चौपारण थाना क्षेत्र में अवैध अफीम की खेती पर बड़ी कार्रवाई, लगभग 50 एकड़ फसल नष्ट

हजारीबाग — चौपारण थाना क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ पुलिस और वन विभाग ने संयुक्त रूप से बड़ी कार्रवाई की है। दिनांक 08.01.2026 को प्राप्त सूचना के आधार पर चौपारण थाना अंतर्गत ग्राम मुरानिया एवं दुरागाढ़ा में विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान लगभग 50 एकड़ क्षेत्र में अवैध रूप से की जा रही अफीम की खेती को चिन्हित कर मौके पर ही पूरी फसल का विनष्टीकरण किया गया।

कार्रवाई के दौरान घटनास्थल से 10 सेक्शन पाइप और 4 डिलीवरी पाइप बरामद किए गए, जिन्हें वहीं नष्ट कर दिया गया। अवैध रूप से अफीम की खेती करने वाले व्यक्तियों के नाम-पते का सत्यापन किया जा रहा है। दोषियों की पहचान होने के बाद उनके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मामले में अग्रतर कार्रवाई जारी है।

इस संयुक्त अभियान में श्री अजित कुमार बिमल (SDPO, बरही), श्री चंद्रशेखर (पु0नि0, बरही अंचल), सरोज सिंह चौधरी (थाना प्रभारी, चौपारण), SI सुबिन्दर राम, SI दिव्य प्रकाश, ASI बदल महतो सहित सशस्त्र बल, कुलदीप महतो (बनपाल) एवं श्रवण कुमार शामिल रहे।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध मादक पदार्थों की खेती एवं तस्करी के विरुद्ध आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

कड़ाके की ठंड में समाजसेवी सोनू कुमार प्रजापति ने 150 जरूरतमंद परिवारों को बांटे कंबल

हजारीबाग के मटवारी निवासी और युवा समाजसेवी सोनू कुमार प्रजापति ने एक बार फिर मानवता की मिसाल पेश की है। शहर में बढ़ती कड़ाके की ठंड और शीतलहर को देखते हुए उन्होंने मटवारी के वार्ड नंबर 7 स्थित गोस्वामी मोहल्ला में 150 से अधिक जरूरतमंद और गरीब परिवारों के बीच कंबल का वितरण किया।

बताया गया कि सोनू प्रजापति हर साल ठंड के मौसम में असहाय लोगों की मदद के लिए आगे आते हैं। इस वर्ष भी उन्होंने नए साल की शुरुआत समाजसेवा के साथ की। कंबल वितरण के दौरान उन्होंने वहां मौजूद बच्चों के बीच चॉकलेट भी बांटी, जिससे बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे।

इस नेक कार्य को देखकर स्थानीय लोगों ने समाजसेवी सोनू कुमार को दिल से दुआएं दीं। लाभार्थियों ने भावुक होकर कहा कि इस कड़ाके की ठंड में ऐसी मदद ही उनके लिए सहारा और उम्मीद बनती है। सोनू कुमार प्रजापति का यह निस्वार्थ सेवा भाव समाज के अन्य लोगों के लिए भी प्रेरणादायक बताया जा रहा है।

डायन कुप्रथा उन्मूलन एवं बाल विवाह रोकथाम को लेकर अनुमंडल स्तरीय कार्यशाला का आयोजन

डायन कुप्रथा उन्मूलन, बाल विवाह मुक्त झारखंड, मिशन शक्ति तथा महिला सशक्तिकरण के उद्देश्य से राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं को लेकर बरही में अनुमंडल स्तरीय प्रशिक्षण सह कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को सुरक्षित एवं सशक्त बनाकर सशक्त झारखंड के निर्माण हेतु डायन कुप्रथा एवं बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करने, महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा बालिकाओं की शिक्षा को बढ़ावा देने की शपथ दिलाई गई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला समाज कल्याण पदाधिकारी श्रीमती शिप्रा सिंहा ने कहा कि जिले के सभी प्लस टू विद्यालयों में इस प्रकार की कार्यशालाओं का आयोजन कर बालिकाओं को सामाजिक कुप्रथाओं के विरुद्ध जागरूक किया जाएगा। उन्होंने कुप्रथा को बढ़ावा देने वालों को चेतावनी देते हुए कहा कि ऐसे मामलों में जिला प्रशासन द्वारा दोषियों के विरुद्ध कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

