खरदौनी में भाकियू तोमर की बैठक, 50 ग्रामीणों ने ली सदस्यता, बिजली बिलों को लेकर फूटा आक्रोश


मेरठ। बहसूमा।ग्राम खरदौनी में भारतीय किसान यूनियन (तोमर) की एक महत्वपूर्ण बैठक जिला अध्यक्ष चौधरी इंतज़ार देशवाल के नेतृत्व में आयोजित की गई। बैठक के दौरान संगठन की नीतियों से प्रभावित होकर 50 ग्रामीणों ने भाकियू तोमर की सदस्यता ग्रहण की।

इस अवसर पर संगठन का विस्तार करते हुए साजिद प्रधान को जिला उपाध्यक्ष तथा जब्बार चौहान को युवा जिला उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। नवनियुक्त जिला उपाध्यक्ष साजिद प्रधान ने ग्रामीणों की समस्याएं रखते हुए कहा कि गांव में बिजली विभाग की मनमानी चरम पर है। आरोप लगाया कि चार हजार रुपये के बकाया बिल पर भी घरों के बिजली कनेक्शन काटे जा रहे हैं, जिससे जनता में भारी रोष व्याप्त है।

बैठक को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष चौधरी इंतज़ार देशवाल ने कहा कि इस गंभीर समस्या को लेकर जल्द ही बिजली विभाग के एक्सईएन से वार्ता की जाएगी। यदि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी संजीव तोमर के निर्देशानुसार मवाना स्थित एक्सईएन कार्यालय पर एक बड़ी किसान पंचायत का आयोजन किया जाएगा।

बैठक में संगठन के सक्रिय कार्यकर्ता आकिल राणा, मुंशब भाई, अभिषेक चौधरी, साबी भाई, अब्बास भाई, कलीम प्रधान, मौसम चौधरी, सुलेमान प्रधान, जान मोहम्मद, तनवीर चौधरी सहित अनेक किसान व ग्रामीण मौजूद रहे। बैठक के माध्यम से किसानों की एकजुटता और जनसमस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष का संकल्प लिया गया।
पुट्टी इब्राहिमपुर में उन्नति कृषि स्टोर का शुभारंभ, किसानों को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं

मुजफ्फरनगर।टिकोला शुगर मिल्स लिमिटेड (यूनिट–टिकोला) के सहयोग से उन्नति कृषि स्टोर का शुभ उद्घाटन बृहस्पतिवार को पुट्टी इब्राहिमपुर (मुजफ्फरनगर) में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में श्री वेदांत स्वरूप  (मालिक) ने फीता काटकर स्टोर का लोकार्पण किया।

इस अवसर पर मिल के अधिशासी अध्यक्ष  हिमांशु मंगलम, गन्ना समिति रामराज के सचिव  संजय कुमार सिंह,  सुनील दत्ता (जीएम केन),  मोहनलाल शर्मा (एजीएम),  अविनाश सिंह (डीजीएम केन),  नितिन अरोड़ा (गन्ना विकास हेड),  अनुपम दहिया (ब्लॉक इंचार्ज), डिप्टी सुपरवाइजर सहित अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। साथ ही  रामपाल सिंह,  गुरदेव सिंह एवं  संजीव प्रधान सहित अन्य गणमान्य अतिथियों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।

उद्घाटन समारोह में बड़ी संख्या में स्थानीय किसानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। किसानों ने बताया कि इस स्टोर के खुलने से खेती से जुड़ी सभी आवश्यक वस्तुएं जैसे बीज, खाद, कीटनाशक, कृषि उपकरण आदि एक ही स्थान पर उचित एवं किफायती दरों पर उपलब्ध होंगी, जिससे उनका समय, पैसा और परिश्रम बचेगा।

उन्नति कृषि स्टोर का मुख्य उद्देश्य किसानों को डिजिटल और पारंपरिक तरीकों से जोड़ते हुए उनकी दैनिक कृषि आवश्यकताओं को पूरा करना है। स्टोर पर खेती से संबंधित सभी उत्पादों के साथ-साथ अन्य उपयोगी सामग्री भी उपलब्ध कराई जाएगी।

मुख्य अतिथि श्री वेदांत स्वरूप जी ने कहा कि यह स्टोर किसानों की उन्नति के लिए समर्पित है और ग्रामीण क्षेत्रों तक आधुनिक सुविधाएं पहुंचाने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण पहल है।

कार्यक्रम के अंत में टिकोला शुगर मिल्स लिमिटेड के प्रबंधन ने सभी किसानों, अतिथियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।

जय जवान, जय किसान!

