गोंडा आर.ओ.एच. डिपो: रेलवे वैगनों की विश्वसनीयता और सुरक्षा का प्रतीक


लखनऊ।03 सितंबर 2025: मंडल रेल प्रबंधक श्री गौरव अग्रवाल के मार्गदर्शन और वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर /ईएनएचएम, फ्रेट व डीएम श्री महेंद्र सिंह के नेतृत्व में पूर्वोत्तर रेलवे का गोंडा आर.ओ.एच. (रूटीन ओवरहालिंग) डिपो रेलवे वैगनों की विश्वसनीयता और परिचालन सुरक्षा को नई ऊंचाइयों पर ले जा रहा है। यह डिपो न केवल वैगनों के अनुरक्षण और मरम्मत का केंद्र है, बल्कि प्रीमियम रेक परीक्षण और आर.ओ.एच. के लिए पूर्वोत्तर रेलवे का एकमात्र प्रमुख डिपो भी है।

यहाँ उपलब्ध अत्याधुनिक बुनियादी सुविधाएँ और तकनीकी विशेषज्ञता इसे रेलवे परिचालन का एक महत्वपूर्ण हिस्सा बनाती हैं।वैगनों की जीवनरेखा

रूटीन ओवरहालिंग (आर.ओ.एच.) एक ऐसी प्रक्रिया है जो प्रत्येक पी.ओ.एच. (पीरियॉडिक ओवरहालिंग) या निर्माण के दो वर्ष बाद वैगनों के अनुरक्षण के लिए की जाती है। इसके अंतर्गत वैगनों के अंडर गियर और बॉडी के महत्वपूर्ण हिस्सों जैसे व्हील और एक्सल, सी.टी.आर.बी., एयर ब्रेक सिस्टम और कप्लर की गहन मरम्मत और परीक्षण किया जाता है।

यह प्रक्रिया वैगनों की विश्वसनीयता को बढ़ाने के साथ-साथ परिचालन के दौरान होने वाली विफलताओं को कम करती है, जिससे रेलवे परिचालन की सुरक्षा और दक्षता में वृद्धि होती है। गोंडा आर.ओ.एच. डिपो में बी.सी.एन., बी.आर.एन., और बी.वी.सी.एम. प्रकार के वैगनों का अनुरक्षण किया जाता है।

गौरवशाली उपलब्धियाँ

गोंडा आर.ओ.एच. डिपो ने अपने स्थापना काल से लेकर अब तक कई महत्वपूर्ण उपलब्धियाँ हासिल की हैं:

1984: पहली बार रेक परीक्षण की शुरुआत।

मई 2006: प्रीमियम रेक परीक्षण की शुरुआत।

फरवरी 2019: 10 वैगनों प्रति माह के लक्ष्य के साथ आर.ओ.एच. डिपो का शुभारंभ।

मार्च 2019: पहले वैगन का आर.ओ.एच. कार्य पूर्ण।

मार्च 2021: 47 वैगनों का आर.ओ.एच. पूरा।

मार्च 2022: 103 वैगनों का आर.ओ.एच. कार्य संपन्न।

मार्च 2025: 154 वैगनों का आर.ओ.एच. पूर्ण।

अगस्त 2025: अब तक का सर्वाधिक 169 वैगनों का आर.ओ.एच., जो डिपो की कार्यक्षमता और समर्पण का प्रतीक है।

प्रीमियम रेक परीक्षण में अग्रणी

गोंडा डिपो पूर्वोत्तर रेलवे का एकमात्र ऐसा डिपो है जो प्रीमियम रेक परीक्षण और आर.ओ.एच. दोनों में विशेषज्ञता रखता है। यहाँ उपलब्ध सभी बुनियादी और मूलभूत सुविधाएँ वैगनों की गुणवत्ता और परिचालन दक्षता को सुनिश्चित करती हैं। डिपो की समर्पित टीम और आधुनिक तकनीक ने इसे रेलवे के अनुरक्षण क्षेत्र में एक मिसाल बनाया है।

भविष्य की योजनाएँ

गोंडा आर.ओ.एच. डिपो न केवल अपनी वर्तमान उपलब्धियों पर गर्व करता है, बल्कि भविष्य में और अधिक वैगनों के अनुरक्षण और प्रीमियम रेक परीक्षण की क्षमता बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। यह डिपो रेलवे के परिचालन को और अधिक सुरक्षित, विश्वसनीय और कुशल बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