जिला परिषद अध्यक्ष उमेश मेहता ने अपने संबोधन में कहा कि बाल विवाह की रोकथाम के लिए सबसे पहले बच्चियों की माताओं को जागरूक होकर पहल करनी होगी। उन्होंने कहा कि बाल विवाह के कारण बच्चियों को मानसिक एवं शारीरिक प्रताड़ना का सामना करना पड़ता है, जिससे उनका भविष्य प्रभावित होता है।

कार्यशाला के दौरान प्रतिभागियों को मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना, सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना, मुख्यमंत्री कन्यादान योजना, राज्य विधवा पुनर्विवाह प्रोत्साहन योजना, सामूहिक अंतिम संस्कार योजना, सामूहिक विवाह कार्यक्रम, निःशक्त कल्याणार्थ योजना, डायन कुप्रथा उन्मूलन कार्यक्रम सहित राज्य सरकार की अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। इसके साथ ही मिशन शक्ति के अंतर्गत महिला सुरक्षा घटक एवं महिला सशक्तिकरण घटक तथा डायन प्रथा प्रतिषेध अधिनियम, 2001 की भी जानकारी साझा की गई।

कार्यक्रम में बरही अनुमंडल पदाधिकारी, जिला परिषद अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, पोषण सखी, महिला पर्यवेक्षिका, सीडीपीओ, सहिया, सेविका, यूनिसेफ के प्रतिनिधि, रांची से आए प्रशिक्षक सहित अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

हजारीबाग-चतरा उत्पाद टीम की बड़ी कार्रवाई, 477 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद, एक गिरफ्तार

हजारीबाग – उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह के निर्देश पर अवैध शराब की बिक्री, निर्माण, संचय और परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में सहायक आयुक्त उत्पाद, हजारीबाग के निर्देशन में संयुक्त हजारीबाग एवं चतरा उत्पाद टीम ने कटकमसांडी थाना क्षेत्र के ग्राम आराभूसाई और महुगाईं टोला में बड़ी छापेमारी की।

यह कार्रवाई बीती रात करीब 10 बजे से 1 बजे तक की गई। छापेमारी के दौरान घटनास्थल से एक अभियुक्त विशेष कुमार सोनी (मटवारी निवासी) को गिरफ्तार किया गया, जिसे सुसंगत धाराओं के तहत न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा रहा है। वहीं, इस मामले में संलिप्त अन्य 6 अभियुक्तों आशीष दांगी, सुभाष दांगी, रविंद्र यादव, परवेज अंसारी, बसारत मियां और सुन्दर मुण्डा (सभी निवासी आराभूसाई) के विरुद्ध फरार अभियोग दर्ज किया जा रहा है।

छापेमारी के दौरान मौके से करीब 53 कार्टून में लगभग 477 लीटर अवैध विदेशी शराब, 6 जर्कीन स्पिरिट में करीब 210 लीटर, 5 लीटर करामेल तथा अलग-अलग ब्रांड के लेबल, स्टीकर, ढक्कन, खाली बोतल, होलोग्राम और अल्कोहल मीटर बरामद किए गए।

इसके साथ ही अवैध विदेशी शराब से लदे 2 चार पहिया वाहन — महिंद्रा बोलेरो और Fiat Linea — को भी जब्त किया गया है।

इस छापेमारी दल में अवर निरीक्षक उत्पाद भुनेश्वर नायक, सुमितेश कुमार, अभिषेक आनंद, आशीष पाण्डेय, उत्पाद आरक्षी अनूप कुमार सिंह के साथ हजारीबाग एवं चतरा जिला के सशस्त्र गृह रक्षा वाहिनी के जवान शामिल थे।

उपायुक्त की अध्यक्षता में नगर निगम विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित

उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह की अध्यक्षता में नगर निगम विभाग से संबंधित योजनाओं एवं कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहरी क्षेत्र के विकास, मूलभूत सुविधाओं तथा नागरिक सेवाओं से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से समीक्षा की गई।