हस्तिनापुर ब्लॉक में मनरेगा फर्जीवाड़े का आरोप, बिना काम कराए लग रही मजदूरों की हाजिरी

मेरठ।हस्तिनापुर ब्लॉक क्षेत्र में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के तहत कथित फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है। आरोप है कि कई गांवों में बिना कोई कार्य कराए ही मजदूरों की फर्जी हाजिरी भरकर सरकारी धन का दुरुपयोग किया जा रहा है।

शिकायतकर्ता मनोज कुमार ने बताया कि हस्तिनापुर ब्लॉक के मोहम्मदपुर सकिस्त, शाहपुर बटावली, सदरपुर और समसपुर सहित कई गांवों में मनरेगा के तहत बड़े पैमाने पर फर्जी हाजिरी लगाई जा रही है। उनका आरोप है कि कागजों में काम दिखाकर मजदूरी का भुगतान कराया जा रहा है, जबकि मौके पर कोई कार्य नहीं हो रहा।

इस गंभीर मामले को लेकर कई बार हस्तिनापुर ब्लॉक के खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) अमरीश कुमार को अवगत कराया गया, लेकिन बार-बार शिकायतों के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी है। शिकायतकर्ता का यह भी कहना है कि पूरे प्रकरण में ब्लॉक स्तर के कुछ कर्मचारियों की भूमिका संदिग्ध है।

सबसे चौंकाने वाला पहलू यह बताया जा रहा है कि मनरेगा में फर्जीवाड़े को लेकर जैसे ही किसी स्तर पर शिकायत की जाती है, महज आधे घंटे के भीतर इसकी जानकारी कथित रूप से फर्जीवाड़ा करने वालों तक पहुंच जाती है। इससे शिकायतकर्ताओं की गोपनीयता भंग हो रही है और ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है, जिस कारण वे खुलकर शिकायत करने से कतरा रहे हैं।

इस संबंध में खंड विकास अधिकारी अमरीश कुमार से संपर्क करने पर उन्होंने बताया कि उन्हें फोन पर कई शिकायतें मिली हैं, लेकिन उनके कार्यालय में अभी तक कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि लिखित शिकायत प्राप्त होती है, तो पूरे मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

वहीं शिकायतकर्ता मनोज कुमार का कहना है कि उन्होंने बीडीओ से बातचीत के बाद धीरसिह सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) को लिखित शिकायत पत्र सौंप दिया है।

गरीब मजदूरों को रोजगार देने के उद्देश्य से चलाई जा रही मनरेगा जैसी महत्वाकांक्षी योजना में इस तरह के कथित फर्जीवाड़े और प्रशासनिक उदासीनता ने व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना यह होगा कि उच्च अधिकारी इस मामले का संज्ञान लेकर दोषियों पर कब तक सख्त कार्रवाई करते हैं।
हस्तिनापुर ब्लॉक में फर्जी मनरेगा का खुला खेल, शिकायत करने पर आधे घंटे में हो जाती है भनक
मेरठ। बहसूमा।हस्तिनापुर ब्लॉक क्षेत्र में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के नाम पर चल रहा फर्जीवाड़ा थमने का नाम नहीं ले रहा है। आरोप है कि कई गांवों में बिना कोई काम कराए ही मजदूरों की फर्जी हाजिरी भरकर सरकारी धन का खुला दुरुपयोग किया जा रहा है।

इस गंभीर मामले को लेकर शिकायतकर्ता मनोज कुमार ने हस्तिनापुर ब्लॉक के खंड विकास अधिकारी (वीडीओ) अमरीश कुमार को अवगत कराया, लेकिन शिकायतों के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी है।

