एक दिन की थाना प्रभारी बनी 10वीं की छात्रा श्वेता दुबे.महिला शिकायत पर तुरन्त गठित की जांच टीम।

संजय द्विवेदी प्रयागराज।मिशन शक्ति अभियान के तहत बेटियों को आत्मविश्वासी और सशक्त बनाने के उद्देश्य से एक अनूठी पहल की गई।इंदिरा गांधी इण्टर कॉलेज पटेलनगर अकोढ़ा कौंधियारा यमुनानगर की कक्षा 10वी की छात्रा श्वेता दुबे को एक दिन के लिए कौधियारा थाने की थाना प्रभारी बनायी गई।छात्रा ने जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ जनसुनवाई की अध्यक्षता करते हुए लोगो की समस्याएं सुनीं और तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।थाने में आयोजित जनसुनवाई के दौरान दो मामले सामने आए।पहला मामला टिकरी गांव की महिला मीना देवी का था जिन्होंने मारपीट से सम्बंधित शिकायत दर्ज कराई।शिकायत सुनते ही एक दिन की थाना प्रभारी श्वेता दुबे ने गम्भीरता दिखाते हुए तत्काल पुलिस टीम गठित करने और मामले की जांच कर उचित कार्रवाई के निर्देश दिए।दूसरा मामला जोखनाई गांव का था जिसकी शिकायत भी उन्होंने ध्यानपूर्वक सुनी और सम्बंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतकर्ता को न्याय अवश्य मिले।इसके बाद श्वेता दुबे ने थाना परिसर का निरीक्षण किया और वहां की व्यवस्थाओं को बारीकी से देखा।उन्होंने अभिलेख महिला हेल्प डेस्क और शिकायत रजिस्टर का अवलोकन भी किया।इस दौरान उन्होंने कहा कि मिशन शक्ति जैसी योजनाएं हमें आत्मनिर्भर और निडर बनने की प्रेरणा देती है।पुलिस की भूमिका समाज में कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ ही आम जनता की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करने की होती है।मौके पर थाना प्रभारी कुलदीप शर्मा उपनिरीक्षक अभय यादव उपनिरीक्षक निधि सिंह चौहान महिला कांस्टेबल प्रीति रावत रिशुकान्त श्रीवास सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे। सभी ने छात्रा श्वेता दुबे का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि बेटियों में अब किसी भी क्षेत्र में आगे बढ़ने की अपार संभावनाएं है।मिशन शक्ति अभियान के तहत यह पहल न केवल बेटियों को आत्मविश्वास से भरने का कार्य कर रही है,बल्कि समाज को भी यह संदेश दे रही है कि आज की बेटियां जिम्मेदारी निभाने में किसी से पीछे नहीं है।

प्रयागराज जंक्शन पर अनबुक्ड लगेज चेकिंग अभियान में पकड़ा गया 415 किलोग्राम अनबुक्ड लगेज।