थाना उमरी बेगमगंज पुलिस ने आत्महत्या के लिए प्रेरित करने के वांछित अभियुक्त को किया गिरफ्तार

गोण्डा। अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिम राधेश्याम राय के पर्यवेक्षण व क्षेत्राधिकारी तरबगंज श्री उमेश्वर प्रभात सिंह के नेतृत्व में थाना उमरी बेगमगंज पुलिस टीम द्वारा थाना स्थानीय पर पंजीकृत मु0अ0सं0-179/2025, धारा 108 बीएनएस से सम्बन्धित आरोपी अभियुक्त मोहित निषाद पुत्र संजय निषाद निवासी मदरही मजरे सोनौली मोहम्मदपुर वर्तमान पता उमरी बाजार थाना उमरीबेगमगंज जनपद गोण्डा को पीडी बन्धा पर सड़क के किनारे से गिरफ्तार कर लिया गया।

घटना का संक्षिप्त विवरण-

वादी धर्मपाल निषाद पुत्र साधू निषाद निवासी ग्राम ऐली परसौली घोड़हनपुरवा थाना उमरी बेगमगंज गोण्डा ने थाना उमरी बेगमगंज में लिखित तहरीर दी कि उसके भाई प्रकाश द्वारा मोहित निषाद के घर के जेवर अज्ञात सोनार के यहाँ गिरवी रखे गये थे, इसके लिए मोहित निषाद पुत्र संजय निषाद निवासी उमरी हनुमंत बाजार थाना उमरीबेगमगंज गोण्डा द्वारा वादी के भाई प्रकाश को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। जिस से क्षुब्ध होकर वादी के भाई प्रकाश ने आत्महत्या कर ली है ।

वादी की तहरीर पर थाना उमरी बेगमगंज में सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकत हुआ। आज 03.09.2025 को थाना उमरी बेगमगंज पुलिस द्वारा विवेचना के दौरान दोषी पाए गए वांछित अभियुक्त मोहित निषाद पुत्र संजय निषाद निवासी मदरही मजरे सोनौली मोहम्मदपुर वर्तमान पता उमरी बाजार थाना उमरीबेगमगंज जनपद गोण्डा को पीडी बन्धा पर सड़क के किनारे से गिरफ्तार कर लिया गया । गिरफ्तार अभियुक्त के विरूद्ध थाना उमरी बेगमगंज पुलिस द्वारा अग्रिम विधिक कार्यवाही कर माननीय न्यायालय रवाना किया गया।

कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में छात्राओं को किया गया जागरूक

गोण्डा। 03 सितम्बर,2025

महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित किये जा रहे 10 दिवसीय विशेष जागरूकता कार्यक्रम के दूसरे दिन कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, परसपुर में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के बारे में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

इस कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं व महिलाओं को पी.सी.पी.एन.डी.टी. एक्ट, मिशन शक्ति, वन स्टॉप सेंटर, शक्ति सदन, सखी निवास, पीएम मातृत्व वंदना योजना जैसे सरकारी संसाधनों की जानकारी देना था। डिस्ट्रिक्ट मिशन कोऑर्डिनेटर शिवेन्द्र श्रीवास्तव ने कहा कि महिलाओं को उनके अधिकारों की जानकारी देकर ही उन्हें आत्मनिर्भर बनाया जा सकता है।

जागरूकता ही सबसे बड़ा अस्त्र है एवं सशक्तिकरण की शुरुआत जानकारी से होती है। सेंटर मैनेजर चेतना सिंह ने बताया कि हमारा उद्देश्य केवल योजनाओं की जानकारी देना नहीं, बल्कि हर महिला को यह समझाना है कि वो इनसे कैसे लाभ उठा सकती है। जेंडर स्पेशलिस्ट राजकुमार आर्य ने कहा कि सरकार की कई योजनाएं महिलाओं के लिए चलाई जा रही हैं, जरूरत है उन्हें सही माध्यम से पहुंचाने की।

