करनैलगंज में अलाव जलवाने के नाम पर खानापूर्ति,रेलवे स्टेशन के पास नहीं जला अलाव
ठंड से ठिठुरते रहे लोग, प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल
गोंडा(करनैलगंज)। भीषण ठंड के बीच नगर पालिका परिषद कर्नलगंज की अलाव व्यवस्था की पोल एक बार फिर खुल गई है। शासन व उच्चाधिकारियों के स्पष्ट निर्देशों के बावजूद नगर क्षेत्र के प्रमुख सार्वजनिक स्थल रेलवे स्टेशन करनैलगंज के पास शुक्रवार रात अलाव नहीं जलाया गया।
रात लगभग 8:06 बजे की स्थिति ने प्रशासन के दावों को पूरी तरह झुंठला दिया। स्थानीय लोगों के अनुसार स्टेशन परिसर व आसपास देर रात तक कोई अलाव नहीं जलाया गया, जिससे यात्रियों, राहगीरों व ठेला-पटरी लगाने वालों को ठंड में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। लोग ठिठुरते रहे और जिम्मेदार अधिकारी नदारद दिखाई दिए। नगर पालिका द्वारा प्रतिदिन नियमित अलाव जलाने के दावे किए जा रहे हैं, लेकिन जमीनी हकीकत इससे अलग नजर आई। सूत्रों का कहना है कि कई स्थानों पर अलाव केवल कागजों और रजिस्टरों में जल रहे हैं, जबकि मौके पर व्यवस्था पूरी तरह फेल है।
अलाव जलवाने के नाम पर सरकारी धन के दुरुपयोग की आशंका भी सामने आ रही है। ठंड से राहत के लिए स्वीकृत बजट आखिर कहां खर्च हो रहा है, यह बड़ा सवाल बन गया है। नाम न छापने की शर्त पर नगर पालिका के कुछ कर्मचारियों ने बताया कि अधिकारियों के निर्देश पर चुनिंदा जगहों पर ही अलाव जलवाया जाता है। कई स्थानों पर लकड़ी, पेट्रोल या केरोसिन जैसी आवश्यक सामग्री तक उपलब्ध नहीं कराई जाती, जिससे अलाव जलाना संभव नहीं हो पाता है।
उच्चाधिकारियों के निर्देशों के बावजूद नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर कोई असर नहीं दिख रहा है। लोगों का कहना है कि यदि जल्द व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो ठंड के चलते किसी बड़ी अनहोनी से इनकार नहीं किया जा सकता। इस संबंध में जानकारी लेने के लिए एसडीएम करनैलगंज के सीयूजी नंबर पर संपर्क किया गया, लेकिन फोन नेटवर्क क्षेत्र से बाहर बताया गया। अब देखना यह है कि प्रशासन इस लापरवाही पर क्या कार्रवाई करता है और ठंड से जूझ रही जनता को कब राहत मिलती है।
1 hour and 54 min ago
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1