मनोज कुमार का आरोप है कि हस्तिनापुर ब्लॉक के गांव मोहम्मदपुर सकिश्त, शाहपुर बटावली, सदरपुर, समसपुर सहित कई अन्य गांवों में मनरेगा के तहत बड़े पैमाने पर फर्जी हाजिरी लगाई जा रही है। बार-बार शिकायत करने के बाद भी यह अवैध गतिविधियां लगातार जारी हैं। उनका कहना है कि इस पूरे खेल में ब्लॉक स्तर के कुछ कर्मचारियों की भूमिका भी संदिग्ध नजर आती है।

सबसे चौंकाने वाला पहलू यह है कि जैसे ही फर्जी मनरेगा को लेकर किसी स्तर पर शिकायत की जाती है, महज आधे घंटे के भीतर ही फर्जीवाड़ा करने वालों को इसकी जानकारी मिल जाती है। इससे यह आशंका और गहरी हो जाती है कि शिकायतों की गोपनीयता भंग की जा रही है। परिणामस्वरूप ग्रामीणों में भय का माहौल है और लोग खुलकर शिकायत करने से कतरा रहे हैं।

इस संबंध में जब खंड विकास अधिकारी अमरीश कुमार से बात की गई तो उन्होंने बताया कि उन्हें फोन पर कई बार शिकायतें प्राप्त हुई हैं, लेकिन उनके कार्यालय में अभी तक कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि लिखित शिकायत मिलती है तो पूरे मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

गरीब मजदूरों को रोजगार देने के उद्देश्य से चलाई जा रही मनरेगा जैसी महत्वाकांक्षी योजना में इस तरह के कथित फर्जीवाड़े और प्रशासनिक उदासीनता ने व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना यह होगा कि उच्च अधिकारी इस मामले का संज्ञान लेकर कब तक दोषियों पर सख्त कार्रवाई करते हैं।
टिकोला शुगर मिल ने सत्र 2025–26 का ₹18.30 करोड़ गन्ना मूल्य भुगतान किया
मेरठ। टिकोला शुगर मिल द्वारा सत्र 2025–26 के अंतर्गत किसानों को गन्ना मूल्य का भुगतान कर दिया गया है। मिल प्रशासन के अनुसार 24 जनवरी 2026 से 30 जनवरी 2026 तक खरीदे गए गन्ने का कुल ₹18.30 (18 करोड़ 30 लाख रुपए ) का भुगतान किसानों के खातों में सीधे भेजा गया है।

टिकोला शुगर मिल के अधिशासी अध्यक्ष हिमांशु कुमार मंगलम ने जानकारी देते हुए बताया कि किसानों को समय से भुगतान मिल सके, इसके लिए मिल प्रबंधन द्वारा समस्त राशि बैंक के माध्यम से सीधे खातों में स्थानांतरित की गई है। उन्होंने किसानों से अनुरोध किया है कि वे अपने-अपने बैंकों से भुगतान की पुष्टि कर लें।

मिल प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि किसी किसान को भुगतान से संबंधित कोई समस्या आती है तो वह चीनी मिल कार्यालय से संपर्क कर सकता है। साथ ही किसानों से अपील की गई है कि वे मिल को साफ-सुथरा, ताज़ा, जड़-पत्ती व मिट्टी रहित गन्ना ही आपूर्ति करें।

अधिकारियों ने बताया कि अधिक गन्ना उत्पादन की स्थिति में किसान चीनी मिल अथवा गन्ना विकास परिषद से संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा किसानों से अपना बेसिक कोटा अवश्य पूरा करने और मिल में गन्ना आपूर्ति बढ़ाकर ईएमआई व उधार योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने की अपील की गई है।
अज्ञात वाहन की टक्कर से बुग्गी क्षतिग्रस्त, चालक फरार
मेरठ। बहसूमा। मोड खुर्द निवासी कले  पुत्र होसराम की बुग्गी को अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बुग्गी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में बुग्गी चला रहे आबिद को भी चोट लगने की सूचना है। टक्कर के बाद अज्ञात वाहन का चालक मौके से फरार हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आबिद मोड खुर्द स्थित अपने घर से हरा चारा और कुछ घरेलू सामान बुग्गी में रखकर घेर की ओर जा रहा था। जैसे ही वह सड़क पार कर रहा था, तभी सामने से तेज गति में आ रहे अज्ञात वाहन ने बुग्गी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बुग्गी सड़क पर पलटते हुए क्षतिग्रस्त हो गई और आबिद उछलकर दूर जा गिरा। और गाड़ी का शीशा टूट कर सड़क पर जा गिरा