उपायुक्त ने शहरी जलापूर्ति योजना के क्रियान्वयन की स्थिति की जानकारी लेते हुए वाटर ट्रीटमेंट प्लांट की अद्यतन प्रगति की समीक्षा की। इसके साथ ही इंटेक वेल में ब्लास्टिंग से उत्पन्न समस्या पर भी संबंधित पदाधिकारियों से विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में सहायक नगर आयुक्त द्वारा बताया गया कि शहरी जलापूर्ति योजना के अंतर्गत अब तक लगभग 9,000 घरों को जलापूर्ति नेटवर्क से जोड़ा जा चुका है। उपायुक्त ने इन घरों से प्राप्त जलकर/शुल्क की वसूली की स्थिति की भी समीक्षा की और लक्ष्य के अनुरूप होल्डिंग टैक्स कलेक्शन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

उपायुक्त ने 15वें वित्त आयोग की राशि से निर्मित अर्बन हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर को यथाशीघ्र क्रियाशील करने का निर्देश दिया, ताकि शहरी क्षेत्र के नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

बरसात के दिनों में लाखे मुख्य मार्ग पर जलजमाव की समस्या को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त ने जल निकासी की वैकल्पिक एवं व्यवस्थित व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने का निर्देश दिया।

शहरी क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने हेतु उपायुक्त ने अतिक्रमण हटाने, पार्किंग जोन का चिन्हितीकरण, रात्रिकालीन सफाई कार्य, कचरा प्रबंधन को सुव्यवस्थित करने तथा नागरिकों की शिकायतों के त्वरित निवारण के लिए नवाचार को बढ़ावा देने के निर्देश दिए।

उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि शहरी क्षेत्र में स्थित किसी भी प्रकार के जलाशय गंदे न रहें और उनकी नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए।

बैठक में नगर निगम एवं संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे। उपायुक्त ने सभी निर्देशों के समयबद्ध एवं प्रभावी अनुपालन को सुनिश्चित करने पर बल दिया।

इस दौरान नगर आयुक्त श्री ओम प्रकाश गुप्ता व सहायक नगर आयुक्त उपस्थित थे।

झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा का हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र में हुआ आगमन, सांसद मनीष जायसवाल ने किया भव्य स्वागत

बरही - झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा का बुधवार को हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र में आगमन हुआ। क्षेत्र में उनके आगमन पर स्थानीय कार्यकर्ताओं और जनता में उत्साह दिखा। बरही चौक पर हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सांसद मनीष जायसवाल जी ने स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं संग गर्मजोशी से उनका स्वागत किया। सांसद मनीष जायसवाल ने पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा को पुष्पगुच्छ भेंट कर हृदयाभिनंदन किया।

बेलरगड्ढा में फेडरेशन ऑफ़ हजारीबाग चैंबर ऑफ़ कॉमर्स की पहल,कई जरूरतमंदों के बीच कंबल व गर्म कपड़ों का वितरण

कटकमसांडी प्रखंड के बेलरगड्ढा ग्राम में बुधवार को फेडरेशन ऑफ़ हजारीबाग चैंबर ऑफ़ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की ओर से ठंड से राहत पहुंचाने के उद्देश्य से सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान कई गरीब ग्रामीणों, महिलाओं एवं बच्चों के बीच कंबल, टोपी, मफलर, मोजा, जैकेट, स्वेटर के साथ-साथ साबुन और शैंपू का वितरण किया गया। कड़ाके की ठंड में राहत सामग्री पाकर ग्रामीणों के चेहरे पर संतोष झलकता नजर आया।

कार्यक्रम में उपस्थित फेडरेशन के अध्यक्ष शंभू नाथ अग्रवाल ने कहा कि समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्ग की सेवा करना संस्था का मूल उद्देश्य है। ठंड के इस मौसम में जरूरतमंदों को राहत पहुंचाने के लिए यह प्रयास किया गया है, जिसे आगे भी जारी रखा जाएगा। सचिव राकेश ठाकुर ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्र के गरीब परिवारों, महिलाओं और बच्चों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए सामग्री का चयन किया गया है, ताकि उन्हें ठंड से बचाव के साथ दैनिक उपयोग की वस्तुएं भी उपलब्ध हो सकें। संयुक्त सचिव नीरज अग्रवाल ने कहा कि जरूरतमंदों की सहायता करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है और फेडरेशन आगे भी सेवा कार्यों के माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने का प्रयास करता रहेगा। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे और फेडरेशन ऑफ़ हज़ारीबाग चैंबर ऑफ़ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की इस मानवीय पहल की सराहना की। मौके पर अध्यक्ष शंभू नाथ अग्रवाल,उपाध्यक्ष सुबोध कुमार अग्रवाल,सचिव राकेश ठाकुर एवं संयुक्त सचिव नीरज अग्रवाल सहित कई लोग मौजूद रहें।

