए आयोग के निर्देश पर बूथों पर विशेष अभियान चलाया गया। इस पर तैनात बीएलओ ने मतदाता सूची पढ़कर सुनाया। जिन लोगों का नाम मतदाता सूची में नहीं था उनका फॉर्म छह भरकर शामिल किया जा रहा है। इस दौरान नो मैपिंग की श्रेणी में आए वोटरों को नोटिस भेजकर तहसील, ब्लॉक कार्यालयों पर बुलाया जा रहा है। निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ), सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (एईआरओ), अतिरिक्त एईआरओ की तैनाती की गई है। अभी तक ज्ञानपुर, भदोही और औराई विधानसभा में 46,861 लोगों ने वोटर बनने के लिए फॉर्म छह भरा है। भदोही विधानसभा में 17,809, ज्ञानपुर में 14,459 और औराई में 14,593 ने फॉर्म 6 भरा है। निर्वाचन विभाग के आंकड़ों पर गौर करें तो एक फरवरी तक 46,861 ने फॉर्म 6, 955 ने फॉर्म-7 ओर 9306 ने फार्म-8 भरा है। छह फरवरी तक फार्म-6 और भरवाने के निर्देश दिए गए हैं।



*नो मैपिंग में आए थे 43 हजार वोटर*

ज्ञानपुर। विशेष मतदाता पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम के तहत मतदाता सूची की मैपिंग से वंचित रह गए 43,696 मतदाताओं को नोटिस भेजा गया है। तहसील, ब्लॉक, नगर पालिका, नगर पंचायत कार्यालयों पर उनकी सुनवाई की जा रही है। नोटिस प्राप्त करने वाले मतदाताओं को 27 फरवरी तक निर्धारित विकल्पों के साथ अपनी स्थिति स्पष्ट करनी होगी। करीब डेढ़ महीने में दावा-आपत्ति का निस्तारण करके छह मार्च तक अनंतिम सूची जारी की जाएगी।



फार्म-6 भरकर लोग बीएलओ के पास जमा कर सकते हैं। ऑनलाइन भी नाम बढ़ाने के लिए आवेदन किए जा सकते हैं। अब तक 46,861 लोगों ने फॉर्म-6 भरा है। नए वोटरों की संख्या और बढ़ेगी। - कुंवर वीरेंद्र मौर्य, उप जिला निर्वाचन अधिकारी
50वें इंडिया कारपेट एक्सपो में अब आएंगे अमेरिकी आयातक

*11 से 14 अप्रैल तक न‌ई दिल्ली में होगा आयोजन,रेसिप्रोकल टैरिफ के कारण बंद था कारोबार*


