*राष्ट्रीय खेल दिवस-2025 पर आयोजित खेल प्रतियोगिताएं एवं सम्मान समारोह*
![]()
गोण्डा 29 अगस्त, 2025।
"राष्ट्रीय खेल दिवस" एवं हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद जी की जयंती के पावन अवसर पर जनपद गोण्डा में विविध खेल गतिविधियों एवं सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम पंडित जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम (क्षेत्रीय खेल कार्यालय), गोण्डा में आयोजित हुआ, जिसमें हॉकी, फुटबॉल, क्रिकेट सहित अन्य खेल प्रतियोगिताओं का शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन जिला पंचायत अध्यक्ष श्री घनश्याम मिश्र द्वारा किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी गोण्डा श्रीमती प्रियंका निरंजन, सांसद गोण्डा प्रतिनिधि श्री रमाशंकर मिश्र, सांसद कैसरगंज प्रतिनिधि श्री सोनू सिंह सहित जनपद के अनेक गणमान्य अधिकारी एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर जनपद की अंतर्राष्ट्रीय स्तर की ताइक्वांडो खिलाड़ी कु. वैष्णवी चौधरी को सम्मानित किया गया। उनके द्वारा खेल जगत में किए गए उत्कृष्ट प्रदर्शन और उपलब्धियों को देखते हुए उन्हें स्मृति चिन्ह एवं प्रमाणपत्र प्रदान कर जिला प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा सम्मानित किया गया। उनका यह सम्मान न केवल जनपद के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है, बल्कि यह दर्शाता है कि गोण्डा जनपद खेल प्रतिभाओं से परिपूर्ण है।
कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों, महाविद्यालयों और खेल संस्थानों से आए हुए प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। हॉकी, फुटबॉल एवं क्रिकेट जैसे लोकप्रिय खेलों में खिलाड़ियों ने अपने प्रदर्शन से दर्शकों का मन मोह लिया। आयोजन के माध्यम से युवाओं में खेलों के प्रति जागरूकता एवं उत्साह देखने को मिला।
इस अवसर पर जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन ने अपने संबोधन में कहा कि “राष्ट्रीय खेल दिवस हम सबको याद दिलाता है कि खेल न केवल शारीरिक और मानसिक विकास का माध्यम हैं, बल्कि यह समाज को जोड़ने और राष्ट्र निर्माण में भी अहम भूमिका निभाते हैं।” उन्होंने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रशासन द्वारा खेलों के विकास के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण पत्र प्रदान किए गए एवं विजयी खिलाड़ियों को पुरस्कार स्वरूप ट्रॉफी एवं मेडल दिए गए। इस अवसर पर जिला क्रीड़ा अधिकारी अशोक सोनकर, जिला विकास अधिकारी सुशील कुमार श्रीवास्तव,ताइक्वांडो खेल सचिव प्रत्यूष, सहित सभी संबंधित अधिकारी, कोच, खेल प्रेमी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
Aug 30 2025, 17:33