महिला समूह में 1.15 करोड़ का घोटाला,तत्कालीन ब्लॉक मिशन मैनेजर सहित 12 महिलाओं पर मुकदमा दर्ज
गोंडा।जिले के आकांक्षी ब्लॉक रुपईडीह में स्वयं सहायता समूहों के संचालन में 1.15 करोड़ रुपए के सामुदायिक निवेश निधि घोटाले का मामला सामने आया है।पुलिस ने इस मामले में तत्कालीन ब्लॉक मिशन मैनेजर कुलदीप कुमार सहित समूह, ग्राम संगठन और संकुल संघ की 12 महिला पदाधिकारियों के खिलाफ चार अलग अलग मुकदमे दर्ज किए गए हैं।सभी मुकदमे खरगूपुर थाने में दर्ज किए गए हैं और जांच शुरू कर दी गई है।जांच में खुलासा हुआ है कि यह घोटाला वर्ष 2022 से ही चल रहा था।रुपईडीह ब्लॉक नीति आयोग की निगरानी में एक आकांक्षी ब्लॉक के रूप में कार्य कर रहा था।दिसंबर 2024 में मुख्य विकास अधिकारी अंकिता जैन के निर्देश पर पहला मुकदमा दर्ज किया गया था।इसके बाद ग्राम्य विकास आयुक्त के आदेश पर पूरे ब्लॉक की विस्तृत जांच कराई गई जो लगभग एक वर्ष तक चली।आरोपों की पुष्टि होने के बाद अब चार मामलों में मुकदमे दर्ज किए गए हैं।सहायक विकास अधिकारी (ग्राम्य विकास) विष्णु प्रजापति के अनुसार,महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से स्वयं सहायता समूह,ग्राम संगठन और संकुल संघ का गठन किया गया था।नियमानुसार प्रत्येक समूह को पहले 1.10 लाख और बाद में 1.50 लाख रुपए सामुदायिक निवेश निधि के रूप में दिए जाने थे।हालांकि तत्कालीन बीएमएम कुलदीप कुमार की मिली भगत से नियमों को ताक पर रखकर कहीं 13 लाख तो कहीं 42 लाख तक की रकम जारी करवा लिया गया।दर्ज किए गए चार अलग अलग मामलों में अवस्थी पेंट्स स्वयं सहायता समूह,फरेंदा शुक्ल में 21,21,531रुपए के गबन का आरोप है।इसमें अध्यक्ष सावित्री देवी, सचिव रंजना तिवारी,कोषाध्यक्ष जोखना देवी और बीएमएम कुलदीप कुमार नामजद हैं।वहीं भारतीय महिला संकुल प्रेरणा संघ में 13,20,000 रुपए की हेराफेरी के आरोप में अध्यक्ष अर्चना, सचिव राजरानी और कोषाध्यक्ष अंक कुमारी पर मुकदमा दर्ज हुआ है।इसके अतिरिक्त महिला शक्ति ग्राम संगठन पचरन में 38,85,960 रुपए के गबन के मामले में अध्यक्ष अर्चना, सचिव नन्की,कोषाध्यक्ष कामू और बीएमएम कुलदीप कुमार को आरोपी बनाया गया है।राधा महिला ग्राम संगठन खरगूपुर डिंगुर में 42,61,900 रुपए की हेराफेरी के आरोप में अध्यक्ष अंक कुमारी,सचिव काजल तिवारी,कोषाध्यक्ष कांति देवी और बीएमएम कुलदीप कुमार के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया गया है।
1 hour and 28 min ago
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0.1k