संजय द्विवेदी प्रयागराज। मण्डल ने अपने सभी यात्रियों को उत्कृष्ट सुविधाएं प्रदान करने के लिए वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक/कोचिंग हिमांशु शुक्ला के निर्देशन में यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए टिकट रहित/अनियमित यात्रा एवं अनबुक्ड लगेज पर अंकुश लगाने के लिए स्टेशनों एवं गाड़िंयों में चेकिंग अभियान एवं जागरूकता अभियान के साथ चलाये जा रहे है।अनबुक्ड लगेज ले जाने से न केवल अन्य यात्रियो को असुविधा होती है बल्कि सुरक्षा व्यवस्था पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।ऐसे मामलो में रेल प्रशासन सम्बंधित यात्री के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई कर सकता है जिसमें जुर्माना या सामान की जब्ती भी शामिल है।दिनांक 09.10.2025 को मुख्य वाणिज्य निरीक्षक राहुल दुबे एवं मुख्य वाणिज्य निरीक्षक एवं मुख्य टिकट निरीक्षक के.के.दूबे के नेतृत्व में 4 सदस्यों की टीम द्वारा स्पेशल चेकिंग अभियान चलाया गया।इस अभियान में प्रयागराज जंक्शन पर गाड़ी संख्या 12560 नई दिल्ली-बनारस शिवगंगा एक्सप्रेस;12562 नई दिल्ली-जयनगर स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस 20802 नई दिल्ली-इस्लामपुर मगध एक्सप्रेस;12418 नई दिल्ली- प्रयागराज एक्सप्रेस;12802 आनंद विहार-पुरी पुरुषोत्तम एक्सप्रेस एवं 12582 नई दिल्ली-बनारस सुपरफास्ट एक्सप्रेस गाड़ियों को चेक किया गया।इस अभियान में गाड़ी संख्या 12562 नई दिल्ली-जयनगर स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस में बिना टिकट यात्रा करने वाले 02 यात्रियों को 415 किलोग्राम अनबुक्ड लगेज के साथ पकड़ा गया। बिना टिकट यात्रा एवं अनबुक्ड लगेज के लिए यात्रियों से कुल 7506/- रूपये जुर्माना वसूल किया गया।वाणिज्य विभाग एवं रेलवे सुरक्षा बल द्वारा स्टेशनों और ट्रेनों में नियमित जांच की जा रही है।यात्रियों से अपेक्षा है कि वे रेलवे नियमों का पालन करे।रेलवे अपने सभी यात्रियों का सम्मान करती है और उनकी सुखद यात्रा की कामना करती है।

भारत को सामाजिक और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का उद्देश्य-राजेश शुक्ल।

हर घर स्वदेशी घर-घर स्वदेशी की भावना को जन-जन में सशक्त करना है-राजेश शुक्ल।

आत्मनिर्भर भारत संकल्प के तहत यमुनापार जिला की प्रेसवार्ता जिला कार्यालय में सम्पन्न।

संजय द्विवेदी प्रयागराज।आत्मनिर्भर भारत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत संकल्प अभियान भारत को सामाजिक और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की राष्ट्रीय पहल है।इसका उद्देश्य है हर नागरिक को आत्मनिर्भरता के संकल्प से जोड़ना हर घर स्वदेशी घर-घर स्वदेशी की भावना को सशक्त करना और बोकल फॉर लोकल का संदेश जन-जन तक पहुँचाना है उक्त बातें बृहस्पतिवार को भाजपा जिला कार्यालय सिविल लाइंस प्रयागराज में यमुनापार जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ल ने पत्रकारों को सम्बोधित करते हुए कहा और आगे बताया की सभी नागरिक संकल्प लेकर अपने आस-पास और देश के निर्मित वस्तुओं का उपयोग कर स्वदेशी संकल्प को साकार करें।जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ल ने बताया 25 सितम्बर पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती से 25 दिसंबर पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी के जयंती तक आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान के तहत् विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होंगे।जिसमें यमुनापार मे जिला कार्यशाला के 20 मंडलों व चारो विधानसभा स्तर पर आत्मनिर्भर भारत व जीएसटी सम्मेलन सम्पन्न हो चुका 9 अक्टूबर को कैबिनेट मंत्री नन्दगोपाल गुप्ता नन्दी स्वादेशी मेले का उद्घाटन करने जा रहें हैं।16-30 अक्टूबर तक महिला एवं युवा सम्मेलन आयोजित होंगे। 1-15 नवम्बर तक व्यापारी लघु उधोगी प्रोफेशनल सम्मेलन कालेज स्तरीय स्वदेशी संकल्प सेमिनार आयोजित किए जाएंगे।1-25 दिसंबर तक जिला स्तर पर आत्मनिर्भर भारत संकल्प रथ और पद यात्रा निकाली जाएगीं। यमुनापार के बीसो मण्डलो में स्थानीय कारीगर उधमियों के मंडल सम्मेलन आयोजित होंगे। प्रेस-वार्ता का संचालन एवं आभार जिला मीडिया प्रभारी दिलीप कुमार चतुर्वेदी ने किया। प्रेस-वार्ता में विधायक करछना पियूष रंजन निषाद अभियान के जिला संयोजक अनिल मिश्र सतीश विश्वकर्मा मुकेश पाण्डेय नरेश सोनकर आदि उपस्थित रहे।

