अमेरिकी सिंगर मैरी मिलबेन ने राहुल गांधी को लगाई फटकार, पीएम मोदी की बुराई पर हुईं नाराज
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत और रूस के तेल खरीद पर बड़ा बयान दिया। ट्रंप के इस बयान को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भारत सरकार पर निशाना साधा, जिसे लेकर मशहूर अमेरिकी सिंगर मैरी मिलबेन उनके ऊपर भड़क उठीं। अमेरिकी सिंगर मैरी मिलबेन ने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी को फटकारते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से नहीं डरते हैं।
मोदी दूरदर्शी, ट्रंप से नहीं डरते-मैरी
अमेरिकी सिंगर मिलबेन ने 'एक्स' पर राहुल गांधी पर पलटवार करते हुए कहा कि आप गलत हैं। पीएम मोदी राष्ट्रपति ट्रंप से नहीं डरते। पीएम मोदी दूरगामी सोच को समझते हैं। अमेरिका के साथ उनकी कूटनीति रणनीतिक है। जिस तरह राष्ट्रपति हमेशा अमेरिका के हितों को सर्वोपरि रखेंगे, उसी तरह प्रधानमंत्री मोदी भी वही करेंगे जो भारत के लिए सबसे अच्छा होगा। और मैं इसकी सराहना करती हूं। राष्ट्राध्यक्ष यही करते हैं। वे वही करते और कहते हैं जो उनके देश के लिए सबसे अच्छा होता है।
राहुल गांधी को जमकर सुनाई खरी-खोटी
मैरी यहीं नहीं रूकी, उन्होंने आगे कहा कि मैं आपसे इस तरह के नेतृत्व को समझने की उम्मीद नहीं करती, न हीं आपको भारत का प्रधानमंत्री बनने के योग्य मानती हूं। बेहतर होगा कि आप अपने "मुझे भारत से नफरत है" वाले दौरे पर वापस लौट जाएं, जिसके दर्शक सिर्फ आप ही हैं।
क्या बोले थे राहुल?
दरअसल, कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने हाल में ही पीएम मोदी पर आरोप लगाते हुए कहा था कि वह अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से डरते हैं, इसी कारण वह बार-बार उन्हें बधाई देते हैं। अब राहुल के इस बयान पर अमेरिकी पॉप सिंगर मैरी मिलबेन ने उन्हें जमकर खरी-खोटी सुनाई है।
भारत में काफी लोकप्रिय अमेरिकी सिंगर
बता दें कि अमेरिकी पॉप सिंगर मैरी मिलबेन भारत में भी काफी लोकप्रिय हैं। वो पहली बार चर्चा में तब आईं जब उन्होंने 2020 में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भारतीय राष्ट्रगान गाया था। इसके साथ ही उन्होंने दिवाली के उत्सव के लिए 'ओम जय जगदीश हरे' गाकर भारतीय लोगों के दिलों में अपनी छाप छोड़ दी थी। वहीं साल 2022 में मिलबेन को स्वतंत्रता दिवस समारोह में प्रस्तुति के लिए भारत आमंत्रित किया गया था। इसके अलावा जून 2023 में मैरी मिलबेन ने अमेरिका और भारत में तब सुर्खियां बटोरीं जब उन्होंने अमेरिका के दौरे पर गए पीएम मोदी के सामने राष्ट्रगान प्रस्तुत किया था।
Oct 17 2025, 19:52