ज्ञानपुर कोतवाली में छात्रों की पुलिस ट्रेनिंग शुरू: एक महीने चलेगा कार्यक्रम, पुलिस-समाज का दृष्टिकोण बदलने का लक्ष्य


नितेश श्रीवास्तव

भदोही। मंगलवार को भदोही के ज्ञानपुर स्थित काशी नरेश राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के छात्रों के लिए 'पुलिस अनुभवात्मक अधिगम कार्यक्रम स्पेल 3.0' का शुभारंभ किया गया। यह कार्यक्रम ज्ञानपुर कोतवाली में शुरू हुआ।
यह एक महीने का कार्यक्रम 4 फरवरी, 206 तक चलेगा। उत्तर प्रदेश सरकार का उद्देश्य राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों को पुलिस गतिविधियों की जानकारी देकर उन्हें पुलिस का सहयोगी बनाना है। साथ ही, इसका लक्ष्य समाज का पुलिस के प्रति दृष्टिकोण बदलना भी है।

कार्यक्रम के तहत, छात्र कॉलेज से ज्ञानपुर कोतवाली पहुंचे। यहां कोतवाल अंजनी कुमार राय ने छात्रों को एफआईआर (FIR) और नए भारतीय कानूनों के बारे में जानकारी दी। उपनिरीक्षक (SI) रामधनी यादव ने आपराधिक कानूनों और प्रक्रियाओं पर विस्तृत जानकारी प्रदान की।एक महीने की इस ट्रेनिंग के दौरान छात्रों को पुलिस कार्यप्रणाली, कानून और प्रक्रियाएं, अपराध जांच, विशेषज्ञ पटल, सुरक्षा एवं प्रबंधन, साइबर सुरक्षा, सामुदायिक पुलिसिंग और विभिन्न भ्रमण कार्यक्रमों के बारे में बताया जाएगा।

इस अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना की कार्यक्रम अधिकारी डॉ. प्रीति कुमारी और डॉ. श्रीश कुमार उपाध्याय सहित कई छात्र उपस्थित रहे।
भदोही पुलिस ने 23,864 लीटर अवैध शराब नष्ट की:ऑपरेशन क्लीन के तहत 248 मुकदमों में जब्त देसी व अंग्रेजी शराब नष्ट
नितेश श्रीवास्तव

भदोही। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देश पर भदोही पुलिस ने ऑपरेशन क्लीन विशेष अभियान के तहत 23864 लीटर अवैध देसी अंग्रेजी शराब को विनष्टीकरण कराया बता दे कि जनपद के समस्त स्थान में पंजीकृत 248 मुकदमों में उक्त शराब बरामद किए गए थे।
उक्त कार्रवाई मुख्य नायक मजिस्ट्रेट भदोही के आदेश पर किया गया यह कार्यवाही जिला मजिस्ट्रेट द्वारा गठित टीम के देखरेख में की गई जिले के थाना भदोही में तीन मुकदमा, चौरी में 64, थाना ऊज में 9, थाना सुरियावा में 125 , थाना दुर्गागंज में 47 अवैध शराब बरामद से संबंधित मुकदमा दर्ज किए गए थे। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल क्षेत्राधिकार ज्ञानपुर प्रभात राय थाना अध्यक्ष ज्ञानपुर अंजनी राय सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
माघी पूर्णिमा पर 1 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने गंगा:माघ मेले का समापन, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

रिपोर्ट -‌ नितेश श्रीवास्तव

भदोही। माघी पूर्णिमा के अवसर पर जिले के विभिन्न गंगा घाटों पर एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने गंगा में आस्था की डुबकी लगाई। इसके साथ ही माघ महीने के स्नान पर्व का समापन हो गया। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर प्रत्येक गंगा घाट पर पुलिस बल और गोताखोरों को तैनात किया गया था। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए थे।
माघ महीने का यह अंतिम स्नान इससे पहले 14 जनवरी को माघ महीने का पहला स्नान हुआ था। श्रद्धालुओं ने सुबह से ही गंगा घाटों पर पहुंचकर स्नान किया और दान - पुण्य भी किया। जिले के प्रसिद्ध सिद्ध पीठ बाबा सेमराधनाथ गंगा घाट पर आयोजित माघ मेले में एक महीने से निवास कर रहे श्रद्धालुओं ने भी गंगा स्नान के साथ मेले का समापन किया। यह मेला पिछले 31 वर्षों से लगातार आयोजित किया जा रहा है।
व्यक्ति पर हमला करने वाला आरोपी गिरफ्तार:घर के बाहर बरामदे में सोते समय कुल्हाड़ी और डंडे से किया था वार
रिपोर्ट -‌ नितेश श्रीवास्तव

