नए सिरे से बैठाना होगा चुनावी गणित जीत के अंतर से 16 गुना ज्यादा कटे वोट
*एसआईआर की अनंतिम सूची जारी होने के बाद तीनों विधानसभा में कटे दो लाख छह हजार वोटर*
रिपोर्ट - नितेश श्रीवास्तव
भदोही। आगामी विधानसभा चुनाव में दांव आजमाने वाले प्रत्याशियों को जीत-हार का गुणा-भाग अब नए सिरे से करना होगा। साल 2022 के चुनाव में तीनों विधानसभा का मिलाकर जीत-हार का अंतर जितना नहीं रहा। इस बार एसआईआर के बाद उससे 16 गुना अधिक वोट कट गए हैं। सपा विधायक जाहिद बेग के विधानसभा में सबसे अधिक 64362 वोट कटे हैं। साल 2022 के चुनाव में इनके जीत का अंतर महज 4485 वोट का था। वहीं, भाजपा विधायक दीनानाथ भास्कर के विधानसभा में सबसे कम 45195 वोट कटे हैं। इनके जीत का अंतर महज 1647 वोट का था। निषाद पार्टी से विधायक विपुल दुबे की विधानसभा में भी 53067 वोट कटे हैं। इन्होंने महज 6231 वोटों से चुनाव जीता था। जिले में नवंबर महीने से चल रहे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया के बाद अनंतिम सूची का प्रकाशन कर दिया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी शैलेष कुमार के अनुसार एसआईआर के बाद दो लाख छह हजार मतदाताओं का नाम कट गया। अब 12 लाख 33 हजार से घटकर मतदाताओं की संख्या 10 लाख 27 हजार हो गई है। एसआईआर में नाम कटने के बाद अलग-अलग विधानसभाओं के राजनीतिक समीकरण भी बदलेंगे। बड़ी संख्या में कटे वोटरों के बाद विधानसभा चुनाव में भाग्य आजमाने वाले प्रत्याशियों को नए सिरे से राजनीतिक समीकरण साधने होंगे। साल 2022 के चुनाव में भदोही विधानसभा सीट पर सपा के जाहिद बेग ने भाजपा के रविन्द्र त्रिपाठी को शिकस्त दी थी। वहीं, औराई विस पर भाजपा के दीनानाथ भास्कर ने सपा की अंजनी सरोज को हराया था। वहीं, बहुचर्चित ज्ञानपुर विधानसभा सीट पर भाजपा की सहयोगी निषाद पार्टी के प्रत्याशी विपुल दुबे ने सपा के रामकिशोर बिंद को हराया था। इस चुनाव में बाहुबली विजय मिश्रा तीसरे नंबर पर थे। जाहिद बेग ने जहां 4885 वोट से चुनाव जीता। वहीं, दीनानाथ भास्कर 1647 और विपुल दुबे 6261 वोट से चुनाव जीते थे। इन तीनों प्रत्याशियों के जीत के अंतर को मिलाया जाए तो कुल 12763 वोट होते हैं। वहीं, एसआईआर में तीनों विस मिलाकर दो लाख छह हजार वोट कट गए हैं। इस तरह तीनों विधानसभा में करीब 16 गुना अधिक वोट कट गए हैं।
साल 2022 भदोही विधानसभा चुनाव परिणाम
जीते -जाहिद बेग, सपा (100738)
उपविजेता - रविन्द्र त्रिपाठी, भाजपा (95853)
जीत का अंतर - 4885
कटे मतदाता - 64362
औराई विधानसभा
जीते - दीनानाथ भास्कर, भाजपा (93691)
उपविजजेता - अंजनी सरोज, सपा (92044)
जीत का अंतर 1647
कटे मतदाता - 45195
ज्ञानपुर विधानसभा
जीते - विपुल दुबे, निषाद पार्टी (73446)
उपविजेता - रामकिशोर बिंद, सपा - (67215)
जीत का अंतर - 6231
कटे मतदाता - 53067
छह जनवरी से छह फरवरी तक लिए जाएंगे दावे-आपत्तियां
जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने बताया कि छह जनवरी से छह फरवरी तक दावा आपत्ति का समय निर्धारित किया गया है। किन्ही कारणों से जिनका नाम मतदाता सूची में नहीं है। वह फॉर्म-6 ऑनलाइन/ऑफलाइन भरकर अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज करा सकेंगे। दावा आपत्ति निस्तारण के बाद मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन छह मार्च को किया जाएगा।
4 hours ago
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1