घटना के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए और घायल आबिद को संभाला। बताया गया कि उसे चोटें आई हैं, हालांकि गंभीर स्थिति की पुष्टि नहीं हो सकी है। वहीं, टक्कर मारने वाला वाहन चालक बिना रुके मौके से फरार हो गया।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि फरार वाहन चालक की पहचान कर उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही, इस मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके। बताया गया की घटना की सूचना संबंधित थाने को दे दी गई है।
रविदास जयंती पर शांति व्यवस्था के लिए बहसूमा में प्रशासन का फ्लैग मार्च
बहसूमा। संत शिरोमणि रविदास जयंती के अवसर पर क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। इसी क्रम में मवाना के उपजिलाधिकारी (एसडीएम) संतोष कुमार के नेतृत्व में बहसूमा कस्बे में भारी पुलिस बल के साथ फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च का मुख्य उद्देश्य जयंती कार्यक्रमों के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना, विवाद या अफवाह की संभावना को समाप्त करना रहा।

फ्लैग मार्च बहसूमा के प्रमुख मार्गों, बाजार क्षेत्रों और संवेदनशील इलाकों से होकर गुजरा। इस दौरान पुलिस बल, पीएसी तथा अन्य सुरक्षा एजेंसियों के जवानों ने पैदल मार्च कर क्षेत्र का जायजा लिया। अधिकारियों ने आमजन से संवाद स्थापित करते हुए शांति, सौहार्द और आपसी भाईचारे बनाए रखने की अपील की। फ्लैग मार्च से जहां आम लोगों में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई, वहीं असामाजिक तत्वों को भी सख्त संदेश दिया गया।

एसडीएम संतोष कुमार ने बताया कि प्रशासन की प्राथमिकता है कि संत रविदास जयंती का आयोजन पूरी तरह शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और गरिमामय वातावरण में संपन्न हो। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने, माहौल बिगाड़ने या कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधिकारियों ने जानकारी दी कि जुलूस मार्गों, कार्यक्रम स्थलों, प्रमुख चौराहों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा।