रिपोर्ट -‌ नितेश श्रीवास्तव

भदोही। अमेरिकी टैरिफ 50 प्रतिशत से घटकर 18 प्रतिशत होने के बाद निर्यातक अमेरिका के साथ भविष्य में बेहतर कारोबार की आशा जता रहे हैं। आगामी 11 से 14 अप्रैल तक नई दिल्ली में 50वां इंडिया कारपेट एक्सपो होना है। इसमें अब अमेरिकी आयातकों के आने की उम्मीद बढ़ गई है। निर्यातक अब एक्सपो में दोगुने उत्साह से भाग लेंगे। गत वर्ष अप्रैल में 25 प्रतिशत अमरीकी टैरिफ लागू हुआ।इसके बाद अगस्त में ट्रंप ने पुन: 25 प्रतिशत रेसिप्रोकल टैरिफ लगाकर सीधे 50 प्रतिशत कर दिया था। भदोही के कालीन निर्यातकों का कहना है कि कुल कारोबार में 60 प्रतिशत हिस्सेदारी अमेरिका की थी।
इस कारण निर्यातकों को सबसे ज्यादा नुकसान उठाना पड़ा था। भारत सरकार के प्रयासों से टैरिफ घटाकर अब 18 प्रतिशत किया गया है। बीते 10 महीने से गोदामों में जहां करोड़ों रुपये के माल डंप हो गए थे। कालीन कंपनियों ने इकाईयों से मजदूरों की छंटनी शुरू कर दी।
कालीन निर्यात संवर्धन परिषद सीईपीसी और ऑल इंडिया कारपेट मैनुफैक्चरर्स एसोसिएशन मानती है कि गत साल अक्तूबर में भदोही में हुए इंडिया कारपेट एक्सपो में आयातकों की अपेक्षित संख्या नहीं आ पाई थी।
इसका मुख्य कारण था कि टैरिफ के कारण हमारे कालीन 50 प्रतिशत तक महंगे हो गए थे। यदि लोग खरीदना भी चाहते तो ऊंची कीमत पर न खरीद पाते।
अब माना जा रहा है कि 18 प्रतिशत टैरिफ होने से भदोही के निर्यातक दोगुने उत्साह के साथ नई दिल्ली में होने वाले इंडिया कारपेट एक्सपो में भाग लेंगे। इससे कारोबार बढ़ेगा।
नगर में 15 को निकलेगी ऐतिहासिक शिव बारात

*क‌ई आकर्षक झांकियां भी होंगी शामिल*

नितेश श्रीवास्तव

भदोही। नगर स्थित बाबा बड़े शिव धाम में मां सिंह वाहिनी शृंगार समिति की बैठक हुई। इस दौरान महाशिवरात्रि पर्व को लेकर चर्चा की गई। प्रबंधक रामकृष्ण खट्टू ने बताया कि 15 फरवरी को महाशिवरात्रि पर्व पर मंदिर परिसर में महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। साथ ही शोभायात्रा निकाली जाएगी। महाशिवरात्रि के दिन अनन्त कोटि ब्रा‌ह्माण्ड नायक देवों के देव महादेव बाबा भोलेनाथ का ऐतिहासिक एवं प्रसिद्ध शिव बारात 15 फरवरी रविवार को दोपहर में तीन बजे से निकाली जाएगी। जिसमें हाथी, घोड़े, बग्गी, भैसा, बैल, पक्षी, रथ, शंख, घड़ियाल, घंटा, मृदंग, तुरही, ढोलक, मजीरा, तासा, बाजा आदि रहेगा।भगवान विष्णु, ब्रन्हा, नन्दी, गणेश, सूर्य, चन्द्र, वरूण के साथ भगवान शिव की मनमोहक झांकी निकाली जाएगी। बारात में भूत, प्रेत, पिशाच भी रहेंगे। यात्रा शिव धाम से काली मोहाल, खड़ह‌ट्टी मोहाल, अंजही मोहाल, बाबा कबूतरनाथ, केड़वरिया, सदर मोहाल, जीटी रोड चौराहा, जोगीबीर मंदिर पडाव, बरगदा हनुमान, पश्चिम मोहाल, सदर मोहाल, ज्ञानपुर रोड, पेट्रोल पम्प, मिर्जापुर तिराहा, सिनेमा रोड होते हुए बाबा बड़े शिव धाम वापस जाकर समाप्त होगी। इस मौके पर पूर्व चेयरमैन प्रह्लाददास गुप्ता, उदयभान सिंह, आशीष सिंह, राजकुमार कौशल, आलोक अग्रवाल, सत्य प्रकाश मौर्य, विजय कुमार मोदनवाल, मोहित कुमार रहे।
भदोही में राज्य महिला आयोग सदस्य ने शिकायतें सुनी:10 में से 5 का निस्तारण, घरेलू हिंसा के मामले अधिक
नितेश श्रीवास्तव