भदोही। सुरियावां थाना क्षेत्र में 28 जनवरी को पीड़ित परिवार के प्रमुख चौहान ने तहरीर देखकर बताया कि रात 10:30 बजे अपने घर के कमरे में सो रहा था तथा मेरा बड़ा भाई विनोद चौहान घर के बाहर बरामदे में सो रहे थे की दो व्यक्ति मेरे भाई के ऊपर कुल्हाड़ी वल्थी डंडा से जानलेवा हमला किया जिससे मेरे भाई की दोनों पर गंभीर रूप से घायल हो गए इनका इलाज के लिए ट्रामा सेंटर वाराणसी भेजा गया उक्त तहरीर के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए रविवार को हमले में शामिल अपराधी को गिरफ्तार किया पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने पुलिस लाइन में प्रेस कॉन्फ्रेंस का जानकारी दी। बता दें की सुरियावां थाना क्षेत्र के भिखमा पुर गांव निवासी विनोद चौहान अपने घर में सो रहे थे की रात में कुछ लोगों ने पैर काटने का प्रयास किया जिससे गंभीर रूप से घायल हो गया था जानकारी होते ही परिजनों ने सुबह चक्का जाम कर दिया पुलिस के समझाने व कार्रवाई क्या शान पर चक्का जाम समाप्त हुआ था पुलिस परिजनों के तहरीर पर कार्यवाही में जुड़ गई थी जिसमें आज हमला करने की घटना में शामिल अपराधी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की गिरफ्तार अभियुक्त निजामुद्दीन पूछताछ के दौरान अपना जुर्म कबूल किया
2 से 8 फरवरी तक पिंडरा सूर्यभानपुर भदोही में बहेगी भव्य भागवत की मंदाकिनी

रिपोर्ट -‌ नितेश श्रीवास्तव


भदोही। वेणीमाधव साधना साधक समिति के भव्य तत्वावधान में दिनांक 02 फरवरी से 08 फरवरी तक पिंडरा, सूर्यभानपुर भदोही में भव्य भागवत की कथा होने जा रही है। जिसमें आचार्य श्री विनोद माधव जी महाराज अपने मधुर वाणी से कथा सुधा रसपान कराएंगे।  यह विशाल आयोजन पंडित रामजी द्विवेदी, पंडित शिवजी द्विवेदी, अशोक द्विवेदी, दिनेश द्विवेदी, प्रमोद द्विवेदी, डॉ. निहाल कृष्ण पाण्डेय, मनोज द्विवेदी, बृजभूषण द्विवेदी, रत्नेश द्विवेदी आदि के द्वारा एवं क्षेत्रवासियों के सहयोग से सम्पन्न हो रहा है।
आरटीई : कल से पहले चरण के लिए शुरू होंगे आवेदन
*कुल 2800 सीटों के लिए नए सत्र से पहले तीन चरणों में होगा बच्चों के दाखिले की प्रक्रिया*


जिले में गरीब बच्चों के निजी स्कूल में दाखिले की प्रक्रिया दो फरवरी से शुरू हो जाएगी। निदेशालय ने आवेदन के लिए पोर्टल को सक्रिय कर दिया है। एक अप्रैल से शुरू होने वाले नए शिक्षा सत्र से पहले ही तीन चरणों में लॉटरी में आने वाले बच्चों को कॉन्वेंट स्कूलों में करीब 2800 सीटों पर प्रवेश दिलाया जाएगा। आरटीई के तहत कॉन्वेंट स्कूलों में 25 फीसदी सीटों पर गरीब बच्चों को प्रवेश दिलाया जाता है। जिनके पढ़ने से लेकर कॉपी-किताब तक का खर्च शासन स्तर से वहन किया जाता है। पिछले दो साल से एक दिसंबर से ही प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी गई थी, लेकिन इस बार 15 जनवरी के बाद तिथि तय की गई। इस बार दो महीने में तीन चरणों की प्रवेश प्रक्रिया संपन्न कराई जाएगी। शिक्षा सत्र 2026-27 के लिए पहले चरण में दो से 16 फरवरी तक आवेदन लेने के साथ सत्यापन किया जाएगा। 18 फरवरी को लॉटरी निकाली जाएगी। 20 फरवरी को विद्यालय का आवंटित होगा।