केरेडारी में सड़क सुरक्षा सप्ताह पर लिया गया शपथ

केरेडारी से रोहित से गोस्वामी की रिपोर्ट

केरेडारी: केरेडारी प्रखंड सह अंचल परिसर में सड़क सुरक्षा सप्ताह पर मंगलवार को प्रखंड सह अंचल कर्मियों ने सड़क सुरक्षा के नियमों के अनुपालन को लेकर शपथ लिया ! इस अवसर पर केरेडारी अंचल अधिकारी राम रतन कुमार वर्णवाल ने उपस्थित अधिकारियों और कर्मियों को दिलाई! इसके साथ ही विविध जागरूकता गतिविधियों के साथ अभियान का विधिवत शुभारंभ किया गया! शपथ ग्रहण के दौरान सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने तथा आमजनों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संकल्प लिया गया! कार्यक्रम में अंचल अधिकारी राम रतन कुमार वर्णवाल, प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी सुमन कुमार, प्रधान लिपिक उमेश दास, सचिन कुमार, हल्का कर्मचारी राजेश रजक, संजय कुमार, सहित प्रखंड सह अंचल कर्मी ने संयुक्त रूप से शपथ लेते हैं कि एक जिम्मेदार सड़क उपयोगकर्ता की भूमिका निभाते हुए सभी यातायात नियमों का पालन करने की बात कही!सड़क पर बाई ओर सावधानीपूर्वक चलेंगे। कभी भी दौडकर सड़क पार नहीं करेंगे। ड्राईविंग की निर्धारित उम्र होने पर ही वाहन चलायेंगे। बिना ड्राईविंग लाईसेंस के वाहन नहीं चलायेंगे। दोपहिया वाहन चलाते या सफर करते समय हेलमेट जरूर पहनेंगे। दोपहिया वाहन पर दो व्यक्ति से अधिक सफर नहीं करेंगे। चारपहिया वाहन चलाते समय सीटबेल्ट जरूर लगायेंगे। गति पर नियंत्रण रख कर वाहन चलायेंगे। खतरनाक ढंग से वाहन कभी नहीं चलायेंगे। नशा कर वाहन नहीं चलायेंगे। आपातकालीन सेवा वाहनों को पहले जाने का रास्ता देंगे। सड़क पर अन्य लोगो की सुरक्षा का ध्यान रखेंगे। सड़क दुर्घटना में हुए घायलों की सहायता करेंगे। और प्रत्येक व्यक्ति को प्रेरित करेंगे कि वह भी इनका पालन करें।

हजारीबाग यूथ विंग ने नवनियुक्त डीडीसी रिया सिंह से की शिष्टाचार मुलाकात

हजारीबाग यूथ विंग के पदाधिकारी एवं सदस्यों ने संस्था के संरक्षक चंद्र प्रकाश जैन एवं अध्यक्ष करण जायसवाल के निर्देश पर मंगलवार को नवनियुक्त डीडीसी रिया सिंह से शिष्टाचार मुलाकात की। इस अवसर पर संस्था की ओर से उन्हें अंगवस्त्र एवं फूलों का गुलदस्ता भेंट कर हजारीबाग आगमन पर आत्मीय स्वागत किया गया। मुलाकात के दौरान हजारीबाग यूथ विंग द्वारा विगत साढ़े चार वर्षों से जिले में लगातार किए जा रहे धार्मिक एवं सामाजिक सेवा कार्यों की विस्तृत जानकारी डीडीसी को दी गई। बताया गया कि जरूरतमंदों की सहायता, धार्मिक आयोजनों में सेवा कार्य, सामाजिक जागरूकता अभियान, रक्तदान शिविर एवं जनहित से जुड़े विभिन्न कार्यों में हजारीबाग यूथ विंग निरंतर सक्रिय भूमिका निभाती आ रही है। साथ ही यह भी अवगत कराया गया कि संस्था विधिवत रूप से पंजीकृत है और अपने उत्कृष्ट सेवा कार्यों के लिए अब तक तीन से चार बार जिला प्रशासन द्वारा सम्मानित की जा चुकी है। संस्था की गतिविधियों को गंभीरता से सुनने के बाद डीडीसी रिया सिंह ने कहा कि संस्था द्वारा जिले के सामाजिक सेवा के लिए निरंतर बेहतर कार्य किए जा रहे हैं और सामाजिक संगठनों की भूमिका भी इसमें सराहनीय है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन को जब भी आवश्यकता होगी, हजारीबाग यूथ विंग से अवश्य संपर्क किया जाएगा और आपसी समन्वय एवं सहयोग के माध्यम से जनहित के कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा। इस अवसर पर हजारीबाग यूथ विंग के संरक्षक चंद्र प्रकाश जैन ने कहा कि संस्था विगत साढ़े चार वर्षों से पूरी निष्ठा के साथ समाज सेवा में लगी हुई है। वर्तमान में संस्था द्वारा शीतकालीन राहत अभियान के तहत जरूरतमंदों की सेवा की जा रही है।