भदोही। भदोही में बुधवार को ज्ञानपुर स्थित गेस्ट हाउस में पहुंची राज्य महिला आयोग की सदस्य ने नीलम प्रभात ने आए हुए महिलाओं की शिकायत सुनी इस दौरान कुल 10 शिकायती पत्र प्राप्त हुए जिसमें से पांच का मौके पर निस्तारण कर दिया गया इसमें से सबसे अधिक घरेलू हिन्सा से संबंधित शिकायत रही। एक शिकायत ऐसी रहेगी मामला न्यायालय में भरण पोषण का चल रहा है किंतु ससुराली जनों एवं पति के द्वारा सोशल मीडिया के माध्यम से महिला को बदनाम करने की कोशिश की जा रही जिस मामले में मुकदमा के लिए निर्देशित कर दिया गया है मुकदमा तक कर लिया जाएगा उसे मामले का भी एक सप्ताह के अंदर निस्तारण हो जाएगा। राज्य महिला आयोग के सदस्य ने महिलाओं से बालिकाओं से अपील किया कि विवाह से पहले 100 बार सोच ले की जो व्यक्ति घर पर रहकर कार्य कर रहा हो किसी का क्या अन्य कार्य कर रहा है उसी से शादी करें मुंबई दिल्ली का बाहर रहने वाले से शादी ना करें उन्होंने कहा कि महिलाएं पलंबी बने अपने पैरों पर खड़ी हो सरकार की योजनाओं से व्यवसाय करें जिससे उन्हें किसी की शहर की आवश्यकता ना हो इस अवसर पर जिले के संबंधित विभाग के अधिकारी कर्मचारीगण मौजूद रहे।
जिले में चार स्थानों पर बनेगा स्थायी हेलिपैड

*सीतामढ़ी, भिखारीपुर,औराई,सरपतहां में जगह की है चिह्नित*


नितेश श्रीवास्तव

भदोही। जिले के हर ब्लॉक में एक-एक स्थायी हेलिपैड बनाया जाएगा, ताकि आपातकालीन स्थितियों व वीआईपी मूवमेंट में उनका उपयोग किया जा सके।ज्ञशासन से निर्देश के बाद जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। डीएम शैलेष कुमार के निर्देश पर चार ब्लॉकों में जमीन चिह्नित कर ली गई है। इसमें सीतामढ़ी समेत चार जगह चयनित हो गए हैं। जल्द ही इसका निर्माण शुरू होगा।
जिले में मौजूदा समय पुलिस लाइन में स्थाई हेलिपैड हैं। अब तक वीआइपी दौरों के समय अस्थायी हेलिपैड बनाए जाते हैं। इसमें समय और धन बर्बाद होता है।
स्थायी बनने से समस्या का समाधान हो जाएगा। साल में पांच से सात बार वीआईपी मूवमेंट होते हैं। चुनाव के दौरान वीआईपी मूवमेंट की संख्या बढ़ जाती है। इनके लिए अस्थायी हेलिपैड बनाए जाते हैं। स्थायी हेलिपैड बनाए जाने की जिम्मेदारी लोक निर्माण विभाग को दी गई है।



सरकार की नई नीति के तहत इसका निर्माण होगा। योजना का मुख्य उद्देश्य आपदा प्रबंधन, चिकित्सा आपात स्थितियों और प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्रियों सहित अन्य वीआईपी आगमन को सुगम बनाना है।
जिले में डीघ ब्लॉक के सीतामढ़ी, भदोही के भिखारीपुर, औराई के काशिराज इंटर कॉलेज और ज्ञानपुर के सरपतहां में हेलिपैड बनाए जाएंगे। जल्द ही इसका स्टीमेट बनाकर शासन को भेजा जाएगा। बजट स्वीकृत होने पर निर्माण शुरू किया जाएगा।


जिले में सीतामढ़ी सहित चार स्थानों हैलीपैड के लिए जमीन चिह्नित की गई है। कागजी प्रक्रिया पूर्ण कर जल्द ही शासन स्तर पर पत्राचार किया जाएगा।


शैलेश कुमार डीएम भदोही