अकौना मोड़ पर बाइक सवार अपराधियों ने शिक्षक को मारी गोली, हालत गंभीर
औरंगाबाद में बाइक सवार अपराधियों ने एक टीचर को मंगलवार को दोपहर बाद गोली मार दी। गोली शिक्षक के पीठ में लगी है। घटना मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के अकौना मोड़ की है। गोली लगने के बाद घायल अकौना गांव के रहने वाले टीचर 50 साल के देवानंद कुमार यादव को सदर अस्पताल ले जाया गया।
सदर अस्पताल में घायल टीचर के परिजन ने बताया कि देवानंद सदर प्रखंड के प्राइमरी स्कूल में तैनात हैं। रोजाना की तरह आज सुबह घर से स्कूल के लिए निकले थे। दोपहर करीब डेढ़ बजे देवानंद को गोली लगने की सूचना मिली। परिजन ने बताया कि जैसे ही हम लोगों को देवानंद को गोली मारने की सूचना मिली, घटनास्थल पर पहुंचे और उन्हें सदर अस्पताल में एडमिट कराया। सदर अस्पताल में इलाज के बाद स्थिति गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने देवानंद को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया।
देवानंद की शादी 25 साल पहले हुई थी। उनकी पत्नी गीता देवी अकौना मिडिल स्कूल में टीचर हैं। देवानंद और गीता देवी के दो बेटे हैं। उनकी पत्नी और दोनों बेटों अभिषेक और आदर्श बंटी ने बताया कि पिता का किसी से कोई विवाद नहीं है।
अकौना मोड़ पर बाइक सवार बदमाशों ने मारी गोली
जानकारी के मुताबिक, लंच के दौरान देवानंद स्कूल से निकलकर किसी जरूरी काम से औरंगाबाद जा रहे थे। इसी दौरान अकौना मोड़ पर बाइक सवार अपराधियों ने पीछा कर उनके पीठ में गोली मार दी। वारदात को अंजाम देने के बाद बाइक सवार अपराधी फरार हो गए। हालांकि देवानंद को गोली किसने और क्यों मारी, इसकी जानकारी नहीं मिल पाई है। फिलहाल परिजन भी कुछ बताने से इनकार कर रहे हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, गोली लगने के बाद देवानंद बाइक से नीचे गिर गए। घटना की सूचना स्थानीय लोगों की ओर से पुलिस को दी गई है। फिलहाल पुलिस मामले की तफ्तीश में जुटी है।
इस संबंध में मुफ्फसिल थाना अध्यक्ष अशोक कुमार ने बताया कि गोली लगने से शिक्षक देवानंद कुमार यादव घायल हुए हैं। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। मामले की छानबीन की जा रही है। गोली मारकर भागने वाले अपराधियों का पता लगाया जा रहा है। फिलहाल घटना के कारणों के बारे में जानकारी मिली नहीं मिली है।
Oct 10 2025, 15:09