*दूसरा चरण 21 फरवरी से सात मार्च तक होगा*

आरटीई के तहत दूसरे चरण में 21 फरवरी से सात मार्च तक आवेदन, सत्यापन और डॉटा लाॅक किया जाएगा। नौ मार्च को लॉटरी और 11 मार्च को विद्यालय का आवंटन होगा। तीसरे चरण में 12 से 25 मार्च तक आवेदन, 27 मार्च को लॉटरी और 29 को स्कूल आवंटित किया जाएगा।




तीन चरणों में आवेदन की तिथि तय हो गई है। ऑनलाइन आवेदन लेने के बाद सभी प्रक्रिया तिथिवार पूरी की जाएगी। दो फरवरी से पहले चरण में प्रवेश के लिए आवेदन शुरू हो जाएंगे। इसके लिए पोर्टल सक्रिय हो गया है। अभिभावक आरटीई पोर्टल पर जाकर आवेदन कर सकेंगे।
शिवम पांडेय, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी
आयुष्मान कार्ड : अब प्रतिदिन सीएचओ बनाएंगे 25-25 कार्ड

*जनपद में 30489 कार्ड बनाने का है लक्ष्य,अब तक 15978 कार्ड 70 साल के बुजुर्ग का बना*

रिपोर्ट -‌ नितेश श्रीवास्तव

भदोही। अब जिले में सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ) प्रतिदिन वरिष्ठ नागरिकों का 25-25 आयुष्मान कार्ड बनाएंगे। काम की प्रगति ठीक नहीं होने पर स्वास्थ्य विभाग ने नई पहल की है। इसमें लापरवाही बरतने पर कार्रवाई की जाएगी। जिले में 110 सीएचओ तैनात हैं। 70 साल से अधिक 30 हजार 489 वरिष्ठ नागरिकों (बुजुर्गों) की संख्या है। इसके सापेक्ष अब तक 15978 आयुष्मान कार्ड बने हैं। आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को निजी अस्पतालों में पांच लाख तक निशुल्क उपचार की सुविधा के लिए सरकार ने आयुष्मान कार्ड की सुविधा दी है। आठ महीने पहले 70 साल से अधिक उम्र के वरिष्ठ नागरिकों का आयुष्मान कार्ड बनाने का निर्देश शासन ने दिया है।

इसके लिए जिले को 30 हजार 489 का लक्ष्य मिला, लेकिन विभागीय उदासीनता से आंकड़ा 50 फीसदी तक ही पहुंच सका। पूर्व में मन मुताबिक ड्यूटी करने वाले सीएचओ पर विभाग की सख्ती बढ़ गई है। अभी तक इनके द्वारा आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए निरंतर ढिलाई बरती जा रही थी।

कभी एक कार्ड, तो कभी दो कार्ड बनाते थे। जो लाभार्थी केंद्र पर आ जाए, उन्हीं के कार्ड बनाने में रूचि रखी जाती थी। अब ऐसा नहीं होगा, रोजाना सीएचओ को 25-25 आयुष्मान कार्ड अनिवार्य रूप से बनाना होगा। यदि लाभार्थी को केंद्र तक लाने में आशाकर्मी उदासीनता बरतती हैं तो उनपर भी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

सीएचओ कितने कार्ड एक दिन में बना रहे हैं, रोजाना इसकी मॉनिटरिंग की जाएगी। यह निर्देश बीते दिनों स्वास्थ्य समिति की बैठक में दी गई। जिले में करीब 30489 बुजुर्ग ऐसे हैं, जिनकी उम्र 70 साल से अधिक है। 15978 लोगों का कार्ड बना है। सीएमओ डॉ. एसके चक ने बताया कि कार्ड बनवाने में आधार लिंक की सबसे बड़ी दिक्कते सामने आ रही है। लाभार्थी के आधार कार्ड से दूसरा नंबर लिंक है। जो नंबर लाभार्थी लेकर आते हैं, उस पर ओटीपी आती नहीं है। बिना ओपीटी के कार्ड नहीं बनता है। इससे बड़ी दिक्कते होती है।

2027 में होगी जनगणना: डीएम


रिपोर्ट -‌ नितेश श्रीवास्तव


भदोही। डीएम शैलेश कुमार की अध्यक्षता में जिला स्तरीय जनगणना समन्वय समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में हुई। डीएम ने बताया कि भारत में जनगणना हर दस वर्षों में होती है। आगामी जनगणना 2027 में होगी।