फ्लैग मार्च के दौरान स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों ने प्रशासन की इस पहल की सराहना की। लोगों का कहना है कि ऐसे कदमों से क्षेत्र में विश्वास और सुरक्षा का माहौल बनता है। प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे शांति बनाए रखने में सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अफवाह की जानकारी तुरंत पुलिस या प्रशासन को दें, ताकि पर्व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके। इस मौके पर कस्बा इंचार्ज राकेश कुमार कांस्टेबल गुलदीप कुमार आदि मौजूद रहे
किशोरी की उपचार के दौरान मौत
मेरठ (बहसूमा): उत्तर प्रदेश के मेरठ जनपद अंतर्गत बहसूमा क्षेत्र में दरिंदगी का शिकार हुई किशोरी की उपचार के दौरान मौत हो गई। शुक्रवार शाम पीड़िता के दम तोड़ने के बाद क्षेत्र में स्थिति बेहद तनावपूर्ण हो गई। प्रशासन ने एहतियात बरतते हुए पूरे गांव को छावनी में तब्दील कर दिया है और बाहरी व्यक्तियों समेत मीडिया के प्रवेश पर भी पाबंदी लगा दी गई है।
वेंटिलेटर पर तीन दिन तक चला संघर्ष
जानकारी के अनुसार, पीड़िता पिछले तीन दिनों से अस्पताल में वेंटिलेटर पर थी और जीवन-मौत के बीच जूझ रही थी। शुक्रवार शाम उसकी मृत्यु की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया। जैसे ही शव गांव पहुँचा, परिजनों और ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। करीब 40 मिनट तक चले भारी हंगामे के बाद, पुलिस अधिकारियों की सूझबूझ और काफी समझाने-बुझाने के बाद परिजन अंतिम संस्कार के लिए राजी हुए।
गांव की घेराबंदी और राजनीतिक नेताओं की नजरबंदी
कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने गांव की ओर जाने वाले सभी मुख्य मार्गों पर नाकेबंदी कर दी है। इस दौरान कई राजनीतिक और सामाजिक कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया:
विजयपाल कश्यप (जिला अध्यक्ष, सपा पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ) को सुबह उनके आवास से ही गिरफ्तार/नजरबंद कर लिया गया।
देवेंद्र कश्यप (राष्ट्रीय अध्यक्ष, सामाजिक न्याय पार्टी) को उनके समर्थकों के साथ रामराज थाने में रोक लिया गया।
स्थानीय नेताओं का विरोध: हरिओम कश्यप, जगरोशन कश्यप और महेश कश्यप बनारसी दास कश्यप सहित समाज के अन्य लोगों ने पीड़ित परिवार के लिए आर्थिक सहायता और दोषियों को फांसी की सजा देने की मांग की है।
प्रशासनिक रुख
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखना उनकी प्राथमिकता है। सुरक्षा की दृष्टि से पीएसी और भारी पुलिस बल तैनात है।
बहसूमा में कक्षा 12 का भव्य फेयरवेल समारोह आयोजित

मोनू भाटी मेरठ। डीपीएम सीनियर सेकेंडरी पब्लिक स्कूल, बहसूमा में कक्षा 12 का भव्य फेयरवेल समारोह आयोजित
डीपीएम सीनियर सेकेंडरी पब्लिक स्कूल, बहसूमा
डीपीएम सीनियर सेकेंडरी पब्लिक स्कूल, बहसूमा के ऑडिटोरियम में आज कक्षा 12 के छात्र-छात्राओं के लिए भव्य एवं गरिमामयी फेयरवेल (विदाई) समारोह का आयोजन अत्यंत हर्षोल्लास और उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षकगण, छात्र-छात्राएँ एवं अभिभावकगण की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के सचिव  जगदीश त्यागी जी द्वारा प्रवेश द्वार पर फीता काटकर किया गया। तत्पश्चात सचिव महोदय एवं प्रधानाचार्या जिया जैदी जी ने माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर विधिवत कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर प्रधानाचार्या जिया जैदी जी ने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि विद्यालय में प्राप्त नैतिक शिक्षाएँ, अनुशासन और ज्ञान जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में उन्हें सफलता के शिखर तक पहुँचाने में सहायक सिद्ध होंगे।
विद्यालय के सम्माननीय सचिव जगदीश त्यागी जी ने अपने भावपूर्ण एवं प्रेरणादायक संबोधन में कहा कि आज का दिन विद्यालय परिवार के लिए गर्व एवं संवेदना दोनों से परिपूर्ण है। विद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण की प्रयोगशाला है, जहाँ से विद्यार्थी जीवन मूल्यों, संस्कारों और नेतृत्व क्षमता को आत्मसात कर आगे बढ़ते हैं। उन्होंने कहा कि हमारे वरिष्ठ विद्यार्थियों ने न केवल शैक्षणिक उत्कृष्टता प्राप्त की है, बल्कि अनुशासन, नेतृत्व एवं मित्रता की अद्भुत मिसाल भी प्रस्तुत की है।
सचिव महोदय ने आगे कहा कि हमें पूर्ण विश्वास है कि हमारे विद्यार्थी भविष्य में विभिन्न उच्च पदों को सुशोभित करेंगे तथा अपनी प्रतिभा और सुगंध से राष्ट्र का नाम गौरवान्वित करेंगे। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे जीवन में कितनी भी ऊँचाइयाँ प्राप्त करें, परंतु अपने विद्यालय और गुरुजनों को सदैव स्मरण रखें।
कार्यक्रम के अंतर्गत कक्षा 11 की छात्राओं ने स्वागत गीत पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर अतिथियों का स्वागत किया तथा पुष्पगुच्छ भेंट कर सचिव श्री जगदीश त्यागी जी एवं प्रधानाचार्या श्रीमती जिया जैदी जी का अभिनंदन किया। इसके पश्चात विद्यार्थियों द्वारा विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ एवं मनोरंजक खेलों का आयोजन किया गया, जिनका सभी ने भरपूर आनंद लिया।
इस समारोह में मिस्टर फेयरवेल का खिताब देव चौधरी को, मिस फेयरवेल का खिताब हिमांशी देशवाल को, मिस्टर डीपीएम का खिताब ईशांत को तथा मिस डीपीएम का खिताब वंशिका को प्रदान किया गया।
पूरे कार्यक्रम का सफल एवं प्रभावशाली संचालन प्रदीप गुप्ता एवं मानसी दुबलिश द्वारा अत्यंत उत्कृष्ट ढंग से किया गया, जिसकी सभी उपस्थित जनों ने सराहना की।
कार्यक्रम की सफलता में समन्वयक मुकुल त्यागी, शिवम तिवारी, अमित गौतम एवं समस्त विद्यालय स्टाफ का सराहनीय सहयोग रहा।
अंत में सभी ने मिलकर अपने सीनियर विद्यार्थियों को भावभीनी विदाई दी और उनके उज्ज्वल, सफल एवं मंगलमय भविष्य की कामना की
ढोल-नगाड़ों व माल्यार्पण के साथ हुआ श्रम राज्य मंत्री सुनील भारद्वाज का स्वागत, यूजीसी के कथित काले कानून पर हुआ मंथन
मेरठ। बहसूमा।आज कस्बा रामराज में क्षेत्रीय ब्राह्मण सभा समिति के अध्यक्ष पंडित विधि चंद शर्मा के प्रतिष्ठान पर श्रम विभाग के राज्य मंत्री पंडित सुनील भारद्वाज (भराला) का भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर ब्राह्मण समाज के लोगों ने ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच फूल-मालाओं से मंत्री का अभिनंदन किया। कार्यक्रम में समाज की एकता, संगठनात्मक मजबूती और समसामयिक मुद्दों पर विस्तार से विचार-विमर्श हुआ।

