मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मिले दुर्गा पूजा समितियों के प्रतिनिधिमंडल, दिया पूजा का आमंत्रण
रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से आज उनके कांके रोड स्थित आवासीय कार्यालय में महानगर दुर्गा पूजा समिति, जिला दुर्गा पूजा समिति और श्री महावीर मंडल रांची के एक संयुक्त प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की। इस मुलाकात के दौरान आगामी दुर्गोत्सव-2025 की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
![]()
![]()
प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि रांची और आसपास के क्षेत्रों में छोटे-बड़े मिलाकर करीब 157 पूजा पंडालों में दुर्गोत्सव का आयोजन किया जा रहा है और सभी की तैयारी जोर-शोर से चल रही है। सदस्यों ने मुख्यमंत्री के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि राज्य सरकार और जिला प्रशासन से उन्हें पूरा सहयोग मिल रहा है, जिससे बिजली-पानी और साफ-सफाई की व्यवस्था सुचारु रहती है।
![]()
प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को उनके परिवार सहित पूजा पंडालों में आकर माता रानी का दर्शन करने के लिए सादर आमंत्रित किया। इस दौरान सदस्यों ने मुख्यमंत्री को मां दुर्गा की प्रतिमा, चुनरी और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने सभी सदस्यों को दुर्गा पूजा की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं।
दुर्गा पूजा समितियों को मिलेगा पूरा सहयोग
मुख्यमंत्री ने पूजा समितियों को आश्वासन दिया कि राज्य सरकार का पूरा सहयोग उन्हें पहले की तरह ही मिलेगा। उन्होंने पूजा समितियों और जिला प्रशासन के सदस्यों से बेहतर तालमेल बनाकर शांति और सौहार्दपूर्ण वातावरण में पूजा संपन्न कराने का आग्रह किया।
रांची को मॉडल शहर बनाना प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार रांची को एक मॉडल शहर के रूप में विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सरकार रांची को सुंदर और स्वच्छ बनाने के लिए विशेष कार्ययोजना के साथ लगातार काम कर रही है। उन्होंने शहर के विकास में आम लोगों की भागीदारी को भी महत्वपूर्ण बताया।
इस मौके पर उपायुक्त मंजुनाथ भजंत्री, डीआईजी-सह-वरीय पुलिस अधीक्षक चंदन कुमार सिन्हा और विभिन्न दुर्गा पूजा समितियों के पदाधिकारी उपस्थित थे।
Sep 11 2025, 10:18