देश में 1872 से चली आ रही निर्बाध परंपरा में यह 16 वीं जनगणना और स्वतंत्रता के बाद की आठवीं जनगणना होगी। यह गांव,शहर और वार्ड स्तर पर प्राथमिक डेटा का एकमात्र स्रोत है। बताया कि पहले चरण में म‌ई - जून 2026 में 30 दिनों तक मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना होगी। दूसरे चरण में जनसंख्या और जाति की गणना नौ से 28 फरवरी 2027 में होगी। पहली बार जनगणना पूरी तरह से डिजिटल मोड में होगी। जिसमें स्व- गणना का भी प्रावधान होगा। इसके अतिरिक्त, दूसरे चरण में हर व्यक्ति की जाति से संबंधित डेटा भी एकत्र किया जाएगा।
ज्ञानपुर विधायक विपुल दुबे ने किया 900 कंबलों का वितरण, बजट को बताया जनहितकारी
रिपोर्ट -‌ नितेश श्रीवास्तव

भदोही। ज्ञानपुर विधानसभा क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम के दौरान विधायक विपुल दुबे ने ठंड से राहत देने के उद्देश्य से 900 जरूरतमंदों को कंबल वितरित किए। कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष दीपक मिश्रा सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
कंबल वितरण के दौरान विधायक विपुल दुबे ने केंद्र व प्रदेश सरकार के बजट पर चर्चा करते हुए कहा कि यह बजट गरीब, किसान, महिला, युवा और मध्यम वर्ग के हितों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। उन्होंने कहा कि बजट के माध्यम से विकास को गति मिलेगी और समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचेगा।
कार्यक्रम में मौजूद भाजपा नेताओं ने विधायक के इस जनसेवी कार्य की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से जरूरतमंदों को सीधी राहत मिलती है और सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों का संदेश जन-जन तक पहुंचता है।
86 ग्राम पंचायतों में बनेंगे स्वच्छता मार्ट, खर्च होंगे 77.40 लाख रुपये
स्वरित आवाज


नितेश श्रीवास्तव

भदोही। स्वच्छ भारत मिशन के तहत ग्राम पंचायतों में निर्मित सामुदायिक शौचालयों के संचालन का जिम्मा संभाल रहीं समूह की महिलाएं (केयर टेकरों) की आमदनी बढ़ेगी। जिलाधिकारी शैलेष कुमार की ओर से नवाचार के तहत विशेष पहल शुरू की गई है। अब सामुदायिक शौचालयों के पास स्वच्छता प्रतिष्ठान-सेनेटरी मार्ट का निर्माण कराया जाएगा। प्रथम चरण में 86 ग्राम पंचायतों में स्वच्छता प्रतिष्ठान के निर्माण की योजना तैयार की गई है। लगभग 90 हजार रुपये की दर से इस पर 77.40 लाख रुपये खर्च करने की योजना बनाई गई है।
स्वच्छ भारत मिशन के तहत जिले के सभी 546 ग्राम पंचायतों में कहीं एक तो कहीं दो सामुदायिक शौचालय का निर्माण कराया गया है। शौचालयों के संचालन की जिम्मेदारी राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत गठित महिला समूहों से जुड़ी महिलाओं को केयर टेकर के रूप में तैनात करते हुए दी गई है। जिन्हें प्रति माह छह हजार रुपये की दर से मानदेय का भुगतान किया जाता है।
केयर टेकरों की आमदनी बढ़ाने के लिए जिलाधिकारी ने स्वच्छता प्रतिष्ठान का निर्माण कराकर केयर टेकरों को सौंपने के लिए नई पहल की गई है। इसमें वह स्वच्छता से संबंधी सामग्री रखकर उसकी बिक्री कर अपनी आमदनी बढ़ा सकती हैं। पहले चरण में 86 ग्राम पंचायतों में यह सफल हुआ तो अन्य गांव में भी इसकी शुरुआत की जाएगी।जिलाधिकारी की विशेष पहल के तहत ग्राम पंचायतों में स्वच्छता मार्ट का निर्माण होगा। प्रथम चरण में 86 ग्राम पंचायतों का चयन किया गया है, जहां निर्माण कराया जाएगा। ग्राम पंचायत को निधि से यह निर्माण कार्य कराया जाएगा।

संजय कुमार मिश्र,जिला पंचायत राज अधिकारी