संस्था के अध्यक्ष करण जायसवाल ने कहा कि हजारीबाग यूथ विंग समाज के हर वर्ग तक सेवा के उद्देश्य से निरंतर कार्य कर रही है। जरूरतमंदों की सहायता से लेकर धार्मिक और सामाजिक आयोजनों में सहभागिता हमारी प्राथमिकता रही है,और हमेशा रहेगी। जनसेवा के इस संकल्प को लेकर संस्था आगे भी पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करती रहेगी। उक्त अवसर पर उपाध्यक्ष विकास तिवारी,सचिव रितेश खण्डेलवाल, सह सचिव अभिषेक पांडे, संस्था मार्दर्शक जय प्रकाश खण्डेलवाल, संजय कुमार,विकास केशरी, कार्यकारिणी सदस्य सेज़ल सिंह,प्रज्ञा कुमारी सहित कई लोग उपस्थित रहे।

ओरिया में प्रखंड स्तरीय स्वास्थ्य मेला का हुआ आयोजन

स्वास्थ्य मेला स्थानीय ग्रामीणों के लिए स्वास्थ्य संबंधी ज़रूरतों को पूरा करने और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ने का एक महत्वपूर्ण मंच है:किशोरी राणा

आज सदर प्रखंड के सदर ब्लॉक अंतर्गत ओरिया में प्रखंड स्तरीय स्वास्थ्य मेला का बतौर मुख्य अतिथि शामिल सदर विधानसभा सांसद प्रतिनिधि किशोरी राणा और पश्चिमी मंडल के सांसद प्रतिनिधि दामोदर प्रसाद ने दीप प्रज्वलित कर विधिवत मेले का उद्घाटन किया।

यह मेला 6 से 10 जनवरी 2026 के बीच झारखंड सरकार द्वारा प्रखंड स्तरीय स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया, जहाँ लोगों को निःशुल्क स्वास्थ्य जांच (बीपी, शुगर, आंखें), दवाएं, आयुष्मान/आभा कार्ड बनवाने और विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं (टीबी, मलेरिया, परिवार नियोजन) की जानकारी दी गई, जिसमें एलएनजेपी नेत्र चिकित्सालय ने भी भागीदारी की और मोतियाबिंद के मरीजों की जांच कर ऑपरेशन की व्यवस्था की, जिससे स्थानीय लोगों को काफी फायदा हुआ। इस बीच सदर विधानसभा सांसद प्रतिनिधि किशोरी राणा ने बताया कि हर नागरिक तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य पहुंच रहा है।उन्होंने और भी बताया कि ओरिया में लगा यह स्वास्थ्य मेला स्थानीय समुदाय के लिए स्वास्थ्य संबंधी ज़रूरतों को पूरा करने और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ने का एक महत्वपूर्ण मंच है। मौके पे सदर विधानसभा सांसद प्रतिनिधि किशोरी राणा, पश्चिमी मंडल के सांसद प्रतिनिधि दामोदर प्रसाद,डॉ मुकेश चंद्र झा, डॉ फातिमा खातून,कृति, स्थानीय जनप्रतिनिधि, सहिया, एएनएम, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और स्वास्थ्य अधिकारी‌ सहित दर्जनों लोग मौजूद रहे।