श्रीमद् भागवत महापुराण की कथा मानव जीवन की व्यथा मिटाती है-पं निर्मल कुमार शुक्ल।

संजय द्विवेदी प्रयागराज।श्रीमद् भागवत भगवान श्रीकृष्ण का अक्षराकार स्वरुप है।शास्त्रो में भगवान की अनेक प्रकार की मूर्तियों का वर्णन आता हैं।जिस प्रकार पाषाण की मूर्ति रत्नों की मूर्ति लकड़ी मिट्टी और सोने की बनाई हुई मूर्ति होती है वैसे ही भागवत भगवान् की अक्षरो से बनी हुई मूर्ति है।कल्प वृक्ष स्वर्ग की और चिंता मणि इस धरती लोक की समस्त संपत्ति देने में समर्थ है किन्तु भागवत तो स्वयं भगवान को देने में समर्थ है।जिस घर में प्रतिदिन भागवत पाठ होता है वहां सारी आधि व्याधि समाप्त हो जाती है।भूत प्रेत वाधा ब्रह्म पिशाच आदि बाधाएं भागवत कथा से निर्मूल हो जाती हैं।इस ग्रंथ में भगवान श्रीकृष्ण स्वयं निवास करते हैं यह भगवान का निवास स्थल है।महाराष्ट्र से पधारे हुए रामायण भागवत शिव पुराण गीता आदि सनातन ग्रंथों के विलक्षण व्याख्याकार सुप्रसिद्ध कवि और साहित्यकार मानस महारथी पं निर्मल कुमार शुक्ल ने भागवत कथा के द्वितीय दिवस विशाल श्रोता समाज को भाव विभोर करते हुए उक्त उद्गार व्यक्त किया।पं अमरनाथ दूबे नीबी लोहगरा द्वारा आयोजित इस भव्य कथा महोत्सव में विद्वान वक्ता ने आज देवर्षि नारद के पूर्व जन्म की कथा परीक्षित के जन्म उनके द्वारा कलियुग के दमन फिर श्रृंगी ऋषि द्वारा राजा को सातवे दिन तक्षक नाग द्वारा डसने का शाप और शुकदेव आगमन की कथा का विस्तार से वर्णन किया।आपने श्रृष्टि रचना की कथा वर्णन करते हुए कहा कि भगवान के शरीर से ही पृथ्वी जल वायु अग्नि आदि महाभूत प्रकट होते हैं फिर उन्हीं भगवान के नाभि कमल से ब्रह्मा का प्रादुर्भाव होता है।ब्रह्मा के शरीर से वाराह भगवान का प्राकट्य होता है।वाराह भगवान हिरण्याक्ष का वध करके पाताल लोक से धरती लाते हैं फिर उन्ही ब्रह्मा के शरीर के दक्षिण भाग से महाराज मनु और वाम भाग से देवी सतरूपा का जन्म होता है जिनके द्वारा मानव श्रृष्टि की रचना होती है।मनु के द्वारा प्रकट होने के कारण ही हमें मानव या मनुष्य कहा जाता है। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं क्षेत्र के समाज सेवी तथा राजनेता स्व.पं जंगी राम दूबे की पावन स्मृति में उनके सुपुत्र पं अमरनाथ दूबे द्वारा आयोजित इस कथा में आज पं महेन्द्र शुक्ल डा.आशाराम शुक्ल कमलाकांत तिवारी राज हंस तिवारी पं भोलानाथ दूबे नवनीत मिश्र चंद्रमणि मिश्र बलदेव सिंह दिवाकराचार्य त्रिपाठी रामकृष्ण मिश्र अभिराम त्रिपाठी आदि क्षेत्र के विशिष्ट महानुभाव उपस्थित रहे।पं अभय शंकर दूबे हृदय शंकर दूबे अमिय शंकर दूबे व अनिय शंकर दूबे ने सभी अतिथियों का स्वागत किया‌। दूबे परिवार ने समस्त क्षेत्रीय श्रृद्धालुओं से अधिकाधिक संख्या में पधारकर इस कथा गंगा में स्नान करने का आग्रह किया है।यह कथा भागीरथी 14 तक प्रतिदिन मध्यान्ह 2/30 से 6 बजे तक प्रवाहित होगी।

