हैदराबाद पहुंचे अखिलेश यादव, ‘विजन इंडिया: एआई समिट’ में होंगे शामिल, वोटर लिस्ट SIR को बताया लोकतंत्र के खिलाफ साजिश
लखनऊ । समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव शुक्रवार को तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद पहुंचे। उनके आगमन पर समाजवादी पार्टी के नेताओं, कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में समर्थकों ने उनका भव्य और गर्मजोशी से स्वागत किया।
रथ पर सवार होकर निकले अखिलेश, सड़कों पर जोरदार स्वागत
इस दौरान अखिलेश यादव रथ पर सवार होकर निकले, जहां सड़क के दोनों ओर खड़े लोगों ने फूलमालाओं से स्वागत किया और ‘अखिलेश यादव जिंदाबाद’ के नारे लगाए। अखिलेश यादव शनिवार को हैदराबाद में समाजवादी पार्टी द्वारा आयोजित ‘विजन इंडिया: एआई समिट’ में भाग लेंगे। इस कार्यक्रम का उद्देश्य देश के भविष्य को लेकर तकनीक, विशेषकर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के प्रभाव और संभावनाओं पर सार्थक विमर्श करना है।
विजन इंडिया से बदलेगा देश का भविष्य: अखिलेश
हैदराबाद पहुंचने पर मीडिया से बातचीत में अखिलेश यादव ने कहा कि आज भारत ऐसा देश बन गया है, जहां आम लोगों को हर कदम पर कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इन समस्याओं के समाधान के लिए समाजवादी पार्टी ने ‘विजन इंडिया’ की परिकल्पना की है, जो एक सकारात्मक, यथार्थवादी और प्रगतिशील भविष्य की ओर देश को ले जाने का रास्ता दिखाएगी।
आज हर क्षेत्र में एआई का प्रभाव तेजी से बढ़ रहा
उन्होंने कहा कि आज हर क्षेत्र में एआई का प्रभाव तेजी से बढ़ रहा है। कृषि, चिकित्सा और अन्य सेक्टरों में तकनीक की भूमिका लगातार मजबूत हो रही है। हैदराबाद ने तकनीकी क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है, इसी कारण यहां विजन इंडिया कार्यक्रम आयोजित किया गया है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि देश में राजनीतिक विभाजन नहीं, बल्कि विजन की राजनीति होनी चाहिए, जहां राजनीति प्रोग्रेसिव हो, नेगेटिव नहीं।
वोटर लिस्ट SIR को लेकर चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप
वोटर लिस्ट के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) को लेकर अखिलेश यादव ने चुनाव आयोग और भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग का काम वोट बढ़ाना होना चाहिए, लेकिन उत्तर प्रदेश में करीब तीन करोड़ वोट काटने की तैयारी की जा रही है। जहां-जहां भाजपा चुनाव हारी है, वहां वोट काटने की साजिश रची जा रही है, जो लोकतंत्र के खिलाफ है।उन्होंने कहा कि जिस तरह से SIR की प्रक्रिया चलाई जा रही है, वह SIR के बहाने NRC लागू करने जैसा है। लोगों से तरह-तरह के कागजात मांगे जा रहे हैं, जबकि आधार कार्ड, जिसमें आंख की रेटिना, फिंगरप्रिंट और पूरी पहचान दर्ज है, उसे मान्य नहीं किया जा रहा। इससे आम जनता बेहद परेशान है।
भाजपा जनता को परेशान करने की राजनीति कर रही: अखिलेश
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा ने पहले नोटबंदी, जीएसटी, महंगाई और कोविड काल में जनता को परेशान किया और अब SIR के जरिए लोगों को परेशान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जब लोगों का वोट ही काट दिया जाएगा, तो लोकतंत्र कैसे बचेगा। संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर ने हर नागरिक को एक वोट का अधिकार दिया, जो अधिकार, आरक्षण, न्याय और रोजगार का आधार है। भाजपा उसी अधिकार को छीनने की साजिश कर रही है।
वंदे मातरम् और तेलंगाना नेतृत्व पर बयान
वंदे मातरम् को लेकर पूछे गए सवाल पर अखिलेश यादव ने कहा कि जिन लोगों ने आजादी के आंदोलन में वंदे मातरम् नहीं गाया और जिन्हें तिरंगा पसंद नहीं, वे आज वंदे मातरम् की बात कर रहे हैं।इससे पहले एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि तेलंगाना के पूर्व मुख्यमंत्री केसीआर और पूर्व मंत्री केटीआर उनके साथी हैं और वे उनके साथ पहले भी थे और आगे भी रहेंगे।
मुख्यमंत्री रेवन्त रेड्डी ने किया स्वागत
अखिलेश यादव के हैदराबाद पहुंचने पर तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवन्त रेड्डी ने उनसे मुलाकात कर स्वागत किया।समाजवादी पार्टी की ओर से यह जानकारी मुख्य प्रवक्ता राजेन्द्र चौधरी द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में दी गई।
6 hours ago
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0.7k