झारखंड में 5 दिनों का येलो अलर्ट जारी, भारी बारिश की चेतावनी
रांची - भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने झारखंड के लिए अगले पांच दिनों तक का येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में 22 सितंबर तक कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है, जबकि कुछ जगहों पर गरज के साथ वज्रपात और 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की भी आशंका है। लोगों को इस दौरान सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग ने अपने पूर्वानुमान में बताया कि दक्षिण-पश्चिमी मानसून लौट रहा है और पूर्वी उत्तर प्रदेश तथा बिहार से सटे इलाकों में एक अपर एयर साइक्लोनिक सर्कुलेशन सक्रिय है, जिसका असर झारखंड के मौसम पर देखने को मिलेगा।
राज्य में सामान्य से 20% अधिक बारिश
मौसम केंद्र के आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटों में झारखंड में मानसून सामान्य रहा, जहां कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हुई। पलामू के उंटारी रोड में सबसे अधिक 85.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
पूरे राज्य की बात करें तो झारखंड में इस मानसून सीजन में सामान्य से 20% अधिक बारिश हुई है। राज्य में 935.3 मिलीमीटर की सामान्य बारिश के मुकाबले इस बार 1119.7 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है। सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान सरायकेला में 34.1 डिग्री और न्यूनतम तापमान लातेहार में 20.5 डिग्री सेल्सियस रहा।
![]()
2 hours and 35 min ago