भाजपा का हेमंत सरकार पर बड़ा आरोप: राजधानी रांची महिलाओं के लिए सबसे असुरक्षित, 'सर्वे रिपोर्ट ने खोली पोल'
रांची: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने हेमंत सोरेन सरकार पर राजधानी रांची सहित पूरे प्रदेश में महिलाओं को सुरक्षा देने में नाकाम होने का गंभीर आरोप लगाया है। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने राष्ट्रीय महिला आयोग द्वारा जारी 'नारी रिपोर्ट 2025' का हवाला देते हुए कहा कि यह रिपोर्ट सरकार की संवेदनहीनता और नाकामी को उजागर करती है।
प्रतुल शाहदेव ने कहा, "देश के 31 शहरों में महिला सुरक्षा को लेकर हुए सर्वे में राजधानी रांची की महिलाएं सबसे असुरक्षित पाई गईं।" उन्होंने कहा कि सरकार के लिए यह सबसे शर्मनाक पहलू है कि राजधानी की 27% महिलाएं छेड़खानी के कारण अपना घर बदलने को मजबूर हो रही हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि लोगों का पुलिस पर विश्वास इतना कम हो गया है कि 9% महिलाएं अपने साथ हुए अपराध को छुपा लेती हैं, और सर्वे के अनुसार 85% महिलाओं को प्रशासन पर बिल्कुल भरोसा नहीं है।
शाहदेव ने कहा कि यह स्थिति सिर्फ रांची तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे झारखंड में यही हाल है। उन्होंने आरोप लगाया कि "हेमंत सरकार के कार्यकाल में अब तक 8000 से ज्यादा बलात्कार के मामले दर्ज हो चुके हैं।" उन्होंने यह भी कहा कि बलात्कारियों को सजा दिलाने का सरकार का रिकॉर्ड भी फिसड्डी है।
प्रवक्ता ने इस बात पर जोर दिया कि आदिवासी बालिकाएं लगातार मानव तस्करी की चपेट में आ रही हैं, फिर भी हेमंत सरकार पिछले 6 वर्षों से राज्य महिला आयोग का गठन नहीं कर पाई है। उन्होंने कहा कि "जो सरकार महिला आयोग तक नहीं बना पाई, उससे महिलाओं की सुरक्षा की उम्मीद करना बेमानी है।"
Sep 07 2025, 11:02