दबंगों ने युवक को मारा पीटा.विरोध करने पर हत्या करने की दी धमकी,एफआईआर दर्ज.जाच में जुटी पुलिस।

संजय द्विवेदी प्रयागराज।यमुनानगर अन्तर्गत

तहसील बारा स्थित कौधियारा थाना क्षेत्र के टिकरी चौराहे पर बुधवार सुबह हुई मारपीट की घटना से सनसनी मच गई।गांव के ही दो दबंग युवकों द्वारा एक निर्दोष को मारना-पीटना करने के बाद जान से मरवाने की धमकी देने से ग्रामीणों में काफी आक्रोश है। पीड़ित सचिन तिवारी पुत्र अरविन्द तिवारी निवासी टिकरी ने बताया कि 8 अक्टूबर को सुबह 10 बजे वह अकोढ़ा से अपने घर लौट रहा था। इसी बीच टिकरी चौराहे के समीप गांव के ही सन्तोष पाण्डेय पुत्र दयाशंकर पाण्डेय और मोनू पाण्डेय पुत्र धीरेन्द्र पाण्डेय ने मोटरसाइकिल से आकर रास्ता रोक लिया और बिना किसी कारण के ही गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर दोनों ने सचिन को लात-घूंसों और डंडों से जमकर पीटाजिससे वह सड़क पर गिर गया और उसकी मोटर साइकिल भी क्षतिग्रस्त हो गई मोबाइल फोन भी टूट गया। पीड़ित सचिन ने बताया कि इतने पर भी दोनों ने अगली बार जान से खत्म कर देने की धमकी भी दी। घटना की जानकारी होने पर थाना प्रभारी कौंधियारा कुलदीप शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और पीड़ित की तहरीर पर दोनों आरोपियों के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज,धमकी और सम्पत्ति क्षतिग्रस्त करने का मुकदमा दर्ज किया। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच-पड़ताल कराई जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को सहन नहीं किया जाएगा। ग्रामीणों ने भी कहा है कि टिकरी चौराहे पर अक्सर असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है, जिससे महिलाएं एवं छात्राएं असुरक्षित महसूस करते हैं। उन्होंने पुलिस से चौराहे पर नियमित रूप से गश्त कर दबंगों पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग किया है। पीड़ित सचिन तिवारी ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि शीघ्र ही आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया तो ग्रामीणों द्वारा थाने का घेराव कर उग्र आंदोलन शुरू किया जाएगा। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि दोनों अभियुक्तों को जल्द ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।

व्यापारी की अचानक मौत, परिवार में मातम और गांव में कोहराम।

32 वर्षीय अनूप केशरवानी का निधन दो छोटे बच्चे हुए बेसहारा,गांव में पसरा शोक का सन्नाटा।

संजय द्विवेदी प्रयागराज।यमुनानगर अन्तर्गत तहसील बारा क्षेत्र के ग्राम सभा पडुंवा में एक ऐसी दुखद घटना हुई जिसने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया।अनूप केशरवानी (उम्र लगभग 32 वर्ष)जो अपने गांव में हमेशा मिलनसार दयालु और मददगार के रूप में जाने जाते थे अचानक इस दुनिया से चले गए। परिजनों ने बताया कि अनूप सुबह अपने रोजमर्रा के काम से घर से बाहर गए थे। लौटते समय उन्होंने हल्की घबराहट जताई लेकिन कुछ ही समय बाद वह अचानक बेहोश हो गए। परिजन उन्हें तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अनूप अपने तीन भाइयों में सबसे बड़े थे और अपने दो छोटे बच्चों के लिए वह सबसे बड़े सहारे और प्रेरणा थे। उनकी पत्नी और बच्चे अब उनकी यादों में खुद को ढूंढते रह गए हैं। उनके परिवार का घर अब सन्नाटे और अश्रुओं से भरा है। हर कोना उनकी अनुपस्थिति की कहानी कह रहा है।गांव वासियों का कहना है कि अनूप का स्वभाव मिलनसार सरल दयालु और हमेशा दूसरों की मदद करने वाला था। गरीबों, जरूरतमंदों और दोस्तों की मदद करना उनकी आदत थी। उनकी हंसी, उनके विचार और उनका साथ अब केवल यादों में ही जीवित है। उनके निधन ने न केवल परिवार को तोड़ा है बल्कि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ा दी है। लोग अब उनके घर जाकर आंसू पोछते और परिजनों को सांत्वना देते हैं। बच्चे अपनी मासूम आंखों से पिता की याद में रोते हैं और घर में उनकी अनुपस्थिति का हर पल महसूस किया जा रहा है।गांव वाले कहते है अनूप की तरह दयालु और नेकदिल इंसान शायद ही कभी मिलेगा। उनकी यादें हमेशा हमारे साथ रहेंगी और उनकी कमी हमेशा महसूस होगी।

