*सनातन परम्परा सम्पूर्ण सृष्टि के लिए सोचती है-प्रोफेसर गिरीश चंद्र त्रिपाठी,सत्यनाथ महोत्सव में हुई संगोष्ठी कादीपुर*
सुलतानपुर,सनातन परम्परा केवल अपने और अपने परिवार के लिए नहीं बल्कि सम्पूर्ण सृष्टि के लिए सोचने वाली परम्परा है। इस विचार को हमें हमेशा याद रखना चाहिए। भारत केवल भूखंड नहीं है यह दर्शन,दृष्टि और विचार है। पूरी पृथ्वी हमारा परिवार है, सब लोग सुखी रहें यह हमारी परंपरा रही है।
यह बातें काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रोफेसर गिरीश चन्द्र त्रिपाठी ने कहीं। वह अल्देमऊ नूरपुर में सत्यनाथ मठ पर चल रहे बाबा सत्यनाथ महोत्सव के दूसरे दिन आयोजित राष्ट्रीय परिचर्चा को बतौर मुख्य अतिथि सम्बोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा भारतीय शास्त्रों में बताया गया है कि महिला पुरुष से श्रेष्ठ है। महिला पुरुष को बराबर मानने पर अनेक तरह के असंतुलन पैदा होंगें। भारत में प्राचीन काल से ही महिलाएं शक्ति की प्रतीक रही हैं। इनके लिए सशक्तिकरण शब्द का प्रयोग पश्चिम की देन है। नारी सशक्तिकरण नहीं नारी सम्मान की जरूरत है।पारिवारिक मूल्य ही हमारा धर्म हैं।
नारी का सम्मान कानून से नहीं हमारे भीतर के भाव बदलने से होगा । विशिष्ट वक्ता बीएनकेवी महाविद्यालय अकबरपुर के हिन्दी विभागाध्यक्ष प्रोफेसर सत्य प्रकाश त्रिपाठी ने कहा कि भारतीय संस्कृति का बड़ा हिस्सा अवध क्षेत्र ने निर्मित किया है। अयोध्या की संत परम्परा ने राष्ट्रीय स्तर पर समरसता स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। संतों ने समाज की जड़ता,अंधविश्वास और रुढ़ियों को तोड़कर समाज में एकता स्थापित की। उड़ीसा जगन्नाथपुरी के संत देवाचार्य ने कहा राम चरित मानस यह बताता है कि हमें कैसे जीना है।
अपना आचरण हमें खुद ही सुधारना है। आचरण सुधारेगा तो सब कुछ ठीक होने लगेगा । बाबा बजरंगदास ने कहा कि सब जीव एक बराबर हैं किसी में भेदभाव नहीं करना चाहिए। सम्पूर्णानंद ने कहा सत्संग से विवेक उत्पन्न होता है। संत की महत्ता का बखान नहीं किया जा सकता। प्रमोद मिश्र मुन्ना ने कहा कि संतों को सामाजिक समरसता हेतु गांव गांव जाकर अलख जगाने की जरूरत है। संगोष्ठी के संरक्षक पीठाधीश्वर कपाली बाबा ने कहा कि इस मठ ने सनातन परम्परा को बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। नाथ पंथ सामाजिक समरसता का पंथ है यहां कुछ भी त्याज्य नहीं है।
अध्यक्षता डॉ सुशील कुमार पाण्डेय साहित्येन्दु संचालन मथुरा प्रसाद सिंह जटायु व आभार ज्ञापन श्यामचंद्र श्रीवास्तव ने किया। इस अवसर पर कादीपुर विधायक राजेश गौतम,सदर विधायक राजप्रसाद उपाध्याय,पूर्व मंत्री शैलेन्द्र यादव ललई,भाजपा जिलाध्यक्ष सुशील त्रिपाठी,उपाध्यक्ष आनंद द्विवेदी,सन्दीप सिंह,अरविन्द सिंह राजा,जिला सहकारी बैंक चेयरमैन योगेंद्र प्रताप सिंह,घनश्याम चौहान, लालमणि सिंह झांसी नगर निगम उपायुक्त वीरेंद्र श्रीवास्तव,ओम प्रकाश श्रीवास्तव,बांके बिहारी पाण्डेय, डॉ. जीतेन्द्र उपाध्याय, ज्ञानेन्द्र विक्रम सिंह रवि,संजीव मिश्र आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
Nov 06 2025, 19:07
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
2- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
11.4k