जेंडर स्पेशलिस्ट ज्योत्सना सिंह ने कहा कि बेटियों को शुरू से ही अपने अधिकारों के प्रति सजग करना ज़रूरी है एवं 1098 टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर को विषम परिस्थिति के लिए उपयोग में लाने के लिए अवगत कराया गया ताकि संकट के समय में सही उपयोग किया जा सके।

इस अवसर पर विद्यालय की वार्डन नीलम सिंह, सुषमा पाल, अंजू वर्मा, प्रिया सिंह, ज्योति कुमार, आरती, नीलम शुक्ला, इन्द्र वर्मा सहित कई शिक्षक व कर्मचारी उपस्थित रहे।

तहसील तरबगंज के बाढ़ प्रभावित ग्राम बहादुरपुर में राहत सामग्री का किया गया वितरण

गोण्डा। 03 सितम्बर, 2025

जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन के निर्देशानुसार तहसील तरबगंज के अंतर्गत आने वाले बाढ़ प्रभावित ग्राम बहादुरपुर में आज बाढ़ राहत सामग्री किट का वितरण किया गया। हाल ही में सरयू नदी के जलस्तर में कुछ वृद्धि के कारण क्षेत्र में बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई थी, जिससे ग्रामीणों के दैनिक जीवन पर गंभीर प्रभाव पड़ा है।

प्रशासन द्वारा समय रहते सक्रियता दिखाते हुए राहत कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। इसी क्रम में आज ग्राम बहादुरपुर में विशेष शिविर लगाकर बाढ़ प्रभावित परिवारों को खाद्य सामग्री, पीने का पानी, दवाइयां, मच्छरदानी, सैनिटरी किट, जलरोधी तिरपाल व आवश्यक दैनिक उपयोग की वस्तुएं वितरित की गईं।

राहत सामग्री वितरण के दौरान उपजिलाधिकारी तरबगंज, खंड विकास अधिकारी, तहसीलदार तथा अन्य राजस्व व पंचायत विभाग के अधिकारी मौके पर उपस्थित रहे। अधिकारियों द्वारा राहत सामग्री के वितरण की मॉनिटरिंग स्वयं की गई ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि हर जरूरतमंद परिवार तक सहायता पहुँचे।

जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने कहा कि प्रशासन बाढ़ से प्रभावित प्रत्येक व्यक्ति के साथ है और हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी। उन्होंने यह भी निर्देश दिए हैं कि ग्रामीणों की सुरक्षा और स्वास्थ्य से जुड़ी किसी भी समस्या को प्राथमिकता पर निस्तारित किया जाए।

महिलाओं की सुरक्षा व सम्मान हेतु सरकार प्रयासरत

गोण्डा। 02 सितम्बर,2025

महिला कल्याण विभाग द्वारा सरयू प्रसाद कन्या पाठशाला इंटर कालेज में दस दिवसीय विशेष जागरूकता कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।

यह कार्यक्रम आगामी 12 सितम्बर तक संचालित किया जाएगा। हब फाॅर इम्पावरमेंट ऑफ वूमेन के कार्मिको द्वारा उद्घाटन अवसर पर प्रथम दिवस की थीम Special Awareness and Capacity Building Session on All Women & Centric Schemes and Policies के अन्‍तर्गत महिलाओं एवं बालिकाओं को केंद्रित करते हुए संचालित योजनाओं, नीतियों और कानूनों की विस्तृत जानकारी दी।

इसमें विशेष रूप से मिशन शक्ति, वन स्टाप सेंटर, शक्ति सदन, सखी निवास, पीएमएमवीवाई केन्द्र जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं और सेवाओं पर प्रकाश डाला गया। साथ ही महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान, महिला सहायता हेतु टोल फ्री नम्बर 1098, 1090, 112 आदि की भी जानकारी प्रतिभागियों को दी गई, ताकि संकट के समय पर इनका सही उपयोग किया जा सके। डिस्ट्रिक्ट मिशन कोऑर्डिनेटर शिवेन्द्र श्रीवास्तव ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों की रक्षा हेतु सरकार सतत प्रयासरत है और सभी को मिलकर महिलाओं के लिए सुरक्षित वातावरण तैयार करना होगा।