राम ने धनुष तोड़ा,सीता ने वरमाला पहनाई।

यमुनानगर कौंधियारा:बारी बजहिया गांव में स्थानीय कलाकारो ने किया सीता स्वयंवर का मंचन।

संजय द्विवेदी प्रयागराज।यमुनानगर अन्तर्गत कौधियारा विकास खण्ड स्थित बारी बजहिया गांव में धनुष यज्ञ सीता स्वयंवर का भव्य मंचन किया गया। इस आयोजन को देखने के लिए सैकड़ों दर्शक उपस्थित रहे।पौराणिक कथा के अनुसार मिथिलापुरी में आयोजित इस स्वयंवर में देश-विदेश से आए कई राजाओं ने धनुष तोड़ने का प्रयास किया।हालांकि कोई भी राजा उसे हिला भी नहीं सका।राजा जनक के दुख को देखकर भगवान राम के छोटे भाई लक्ष्मण ने धनुष तोड़ने का वचन दिया।गुरु विश्वामित्र की आज्ञा लेकर भगवान राम ने धनुष का खंडन किया।धनुष टूटते ही पूरे राज दरबार में जय श्री राम के जयकारे गूंज उठे।धनुष टूटने के बाद सीता ने भगवान राम को वरमाला पहनाई और उनसे विवाह किया।

इस धनुष यज्ञ सीता स्वयंवर का मंचन गांव के स्थानीय कलाकारों द्वारा किया गया।मंचन में रोहन पटेल ने भगवान राम यश पटेल ने सीता और अंकित पटेल ने लक्ष्मण की भूमिका निभाई।रामू शुक्ला ने राजा जनक योगेन्द्र कुमार पटेल ने विश्वामित्र मिथिलेश कुमार पटेल ने दशकन्धर रावण और पवन कुमार पटेल ने बाणासुर का किरदार निभाया।संजय पटेल परशुराम की भूमिका में थे।अन्य कलाकारो में धर्मेन्द्र पटेल पेट्टल राजा सच्चिदानन्द पटेल साधु राजा भूपेन्द्र पटेल दुष्ट राजा हरिओम पटेल जोकर शिव शंकर और शिव कुमार राजा अरविन्द पटेल लसटकिया तथा राम कैलाश पटेल द्वारा मंचन किया गया।हारमोनियम मास्टर मान सिंह पटेल की टीम ने संगीत का मधुर समां बांधा।

*इंडोनेशिया में खानम की पेटिंग का चयन:अन्तर्राष्ट्रीय इस्लामिक कैलिग्राफी प्रदर्शनी में दिखेगा जलवा*

डॉ.ज़ाहेदा खानम की कला का इंडोनेशिया में प्रदर्शनी व सम्मान

संजय द्विवेदी

प्रयागराज।इंडोनेशिया में होने वाली अंतर्राष्ट्रीय इस्लामिक कैलिग्राफी प्रदर्शनी में डॉ. ज़ाहेदा खानम की पेटिंग द मिरेकल्स ऑफ क़ुरआन निश्चित रूप से दर्शकों का दिल जीतेगी अंतर्राष्ट्रीय क्यूरेटर गोरी यूसुफ हुसैन द्वारा क्यूरेट की जा रही इस प्रदर्शनी के 5वें संस्करण में 50 देशों के 200 कलाकार भाग ले रहे है जो 11 से 18 अक्टूबर तक चलेगी।

