कन्नौज जिले के गुगरापुर स्वास्थ्य केन्द्र को मिलेगा नया रूप, राज्य मंत्री असीम अरुण ने विधायक निधि से दिए ₹17.57 लाख
पंकज श्रीवास्तव/विवेक कुमार,कन्नौज। जनपद के ग्राम गुगरापुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में अब स्वास्थ्य सेवाएं और अधिक सशक्त होंगी। समाज कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री असीम अरुण ने अपने विधायक निधि से केन्द्र में मूलभूत सुविधाओं के विकास के लिए 17.57 लाख रुपए की धनराशि स्वीकृत की है। राज्य मंत्री ने मुख्य विकास अधिकारी, कन्नौज को निर्देश दिए हैं कि धनराशि का उपयोग स्वास्थ्य केन्द्र की अधोसंरचना, उपकरणों और आवश्यक संसाधनों के सुदृढ़ीकरण में किया जाए।कार्यों की जिम्मेदारी यू.पी. सिडको, कन्नौज को सौंपी गई है, जिससे कार्य पारदर्शी, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध ढंग से पूरे हो सके।
'ग्राम्य स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त बनाना ही प्राथमिकता'
राज्य मंत्री असीम अरुण ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना मुख्यमंत्री की सर्वोच्च प्राथमिकता है। विधायक निधि के माध्यम से स्वास्थ्य केन्द्रों को सशक्त बनाया जा रहा है। स्वास्थ्य केन्द्रों में स्वच्छता, प्रसूति सेवाएं, जांच उपकरण और मरीजों के बैठने की उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।
ग्रामीणों को मिलेगा सीधा लाभ
राज्य मंत्री की यह पहल गांवों में चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक और ठोस कदम है। इस निर्णय से गुगरापुर और आसपास के दर्जनों गांवों की हजारों की आबादी को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलेगा।
10 hours ago