वहीं जेंडर स्पेशलिस्ट राजकुमार आर्य ने बताया कि महिलाओं एवं बालिकाओं को योजनाओं की जानकारी देकर उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास किया जा रहा है। इसी क्रम में जेंडर स्पेशलिस्ट ज्योत्सना सिंह ने महिला शिक्षा एवं सशक्तिकरण पर जोर देते हुए कहा कि बालिकाओं को जागरूक और आत्मनिर्भर बनाना ही समाज की प्रगति की कुंजी है।

कार्यक्रम में विद्यालय की प्रधानाचार्या गिरिजा मिश्रा, प्रवक्ता डॉ. सरिता सिंह, स0अ0 प्रतिमा त्रिपाठी, कार्यालय सहायक अंकित कुमार पाण्डेय सहित छात्राएं मौजूद रहीं।

महिला आयोग अध्यक्ष 4 सितम्बर को महिला जनसुनवाई

गोंडा। 2 सितम्बर 2025 उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष (राज्यमंत्री स्तर प्राप्त) डॉ. बबीता सिंह चौहान 4 सितम्बर 2025 को गोण्डा सर्किट हाउस में समीक्षा बैठक करेंगी। बैठक अपराह्न 1:30 बजे से आयोजित होगी, जिसमें महिला से संबंधित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा तथा जनपदों में महिला उत्पीड़न से संबंधित प्रकरणों की समीक्षा की जाएगी।

जिला प्रोबेशन अधिकारी संतोष कुमार सोनी ने कहा कि समीक्षा बैठक में महिला कल्याण योजनाओं और महिला सुरक्षा से संबंधित मुद्दों पर विशेष चर्चा की जाएगी। ये जनसुनवाई महिला उत्पीड़न की रोकथाम और पीड़िताओं को न्याय दिलाने से सहायक सिद्ध होगी।

"नो हेलमेट, नो पेट्रोल" अभियान गोण्डा

गोण्डा। 02 सितम्बर,2025

परिवहन आयुक्त, उत्तर प्रदेश एवं जिलाधिकारी गोण्डा के निर्देशानुसार जनपद गोण्डा में सड़क सुरक्षा को सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने हेतु एक विशेष अभियान "नो हेलमेट, नो पेट्रोल" प्रारंभ किया गया है। इस अभियान के अंतर्गत जनपद के समस्त पेट्रोल पम्प स्वामियों को स्पष्ट निर्देशित किया गया है कि यदि कोई भी दो पहिया वाहन चालक या उसका सहयात्री बिना हेलमेट के पेट्रोल पम्प पर आता है, तो ऐसे वाहनों में किसी भी स्थिति में ईंधन की आपूर्ति न की जाए। शासन द्वारा यह भी निर्देश प्राप्त हुआ है कि जनपद 01 सितंबर, 2025 से 30 सितंबर, 2025 तक नो हेलमेट न पेट्रोल अभियान चलाया जाए। ताकि लोगों में जागरूकता फैले। साथ ही साथ यह भी निर्देश दिया गया है कि जनपद के समस्त पेट्रोल पम्प स्वामी अपने-अपने पेट्रोल पम्प प्रांगण में बड़ी-बड़ी होर्डिंग लगाकर इसके संबंध में लोगों को जागरूक करें।

यह निर्णय प्रदेश में बढ़ते सड़क दुर्घटनाओं की संख्या एवं दो पहिया वाहन चालकों की सुरक्षा को दृष्टिगत रखते हुए लिया गया है। हेलमेट न केवल वाहन चालक की सुरक्षा सुनिश्चित करता है, बल्कि गंभीर चोट से भी बचाव करता है। अतः यह अनिवार्य है कि दो पहिया वाहन चालक एवं पीछे बैठा सहयात्री दोनों हेलमेट धारण करें।

जिलाधिकारी गोण्डा ने समस्त पेट्रोल पम्प स्वामियों को निर्देशित किया है कि इस आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करें। साथ ही, परिवहन विभाग एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम द्वारा समय-समय पर पेट्रोल पम्पों का निरीक्षण किया जाएगा, तथा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित पेट्रोल पम्प के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

जिला प्रशासन आम नागरिकों से अपील करता है कि वे स्वयं की सुरक्षा हेतु सदैव हेलमेट का प्रयोग करें एवं दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें। यह केवल एक नियम नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सुरक्षा से जुड़ा एक महत्वपूर्ण प्रयास है।