डॉ.खानम की इस पेंटिंग में दो समुद्रों का अद्भुत संगम दिखाया गया है, जो दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर देगी।काठमांडू और यूएसए में अपनी कला का प्रदर्शन कर चुकी डॉ. खानम की यह पेंटिंग इंडोनेशिया में भी अपनी छाप छोड़ने के लिए तैयार है। इस अद्भुत प्रदर्शनी की बड़ी उपलब्धि के लिए उन्हें प्रयागराज के प्रख्यात अकादमी कलाकार रवीन्द्र कुशवाहा तथा एमिनेंट आर्टिस्ट तलत महमूद कसीम फारुकी राजेन्द्र भारतीय तथा प्रयागराज के कलाकारों ने हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई दी है!

डीएम की अध्यक्षता में जिला स्तरीय बार समिति की बैठक सम्पन्न

संजय द्विवेदी प्रयागराज। जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा (अध्यक्ष बार समिति) की अध्यक्षता में बुधवार को जनमिलन कक्ष में जिला स्तरीय बार समिति की बैठक आहुत की गयी। बैठक में पदेन सदस्य के रूप में पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट प्रयागराज के प्रतिनिधि मनीष कुमार शाण्डिल्य डीसीपी नगर प्रयागराज विकास प्राधिकरण के सचिव अजीत कुमार सिंह उप आबकारी आयुक्त प्रयागराज प्रभार प्रयागराज राजेन्द्र प्रसाद व जिला आबकारी अधिकारी सुशील कुमार मिश्रा उपस्थित रहे।

बैठक में जिला स्तरीय बार समिति के द्वारा कुल 03 बार कमशः1-न्यू जेड गार्डिन रेस्टोरेन्ट 123/27ए एम०जी० मार्ग सिविल लाइन्स प्रयागराज में बार अनुज्ञापन एफ0एल0-7 2- मे० प्रेसीडेन्सी इंटरनेशनल होटल्स प्राइवेट लिमिटेड रेडिसन प्रयागराज 24/19डी सरोजिनी नायडू मार्ग सिविल लाइन्स प्रयागराज को बार अनुज्ञापन अनुज्ञापन एफ0एल0-6 3- होटल पोलोमैक्स प्रयागराज यूनिट ऑफ एफिशिएंट होटल्स इण्डिया प्राइवेल लिमिटेड रेलवे स्टेशन काम्पाउण्ड सिविल लाइन्स प्रयागराज जंक्शन प्रयागराज को अनुज्ञापन एफ0एल0-6 की स्वीकृति के संबंध में जिला स्तरीय बार समिति की बैठक सम्पन्न हुई जिसमें सर्वसम्मति से मे० प्रेसीडेंसी इंटरनेशनल होटल्स प्राइवेट लिमिटेड रेडिसन प्रयागराज 24/19डी सरोजिनी नायडू मार्ग सिविल लाइन्स प्रयागराज को बार अनुज्ञापन एफ0एल0-6 की स्वीकृति जिला स्तरीय बार समिति द्वारा प्रदान की गयी। शेष 02 बार पर आवश्यक अभिलेख न होने के कारण कार्यवाही प्रक्रियाधीन है।

भव्य कलश यात्रा के साथ भागवत कथा का शुभारम्भ

संजय द्विवेदी प्रयागराज। लोहागरा बाजार नीबी में उत्साह के साथ भागवत कथा का शुभारम्भ हो हुआ। सुबह 11बजे भव्य शोभा यात्रा निकाली गई जिसमें भारी संख्या में बच्चे महिलाएं और पुरुषो ने भाग लिए तद उपरांत कथा व्यास निर्मल कुमार शुक्ल के मुखारविंद से प्रथम दिन की गोपार्णो प्रख्यान एवं भगवान परीक्षित के जन्म की कथा कही गई।इस कार्यक्रम में मुख्य जजमान अमर नाथ द्विवेदी एवं कांति द्विवेदी के अलावा क्षेत्र के सैकड़ों महिलाएं पुरुष व बच्चे मंत्रमुग्ध होकर कथा का अमृत रस पान किया। भगवान की कथा को सुनने के लिए भारी संख्या में लोग उपस्थित रहे।