निशिकांत दुबे ने यूएन में पाकिस्तान को जमकर सुनाया, बोले-उपदेश न दे, पहले आईने में चेहरा देखे
#indiaslamspakistanforterrorismchildabuseatunited_nations
भारत ने संयुक्त राष्ट्र महासभा में पाकिस्तान को जमकर लताड़ लगाई है। बाल अधिकारों के गंभीर उल्लंघन और सीमा पार आतंकवाद पर भारत ने पाकिस्तान को खरी-खोटी सुनाई है। भाजपा नेता और लोकसभा सांसद निशिकांत दुबे ने सोमवार को संयुक्त राष्ट्र में पाकिस्तान की आलोचना की। उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर में उसकी हार का हवाला दिया। पाकिस्तान पर बच्चों और आतंकवाद पर संयुक्त राष्ट्र के एजेंडे (सीएएसी) के गंभीर उल्लंघन का आरोप लगाया।
निशिकांत दुबे ने संयुक्त राष्ट्र महासभा (यूएनजीए) के एक सत्र में ‘‘बाल अधिकारों का संवर्धन और संरक्षण’’ विषय पर भारत की ओर से वक्तव्य दे रहे थे। उन्होंने ‘चाइल्ड हेल्पलाइन’ जैसी पहल और बाल तस्करी से निपटने के लिए उठाए गए कदमों के माध्यम से बाल अधिकारों को बनाए रखने के लिए भारत के प्रयासों को स्वीकार करने पर सदस्य देशों को धन्यवाद दिया। वहीं, बीजेपी सांसद ने पाकिस्तान को सीएसी का उल्लंघन करने वालों में से एक बताया।
पाक में बच्चों के खिलाफ गंभीर अत्याचार
निशिकांत दुबे ने पाकिस्तान पर तीखा हमला करते हुए कहा कि पाकिस्तान ने अफगानिस्तान और भारत में स्कूलों और बच्चों को निशाना बनाकर संयुक्त राष्ट्र के बच्चे और सशस्त्र संघर्ष एजेंडा का उल्लंघन किया है। दुबे ने कहा कि हम कड़ी निंदा करते हैं कि पाकिस्तान अपने देश में बच्चों के खिलाफ गंभीर अत्याचारों से दुनिया का ध्यान हटाने की कोशिश कर रहा है, जैसा कि सचिव-जनरल की 2025 की रिपोर्ट में दिखाया गया है। इसके अलावा, इस रिपोर्ट में पाकिस्तान द्वारा स्कूलों में स्वास्थ्यकर्मियों और विशेष रूप से लड़कियों के स्कूलों पर किए गए हमलों और अफगानिस्तान सीमा के पास सीमा पार गोलाबारी और हवाई हमलों में बच्चों की मौत और चोट की घटनाओं का भी जिक्र है।
पाक के बयानों को पूरी तरह पाखंड करार दिया
बीजेपी सांसद ने कहा कि, पाकिस्तान की सेना द्वारा अफगानिस्तान की सीमा के पास किए गए हमलों और हवाई हमलों में कई अफगान बच्चों की मौत हुई है या वे घायल हुए हैं। इसके लिए सीधे तौर पर पाकिस्तान जिम्मेदारी है। उन्होंने मई 2025 में पाकिस्तानी सेना द्वारा भारतीय सीमावर्ती गांवों पर की गई फायरिंग की भी कड़ी आलोचना भी की। दुबे ने पाकिस्तान के अंतरराष्ट्रीय बयानों को पूरी तरह पाखंडी करार दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे काम करने के बाद पाकिस्तान का वैश्विक मंचों पर बोलना बिल्कुल अनुचित है।
पाकिस्तान को खुद को आईने में देखना चाहिए- निशिकांत दुबे
निशिकांत ने कहा, पाकिस्तान को खुद को आईने में देखना चाहिए, इस मंच पर उपदेश देना बंद करना चाहिए, अपनी सीमाओं के भीतर बच्चों की सुरक्षा के लिए कदम उठाना चाहिए और अपनी सीमाओं के पार महिलाओं और बच्चों को निशाना बनाना बंद करना चाहिए।
Oct 14 2025, 16:52