परिवहन विभाग गोंडा द्वारा जनपद के समस्त पेट्रोल पम्प स्वामियों को इस अभियान के संबंध में कड़ाई से पालन करने के लिए आदेश जारी कर दिया गया है।

"आपकी सुरक्षा, आपका अधिकार है — हेलमेट पहनिए, जीवन बचाइए।"

गोंडा में विद्युत विभाग का औचक निरीक्षण, 17 अधिकारी-कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए

देवीपाटन गोंडा। 02 सितम्बर 2025 मंगलवार को आयुक्त देवीपाटन मण्डल शशि भूषण लाल सुशील द्वारा पूर्वान्ह 10:30 बजे के करीब विद्युत विभाग, गोंडा के विभिन्न कार्यालयों में अधिकारियों और कर्मचारियों की उपस्थिति का भौतिक सत्यापन/निरीक्षण किया गया। इस दौरान लापरवाही उजागर हुई और कुल 17 अधिकारी-कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए।

आयुक्त के निरीक्षण में कार्यालय मुख्य अभियन्ता (वितरण) मध्यांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड में 6 कर्मचारी अनुपस्थित पाए। इसी प्रकार कार्यालय अधीक्षण अभियन्ता, विद्युत वितरण में 2 कर्मचारी, कार्यालय अधिशासी अभियन्ता, विद्युत वितरण खण्ड-प्रथम में 7 कर्मचारी तथा कार्यालय अधिशासी अभियन्ता, विद्युत वितरण खण्ड-द्वितीय में 2 कर्मचारी ड्यूटी पर मौजूद नहीं मिले।

कुल मिलाकर एक अधिकारी और 16 कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। निरीक्षण के बाद सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि अनुपस्थित पाए गए सभी अधिकारी-कर्मचारियों से स्पष्टीकरण प्राप्त कर नियमानुसार कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। यह सख्त कदम विभागीय अनुशासन और कार्य संस्कृति को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

आयुक्त ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को समय से कार्यालय पहुंचने के स्पष्ट निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि शासन स्तर से भी कार्यालयों में समयबद्ध उपस्थिति सुनिश्चित करने के आदेश दिए गए हैं। इसके बावजूद यदि कोई अधिकारी या कर्मचारी समय से उपस्थित नहीं होता है, तो उसका स्पष्टीकरण मांगा जाएगा और आवश्यकतानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

आयुक्त ने साफ कहा कि लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सरकारी कार्यों में देरी से जनता को असुविधा होती है, इसलिए सभी कर्मचारियों को समयपालन को अपनी जिम्मेदारी मानते हुए कार्यालय में उपस्थित होना अनिवार्य है।

उन्होंने संबंधित विभागाध्यक्षों को भी निर्देशित किया है कि उपस्थिति की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और अनुपस्थित या देर से आने वाले कार्मिकों के खिलाफ तत्काल रिपोर्ट तैयार कर कार्यवाही सुनिश्चित करें। इससे प्रशासनिक कार्यकुशलता और जनता को मिलने वाली सेवाओं में सुधार होगा।

पंचायत निर्वाचन नियमावली के बृहद पुनरीक्षण-2025 के संबंध में जिलाधिकारी ने की समीक्षा बैठक

गोण्डा। 02 सितम्बर, 2025 सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी गोंडा श्रीमती प्रियंका निरंजन की अध्यक्षता में पंचायत निर्वाचन नियमावली के बृहद पुनरीक्षण-2025 के तहत एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में जनपद के समस्त उपजिलाधिकारियों, बीडीओ, संबंधित विभागों के अधिकारीगण एवं निर्वाचन से जुड़े कर्मियों ने प्रतिभाग किया।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि पंचायत निर्वाचन नियमावली के अंतर्गत चल रहे पुनरीक्षण कार्यों को समयबद्ध व शत-प्रतिशत गुणवत्ता के साथ पूर्ण किया जाए। उन्होंने सभी उपजिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि वे ई-बीएलओ (e-BLO) ऐप को बीएलओ व सुपरवाइजरों के मोबाइल में अनिवार्य रूप से डाउनलोड कराएं तथा ऐप के माध्यम से 100% उपस्थिति दर्ज कराना सुनिश्चित करें। यह व्यवस्था निर्वाचन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, डिजिटल और उत्तरदायित्वपूर्ण बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