बैठक के दौरान हाल ही में लागू किए गए यूजीसी से जुड़े कथित “काले कानून” को लेकर ब्राह्मण समाज के प्रतिनिधियों ने अपनी आपत्तियां और चिंताएं रखीं। वक्ताओं ने कहा कि यह कानून शिक्षा व्यवस्था और समाज के हितों पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकता है, जिस पर पुनर्विचार आवश्यक है। राज्य मंत्री सुनील भारद्वाज ने समाज की बातों को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि वे संबंधित मंचों पर इन मुद्दों को उठाएंगे और समाधान के लिए प्रयास करेंगे।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए पंडित विधि चंद शर्मा ने समाज को एकजुट रहने का आह्वान किया। वरिष्ठ उपाध्यक्ष पंडित अजय कुमार शर्मा ने संगठन की भूमिका पर प्रकाश डाला, वहीं कोषाध्यक्ष विपुल राम शर्मा ने सामाजिक गतिविधियों को और सशक्त बनाने की आवश्यकता बताई। विद्युत प्रकोष्ठ के अध्यक्ष पंडित वैष्णो दयाल शर्मा, व्यापार प्रकोष्ठ के अध्यक्ष पंडित सत्येंद्र शर्मा तथा शिक्षा प्रकोष्ठ के उपाध्यक्ष पंडित पुनीत कुमार शर्मा ने भी अपने विचार साझा किए।

इस अवसर पर मंत्री सचिन शर्मा, वीरेंद्र शर्मा, भावी प्रधान पद के प्रत्याशी पंडित मोहित शर्मा उर्फ गंगे पंडित सहित बड़ी संख्या में ब्राह्मण समाज के गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ और समाजहित में मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया गया।