भाजपा मनाएगी 'सेवा पखवाड़ा', बाबूलाल मरांडी बोले- हमारा लक्ष्य सत्ता नहीं, जनसेवा

रांची: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) झारखंड प्रदेश इकाई ने आगामी 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक 'सेवा पखवाड़ा' मनाने की घोषणा की है। आज भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक हुई, जिसमें इस कार्यक्रम की रूपरेखा तय की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए बाबूलाल मरांडी ने कहा कि भाजपा का मुख्य लक्ष्य सत्ता सुख नहीं, बल्कि सत्ता के माध्यम से जनता की सेवा करना है। उन्होंने कहा कि 'सेवा पखवाड़ा' प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन से शुरू होगा और महात्मा गांधी व लालबहादुर शास्त्री की जयंती तक चलेगा। उन्होंने कहा कि एक तरफ 'इंडी' गठबंधन लोकतंत्र का गला घोंट रहा है, वहीं भाजपा अपने सेवा कार्यक्रमों के माध्यम से जनता को जोड़कर लोकतंत्र को मजबूत कर रही है।
भाजपा निभाती है राजनीतिक और सामाजिक जिम्मेदारी
भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. रविंद्र कुमार राय ने कहा कि देश और प्रदेश की जनता की एकमात्र आशा भाजपा है। उन्होंने कहा कि भाजपा राजनीतिक के साथ-साथ सामाजिक जिम्मेदारियां भी निभाती है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चलाए जा रहे स्वच्छता, वृक्षारोपण, रक्तदान और जल संरक्षण जैसे अभियानों में बढ़ती जनभागीदारी की सराहना की।
विभिन्न कार्यक्रमों का होगा आयोजन
प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने 'सेवा पखवाड़ा' के कार्यक्रमों पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस दौरान विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे:
रक्तदान शिविर
मैराथन दौड़
प्रदर्शनी और स्वास्थ्य शिविर
दिव्यांगजनों के लिए उपकरण वितरण
स्वच्छता अभियान और वृक्षारोपण
सांसद खेलकूद प्रतियोगिता: 29 अगस्त से पंजीकरण शुरू होगा। इसमें फुटबॉल, वॉलीबॉल, हॉकी, बैडमिंटन और पारंपरिक खेल जैसे कबड्डी शामिल होंगे।
वोकल फॉर लोकल: गांधी जयंती के अवसर पर खादी और हस्तकरघा निर्मित वस्त्रों की खरीद को बढ़ावा देने के लिए आम जनता से अपील की जाएगी।
पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती: 25 सितंबर को बूथ स्तर पर मनाई जाएगी।
बैठक का संचालन प्रदेश उपाध्यक्ष बालमुकुंद सहाय ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन महिला मोर्चा अध्यक्ष आरती सिंह ने किया। इस बैठक में सांसद कालीचरण सिंह, प्रदेश महामंत्री आदित्य साहू समेत कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे।
Aug 25 2025, 17:05