जिलाधिकारी ने कहा कि बीएलओ एवं सुपरवाइजरों द्वारा घर-घर जाकर किए जा रहे सर्वे कार्य की प्रगति की सप्ताहिक समीक्षा की जाए। प्रत्येक उपजिलाधिकारी अपने-अपने तहसील क्षेत्र में किए जा रहे पुनरीक्षण कार्यों की निगरानी करें और समय-समय पर फीडबैक जिलास्तर पर उपलब्ध कराएं। उन्होंने निर्देशित किया कि निर्धारित प्रारूपों में आंकड़ों को अद्यतन किया जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही या विलंब न हो।

बैठक में यह भी सुनिश्चित किया गया कि सभी बीएलओ अपने कार्यक्षेत्र में सक्रिय रूप से भ्रमण कर योग्य मतदाताओं का नाम शामिल करें एवं अपात्र नामों को हटाने की प्रक्रिया निष्पक्ष रूप से संपन्न करें। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि यदि किसी स्तर पर कोई समस्या उत्पन्न होती है तो उसकी तत्काल सूचना जिला निर्वाचन कार्यालय को दी जाए ताकि समय रहते समाधान सुनिश्चित किया जा सके।

बैठक में अपर जिलाधिकारी आलोक कुमार, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी नारायण, समस्त उपजिलाधिकारी, समस्त खण्ड विकास अधिकारी, समस्त सहायक विकास अधिकारी पंचायत सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

डीएम ने की पीएम सूर्य घर योजना एवं सीएम डैशबोर्ड से जुड़ी विकास कार्यों की समीक्षा बैठक

गोण्डा। 01 सितम्बर 2025

कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी गोंडा प्रियंका निरंजन की अध्यक्षता में "पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना" एवं "सीएम डैशबोर्ड" से संबंधित विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति, पोर्टल पर फीडिंग की स्थिति तथा शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्ति के संबंध में विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि केंद्र सरकार एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पारदर्शिता के साथ समयबद्ध रूप से पहुँचे, यह सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि “पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना” के अंतर्गत अधिक से अधिक पात्र परिवारों को जोड़ते हुए लक्ष्य की प्राप्ति की जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजना से संबंधित समस्त सूचनाओं की फीडिंग पोर्टल पर समय से और शुद्ध रूप से की जाए, ताकि उच्च स्तर पर जनपद की प्रगति स्पष्ट रूप से प्रदर्शित हो सके।

सीएम डैशबोर्ड से जुड़े विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि यह डैशबोर्ड मुख्यमंत्री स्तर पर विभिन्न योजनाओं की निगरानी का सशक्त माध्यम है, इसलिए सभी विभाग यह सुनिश्चित करें कि उनके द्वारा कराए जा रहे कार्यों की जानकारी नियमित रूप से पोर्टल पर अपडेट की जाए। लापरवाही या विलंब की स्थिति में संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी।

बैठक में जिलाधिकारी ने सभी विभागों को विभागवार समीक्षा के दौरान कमियों को चिन्हित करते हुए उन्हें शीघ्र दूर करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने यह भी कहा कि जनपद को राज्य स्तर पर अग्रणी बनाने के लिए सभी अधिकारियों को सजग, उत्तरदायी और सक्रिय भूमिका निभानी होगी।

उन्होंने ऊर्जा विभाग, जिला ग्रामीण विकास अभिकरण, नगर निकाय, समाज कल्याण, कृषि, विद्युत, पंचायती राज, शिक्षा तथा अन्य विभागों के अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि वे निर्धारित समयसीमा के भीतर योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट पोर्टल पर फीड करें और संबंधित लाभार्थियों से भी फीडबैक प्राप्त करें, ताकि योजना के प्रभाव का आकलन किया जा सके।

बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप कार्य करते हुए जिले को योजनाओं के क्रियान्वयन में शीर्ष स्थान दिलाने के लिए सभी विभाग समन्वय और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करें।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, जिला विकास अधिकारी, अधिशासी अभियंता विद्युत, नगर पालिका/पंचायती राज अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।